राहुल द्रविड़ बने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच

बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का अगला मुख्य कोच नियुक्त किया है. वे मौजूदा कोच रवि शास्त्री की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल अभी चल रहे आईसीसी टी 20 विश्व कप के बाद ख़त्म हो रहा है.

लाइव कवरेज

पवन सिंह अतुल and अभिजीत श्रीवास्तव

  1. बीबीसी के इस लाइव पेज से जुड़ने के लिए आपका शुक्रिया. यह लाइव पेज अब यहीं बंद हो रहा है. गुरुवार, 04 नवंबर के अपडेट्स देखने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.

  2. राहुल द्रविड़ बने भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच

    राहुल द्रविड़

    इमेज स्रोत, bcci.tv

    बल्लेबाज़ और पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ को भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का अगला मुख्य कोच नियुक्त किया है. वे मौजूदा कोच रवि शास्त्री की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल अभी चल रहे आईसीसी टी 20 विश्व कप के बाद ख़त्म हो रहा है.

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने इस बारे में अपनी वेबसाइट पर ये जानकारी दी है.

    बीसीसीआई के अनुसार, सुलक्षणा नाइक और आरपी सिंह की क्रिकेट सलाहकार समिति ने बुधवार को सर्वसम्मति से राहुल द्रविड़ को टीम इंडिया (सीनियर पुरुष) का मुख्य कोच नियुक्त किया है.

    राहुल द्रविड़ न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी घरेलू सिरीज से अपना काम संभालेंगे. कोच की नियुक्ति के लिए 26 अक्टूबर को आवेदन मंगाए गए थे.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    राहुल ने बताया बहुत बड़ा सम्मान

    अपनी इस नई जिम्मेदारी के बारे में राहुल द्रविड़ ने भी अपनी बात कही है.

    द्रविड़ ने कहा, ''भारतीय क्रिकेट टीम के नए मुख्य कोच के रूप में नियुक्त होना बहुत बड़ा सम्मान है. वास्तव में मैं इसके लिए बहुत उत्सुक हूं. रवि शास्त्री के नेतृत्व में भारतीय टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और मुझे उम्मीद है कि इसे आगे बढ़ाने के लिए मैं टीम के साथ काम करूंगा.

    उन्होंने कहा, ''एनसीए, अंडर 19 और इंडिया ए के लिए अधिकांश लड़कों के साथ मिलकर काम करने के बाद, मुझे पता है कि उनमें हर दिन सुधार करने का जुनून और इच्छा है.''

    सौरव गांगुली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    द्रविड़ के कार्यकाल में टीम जाएगी नई ऊंचाइयों पर: गांगुली

    बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने द्रविड़ की नियुक्ति पर कहा, ''बीसीसीआई राहुल द्रविड़ का भारत की सीनियर पुरुष टीम के मुख्य कोच के रूप में स्वागत करता है. राहुल का करियर शानदार रहा है और वो क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक हैं.''

    सौरव गांगुली ने आगे कहा, ''उन्होंने राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रमुख के तौर पर भारतीय क्रिकेट की बड़ी सेवा की. एनसीए में राहुल के प्रयास से कई युवा क्रिकेट प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिला और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया. मुझे भरोसा है कि उनके कार्यकाल में भारतीय क्रिकेट नई ऊंचाइयों पर जाएगा.''

    जय शाह

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बीसीसीआई ने मौजूदा कोचिंग टीम की भी तारीफ़ की

    बीसीसीआई ने टीम के मौजूदा हेड कोच रवि शास्त्री, गेंदबाज़ी कोच बी अरुण, फील्डिंग कोच आर. श्रीधर और बल्लेबाज़ी कोच विक्रम राठौर को उनके सफल कार्यकाल के लिए उनकी तारीफ़ करते हुए बधाई दी है.

    वहीं बीसीसीआई के सचिव जय शाह ने कहा, ''राहुल द्रविड़ से बेहतर कोई शख़्स नहीं है. मुझे उन्हें भारत की क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में नियुक्त होते देखकर खुशी हो रही है.''

  3. SBI के चेयरमैन ने पूर्व चेयरमैन की गिरफ़्तारी को बताया ‘दुर्भाग्यपूर्ण’

    एसबीआई

    इमेज स्रोत, ANI

    स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया (SBI) के चेयरमैन दिनेश खारा ने बुधवार को SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी की गिरफ़्तार को ‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया है और उम्मीद जताई है कि वो जल्द ही बिना शर्त के रिहा होंगे.

    जैसलमेर पुलिस ने 31 अक्तूबर को चौधरी को उनके दिल्ली स्थित घर से गिरफ़्तार किया था.

    उनकी गिरफ़्तारी 200 करोड़ रुपये के गढ़ रजवाड़ा होटल प्रोजेक्ट में कथित भूमिका को लेकर की गई है. इस होटल को मार्च 2014 में 25 करोड़ में अलकेमिस्ट एआरसी को बेच दिया गया था

    इस प्रोजेक्ट को 2007 में बैंक ने ही आर्थिक मदद दी थी. सितंबर 2013 में रिटायरमेंट के बाद चौधरी उस समय एआरसी के बोर्ड में डायरेक्टर थे.

    SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, SBI के पूर्व चेयरमैन प्रतीप चौधरी

    दिनेश खारा ने पत्रकारों से कहा, “प्रतीप चौधरी से संबंधित हालिया घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं सिर्फ़ इतना कहना चाहूंगा कि अरेस्ट वॉरंट जारी करने से पहले उन्हें सुनने का मौक़ा नहीं दिया गया.”

    उन्होंने कहा, “हमें देश की न्यायिक प्रक्रिया में पूरा भरोसा और विश्वास है कि श्री चौधरी जल्द से जल्द बिना शर्ता रिहा होंगे.”

    जैसलमेर पुलिस ने कहा था कि सिटी कोर्ट के आदेश के बाद चौधरी के ख़िलाफ़ ग़ैर ज़मानती वॉरेंट जारी किया गया था और रविवार को उन्हें दिल्ली स्थित उनके निवास से गिरफ़्तार करके जैसलमेर लाया गया था.

    पुलिस ने कहा था कि यह अनियमितता और धोखाधड़ी का मामला है और उनकी ज़मानत याचिका को कोर्ट ने रद्द कर दिया था और उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    खारा ने बताया कि बैंकिंग समुदाय ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन ने इस मामले को सरकारी प्राधिकर के समक्ष उठाया है.

  4. दाम घटाने के लिए केंद्र सरकार ने बफर स्टॉक से जारी किया 1.11 लाख टन प्याज

    प्याज

    इमेज स्रोत, AFP

    केंद्र सरकार ने बताया है कि देश भर के प्रमुख बाजारों में उसके बफर स्टॉक से 2 नवंबर तक 1.11 लाख टन प्याज जारी किया गया है. इससे खुदरा कीमतों में 5 से 12 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई है.

    केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि प्याज को दिल्ली, कोलकाता, लखनऊ, पटना, रांची, गुवाहाटी, भुवनेश्वर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, मुंबई, चंडीगढ़, कोच्चि और रायपुर जैसे प्रमुख बाजारों में जारी किया गया. इसके साथ ही, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गुजरात के स्थानीय बाजारों में भी प्याज उतारा गया है.

    मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है, "बफर स्टॉक के जरिए प्याज के दाम स्थिर किए जा रहे हैं. इसके दाम कम करने के केंद्र सरकार के प्रयासों के परिणाम अब सामने आ रहे हैं."

    मंत्रालय के अनुसार, सरकार ने प्याज के दाम घटाने और भंडारण के कम से कम नुक़सान के लिए फर्स्ट-इन-फर्स्ट-आउट (फीफो) सिद्धांत पर बफर स्टॉक से प्याज निकाला जा रहा है. इसके अलावा गोदामों से सभी राज्यों को महज 21 रुपये प्रति किलो की कीमत पर प्याज दिया जा रहा है.

    प्याज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बारिश के चलते बढ़ने लगे प्याज के दाम

    मंत्रालय के अनुसार, बारिश के चलते आपूर्ति के प्रभावित होने से प्याज की कीमतें अक्टूबर के पहले सप्ताह से बढ़ने लगी थीं.

    प्याज फिलहाल पिछले साल की तुलना में सस्ते हैं. इस समय इसका औसत खुदरा मूल्य 40.13 रुपये प्रति किलोग्राम है. वहीं थोक बाजार में इसकी कीमत 31.15 रुपये प्रति किलोग्राम है.

    आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिल्ली में प्याज की खुदरा कीमत गिरकर 44 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जो दो सप्ताह पहले 49 रुपये थी. वहीं मुंबई में इसकी कीमत 14 अक्टूबर के 50 रुपये से घटकर अब 45 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.

    कोलकाता में भी प्याज की खुदरा कीमत 17 अक्टूबर के 57 रुपये से घटकर 45 रुपये हो गई है. चेन्नई में प्याज के दाम 13 अक्टूबर के 42 रुपये से घटकर अब 37 रुपये हो गए हैं.

  5. अफ़ग़ानिस्तान से जीतकर भी समीकरणों में उलझ सकता है भारत

    विराट कोहली, INDvsAFG

    इमेज स्रोत, ANI

    टी20 वर्ल्ड कप के दो मैच, दोनों में हार.

    पहला मुक़ाबला पाकिस्तान से 10 विकेट से हारे.

    दूसरे में न्यूज़ीलैंड ने 8 विकेट से हराया.

    सेमीफ़ाइनल की डगर मुश्किल.

    और अफ़ग़ानिस्तान पर टिकी आस.

    टी20 वर्ल्ड कप के अपने शुरुआती दोनों मैच हार कर भी क्या भारत सेमीफ़ाइनल में पहुँच सकता है, क्या है वो समीकरण जो भारत को अगले दौर में पहुँचा सकती है?

    लेकिन ये समीकरण इतने आसान भी नहीं और भारत को अपने प्रदर्शन के साथ-साथ दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर करना पड़ेगा.

    ग्रुप-2 की शीर्ष टीम पाकिस्तान तो सेमीफ़ाइनल में पहुँच चुकी है.

  6. नवाब मलिक: एक कबाड़ी वाले के महाराष्ट्र का मंत्री बनने का सफ़र

    नवाब मलिक

    इमेज स्रोत, ANI

    1984 लोकसभा चुनाव की बात है. उत्तर पूर्व मुंबई की लोकसभा सीट से एक ओर कांग्रेस की ओर से गुरुदास कामत मैदान में थे और दूसरी तरफ़ भाजपा के प्रमोद महाजन थे.

    इस चुनाव में गुरुदास कामत को दो लाख 73 हज़ार से ज़्यादा वोट मिले और उन्होंने करीब 95,000 वोटों से प्रमोद महाजन को हराया था.

    उसी चुनाव में एक 25 साल का शख़्स भी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहा था. वह उम्मीदवार तमाम कोशिशों के बाद भी किसी तरह 2620 वोट ही हासिल कर पाए थे.

    लेकिन पिछले एक महीने से महाराष्ट्र की सियासत में इसी हारे हुए उम्मीदवार का दबदबा है. 25 साल के उस उम्मीदवार का नाम नवाब मलिक था.

  7. इसराइल के पीएम ने मोदी से कहा- मेरी पार्टी ज्वॉइन कर लीजिए

    वीडियो कैप्शन, इसराइल के पीएम ने मोदी से कहा- मेरी पार्टी ज्वाइन कर लीजिए

    इसराइल के प्रधानमंत्री नेफ़्टाली बेनेट और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाक़ात. दोनों नेता ग्लासगो में जलवायु परिवर्तन सम्मेलन में मिले.

    पीएम नेफ़्टाली बेनेट ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इसराइल के साथ संबंधों को नई दिशा दी है. और वो इस रिश्ते को और बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे.

  8. रोहित शर्मा और केएल राहुल की आतिशी पारियां

    रोहित शर्मा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, रोहित शर्मा ने 37 गेंदों में अर्धशतक बनाया है

    टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाज़ी बहुत शानदार रही और सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा और केएल राहुल ने शुरुआत से अच्छे शॉट लगाए.

    रोहित शर्मा ने 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके लिए उन्होंने 37 गेंदें खेलीं.

    उनके बाद 13वें ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर केएल राहुल ने अर्धशतक पूरा किया. राहुल ने 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.

    15वें ओवर की चौथी गेंद पर सलामी जोड़ी टूटी और करीम जनात ने रोहित शर्मा को मोहम्मद नबी के हाथों कैच आउट कराया.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, केंद्र का बड़ा एलान: पेट्रोल पर 5 तो डीजल पर 10 रुपये उत्पाद शुल्क घटे

    पेट्रोल, डीजल

    इमेज स्रोत, EPA

    कोरोना महामारी के दौर में महंगाई से भी परेशान जनता को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने बड़ा एलान किया है.

    केंद्र सरकार ने बुधवार को एलान किया है कि कल यानी दीपावली के दिन से पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क में 5 रुपये प्रति लीटर की तो डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की जाएगी.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने एक ट्वीट में बताया, ''दिवाली की पूर्व संध्या पर, भारत सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले उत्पाद शुल्क में कमी का ऐलान किया. पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क कल से क्रमश: 5 और 10 रुपए कम कर दिया जाएगा.''

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    सरकार ने और क्या कहा?

    एएनआई ने वित्त मंत्रालय के हवाले से बताया है कि पिछले कुछ महीनों में कच्चे तेल के दाम पूरी दुनिया में बढ़े. इसके चलते, बीते कई हफ़्तों में पेट्रोल और डीजल की घरेलू कीमतें भी बढ़ीं.

    वित्त मंत्रालय के अनुसार, दुनिया में ऊर्जा के सभी स्रोतों की आपूर्ति में कमी और इसके दामों के बढ़ने का चलन देखा गया.

    मंत्रालय का दावा है कि केंद्र सरकार ने भरपूर कोशिश की है कि देश में ऊर्जा की कमी न हो और जरूरतें पूरी करने के लिए पर्याप्त पेट्रोल और डीजल मौजूद रहे.

    वित्त मंत्रालय ने कहा, ''अर्थव्यवस्था को और गति देने के लिए भारत सरकार ने डीजल और पेट्रोल पर उत्पाद शुल्क को अहम कटौती की है. इस कटौती से खपत को बढ़ावा मिलेगा और महंगाई भी कम होगी. इससे गरीब और मध्यम वर्ग को मदद मिलेगी.''

    सरकार का मानना है कि ताज़ा फ़ैसले से आने वाले रबी सीजन में किसानों को मदद मिलेगी.

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  10. भारत ने अरुणाचल प्रदेश से लगे चीनी बॉर्डर पर क्रूज़ मिसाइलें और होविट्ज़र्स तोपें तैनात कीं: रिपोर्ट

    भारत-चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    चीन के नए सीमा कानून और बारह दौर की बातचीत की नाकामी के बाद भारत ने चीन से लगी सीमाओं पर अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और पुख़्ता करना शुरू कर दिया है.

    समाचार एजेंसी एएफपी ने भारतीय सेना के हवाले से की गई एक रिपोर्ट में कहा है कि भारत ने अरुणाचल प्रदेश से लगे चीनी बॉर्डर के पास क्रूज़ मिसाइल और होविट्ज़र्स तोपें तैनात की हैं.

    समाचार एजेंसी के अनुसार उसी सीमा पर अमरीका में तैयार चिनुक मालवाहक हेलीकॉप्टर्स और इसराइली ड्रोन्स भी मौजूद हैं.

    अधिकारियों ने एएफपी से कहा है कि पिछले साल हुई झड़पों के बाद इस बात की ज़रूरत महसूस की गई कि वहां की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख़्ता किया जाए.

    भारत और चीन के बीच 17 माह पहले शुरू हुए सीमा विवाद के बाद 12 राउंड की कमांडर स्तर की बातचीत हो चुकी है.

    हालांकि अगस्त में हुई बातचीत के बाद लद्दाख के गोगरा क्षेत्र से अस्थायी निर्माण को हटाने और दोनों सेनाओं के अपने पुराने स्थानों पर वापिस लौटने की बात पर सहमति बनी थी.

    भारत-चीन

    इमेज स्रोत, AFP

    लेकिन 12वें राउंड की वार्ता बेनतीजा रही और दोनों पक्षों ने दूसरे को जिम्मेदार ठहराया. इस बीच चीन में भारत की राजदूत रह चुकी निरुपमा राव ने टेलीवीजन चैनल सीएनबीसी से कहा है कि दोनों देशों के बीच विवाद का निपटारा जल्द होता संभव नहीं दिख रहा है.

    उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता है कि भारत और चीन के बीच विवाद का निपटारा जल्द होने जा रहा है. मेरी किताब में इस बात का ज़िक्र है कि दोनों के बीच जो विवाद है उसका एक इतिहास है. और वर्तमान और भविष्य में इस समस्या से निपटने के लिए ये ज़रूरी है कि हम भूत को समझें. इस विवाद को सुलझाने की दशकों से कोशिश होती रही है लेकिन इसको लेकर पक्षों के इरादे दृढ़ होते गए हैं. "

    निरुपमा राव साल 2006 से 2009 के बीच चीन में भारत की राजदूत थीं.

    अरुणाचल प्रदेश को चीन दक्षिणी तिब्बत पुकारता रहा है, वहां भारत के नेताओं के दौरे तक पर उसने एतराज़ जताया है जिसका भारत ने सख्ती से जवाब दिया है.

    भारत-चीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत इस क्षेत्र में सुरंगों से गुज़रते हुए एक सड़क तैयार कर रहा है जो अगले साल तक खुल जाएगा. लद्दाख के जोजिला पास में भी इसी तरह का एक प्रोजेक्ट जारी है.

    समाचार एजेंसी एएफपी का कहना है कि तवांग में मौजूद एक भारतीय सैन्य अधिकारी ने उससे कहा कि इस इलाके की आबोहवा बहुत कठोर है और हमें जाड़ो को ध्यान में रखते हुए पूरी तरह तैयार रहने की ज़रूरत है.

    लद्दाख में हुई झड़पों के बाद भी जिसमें दोनों देशों के सैनिक मारे गए थे, तनाव कम होने की बजाए बढ़ते रहे हैं.

    चीन ने नया सीमा कानून लाया है जो अगले साल जनवरी से लागू हो जाएगा. इस कानून के मुताबिक़ चीन अपनी सीमा में किसी तरह की दखल का जवाब देगा.

    भारत ने कहा है कि ये कानून उसके हितों को पूरी तरह नकारते हुए किया गया है. दूसरी तरफ भारत ने हाल में ही एक मिसाइल का परीक्षण किया है जिसे कुछ विशेषज्ञ चीन को दी गई चेतावनी बताते हैं.

  11. व्यापारी लोग हों या किसान सभी सरकार की ख़राब नीतियों का शिकार: राहुल गांधी

    राहुल गांधी

    इमेज स्रोत, Getty Images

    एक मीडिया रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा है कि ‘व्यापारी लोग हों या किसान- सभी भारत सरकार की ख़राब नीतियों का शिकार हैं. अर्थव्यवस्था की मरम्मत करो. ज़िंदगियां बचाओ.’

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दरअसल इस मीडिया रिपोर्ट में यह आंकड़ा बताया गया था कि साल 2020 में व्यवसाय करने वाले लोगों ने किसानों की तुलना में अधिक आत्महत्या की है.

    इस रिपोर्ट में नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो का हवाला दिया गया है जिसमें बताया गया है कि साल 2020 में 11,716 व्यापारियों ने और 10,677 किसानों ने आत्महत्या की.

  12. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनें फैसल मोहम्मद अली के साथ

    तीन नवंबर, बुधवार का दिन भर सुनें फैसल मोहम्मद अली के साथ

    भारत ने चीन से लगी सीमा पर बढ़ाई सुरक्षा, पूर्व भारतीय राजदूत ने कहा विवाद का निपटारा जल्द संभव नहीं

    पोप को भारत आने के प्रधानमंत्री मोदी के न्योते पर ईसाई समुदाय में बहुत उत्साह नहीं

    और दुनियां जहान में बात होगी जंगलों की कटाई की साथ ही विश्व समाचार

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  13. कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस छोड़ने के बाद सिद्धू ने चलाए शब्दबाण

    सिद्धू

    इमेज स्रोत, ANI

    पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने बुधवार को एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह पर शब्दों के बाण छोड़े.

    उन्होंने अमरिंदर को ‘धोखेबाज़’, ‘कायर’ और ‘रोंदू बच्चा’ बताया.

    कांग्रेस से इस्तीफ़ा देने और अपनी पार्टी लोक पंजाब कांग्रेस के गठन के बात सिद्धू ने पूर्व मुख्यमंत्री को ‘फुंका कारतूस’ बताया.

    उन्होंने कहा कि अमरिंदर की पंजाब मे कहीं कोई चर्चा नहीं है.

    कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफ़ा सौंपने के बाद अमरिदंर सिंह ने कहा है कि वो अवैध रेत खनन में शामिल विधायकों का ‘पर्दाफ़ाश’ करेंगे.

    इस पर सिद्धू ने कहा है कि ‘क्या वो इतने सालों से सोए हुए थे?’

    उन्होंने कहा कि अगर उनके कार्यकाल में माफ़िया थे तो फिर पैसा कौन कमा रहा था.

    अमरिंदर सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    सिद्धू ने अमरिंदर सिंह को ‘दुनिया का सबसे बड़ा कायर’ बताते हुए कहा कि अगर उन्हें ग़लत कामों का पता था तो उन्होंने इस पर कार्रवाई क्यों नहीं की.

    एक सवाल के जवाब में सिद्धू ने कहा, “मैं फुंके हुए कारतूस पर बात नहीं करना चाहता हूं.”

    “वो एक फ़्रॉड इंसान हैं. वो रोंदू बच्चा बन गए हैं. कहा जाता है कि जैसे-जैसे उम्र बढ़ती इंसान बच्चा जैसा बन जाता है वो अब रोंदू बच्चा बन गए हैं.”

    सिद्धू ने यह भी दावा किया कि पंजाब के लोग पूर्व मुख्यमंत्री से नफ़रत करते हैं.

    अमरिंदर सिंह के इस्तीफ़े का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “हमने एक नाकाम मुख्यमंत्री को बदल दिया.पंजाब के लोगों को अब फ़ैसला करना है कि वे पंजाब के लिए लड़ने वालों के साथ खड़े होते हैं या फिर उनके साथ जो सत्ता के लिए लड़ते हैं.”

  14. अखिलेश यादव बोले, चाचा शिवपाल यादव का पूरा सम्मान होगा

      • Author, अनंत झणाणे
      • पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी के लिए
    अखिलेश यादव और शिवपाल यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    पिछले कुछ दिनों में कई छोटे दलों से गठबंधन कर चुके समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने अब गठबंधन में चाचा शिवपाल यादव को भी जोड़ने की बात कही है.

    दिवाली मनाने के लिए अपने पैतृक गांव सैफ़ई पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा है कि चाचा शिवपाल यादव का पूरा सम्मान होगा.

    उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी ने लगातार प्रयास किया है कोशिश की है कि क्षेत्रीय दल और छोटे दलों उनको साथ लिया जाए. हाल ही में ओम प्रकाश राजभर जी मऊ में ऐतिहासिक कार्यक्रम करके गठबंधन के साथ जुड़े हैं. स्वाभाविक है कि चाचा का भी एक दल है. उस दल को भी साथ लाने का काम करेंगे. पूरा सम्मान उनका होगा."

    क्या चाचा शिवपाल यादव के दल का समाजवादी पार्टी में विलय होगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "विलय का सवाल नहीं है, सवाल यह है कि जब चुनाव में हम जा रहे हैं, तो साथ जाएं. चाचा का पूरा सम्मान किया जाएगा."

    अखिलेश यादव के इस बयान के बाद अभी तक शिवपाल यादव ने प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन वे कई बार कह चुके हैं कि सम्मान दिए जाने पर वे समाजवादी पार्टी के साथ हो सकते हैं.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

    अखिलेश यादव के बयान पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अरविंद इंजीनियर ने कहा कि, "माननीय शिवपाल यादव पहले से कह रहे हैं कि हम लोगों को एक हो जाना चाहिए. भाजपा को हटाने के लिए ऐसा करना ज़रूरी है. जहां तक सीटों की बात है तो दोनों राष्ट्रीय अध्यक्ष साथ बैठ कर तय कर लेंगे."

    साल 2016 में शिवपाल यादव समाजवादी पार्टी के नेतृत्व के संघर्ष के बाद पार्टी से अलग होकर अपना दल प्रगतिशील समाजवादी पार्टी बना कर मैदान में उतरे थे. साल 2017 में उन्होंने इटावा से अपनी सीट जसवंतनगर जीती लेकिन प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के वर्चस्व में कोई ख़ास इज़ाफ़ा नहीं हुआ.

    अखिलेश यादव कोशिश कर रहे हैं कि 2022 के चुनाव से पहले शिवपाल यादव को साथ लिया जाए पार्टी के परंपरागत वोट में बिखराव नहीं हो.

    इन दिनों शिवपाल यादव प्रदेश व्यापी समाजवादी परिवर्तन रथ यात्रा पर हैं जिसका तीसरा चरण मंगलवार को अलीगढ़ में सम्पन्न हुआ. लेकिन मुलायम सिंह यादव का पूरा परिवार दिवाली के मौके पर सैफ़ई में एकत्रित होता है, ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि चाचा-भतीजा इस दिवाली में एक साथ हो सकते हैं.

  15. अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर भारत के ख़िलाफ़ पहले गेंदबाज़ी का किया फ़ैसला

    कोहली

    इमेज स्रोत, Reuters

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 के ग्रुप-2 मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    टी-20 वर्ल्ड कप सुपर-12 के ग्रुप-2 का अपना तीसरा मैच भारत अब से कुछ ही देर में अबु धाबी के शेख़ ज़ाएद क्रिकेट स्टेडियम में खेलने जा रहा है.

    पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड से करारी शिकस्त पाने के बाद भारत अब अफ़ग़ानिस्तान का सामना करेगा.

    पॉइंट्स टेबल में भारत की स्थिति बेहद ख़राब है. वो छह टीमों के ग्रुप में शून्य पॉइंट्स के साथ पांचवें स्थान पर है जबकि अफ़ग़ानिस्तान चार पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है.

  16. चीन के 'सुपरपावर' बनने की कहानी

    वीडियो कैप्शन, चीन के 'सुपरपावर' बनने की कहानी

    19वीं और 20वीं सदी का चीन का इतिहास आज भी बहरी दुनिया को लेकर उसकी सोच का प्रभावित करता है.

    चीन 19वीं सदी के मध्य में अफीम युद्ध का गवाह रहा है. पश्चिमी ताक़तों ने चीन के दरवाज़े खुलवाने के लिए ताक़त का इस्तेमाल किया था.

    साल 1840 से 1940 के इस दौर को चीन में 'अपमान की सदी' के रूप में याद किया जाता है. इस दौर में चीन को यूरोपीय ताक़तों और जापानी हमलों के सामने घुटने टेकने पड़े थे.

    इसी दौर में चीन को हांगकांग ब्रिटेन को और पूर्वोत्तर के इलाके में स्थित मंचूरिया को जापान को सौंपना पड़ा था.

  17. भारत कब और कैसे पहुंचे पटाखे?

    वीडियो कैप्शन, भारत कब और कैसे पहुंचे पटाखे?

    दिवाली पर पटाखों से आसमान जगमगाता है लेकिन इससे प्रदूषण भी होता है.

    पुराने समय में दिवाली मिट्टी के बने दीये जलाकर ही मनाई जाती थी.

    पटाखे कहां बनने शुरू हुए और भारत कैसे पहुंचे?

  18. जब कश्मीर का भारत में विलय हुआ

    वीडियो कैप्शन, जब कश्मीर का भारत में विलय हुआ

    राज्य मंत्रालय के सचिव और सरदार पटेल के दाहिने हाथ वी पी मेनन ने जम्मू जाकर महाराजा हरि सिंह से भारत से विलय के कागजातों पर दस्तखत करवाए.

    उसके तुरंत बाद कबाईलियों के हमले से निपटने के लिए भारत ने अपनी फौज भेज दी.

    सुनिए पूरी कहानी रेहान फ़ज़ल से. साथ में हैं सूर्यांशी पांडेय.

  19. अर्दोआन COP26 में हिस्सा लेने के लिए ग्लासगो क्यों नहीं गए?

    वीडियो कैप्शन, अर्दोआन COP26 में भाग लेने के लिए ग्लासगो क्यों नहीं गए?

    संयुक्त राष्ट्र के जलवायु सम्मेलन COP26 में एक ओर जहां पूरी दुनिया के देशों के नेता जमा हैं और वो जलवायु परिवर्तन से निपटने में अपने देश का खाका पेश कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इसमें शामिल होने से इनकार कर दिया है.

    तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने इसकी वजह 'सुरक्षा कारणों' को बताया है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने तुर्की के मीडिया के हवाले से जानकारी दी है कि सोमवार को ग्लासगो में जारी सम्मेलन में भाग लेने से इनकार करते हुए तुर्की ने कहा है कि ब्रिटेन उनकी सुरक्षा मांगों को पूरा करने में असफल रहा है.

    इससे भी दिलचस्प बात ये है कि बीते सप्ताह शनिवार और रविवार को तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन G20 सम्मेलन में रोम में ही थे.

  20. क्रिकेट में पाकिस्तान की कामयाबी का राज़ ये तो नहीं...

    वीडियो कैप्शन, क्रिकेट में पाकिस्तान की कामयाबी का राज़ ये तो नहीं...

    क्रिकेट बहुत बदल गया है. इंटरनेशनल क्रिकेट का फ्यूचर अब 20-20 फॉरमेट में देखा जाता है.

    लेकिन पाकिस्तान की गलियों, मोहल्लों और मैदानों में एक ऐसी क्रिकेट भी खेली जाती है, जो शायद 20-20 से ज़्यादा पुरानी और तेज़ है. इसे कहते हैं टेपबॉल क्रिकेट.

    ये पाकिस्तान में कितना लोकप्रिय है, इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि कहा जाता है, पाकिस्तान में हर घर में कोई ना कोई टेपबॉल ज़रूर खेला होता है. कैसे खेला जाता है ये क्रिकेट, देखिए.

    देखिए पाकिस्तान से बीबीसी संवाददाता अली काज़मी की ये ख़ास रिपोर्ट.