ताइवान के हवाई क्षेत्र में घुसे चीन के 38 विमान

इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
ताइवान ने कहा है कि चीन ने उसके हवाई क्षेत्र का अब तक का सबसे बड़ा अतिक्रमण किया है.
न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक ताइवान ने दावा किया कि चीन के राष्ट्रीय दिवस पर शुक्रवार को 38 लड़ाकू विमानों ने ताइवान के हवाई क्षेत्र में दो बार उड़ान भरी.
ताइवान ने एक साल में कई बार चीन द्वारा उसके हवाई क्षेत्र के अतिक्रमण की शिकायत की है, ख़ासतौर पर ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में जो ताइवान नियंत्रित प्रतास द्वीप के पास है.

इमेज स्रोत, GETTY IMAGES
ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि चीन के 18 जे-16, चार सुखोई-30 लड़ाकू विमान, परमाणु क्षमता वाले दो एच-6 बॉम्बर्स और एक एंटी-सबमरीन लड़ाकू विमान ताइवान की सीमा में घुस आए थे, जिसका ताइवान के लड़ाकू विमानों ने जवाब दिया.
इसके बाद शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय ने बताया कि 13 और चीनी लड़ाकू विमान उनकी हवाई सीमा में घुसे थे. इनमें 10 जे-16एस, 2 एच-6एस और एक पूर्व चेतावनी विमान शामिल थे.
मंत्रालय ने ये भी बताया कि ताइवान ने चीनी विमानों को चेतावनी देने के लिए लड़ाकू विमान भेजे और निगरानी के लिए मिसाइल सिस्टम तैनात किए थे.
चीन के लड़ाकू विमानों ने पहले प्रतास द्वीप के पास और फिर ताइवान व फिलीपींस को अलग करने वाले बाशी चैनल के ऊपर उड़ान भरी.
चीन की तरफ़ से फिलहाल इसे लेकर कोई बयान जारी नहीं किया गया है. इससे पहले चीन कहता रहा है कि ऐसी उड़ानों का मकसद देश की संप्रभुता को बचाना है.





