अफ़ग़ानिस्तान: पेंटागन के अनुसार, काबुल से रोज 9,000 लोग निकाले जाएंगे

इमेज स्रोत, European Pressphoto Agency
अमेरिकी रक्षा विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि अमेरिकी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी नागरिकों और तालिबान के निशाने पर रहे अफ़ग़ानियों को निकालने की योजना बनाई है.
पेंटागन की एक प्रेस ब्रीफिंग में मरीन मेजर जनरल विलियम टेलर ने बताया कि रोज 9,000 लोगों को वहां से निकालने की योजना बनाई गई है.
इस दौरान, किर्बी ने बताया कि अमेरिका का यह मिशन 31 अगस्त तक चलेगा.
काबुल में हवाई क्षेत्र के अब सुरक्षित हो जाने के बाद, अमेरिका राजधानी काबुल से हर घंटे कम से कम एक निकासी उड़ान शुरू करने की योजना बना रहा है.
ऐसा होने पर हर रोज वहां से 9,000 लोग निकल सकेंगे. हालांकि किर्बी ने इस महीने के अंत तक अफ़ग़ानिस्तान से निकाले जाने वाले लोगों की कुल संख्या के बारे में कोई आंकड़ा देने से मना कर दिया.
दूसरी ओर, पेंटागन के अधिकारियों ने फिर से यह सवाल टाल दिया कि तालिबान की तेज प्रगति और एयरपोर्ट पर दिखने वाली अराजकता, क्या ख़ुफ़िया की विफलता थी या किसी साफ योजना की.












