You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

आरक्षण को लेकर अहेरिया समाज का रेलवे ट्रैक पर प्रदर्शन, कई घंटे ठप रही रेल सेवा

उत्तर प्रदेश के हाथरस में ट्रेनों का परिचालन गुरुवार को कई घंटे बाधित रहा. इसकी वजह से विभिन्न स्टेशनों पर कई घंटे ट्रेनें खड़ी रहीं और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.

लाइव कवरेज

  1. जॉर्ज फ़्लॉयड की मौत: पूर्व पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने अपराध स्वीकारा

    मिनियापोलिस के पूर्व गोरे पुलिस अधिकारी डेरेक शॉविन ने अफ़्रीकी मूल के अमेरिकी नागरिक जॉर्ज फ़्लॉयड के नागरिक अधिकारों के उल्लंघन के आरोपों को स्वीकार कर लिया है.

    45 साल के शॉविन को 46 वर्षीय फ़्लॉयड की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और उन्हें 22 साल से अधिक समय के क़ैद की सज़ा सुनाई गई थी.

    बुधवार को उन्होंने अमेरिकी अभियोजकों के साथ एक समझौते के रूप में अपनी पूर्व याचिका को पलटते हुए आरोपों को स्वीकार कर लिया.

    अब इस समझौते का मतलब यह हुआ कि उन्हें जनवरी में ट्रायल का सामना नहीं करना होगा.

    डेरेक शॉविन पर आरोप था कि पिछले साल मई में उन्होंने मिनियापोलिस में एक निहत्थे काले व्यक्ति जॉर्ज फ़्लॉयड की गर्दन को नौ मिनट तक अपने घुटने से दबाकर रखा था. इसके कुछ ही मिनटों बाद उनकी मौत हो गई थी.

    यह मामला तब चर्चा में आया जब इस घटना का वीडियो पूरी दुनिया में वायरल हो गया. इस वीडियो के आने के बाद अमेरिका सहित पूरी दुनिया में नस्लवाद और पुलिस के बुरे व्यवहार के ख़िलाफ़ जमकर विरोध प्रदर्शन हुए थे.

    अमेरिकी जूरी ने शॉविन को तीन आरोपों में दोषी क़रार दिया है. ये मामले हत्या (मैन स्लॉटर), दूसरी डिग्री की हत्या और तीसरी डिग्री की हत्या के हैं.

  2. ऐशेज़ सिरीज़: आज से दूसरा टेस्ट मैच, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के लिए आई बुरी ख़बर

    ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस दूसरे ऐशेज़ टेस्ट में नहीं खेल रहे हैं.

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक ट्वीट करके इस संबंध में जानकारी दी है.

    इस ट्वीट के मुताबिक़, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट एक ऐसे शख़्स के निकट संपर्क में आए जो कोविड पॉज़ीटिव पाया गया है. बुधवार रात को इस शख़्स के कोरोना पॉज़ीटिव होने की जानकारी मिली. इसलिए वह ऐशेज़ के दूसरे टेस्ट मैच का हिस्सा नहीं होंगे.

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की ओर से उम्मीद जताई गई है कि कमिंस तीसरे टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध होंगे. तीसरा टेस्ट मैच मेलबर्न में खेला जाएगा.

    क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक आधिकारिक बयान जारी करके बताया है कि कमिंस बीती रात एक रेस्तरां में खाना खा रहे थे और इस दौरान उन्होंने हर तरह के प्रोटोकॉल का पालन भी किया था. उन्हें जैसे ही रेस्तरां के उस शख़्स के पॉज़ीटिव होने की सूचना मिली उन्होंने ख़ुद को आइसोलेटे कर लिया.

    उन्होंने अपना आरटी पीसीआर टेस्ट भी करवाया जिसका रिज़ल्ट निगेटिव आया है.

    स्वास्थ्य अधिकारियों ने यह पुष्टि की है कि कमिंस उस शख़्स के संपर्क में आए थे और इस लिहाज़ से उन्हें सात दिनों तक आइसोलेशन में रहने की ज़रूरत है.

    यह ख़बर ऐसे समय में आई है जब आज ही से एडिलेड में दूसरा टेस्ट मैच शुरू हो रहा है. कमिंस की ग़ैर-मौजूदगी में स्टीव स्मिथ टीम के कप्तान की भूमिका निभाएंगे.

  3. कोरोना संक्रमण: ब्रिटेन में एक दिन में रिकॉर्ड 78 हज़ार से अधिक मामले

    बुधवार को ब्रिटेन में कोरोना के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए.

    बुधवार को 78,610 नए मामले सामने आए हैं जोकि एक दिन में आए संक्रमण के अब तक के अधिकतम मामले हैं.

    इससे पहले इसी साल 8 जनवरी को एक दिन में अधिकतम 68,053 मामले दर्ज किए गए थे. यह वह दौर था जब ब्रिटेन में लॉकडाउन लागू था.

    एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रोफ़ेसर क्रिस व्हिटी ने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में स्थिति इससे कहीं अधिक ख़राब हो सकती है और यह रिकॉर्ड भी टूट सकता है.

    उन्होंने क्रिसमस के संदर्भ में लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर सतर्क रहने को भी कहा. उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी प्राथमिकता चुननी चाहिए.

    प्रोफ़ेसर व्हिटी के साथ इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रहे प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि यह बहुत ज़रूरी था कि हर किसी को बूस्टर लगे.

    उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि कुछ इलाक़ों में दो दिन से भी कम समय में संक्रमण के मामले दोगुने हो जा रहे थे. उन्होंने अस्पतालों में बेड की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई है.

    प्रोफ़ेसर व्हिट्टी ने कहा कि देश दो अलग-अलग महामारियों का सामना कर रहा, एक "बहुत तेज़ी से फैल रहे" ओमिक्रॉन वेरिएंट का और दूसरा डेल्टा वेरिएंट का.

    उन्होंने कहा कि मुझे डर है लेकिन हम सच्चाई से मुंह नहीं फेर सकते हैं और यह सच है कि आने वाले कुछ हफ्तों में रिकॉर्ड टूट सकते हैं क्योंकि संक्रमण की दर बढ़ती जा रही है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. हम यहाँ आपको दिन भर की सभी बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है.

    15 दिसंबर के अपडेट्स के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.