You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

शीतकालीन सत्र में कौन-कौन से मुद्दे उठाएगी कांग्रेस?

सोनिया गांधी की अध्यक्षता में गुरुवार को 10 जनपथ पर कांग्रेस की स्ट्रैटेजी ग्रुप की बैठक में शीतकालीन सत्र को लेकर हुए अहम फ़ैसले.

लाइव कवरेज

कीर्ति दुबे, अभिजीत श्रीवास्तव and विभुराज

  1. गौतम गंभीर को मौत की धमकी वाले ईमेल पाकिस्तान से भेजे गए थे: रिपोर्ट

    भारतीय जनता पार्टी के सांसद और क्रिकेटर गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी के साथ भेजे गए दोनों ईमेल पाकिस्तान से भेजे गए थे.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से ये रिपोर्ट दी है. ईमेल भेजने वाले शख़्स की पहचान शाहिद हमीद के रूप में की गई है.

    गौतम गंभीर ने कहा था कि उन्हें 24 घंटों के भीतर 'आईएसआईएस कश्मीर' से जान से मारने की धमकी वाले दो ईमेल भेजे गए थे.

    पहली ईमेल में गौतम गंभीर को धमकी दी गई थी, "हम तुम्हारे और तुम्हारे परिवार को जान से मारने जा रहे हैं."

    दूसरी ईमेल में कहा गया, "हमारा इरादा तुम्हारी जान लेने का था लेकिन कल तुम बच गए थे. अगर तुम्हें अपने परिवारवालों की ज़िंदगी प्यारी है तो राजनीति और कश्मीर के मुद्दे से दूर रहो."

    इन धमकियों के बाद गौतम गंभीर के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी.

  2. टिकैत ने फिर दी चेतावनी, इस क़ानून के बिना ख़त्म नहीं होगा प्रदर्शन

    किसान नेता राकेश टिकैत ने एक बार फिर दोहराया है कि किसानों का प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा जब तक कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी देने वाला क़ानून लेकर नहीं आएगी.

    उन्होंने तेलंगाना में कहा, "सरकार ने तीन कृषि क़ानूनों को रद्द करने का फ़ैसला किया है इससे समाधान नहीं होगा. किसानों की जो समस्या है, वह वैसी की वैसी है. जब तक केंद्र सरकार किसानों से बातचीत नहीं करेगी और MSP पर क़ानून नहीं लाएगी तब तक हमारा प्रदर्शन जारी रहेगा."

  3. शक्ति मिल रेप केस: बॉम्बे हाईकोर्ट ने मौत की सज़ा को आजीवन कारावास में बदला

    बॉम्बे हाईकोर्ट ने सेंट्रल मुंबई की शक्ति मिल में एक 22 साल की फ़ोटो जर्नलिस्ट के गैंगरेप के मामले में तीन दोषियों को मिली मौत की सज़ा को आजीवन कारावास में बदल दिया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, गुरुवार को कोर्ट ने कहा कि वे "पश्चाताप के लिए आजीवन कारावास के पात्र हैं. मौत उनके अपराध के पश्चाताप को ख़त्म कर देगी.’’

    जस्टिस साधना जाधव और पृथ्वीराज चव्हाण की खंडपीठ ने विजय जाधव,मोहम्मद कासिम शेख और मोहम्मद अंसारी को दी गई मौत की सजा की को ताउम्र कारावास में बदल दिया.

    हालांकि,कोर्ट ने साफ़ किया कि दोषी फरलो या पैरोल पर रिहा नहीं होंगे क्योंकि उन्हें समाज में शामिल नहीं किया जा सकता और उनमें सुधार की कोई गुंजाइश नहीं है.

    साल 2013 में हुई घटना के वक़्त जाधव की उम्र 19 साल,कासिम शेख़ की उम्र 21 और अंसारी की उम्र 28 साल थी.

    पीठ ने अपना आदेश सुनाते हुए कहा कि इस तथ्य की अनदेखी नहीं की जा सकती कि अपराध ने समाज की सामूहिक अंतरात्मा को झकझोर के रख दिया था और बलात्कार मानवाधिकारों का उल्लंघन है,लेकिन मौत की सज़ा से कुछ भी नहीं बदलेगा.

    अदालत ने कहा, "बलात्कार की शिकार न केवल शारीरिक रूप से बल्कि मानसिक रूप से भी पीड़ित होती है. यह मानवाधिकारों का उल्लंघन है. लेकिन केवल सार्वजनिक आक्रोश को ध्यान में नहीं रखा जा सकता है. निर्णय जनता के आक्रोश या जनता की राय से निर्देशित नहीं होना चाहिए."

    कोर्ट ने कहा गया है कि अदालतों का कर्तव्य है कि वे मामलों पर निष्पक्षता से विचार करें और कानून की निर्धारित प्रक्रिया की अनदेखी नहीं की जा सकती.

    पीठ ने कहा, "मौत पश्चाताप की अवधारणा को ख़त्म कर देती है. यह नहीं कहा जा सकता है कि दोषी केवल मौत की सजा के पात्र हैं. वे किए गए अपराध पर पश्चाताप करने के लिए आजीवन कारावास के पात्र हैं."

  4. लीबिया: कर्नल गद्दाफ़ी के बेटे सैफ़ अल-इस्लाम के चुनाव लड़ने पर लगी रोक

    लीबिया की शीर्ष चुनावी निकाय ने दिवंगत तानाशाह मुअम्मर अल गद्दाफ़ी के बेटे सैफ़ अल-इस्लाम को अगले महीने होने वाले चुनावों में राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए अयोग्य ठहराया है.

    इस फ़ैसले के पीछे उनकी पिछली सज़ा का हवाला दिया गया.

    सैफ़ अल-इस्लाम को साल 2015 में त्रिपोली की एक अदालत ने अपने पिता के खिलाफ़ 2011 के विद्रोह में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ़ हिंसा का इस्तेमाल करने के लिए मौत की सज़ा सुनाई थी, हालांकि लीबिया के प्रतिद्वंद्वी अधिकारियों ने इस फैसले पर सवाल उठाया था.

    लोकतांत्रिक भविष्य की शुरुआत करने और देश के गृह युद्ध को ख़त्म करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सालों के प्रयासों के बाद, लीबिया में 24 दिसंबर को राष्ट्रपति चुनाव के पहले दौर के मतदान किए जाएंगे.

    साल 2011 में तख्तापलट और मुअम्मर गद्दाफ़ी की हत्या के बाद, तेल समृद्ध लीबिया बीते दशक से गृह युद्ध का शिकार है. यह प्रतिद्वंद्वी सरकारों के बीच बटा रहा- एक गुट राजधानी त्रिपोली में स्थित है,तो दूसरा देश के पूर्वी हिस्से में है.

    गृह युद्ध में दोनों पक्षों को तुर्की,रूस सीरिया और अन्य क्षेत्रीय देशों से सैन्य समर्थन मिलता रहा.

    लीबिया के पूर्व तानाशाह के बेटे ने 14 नवंबर को दक्षिणी शहर सबा में अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरा. बीते कई सालों में पहली बार 49 साल के सेफ़ अल-इस्लाम सार्वजनिक तौर पर नज़र आए. उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से पीएचडी की है.

    साल 2011 में हुए विद्रोह ने उनके पिता के 40 साल शासन को खत्म कर दिया और इसी साल के अंत में ज़िंटान शहर में लड़ाकों ने उन्हें बंदी बना लिया था. जून 2017 में उन्हें छोड़ा गया.

  5. सुब्रमण्यम स्वामी ने जारी किया 'मोदी सरकार का रिपोर्ट कार्ड', बताई पांच नाकामियां

    भारतीय जनता पार्टी के नेता और राज्यसभा के सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्विटर पर गुरुवार को मोदी सरकार का 'रिपोर्ट कार्ड' जारी किया.

    इसी मैसेज में उन्होंने केंद्र सरकार की पांच नाकामियों का भी जिक्र किया है. अपने ट्वीट में कहा, "अर्थव्यवस्था - फेल, सीमा सुरक्षा - फेल, विदेश नीति - अफ़ग़ानिस्तान की नाकामयाबी, राष्ट्रीय सुरक्षा -पेगासस एनएसओ, आंतरिक सुरक्षा - अंधकारमय कश्मीर."

    सरकार की नाकामियों पर तंज करते हुए उन्होंने पूछा है कि "इस सब के लिए जिम्मेदार कौन है? - सुब्रमण्यम स्वामी."

  6. स्वीडन की पहली महिला प्रधानमंत्री ने शपथ लेने के कुछ ही घंटों बाद क्यों दिया इस्तीफ़ा

    स्वीडन की पहली महिला प्रधानमंत्री ने अपनी नियुक्ति के कुछ ही घंटों बाद इस्तीफ़ा दे दिया.

    मैगडेलेना एंडरसन को बुधवार को प्रधानमंत्री घोषित किया गया था,लेकिन उनके गठबंधन सहयोगी ग्रीन पार्टी के सरकार से समर्थन वापस लेने और सरकार की ओर से पेश किया गया बजट पारित ना होने के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया.

    इसके विपरीत संसद में विपक्ष के बजट पर मतदान किया गया जो अप्रवासी-विरोधी अति दक्षिणपंथी बजट है.

    एंडरसन ने कहा, "मैंने स्पीकर महोदय को बता दिया है कि मैं अपने पद से इस्तीफ़ा देना चाहती हूं."

    उन्होंने कहा कि उन्हें एक पार्टी की सरकार के नेता के रूप में फिर से प्रधानमंत्री बनने की की उम्मीद है.

    सोशल डेमोक्रेट नेता ने बुधवार को कहा, "एक संवैधानिक प्रथा है कि जब एक पार्टी सरकार छोड़ती है तो गठबंधन सरकार को इस्तीफ़ा दे देना चाहिए मैं ऐसे सरकार का नेतृत्व नहीं करना चाहती जिसकी वैधता पर सवाल उठाया जाए.’’

    स्वीडिश महिलाओं को वोट का अधिकार दिए जाने के सौ साल बाद, 54 वर्षीय सोशल डेमोक्रेट नेता मैगडेलेना एंडरसन को प्रधानमंत्री नियुक्त किया जाने पर संसद में स्टैंडिंग ओवेशन दिया गया था.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, परम बीर सिंह भगोड़ा घोषित होने के बाद मुंबई में पुलिस के सामने पेश हुए

    मुंबई की एक अदालत द्वारा भगोड़ा करार दिए पूर्व पुलिस कमिश्नर परम बीर सिंह गुरुवार को सुबह 11 बजे कांदीवली पुलिस स्टेशन गोरेगांव एक्सटॉर्शन केस की जांच में शामिल होने के लिए पहुंचे.

    मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर मिलिंद भराम्बे ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, "वे क्राइम ब्रांच के दफ़्तर 11 बजे पहुंचे. गोरेगांव एक्सटॉर्शन केस में वे अपना बयान दर्ज कराएंगे."

    परम बीर सिंह ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि वे देश में ही मौजूद हैं और कहीं भागे नहीं हैं. इसके बाद अदालत ने उन्हें गिरफ़्तारी से राहत देते हुए जांच में शामिल होने का आदेश दिया था.

    परम बीर सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को चिट्ठी लिखकर तत्कालीन गृह मंत्री और एनसीपी नेता अनिल देशमुख के ख़िलाफ़ भ्रष्टाचार और कदाचार के आरोप लगाए थे.

    इस चिट्ठी के बाद परम बीर सिंह पर महाराष्ट्र में करप्शन और एक्सटॉर्शन के छह मामले दर्ज किए गए. 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी करमबीर सिंह को 17 मार्च को मुंबई पुलिस के कमिश्नर पद से हटा दिया गया था.

  8. LIVE: पंजाब हरियाणा के किसान दिल्ली बॉर्डर की ओर बढ़े, क्या है वजह?

    LIVE: पंजाब हरियाणा के किसान दिल्ली बॉर्डर की ओर बढ़े. क्या है वजह?

    ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा.

  9. कंगना को दिल्ली विधानसभा की कमेटी के सामने पेश होने का फरमान जारी

    दिल्ली विधानसभा की पीस एंड हार्मनी कमेटी ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौट को 6 दिसंबर को एसेंबली में पेश होने के लिए कहा है.

    आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा की अगुवाई वाली इस कमेटी ने कंगना को सिखों के बारे में उनके कथित बयान को लेकर समन किया है.

    इससे पहले दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने 22 नवंबर को मुंबई पुलिस के पश्चिमी क्षेत्र के एडिश्नल कमिश्नर संदीप पी कार्णिक से मिलकर कंगना के ख़िलाफ़ क़ानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की थी.

    उन्होंने ट्विट पर कहा था कि किसानों और सिख समुदाय के ख़िलाफ़ ज़हर उगलने के लिए उन्हें गिरफ़्तार किया जाना चाहिए.

    मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली पुलिस में भी कंगना के ख़िलाफ़ शिकायत दर्ज कराई है.

    इस शिकायत में उन्होंने कंगना पर घृणा फैलाने वाला बयान देने का आरोप लगाया है.

    उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री को दिया गया पद्मश्री सम्मान भी वापस लेने की मांग की थी.

  10. केवल मुट्ठी भर क्रिप्टोकरेंसी ही बाज़ार में टिक पाएंगी: रघुराम राजन

    आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने बुधवार को कहा कि मौजूदा समय में 6,000 क्रिप्टोकरेंसी में से केवल 'मुट्ठी भर' ही आगे चलकर बाज़ार में टिक पाएंगी.

    उन्होंने क्रिप्टोकरेंसी के क्रेज़ की तुलना 17 वीं शताब्दी में नीदरलैंड में ट्यूलिप उन्माद से किया. उन्होंने कहा कि लोग मुख्यतः दो वजहों से क्रिप्टोकरेंसी खरीदते हैं- संपत्ति के रूप में इसे स्टोर करने के लिए और दूसरा पेमेंट के लिए.

    राजन ने सीएनबीसी-टीवी 18 से बात करते हुए कहा, "क्या हमें भुगतान करने के लिए वास्तव में 6,000 क्रिप्टोकरेंसी की ज़रूरत है? भले ही यह तकनीक नकद और मुद्रा का विकल्प क्यों ना बन जाए फिर भी एक-दो या फिर मुट्ठी भर ही क्रिप्टो ऐसे हो सकते हैं जिनका भुगतान के लिए उपयोग किया जाए और जो टिक जाएं."

    यह टिप्पणी ऐसे वक़्त आई है जब सरकार ने क्रिप्टोकरेंसी के नियम के लिए संसद में एक बिल सूचीबद्ध किया है. इस बिल का नाम 'द क्रिप्टोक्यूरेंसी एंड रेगुलेशन ऑफ ऑफिशियल डिजिटल करेंसी बिल,2021' है.

    29 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के शीतकालीन सत्र में ये बिल पेश किया जाएगा. इस बिल में रिजर्व बैंक की ओर से आधिकारिक डिजिटल करेंसी के फ्रेमवर्क की बात भी की गई है.

  11. भारतीय नौसेना को मिली आईएनएस वेला की शक्ति, चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ पर एडमिरल सिंह बोले...

    भारतीय नौसेना ने गुरुवार को आईएनएस वेला को अपने बेड़े में शामिल कर लिया है.

    कलवरी क्लास सबमरीन प्रोजेक्ट के तहत भारतीय नौसेना को मिलने वाली पनडुब्बियों में आईएनएस वेला चौथी सबमरीन है.

    नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह की मौजूदगी में आईएनएस वेला को कमीशंड किया गया. नेवी में इस हफ़्ते ऐसा दूसरी बार हुआ है.

    इससे पहले 21 नवंबर को आईएनएस विशाखापत्तनम को नेवी में शामिल किया गया था. इस मौके पर एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा, "INS वेला में पनडुब्बी संचालन के पूरे स्पेक्ट्रम को शुरू करने की क्षमता है. आज की जटिल सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, इसकी क्षमता और मारक क्षमता भारत के समुद्री हितों की रक्षा के लिए नौसेना की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी."

    चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ पर एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा, "हम चीन और पाकिस्तान के गठजोड़ पर पूरी नज़र बनाए हुए हैं. चीन से काफी हथियार पाकिस्तान को निर्यात हो रहे हैं. इससे यहां के क्षेत्रीय सुरक्षा पर काफी फर्क पड़ेगा. इसके लिए हमें तैयार रहना पड़ेगा."

  12. अमेरिका ने चीन की एक दर्जन कंपनियों को किया ब्लैकलिस्ट

    अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति की चिंताओं का हवाला देते हुए लगभग एक दर्जन चीनी कंपनियों को अपनी व्यापार ब्लैकलिस्ट में शामिल किया है.

    अमेरिका का कहना है कि कुछ कंपनियां चीनी सेना के क्वांटम कंप्यूटिंग प्रोग्राम को विकसित करने में मदद कर रही हैं.

    ताइवान को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तनाव बढ़ने के बाद यह ताज़ा कदम उठाया गया है.

    इस महीने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई वर्चुअल बैठक में जिन मुद्दों पर चर्च हुई थी इनमें से एक दोनों देशों के बीच होने वाला व्यापार था.

    चीनी की आठ टेक कंपनियों को अमेरिका ने अपनी ब्लैकलिस्ट में शामिल किया है. इन कंपनियों पर चीनी सेना के क्वांटम कंप्यूटिंग प्रोग्राम में मदद करने और "सैन्य प्रयोगों के लिए अमेरिकी वस्तुओं को हासिल करने की कोशिशों " के आरोप हैं.

    अमेरिकी वाणिज्य विभाग ने यह भी बताया है कि चीन और पाकिस्तान में सक्रिय 16 व्यक्तियों और संस्थाओं को "पाकिस्तान की असुरक्षित परमाणु गतिविधियों या बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम" में शामिल होने के कारण इस सूची में जोड़ा गया है.’’

    सूची में चीन,जापान,पाकिस्तान और सिंगापुर से कुल 27 नई संस्थाओं को जोड़ा गया.

    चीनी टेलीकॉम कंपनी ख़्वावे को 2019 में इस सूची में शामिल किया गया था,दावा किया गया था कि इससे अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा है. इस क़दम के कारण कंपनी के लिए मोबाइल फोन का उत्पादन करना मुश्किल हो गया था.

    चीनी सरकार ने पहले ही इस बात से इनकार किया है कि उसकी कंपनियां औद्योगिक जासूसी करती हैं.

  13. अमेरिका को चीन का सख़्त सुझाव, कहा- ताइवान से बढ़ते संबंधों पर रोक लगाएं

    चीन ने कहा है कि अमेरिका ताइवान के साथ अपने ‘बढ़ते संबंधों को तत्काल रोके.’ ये बयान अमेरिका और ताइवान के बीच इस सप्ताह हुए इकॉनमिक पार्टनरशिप डॉयलॉग के बाद आया है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ज़ाओ लिजियान ने कहा, ‘’चीन इसकी निंदा करता है और पूरी मज़बूती से इस तरह के संबधों का विरोध करता है.‘’

    उन्होंने कहा कि हम चीन के साथ राजनायिक संबंध रखने वाले देशों और ताइवान के बीच किसी भी तरह की औपचारिक बातचीत का विरोध करते हैं.

    लिजियान ने कहा, ‘’अमेरिका एक-चीन से सिद्धांत और शर्त को मानने के लिए प्रतिबद्ध है, इसलिए उसे ताइवान के साथ अपने बढ़ते रिश्ते पर तत्काल लगाम लगानी चाहिए और किसी भी रूप में ताइवान से आधिकारिक बातचीत नहीं करनी चाहिए.‘’

    ‘’हम ये चेतावनी ताइवान को भी देते हैं कि अमेरिका या किसी भी देश से समर्थन पाने की कोशिश निश्चित ही असफल और विनाशकारी साबित होगी.‘’

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, मंलवार को ताइवान और अमेरिका ने पिछले साल शुरू की गई आर्थिक वार्ता के दूसरे सत्र की बैठक की. इस दौरान दोनों देशों के बीच चिप की कमी और चीन की आर्थिक "ज़ोर-ज़बरदस्ती" का जवाब देने को लेकर चर्चा हुई.

    अमेरिका और ताइवान के बीच ये बैठक राष्ट्रपति जो बाइडेन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच हुई एक वर्चुअल बैठक के एक हफ्ते बाद हुई. इस बैठक में शी जिनपिंग ने चेतावनी देते हुए राष्ट्रपति बाइडन से कहा कि ताइवान में आज़ादी का समर्थन करना आग से खेलने की तरह है और जो आग से खेलेगा वो जल जाएगा.

  14. ब्रिटेन जा रहे प्रवासियों से भरी नाव इंग्लिश चैनल में पलटी, 27 की मौत

    ब्रिटेन जाने का प्रयास कर रहे कम से कम 27 प्रवासियों की इंग्लिश चैनल में नाव डूबने से मौत हो गई. ये हादसा फ्रांस के कैले के पास हुआ.

    इंटरनेशनल ऑर्गनाइज़ेशन फॉर माइग्रेशन ने कहा कि साल 2014 में डेटा जुटाने की शुरुआत के बाद से यह इस क्षेत्र में होने वाली सबसे बड़ी दुर्घटना है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि जो कुछ हुआ उससे वह ‘हैरान’ हैं और ब्रिटेन मानव तस्करी के गिरोहों को रोकने में ‘कोई कसर नहीं छोड़ेगा’.

    फ्रांस के गृहमंत्री जेराल्ड डेगमना ने बताया कि मरने वालों में पांच महिलाएं और एक बच्ची शामिल है.

    जेराल्ड डेगमना ने ये भी कहा कि दो लोगों को सुरक्षित बचाया गया है और एक शख़्स अब भी गायब है. पहले मिली जानकारी के मुताबिक 31 लोगों की मौत बताई जा रही थी लेकिन बाद में 27 के मरने की पुष्टि हुई.

    उन्होंने बताया कि चार लोगों को बेल्जियम की सीमा के पास से गिरफ़्तार किया गया है, "हमें संदेह है कि वे सीधे इस क्रॉसिंग से जुड़े थे."

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के कार्यालय डाउनिंग स्ट्रीट ने बताया कि बुधवार शाम,बोरिस जॉनसन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉ ने इस तरह की क्रॉसिंग को रोकने और लोगों की जान जोखिम में डालने वाले गिरोहों पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की है.

    बुधवार की दोपहर, एक मछली पकड़ने वाली नाव ने फ्रांस के तट पर कई लोगों के शव देखने के बाद अधिकारियों को सूचित किया था.

    फ्रांस और ब्रिटेन के अधिकारी इंग्लिश चैनल पर हवाई और समुद्र रास्तों के ज़रिए बचाव अभियान चला रहे हैं.

  15. सालों तक विरोधी खेमों में रहे तुर्की और यूएई के बीच हुए कई समझौते

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन ज़ाएद ने बुधवार को दोनों देशों के बीच व्यापार,ऊर्जा और पर्यावरण को लेकर कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए. इसकी जानकारी एक निजी न्यूज़ चैनल एनटीवी न्यूज ने दी.

    न्यूज़ चैनल पर दोनों देशों के बीच समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने का लाइव प्रसारण किया गया.

    एनटीवी के एक संवाददाता ने कहा कि अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी और तुर्की वेल्थ फंड के बीच हुआ एक सौदा "तकनीक-केंद्रित" फंड स्थापित करेगा.

    इसके अलावा दोनों देशों के नेताओं ने लॉजिस्टिक,बंदरगाहों,स्टॉक और बॉन्ड, ऊर्जा, पेट्रोकेमिकल्स,बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य से जुड़े समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए हैं.

    चैनल के संवाददाता ने कहा कि ‘’ इसमें कोई संदेह नहीं है कि आज की बैठक के बाद यूएई का प्रत्यक्ष निवेश तुर्की में बढ़ेगा.‘’

    न्यूज़ चैनल के अनुसार यूएई तुर्की के निजी सेक्टर के साथ भी समझौते कर सकता है.

    ये निवेश-केंद्रित समझौते ऐसे वक़्त में किए गए हैं जब 23 नवंबर को तुर्की की मुद्रा लीरा की कीमत में अमेरिकी डॉलर और अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई है.

    कुछ लोगों ने अर्दोआन सरकार के इस्तीफ़े की मांग भी की है.

    तुर्की और यूएई के बीच संबंध वर्षों से तनावपूर्ण रहे हैं.दोनों ने कई क्षेत्रीय मुद्दों पर विरोधी पक्षों का समर्थन किया है.

    हालाँकि,तुर्की ने हाल के महीनों में अपने क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्वियों के साथ संबंधों को सुधारने की पहल की है.

  16. कश्मीर में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीन चरमपंथी मारे गए

      • Author, रियाज़ मसरूर, श्रीनगर से बीबीसी संवाददाता

    श्रीनगर के रामबाग इलाके में बुधवार को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन चरमपंथी मारे गए हैं. पुलिस ने एक बयान में कहा है कि मारे गए चरमपंथियों में से एक लश्कर-ए-तैयबा द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ) का कमांडर भी था

    पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार,मारे गए तीन शख़्स चरमपंथी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (टीआरएफ) से जुड़े थे और सुरक्षा बलों और आम नागरिकों पर किए गए हमले में शामिल थे.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया, ‘’श्रीनगर के रामबाग इलाके में हमें आतंकवादियों की गतिविधियों के इनपुट मिले. पुलिस की छोटी टुकड़ी ने एक सेंट्रो कार को रोकने की कोशिश की लेकिन अंदर से तेज़ गोलीबारी होने लगी. वे लोग भागने की कोशिश मे थे लेकिन जवाबी कार्रवाई की गई और इसमें तीन आतंकियों की मौत हो गई.‘’

    पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक़ मारे गए चरमपंथियों में से एक, मेहरान यासीन का अपराधों का एक लंबा इतिहास रहा है, उसने कई चरमपंथी घटनाओं को आंजाम दिया.

    वह इस साल 7 अक्टूबर को सरकारी स्कूल की प्राध्यापक सुपिन्दर कौर और शिक्षक दीपक चंद की हत्या के लिए जिम्मेदार था. उसने 26 जून 2021को श्रीनगर के बारबार शाह इलाके में ग्रेनेड हमला किया जिसमें एक नागरिक मुदासिर अहमद बट्ट की मौत हुई और तीन लोग बुरी तरह ज़ख़्मी हुए.

    पुलिस के मुताबिक इसके अलावा, एक अन्य मारे गए चरमपंथी अराफ़ात अहमद के ऊपर 16 अक्टूबर, 2021 को पुलवामा में एक मजदूर की हत्या सहित कई चरमपंथी गतिविधियों को अंजाम देने का आरोप है.

    पुलिस ने कहा है कि गाड़ी से कई हथियार और गोला-बारूद सहित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है.

  17. , नमस्कार,

    बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिनभर की सभी बड़ी ख़बरों, लाइव अपडेट्स और वीडियो से रूबरू कराएंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 24 नवंबर के अपडेट्स के लिए आप यहांक्लिककर सकते हैं.