You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अफ़ग़ानिस्तान: भारतीय नागरिकों को दूतावास ने किया आगाह

काबुल स्थित भारतीय दूतावास ने अफ़ग़ानिस्तान में मौजूद भारतीय मीडियाकर्मियों को ख़ासतौर पर सतर्क रहने को कहा है.

लाइव कवरेज

अभिजीत श्रीवास्तव, कमलेश मठेनी and अपूर्व कृष्ण

  1. सांसदों को पीटा गया, ये लोकतंत्र की हत्या हुई- राहुल गांधी और विपक्ष का सत्र समाप्त करने पर आरोप

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष के कई नेताओं ने संसद के मॉनसून सत्र के समय से पहले समाप्त करने के विरोध में संसद भवन के बाहर प्रदर्शन किया है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार राहुल गांधी ने वहाँ आरोप लगाया कि सांसदों को सदन के भीतर बोलने नहीं दिया गया और लोकतंत्र की हत्या हुई है.

    राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बुधवार को राज्यसभा में सांसदों को पीटा गया.

    उन्होंने कहा, "राज्यसभा में पहली बार सांसदों की पिटाई की गई, बाहर से लोगों को बुलाकर और नीली वर्दी में डालकर सांसदों से मारपीट की गई."

    राहुल गांधी ने साथ ही कहा, "राज्यसभा के सभापति कहते हैं कि वो व्यथित हैं, ऐसा ही लोकसभा अध्यक्ष ने भी कहा है. पर ये उनका काम है कि सदन को चलने दिया जाए. वो अपना काम क्यों नहीं कर पा रहे?"

    विरोध कर रहे सांसदों में मौजूद शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि बुधवार को राज्यसभा में ऐसा लग रहा था जैसे वो पाकिस्तान की सीमा पर खड़े हैं.

    संजय राउत ने कहा, "हमने कल लोकतंत्र की हत्या होते देखी, राज्यसभा में कल जिस तरह से प्राइवेट लोगों ने मार्शल की ड्रेस में आकर हमारे सांसदों पर हमला करने की कोशिश की. ये मार्शल नहीं थे, संसद में मार्शल लॉ लगाया गया था."

    केंद्रीय संसदीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने विपक्ष के आरोपों को पूरी तरह से ग़लत बताया है और कहा है कि सीसीटीवी फ़ुटेज से तथ्यों की जाँच हो सकती है.

    वहीं बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने विपक्ष पर हिंसा करने का आरोप लगाया है.

    संबित पात्रा ने कहा, "संसद के इतिहास में पहली बार हुआ है कि लॉबी में कांच का गेट तोड़ दिया गया जिससे एक सुरक्षाकर्मी भी हताहत हुई है. वो भी अस्पताल में है."

  2. कांग्रेस बोली- हमारा और नेताओं का ट्विटर एकाउंट ब्लॉक; रेप मामले पर राहुल गांधी के ट्वीट का मामला

    कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि उनकी पार्टी और कई नेताओं का आधिकारिक ट्विटर हैंडल ब्लॉक कर दिया गया है.

    इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ट्विटर हैंडल ब्लॉक हो गया था क्योंकि उन्होंने पिछले सप्ताह नौ साल की एक बच्ची के परिवार की तस्वीर ट्वीट कर दी थी जिसके साथ कथित रेप हुआ था.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा है कि पार्टी के एकाउंट के साथ-साथ उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं के लगभग 5,000 खातों को ट्विटर ने ब्लॉक कर दिया है.

    उन्होंने आरोप लगाया है कि ट्विटर केंद्र सरकार के दबाव में आकर कांग्रेस नेताओं के ख़िलाफ़ क़दम उठा रही है.

    रोहन गुप्ता ने कहा, "ट्विटर स्पष्ट रूप से सरकार के दबाव में काम कर रहा है क्योंकि उसने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के एकाउंटों पर कुछ दिन पहले शेयर की गई उन्हीं तस्वीरों को नहीं हटाया."

    पार्टी ने कहा है कि पार्टी महासचिवों रणदीप सुरजेवाला, केसी वेणुगोपाल, अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के व्हिप एम टैगोर, असम के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव के एकाउंटों को भी ब्लॉक कर दिया गया है.

    पिछले सप्ताह राहुल गांधी ने दिल्ली में कथित रेप पीड़ित के परिवार की तस्वीरें ट्वीट की थी जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने शिकायत की थी इससे बलात्कार प्रभावित व्यक्ति की प्राइवेसी के क़ानून का उल्लंघन हुआ है.

    इसके बाद राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने राहुल गांधी के ट्वीट का संज्ञान लेते हुए ट्विटर को निर्देश दिया था कि वो इस बारे में कार्रवाई करे.

  3. कोरोना: एक दिन में संक्रमण के 41,195 मामले, 490 की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 41,195 नए मामले सामने आए हैं और 490 लोगों की मौत हुई है.

    इसके साथ ही देश में कुल मामलों की संख्या तीन करोड़ 20 लाख से ज़्यादा हो गई है. वहीं, मौत का आंकड़ा चार लाख 29 हज़ार के पार पहुंच गया है.

    पिछले 24 घंटों में 39,069 मरीज कोरोना से ठीक हुए हैं और रिकवरी रेट 97.45 प्रतिशत पर बना हुआ है.

    वैक्सीनेशन की बात करें तो एक दिन में 44,19,627 से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन दी गई है. कुल वैक्सीनेशन 52 करोड़ से ज़्यादा हो गया है.

  4. इसरो का ईओएस-03 उपग्रह मिशन पूरा होने से चूका, इंजन में आई ख़राबी

    भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के ईओएस-03 उपग्रह का प्रक्षेपण सफल नहीं हो पाया है. इंजन में ख़राबी के कारण इस मिशन को पूरा नहीं किया जा सका.

    इसरो ने श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से गुरुवार सुबह पाँच बजकर 43 मिनट पर जीएसएलवी-एफ 10 के ज़रिए धरती पर निगरानी रखने वाले उपग्रह ईओएस-03 का प्रक्षेपण शुरू किया था.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ मिशन कंट्रोल सेंटर के वैज्ञानिकों ने बताया कि उपग्रह पहले दो चरण में सामान्य था लेकिन तीसरे चरण में क्रायोजेनिक इंजन में ख़राबी आ गई.

    इसरो प्रमुख के सिवन ने कहा, “मिशन पूरा नहीं हो पाया क्योंकि क्रायोजेनिक स्टेज पर तकनीकी ख़राबी आ गई थी.”

    इस मिशन का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, प्रासंगिक घटनाओं की त्वरित निगरानी के लिए लगातार अंतराल पर बड़े क्षेत्रों की वास्तविक समय काअनुमान प्रदान करना था.

  5. कोरोना की दूसरी लहर में सिर्फ़ एक राज्य में हुई ऑक्सीजन की कमी से मौत

    कोरोना महामारी की दूसरी लहर में केवल एक राज्य में ऑक्सीजन की कमी से मौतें होने के मामले सामने आए हैं. केंद्र स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यसभा में इसकी जानकारी दी है.

    स्वास्थ्य राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार ने मंगलवार को राज्यसभा में बताया कि आंध्र प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान मई में ऑक्सीजन की कमी के कारण कुछ लोगों की मौत हुई थी.

    मंत्रालय के मुताबिक वेंटिलेटर सपोर्ट वाले कुछ मरीजों की मौत ऑक्सीजन की कमी के कारण हुई थी.

    हालांकि, मंत्रालय ने मौतों का कोई आंकड़ा नहीं बताया है.

    इससे पहले राज्यों से मिले आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की कमी से एक भी मौत ना होने की जानकारी दी थी जिस पर ज़बर्दस्त हंगामा हो गया था.

    विपक्ष ने इसे ग़लत बताते हुए सरकार पर ऑक्सीजन की कमी से होने वाली मौत के आंकड़े छुपाने का आरोप लगाया था.

    हालांकि, केंद्र सरकार का कहना था कि ये आंकड़े राज्य सरकारों की तरफ़ से आते हैं और केंद्र सरकार केवल इन्हें प्रकाशित करती है. इसके बाद राज्यों से फिर से ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों का आंकड़ा देने के लिए कहा गया था.

    अब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि 9 अगस्त, 2021 को आंध्र प्रदेश सरकार की तरफ़ से जानकारी दी गई है. आंध्र प्रदेश सरकार के मुताबिक़ 10 मई 2021 को एसवीआरआर अस्पताल में कुछ मरीज वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे, उनकी मौत हुई थी.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि ऑक्सीजन टैंक और बैकअप सिस्टम में बदलाव के बीच ऑक्सीजन लाइन में प्रेशर कमज़ोर हुआ था जिसकी वजह से मरीज़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाई.

  6. नमस्कार! बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 11 अगस्त, बुधवार के अपडेट्स के लिए आप यहाँ क्लिककर सकते हैं.