You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

चीन ने बताई पाकिस्तानी विदेश मंत्री के बीजिंग आने की वजह

चीन के विदेश मंत्रालय प्रवक्ता चाओ लिजिअन ने शुक्रवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी की चीन यात्रा की वजह बताई है.

लाइव कवरेज

अनंत प्रकाश, कमलेश मठेनी, दिलनवाज़ पाशा and अपूर्व कृष्ण

  1. शी जिनपिंग ने किया तिब्बत का दौरा, शी जिनपिंग भारतीय सीमा से लगे तिब्बत के इलाक़े में पहुंचे हैं

    चीन की सरकारी समाचार सेवा शिन्हुआ के मुताबिक चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तिब्बत का दौरा किया है. राष्ट्रपति के तौर पर जिनपिंग का ये पहला तिब्बत दौरा है.

    जिनपिंग बुधवार को दक्षिण-पश्चिमी तिब्बत के न्यींगशी शहर पहुंचे जहां स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया. शिन्हुआ के मुताबिक जिनपिंग ने न्यांग नदी पर बने पुल का भी मुआयना किया. गुरुवार को उन्होंने न्यींगशी से लेकर ल्हासा तक रेल यात्रा की.

    न्यींगशी और ल्हासा के बीच पिछले महीने ही रेल सेवा शुरू हुई है. ये तिब्बत का पहला इलेक्ट्रिक रेलवे सिस्टम है. तिब्बत चीन का स्वशासित क्षेत्र है. तिब्बत का न्यींगशी शहर भारत की अरुणांचल सीमा के पास स्थित है. इसके आसपास का इलाक़ा हाल के सालों में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद का केंद्र भी रहा है.

    रेडियो फ्री एशिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक शी जिनपिंग की यात्रा के दौरान सुरक्षा के भारी इंतेज़ाम किए गए थे. ड्रोन और पतंग उड़ाने पर रोक थी और फैक्ट्रियों और निर्माण स्थलों पर काम बंद था.

    चीन ने 70 साल पहले तिब्बत को अपने नियंत्रण में ले लिया था. तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा अपने अनुयायियों के साथ भारत के धर्मशाला में रहते हैं.

  2. कोरोना: 24 घंटों में 35 हज़ार से ज़्यादा मामले, 483 की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 35,342 मामले समाने आए और 483 लोगों की मौत हो गई.

    एक दिन में डिस्चार्ज होने वाले लोगों की संख्या 38,740 रही है.

    इसके साथ ही भारत में कोरोना संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर तीन कोरड़ 12 लाख से ज़्यादा हो गई है.

    वहीं, अब तक चार लाख 19 हज़ार से ज़्यादा लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है. भारत में कुल सक्रिय मामले 4,05,513 हो गए हैं.

    वैक्सीनेशन की बात करें तो एक दिन 54 लाख 76 हज़ार से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन दी गई है. कुल वैक्सीनेशन 42 कोरड़ तक पहुंच गया है.

  3. अमेरिका में रेस्टोरेंट के बाहर हुई फ़ायिरंग, बंदूकधारी फरार

    अमेरिका में वॉशिंगटन डीसी में एक रेस्टोरेंट के बाहर एक बंदूकधारी ने फ़ायरिंग कर दी. ये जगह व्हाइट हाउस से करीब डेढ़ किलोमीटर ही दूर है.

    ये एक मैक्सिन रेस्टोरेंट हैं जो लोगन सर्कल एरिया में मौजूद है. गुरुवार रात (भारतीय समयानुसार 23 जुलाई सुबह) को हुई इस फ़ायरिंग के दौरान कई लोग रेस्टोरेंट के बाहर भी बैठे थे. बंदूकधारी ने उन पर 20 से ज़्यादा बार गोलियां चलाईं.

    चश्मदीदों ने बताया कि फ़ायरिंग करने वाला शख़्स इसके बाद कार से भाग निकला.

    अमेरिका में हिंसक अपराध के मामले भले ही कम हो रहे हों लेकिन अमेरिका के कई शहरों में इस तरह के फ़ायरिंग के मामले बढ़ रहे हैं.

    वॉशिंगटन डीसी के अपराध के आंकड़ों के मुताबिक एक बंदूक से फ़ायरिंग के मामले साल 2018 के बाद से हर साल बढ़ रहे हैं. 2021 में ऐसे 471 मामले दर्ज किए गए हैं. पिछले साल ऐसे 434 मामले आए थे.

    वॉशिंगटन डीसी में हुए फ़ायरिंग के मामले अधिकतर शहर के गरीब इलाक़ों में ही सामने आए हैं. जैसे दक्षिण पूर्वी और उत्तर पूर्वी ज़िलों में.

    इस फ़ायरिंग के दौरान सीएनएन की एक प्रेजेंटर जिम अकोस्टा भी मौजूद थीं.

    उन्होंने ट्वीट किया, “मैंने 14 स्ट्रीट उत्तर पश्चिम वॉशिंगटन डीसी में गोलियां चलने की आवाज़ सुनी. लोग ले डिपलोमेट रेस्टोरेंट से भाग रहे थे जो कुछ दूरी पर है.”

    27 साल की जैस डेविडसन भी उस रेस्टोरेंट में मौजूद थीं. उन्होंने बीबीसी को बातया,“वो बहुत भयानक था. मुझे लगा कि मैं मर ही जाऊंगी..”

    “अमेरिका में रहते हुए आपको हमेशा इसका डर बना रहता है लेकिन आप ऐसी स्थितियों को लेकर कुछ नहीं कर सकते. यह पर बहुत गुस्सा आता है.”

    अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने फ़ायरिंग के ऐसे अपराधों को लेकर कदम उठाने का वादा किया था. जिसमें कुछ खास तरह की बंदूकों को लेकर सख़्त नियम बनाना और लोगों की पृष्ठभूमिक की जांच करना शामिल है.

    हालांकि, ऐसा करना उनके लिए आसान नहीं है. हथियार रखने का अधिकार अमेरिकी संविधान के दूसरे संशोधन द्वारा संरक्षित है और कई लोग बंदूक नियंत्रण क़ानूनों को इस संवैधानिक अधिकार का उल्लंघन मानते हैं.

  4. टोक्यो ओलंपिक में भारत, पहले मुक़ाबले में दीपिका कुमारी नौवें स्थान पर

    आज से टोक्यो ओलंपिक का आगाज़ हो गया है. भारत के 100 खिलाड़ियों ने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया है.

    ओलंपिक के पहले दिन तीरंदाजी में भारत के खिलाड़ी मैदान में उतर चुके हैं.

    तीरंदाजी की शुरुआत भी हो चुकी है और भारतीय तीरंदाज दीपिका कुमारी ने महिला व्यक्तिगत योग्यता राउंड के बाद नौवां स्थान हासिल किया है. उन्होंने 663 प्वाइंट्स हासिल किए हैं.

    अगले राउंड में दीपिका कुमारी का सामना भूटान की कर्मा से होगा जिन्होंने आज अपना सबसे बेहतरीन शॉट दिया है और 616 प्वाइंट हासिल किए.

    वहीं, आज पुरुष व्यक्तिगत योग्तया राउंड में भारतीय तीरंदाज अतानु दास, तरुणदीप राय और प्रवीण जाधव भी मुक़ाबले में उतरेंगे. ये मुक़ाबला सुबह 9:30 बजे होगा.

    भारत जिन खेलों में हिस्सा लेने वाला है उसमें शूटिंग, निशानेबाजी, वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, रेसलिंग, बैडमिंटन, घुड़सवारी, तलवारबाजी, गोल्फ, हॉकी, जूडो, नौकायान, रोइंग और जेवलीन थ्रो शामिल हैं.

    ओलंपिक में 33 खेलों के 339 मुक़ाबले होंगे जो 42 जगहों पर आयोजित किए जाएंगे.

  5. दुनियाभर में डाउन हुआ इंटरनेट, कई बड़ी वेबसाइट और ऐप रहे बंद

    तकनीकी खामी के चलते गुरुवार को दुनियाभर के कई देशों में इंटरनेट ने अचानक काम करना बंद कर दिया. इसके कारण कई वेबसाइट और मोबाइल ऐप चलने बंद हो गए.

    इन वेबसाइट्स पर जाने पर डीएनएस एरर दिखाने लगा जिसका मतलब है कि उनकी कमांड वेबसाइट्स तक नहीं पहुंच रही है.

    जिन वेबसाइट्स और ऐप की सेवाएं बाधित हुईं उनमें अमेज़न, पेटीएम, डिज़्नी हॉटस्टार, एयरबीएनबी, यूपीएस, एचएसबीसी बैंक, ब्रिटिश एयरवेज़ और प्लेस्टेशन नेटवर्क शामिल हैx.

    ये समस्या डीएनएस प्रदाता अकामाई की डीएनएस सेवा में आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण पैदा हुई थी.

    डीएनस का मतलब होता है डोमेन मेन सिस्टम. यह इंटरनेट की फोनबुक है. यह डोमेन नेम को किसी कंप्यूटर के आईपी एड्रेस से जोड़ती है ताकी आप किसी वेबसाइट तक पहुंच सकें.

    हालांकि, बाद में अकामाई ने ट्वीट करके जानकारी दी कि तकनीकी गड़बड़ी को ठीक कर दिया गया है और इंटरनेट पहले की तरह काम कर रहा है.

    इंटरनेट बाधित होने की निगरानी करने वाले प्लेटफॉर्म डाउन डिटेक्टर को अपने यूजर्स से दर्जनों प्लेटफॉर्म्स पर समस्या आने की शिकायत मिली थी.

    शुरुआत में ये कहा गया कि इंटरनेट सेवा आंशिक रूप से बाधित हुई है और अलग-अलग क्षेत्रों में यूजर्स उन सेवाओं का उपयोग कर पा रहे हैं जिनके साथ कुछ जोखिम है.

    जैसे ही यूरोप और अमेरिका में यूजर्स को कुछ वेबसाइट्स दिखने लगीं वैसे ही एशियाई देशों के यूजर्स की तरफ़ से शिकायतें आने लगीं थीं.

    पिछले दो महीनों में ऐसा दूसरी बार है कि इतने बड़े स्तर पर इंटरनेट सेवाएं बाधित हुई हैं.

  6. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज पर आपका स्वागत है. हम यहाँ आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और लाइव अपडेट्स देते रहेंगे. यह लाइव पेज 24 घंटे उपलब्ध है. 22 जुलाई, गुरुवार के सभी बड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिककरें.