पाकिस्तान में 8 रुपये प्रति लीटर की दर से बढ़ सकते हैं डीज़ल और पेट्रोल के दाम
पाकिस्तान सरकार आने वाले 15 दिनों के लिए पेट्रोल और डीज़ल के दामों में 8 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बढ़ोतरी कर सकती है.
पाकिस्तानी अख़बार द डॉन में प्रकाशित ख़बर के मुताबिक़, अगर सरकार ने टैक्स रेट में अंतर नहीं किया तो पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी हो सकती है.
पाकिस्तान के ही एक अन्य अख़बार डेलीटाइम्स ने भी अपनी ख़बर में बताया है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल के दामों में 8 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से वृद्धि हो सकती है.
फिलहाल पाकिस्तान में एक लीटर पेट्रोल (प्रीमियम सुपर) की कीमत 137.48 रुपये है.
वहीं, हाई स्पीड डीज़ल की कीमत 134.48 रुपये है. और लाइट डीज़ल ऑइल की कीमत 110.26 रुपये है.
डॉन ने अपनी ख़बर में बताया है कि सूत्रों के मुताबिक़, सरकार अब तक इस नतीजे पर नहीं पहुंची है कि वह ये बढ़ोतरी 1 नवंबर या 16 नवंबर से करेगी.
पाकिस्तान की ऑइल एंड गैस नियामक प्राधिकरण और पेट्रोलियम डिविज़न ने मौजूदा टैक्स रेट, इम्पोर्ट पैरिटी प्राइस और एक्सचेंज रेट को ध्यान में रखकर पेट्रोल की कीमत में छह रुपये और डीज़ल की कीमत में 8 रुपये बढ़ाने का सुझाव दिया है.