ममता बनर्जी ने लगाया गवर्नर पर भ्रष्टाचार का आरोप, धनखड़ ने दिया जवाब

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के गवर्नर जगदीप धनखड़ का नाम जैन हवाला कांड के आरोपपत्र में था, राज्यपाल ने ममता के इस आरोप को ख़ारिज कर दिया है.

लाइव कवरेज

विभुराज, वात्सल्य राय, भूमिका राय and मोहम्मद शाहिद

  1. कोरोना वैक्सीन: अलग-अलग ब्रैंड के दो टीकों के मिले अच्छे नतीजे

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, PA Media

    ब्रिटेन में हुए एक अध्ययन के मुताबिक कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए किसी व्यक्ति को अलग-अलग ब्रैंड के दो टीके लगाने के बेहतर नतीजे मिले हैं.

    द कॉम कोव (Com-Cov) ट्रायल में नतीजों की परख की गई. फाइजर और एस्ट्राजेनेका की दो-दो डोज दिए जाने के बाद नतीजे देखे गए.

    साथ ही किसी एक ब्रैंड की वैक्सीन की पहली डोज के बाद दूसरी डोज के लिए दूसरे ब्रैंड की वैक्सीन आजमाया गया और इसका अध्ययन किया गया.

    अध्ययन के मुताबिक ये सभी तरीके कारगर दिखे. इनके जरिए प्रतिरोधक तंत्र मजबूत हुआ. विशेषज्ञों की राय है कि ये जानकारी मिलने के बाद टीके लगाने के मामले में पेचीदगियां और कम हो सकती हैं.

    ब्रिटेन के डिप्टी चीफ़ मेडिकल ऑफिसर प्रोफ़ेसर जोनाथन वान-टैम ने कहा, "ब्रिटेन में फिलहाल एक ही वैक्सीन की डोज दिए जाने के कामयाब तरीके को बदलने का कोई कारण नहीं है. क्योंकि वैक्सीन की सप्लाई ठीक ठाक है और ये लोगों की जान बचा रही है."

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, EPA/JAGADEESH NV

    उन्होंने कहा कि "आगे इस बारे में विचार किया जा सकता है. जिन देशों में वैक्सीन आपूर्ति को लेकर दिक्कतें हैं, वहां इसे आजमाया जा सकता है."

    कुछ देशों में वैक्सीन की डोज मिक्स करके दी जा रही हैं. स्पेन और जर्मनी में जिन युवाओं ने पहली डोज एस्ट्राज़ेनेका की ली है, उन्हें फ़ाइज़र की दूसरी डोज़ दी जा रही है.

    एस्ट्राज़ेनेका वैक्सीन लगाए जाने के बाद खून के थक्के जमने के दुर्लभ सीमित मामले आने के बाद ऐसा किया गया.

    उत्तर प्रदेश के एक ज़िले में भी ग़लती से कुछ लोगों को दो अलग-अलग ब्रांड की वैक्सीन लगा दी गईं थीं.

    रिपोर्टों के मुताबिक सिद्धार्थ नगर ज़िले के एक प्राथमिक केंद्र पर करीब 20 लोगों को अप्रैल में पहली डोज़ कोविशील्ड की लगाई गई और मई में दूसरी डोज़ कोवैक्सीन की लगा दी गई थी.

    हालांकि, ये ग़लती से हुआ था और इसकी जांच के आदेश भी दिए गए थे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, पश्चिम बंगाल: राज्यपाल धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी में टकराव चरम पर, आरोप-प्रत्यारोप तेज, प्रभाकर मणि तिवारी, कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS/BBC

    पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच लंबे समय से जारी टकराव सोमवार को चरम पर पहुंच गया.

    मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जहां अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यपाल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनका नाम जैन हवाला कांड के आरोपपत्र में था, वहीं बाद में राजभवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्यपाल ने ममता के इस आरोप को निराधार करार दिया.

    राज्यपाल एक सप्ताह के उत्तर बंगाल दौरे से आज दोपहर बाद कोलकाता लौटे थे. लौटते ही उन्होंने दार्जिलिंग के गोरखालैंड टेरीटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (जीटीए) में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उसके खातों की जांच नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) से कराने की मांग की.

    उसके बाद ही ममता उन पर जमकर बरसीं. ममता ने कहा, "राज्यपाल ऊपर से नीचे तक भ्रष्ट हैं. तीन दशक पुराने जैन हवाला कांड के आरोपपत्र में भी उनका नाम शामिल था. लेकिन उन्होंने अदालत में जाकर अपना नाम हटवाया था. अब भी एक याचिका में उनका नाम है जो अदालत में लंबित है."

    पश्चिम बंगाल

    इमेज स्रोत, SANJAY DAS/BBC

    मुख्यमंत्री का कहना था कि वे राज्यपाल को हटाने के लिए केंद्र को तीन-तीन पत्र भेज चुकी हैं. उधर, राज्यपाल ने राजभवन में पत्रकारों से कहा, "मुख्यमंत्री का आरोप गलत और निराधार है. मेरा नाम कभी जैन हवाला कांड के आरोपपत्र में नहीं था."

    उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल दौरे के दौरान उनको कई हैरान करने वाले तथ्यों का पता चला है. जीटीए के भ्रष्टाचार की जांच कराई जानी चाहिए और उसके खातों का ऑडिट होना चाहिए."

    दो जुलाई से राज्य विधानसभा का अधिवेशन शुरू होना है. सरकार की ओर से अभिभाषण का मसौदा राज्यपाल को भेजा गया है. धनखड़ का कहना है कि अभिभाषण में लिखी बातों और हकीकत में कोई मेल नहीं है.

    यहां इस बात का जिक्र प्रासंगिक है कि करीब दो साल पहले शपथ लेने के बाद से ही राज्यपाल लगातार टीएमसी सरकार और मुख्यमंत्री पर हमले करते रहे हैं.

    हाल के विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा के मुद्दे पर वे लगातार सरकार पर हमले करते रहे हैं.

    टीएमसी, राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच जारी तकरार अक्सर सुर्खियां बटोरती रही है. टीएमसी के तमाम नेता भी राज्यपाल को बीजेपी का प्रवक्ता बताते हुए उन पर सवाल उठाते रहे हैं.

  3. जम्मू में आधी रात दिखे दो ड्रोन, सेना ने मार गिराए

    वीडियो कैप्शन, जम्मू में आधी रात दिखे दो ड्रोन, सेना ने मार गिराए

    जम्मू के एयर फ़ोर्स स्टेशन में दो विस्फोट की घटनाओं के बाद भारतीय सेना ने बयान जारी करके बताया है कि 27 और 28 जून की आधी रात को उसने दो ड्रोन की गतिविधियों को दर्ज किया है.

    सेना के प्रवक्ता लेफ़्टिनेंट कर्नल देवेंदर आनंद ने बयान जारी किया है कि भारतीय सेना ने रतनूचक-कालूचक मिलिट्री एरिया में यह गतिविधि दर्ज की और इसके बाद सुरक्षाबलों को आगाह किया गया.

  4. कोरोना होने के बाद नींद कम क्यों आ रही?

    वीडियो कैप्शन, कोरोना होने के बाद नींद कम क्यों आ रही?

    रिसर्च बताती है कि कोरोना के दौर में बीमारी से ठीक हुए हर 10 में से 3 मरीज़ को नींद से जुड़ी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है.

    महामारी के पहले भी 10 में से 3 लोग नींद से जुड़ी किसी ना किसी तरह की दिक़्क़त से जूझ रहे थे.

    डिप्रेशन, एंग्ज़ाइटी, या लंग से जुड़ी बीमारी वालों में ये ज़्यादा देखी जा रही है.

    इसके कई दुष्प्रभाव हैं- याददाश्त घटना, फ़ैसले लेने की क्षमता कम होना, संक्रमण और मोटापा बढ़ना. इन ख़तरों को सभी जानते हैं, लेकिन नज़रअंदाज़ करते हैं.

  5. अमेरिका ने ईरान समर्थित लड़ाकों पर किया हमला

    वीडियो कैप्शन, अमेरिका ने ईरान समर्थित लड़ाकों पर किया हमला

    अमेरिका का कहना है कि उसने ईरान समर्थित लड़ाकों पर हमले किये हैं. अमेरिका रक्षा विभाग ने एक बयान में कहा है कि उसने इराक़ और सीरिया में ये कार्रवाई इराक़ में अमेरिकी लोगों और सुविधाओं पर हुए ड्रोन हमले के जवाब में की हैं.

    पेंटागन ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने इराक़-सीरिया सीमा पर हमले के आदेश दिये थे. उन्होंने आगे बताया कि अमेरिका ने जो भी कार्रवाई की है वो अपने क़ानून के दायरे में और आत्मरक्षा के लिए की है.

    वहीं इराक़ी बॉर्डर गार्ड्स का कहना है कि इस हमले में सशस्त्र बल के कम से कम चार लोग मारे गए हैं. इससे पूर्व राष्ट्रपति बाइडन ने फ़रवरी महीने में हमले का आदेश दिया था.

  6. आज का कार्टून: राष्ट्रपति जी के लिए टैक्स सेविंग प्लान

    कार्टून

    राष्ट्रपति द्वारा अपनी सैलरी और टैक्स पर दिए बयान पर आज का कार्टून.

  7. यूपी विधानसभा के ‘सेमी फ़ाइनल’ में बीजेपी की जीत का दावा कैसे कर रहे हैं केशव मौर्य

    योगी आदित्यनाथ और केशव प्रसाद मौर्य

    इमेज स्रोत, TWITTER/Keshav Prasad Maurya

    उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के पंचायत चुनाव को लेकर एक दावा किया.

    मौर्य ने ट्विटर पर लिखा, " पंचायत चुनाव में भाजपा का दावा असली, विपक्ष का नक़ली."

    अगले ट्वीट में उन्होंने लिखा, " पंचायत चुनाव में भाजपा की जीत से साबित हुआ सपा के दावे खोखले."

    त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नतीजे पिछले महीने आए थे और ज़िला पंचायत अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई. चुनाव तीन जुलाई को है और नतीजे भी उसी दिन आएँगे.

    लेकिन इसी बीच बीजेपी ने अपनी जीत का एलान कर दिया है. विपक्षी दल इन दावों पर सवाल उठा रहे हैं और सत्ताधारी बीजेपी पर सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगा रहे हैं.

  8. बांग्लादेश में विस्फोट: छह की मौत, सौ से ज्यादा घायल

    ढाका

    इमेज स्रोत, SHYADUL ISLAM

    बांग्लादेश की राजधानी ढाका के एक भीड़भाड़ भरे इलाके मोघबाज़ार को एक जबर्दस्त धमाके ने हिलाकर रखा दिया है.

    रविवार शाम साढ़े सात बजे के करीब हुए इस धमाके में कम से कम छह लोगों की मौत और सौ से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.

    अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि विस्फोट गैस पाइप लाइन में खराबी या फिर गैस सिलिंडर के फटने से हुई है. पुलिस ने किसी गड़बड़ी की संभावना से इनकार किया है.

    ढाका

    इमेज स्रोत, SHYADUL ISLAM

    घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस महानिरीक्षक बेनज़ीर अहमद ने संदेह जताया कि विस्फोट मिथेन गैस की वजह से हो सकती है.

    हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि मुकम्मल जांच के बिना किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जा सकता है.

    उन्होंने कहा, "मैं इस मामले में कोई कमेंट नहीं करना चाहता हूं. विशेषज्ञों की राय के बाद हम किसी नतीज़े पर पहुंच सकते हैं. जब गैस सिलिंडर का ठीक से रखरखाव न किया जाए तो ये विस्फोटक में बदल सकता है."

  9. वनडे सिरीज़ के पहले इंग्लैंड से लौटाए गए श्रीलंका के तीन खिलाड़ी

    धनुष्का गुणातिलका (बाएं से पहले), निरोशन डिकवेला (बीच में) और कुसल मेंडिस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, धनुष्का गुणातिलका (बाएं से पहले), निरोशन डिकवेला (बीच में) और कुसल मेंडिस

    श्रीलंका क्रिकेट टीम के उप कप्तान कुसल मेंडिस समेत तीन खिलाड़ियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने की वजह से इंग्लैंड दौरे से घर वापस भेज दिया गया है.

    श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मंगलवार को वनडे मैच खेला जाना है.

    उप कप्तान मेंडिस के अलावा ओपनर धनुष्का गुणातिलका और विकेट कीपर निरोशन डिकवेला को वापस भेजा गया है.

    सोशल मीडिया पर इन तीनों खिलाड़ियों की तस्वीरें नज़र आईँ थीं. इन तस्वीरों में तीनों खिलाड़ी डरहम सिटी सेंटर में दिखाई दे रहे थे.

    श्रीलंका क्रिकेट ने इस बारे में बताया, "ये फ़ैसला शुरुआती जांच के बाद लिया गया. ये तीनों खिलाड़ी सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में अपने निर्धारित होटल के बाहर दिखाई दे रहे थे."

    श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने आगे कहा, "जांच पूरी होने तक तीनों खिलाड़ी निलंबित रहेंगे."

    श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच चेस्टर ली स्ट्रीट में मंगलवार 29 जून को वनडे मुक़ाबला खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच तीन वनडे मैच होने हैं.

    कोविड-19 संक्रमण रोकने के लिए प्रोटोकॉल लागू किया गया है. श्रीलंका को ट्वेंटी-20 सिरीज़ में 3-0 के अंतर से हार झेलनी पड़ी थी.

  10. हिमाचल प्रदेश में गाड़ी खाई में गिरी, दस लोगों की मौत

    सांकेतिक तस्वीर

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    हिमाचल प्रदेश के सिरमौर ज़िले में सोमवार को एक गाड़ी के खाई में गिरने से दस लोगों की मौत हो गई है. इस दुर्घटना में दो लोग घायल भी हुए हैं.

    गाड़ी पर सवार लोग एक शादी में शरीक होने जा रहे थे तभी शिलाई अनुमंडल में पशोग के पास गाड़ी गहरी खाई में गिर गई.

    शिलाई अनुमंडल के एसडीएम सुरेश सिंघा ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि नौ लोगों की मौत मौके पर ही हो गई जबकि एक व्यक्ति ने नजदीक के पावंटा साहिब अस्पताल जाने के रास्ते में दम तोड़ दिया.

    उन्होंने बताया कि गाड़ी में 12 लोग सवार थे. हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस दुर्घटना पर शोक जताया है.

  11. दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज पर ब्रिटेन ने लगाया बैन

    बाइनांस

    इमेज स्रोत, Alamy

    दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज 'बाइनांस' पर ब्रिटेन के वित्तीय नियामक ने प्रतिबंध लगा दिया है.

    फिनांशियल कंडक्ट अथॉरिटी (एफसीए) ने अपने फैसले में कहा है कि ये एक्सचेंज ब्रिटेन में किसी किस्म की 'गतिविधि' नहीं कर सकती है.

    इसके साथ ही एफसीए ने बाइनांस डॉटकॉम के बारे में निवेशकों को ये चेतावनी भी दी हैं कि उन्हें क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े निवेश पर ऊंची कमाई के वादों और विज्ञापनों को लेकर सतर्क रहना चाहिए.

    बाइनांस ने कहा है कि एफसीए की नोटिस से बाइनांस डॉटकॉम से मुहैया कराई जाने वाली उनकी सेवाओं पर कोई 'सीधा असर' नहीं पड़ेगा.

    बाइनांस का मौजूदा क्रिप्टो एक्सचेंज ब्रिटेन में नहीं है इसलिए एफसीए के फैसले के बावजूद ब्रिटेन के उन लोगों पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ेगा जो इस वेबसाइट के जरिए क्रिप्टोकरेंसी की खरीद-बिक्री करते हैं.

    एफसीए क्रिप्टोकरेंसी के कारोबार का नियमन नहीं करती है लेकिन इस कारोबार से जुड़े एक्सचेंज को उनके पास अपना रजिस्ट्रेशन कराना पड़ता है.

  12. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', 28 जून 2021

    बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनिए संदीप सोनी से आज के कार्यक्रम में सुनिए-

    विधानसभा चुनाव से पहले नए गठबंधन को लेकर उत्तर प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ी.

    तीरंदाज़ी विश्वकप में तीन स्वर्ण पदक जीतने वाली दीपिका कुमारी की नज़रें अब टोक्यो ओलंपिक पर.

    और सुनिए बीबीसी की विशेष शृंखला गुरू की आख़िरी कड़ी.

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  13. अमेरिका से तनाव के बीच पुतिन और शी जिनपिंग की वीडियो कॉल पर क्या बात हुई

    रूस और चीन

    इमेज स्रोत, EPA/SERGEI ILNITSKY

    पश्चिमी देशों से चले आ रहे तनाव पूर्ण संबंधों के बीच रूस और चीन ने सोमवार को 20 साल पुरानी मैत्री संधि की अवधि बढ़ाए जाने की घोषणा की.

    वीडियो कॉल पर बात करते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने दोनों देशों के बीच बढ़ती नजदीकियों का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2001 की मैत्री संधि की मदद से मॉस्को और बीजिंग के संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं. इसलिए इसे और पांच सालों के लिए बढ़ाया जा रहा है.

    राष्ट्रपति पुतिन ने इस बातचीत में ये ध्यान दिलाया कि विदेश नीति के मुद्दों पर रूस और चीन के बीच समन्वय के कारण वैश्विक मामलों में स्थिरता आई है.

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने चीन और रूस के बीच रणनीतिक सहयोग की अहमियत पर जोर दिया ताकि दुनिया के मंच पर दोनों देश अपने साझा हितों का बचाव कर सकें.

    उन्होंने ये भी कहा कि रूस और चीन ने वैश्विक न्याय और वास्तविक विविधता लाने के लिए मिलकर काम किया है.

    पुतिन और शी जिनपिंग के बीच निजी संबंध काफी मजबूत हैं और इससे कभी एक दूसरे के प्रतिद्वंद्वी रहे दोनों पूर्व साम्यवादी देशों के बीच रणनीतिक भागीदारी मजबूत हुई है.

    पश्चिमी देशों ख़ासकर अमेरिका और उसके सहयोगी देशों के साथ रूस और चीन, दोनों के संबंध हाल के दिनों में तनावपूर्ण रहे हैं.

    हालांकि अतीत में रूस और चीन ने सैनिक गठबंधन की संभावना से इनकार किया है लेकिन पुतिन ने ये भी कहा है कि ऐसी संभावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता है.

  14. पंजाबः आम आदमी पार्टी और अमरिंदर सिंह के बीच प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर तकरार

    अरविंद केजरीवाल और अमरिंदर सिंह

    इमेज स्रोत, ANI

    आम आदमी पार्टी ने सोमवार को पंजाब में कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार पर ये आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की इजाजत नहीं दी गई.

    हालांकि मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने आम आदमी पार्टी के आरोपों से इनकार किया है.

    दिल्ली के मुख्यमंत्री और 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक मंगलवार को चंडीगढ़ के दौरे पर आ रहे हैं.

    आम आदमी पार्टी ने कहा है कि साल 2022 के राज्य विधानसभा चुनावों में अगर उनकी पार्टी पंजाब में सत्ता में आई तो 'मुफ्त बिजली' दी जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ केजरीवाल इसी चंडीगढ़ दौरे में 'मुफ्त बिजली' के चुनावी वायदे का एलान करने वाले थे.

    आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की योजना बनाई थी.

    'आप' के आरोपों को खारिज करते हुए अमरिंदर सिंह ने पूछा कि राज्य सरकार अरविंद केजरीवाल को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने से क्यों रोकेगी जबकि कुछ दिन पहले ही उन्हें पार्टी कार्यक्रम आयोजित करने की इजाजत दी गई थी.

    अमरिंदर सिंह केजरीवाल के 21 जून के अमृतसर दौरे का जिक्र कर रहे थे जिस दिन पंजाब पुलिस के पूर्व अधिकारी कंवर विजय प्रताप सिंह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे.

  15. शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय शूटर राही सरनोबत ने जीता गोल्ड मेडल

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    क्रोएशिया के ओसिजेक में खेले जा रहे आईएसएसएफ़ शूटिंग वर्ल्ड कप में भारतीय शूटर राही सरनोबत ने 25 मीटर महिला वर्ग में गोल्ड मेडल जीत लिया है.

    हालांकि इसी इवेंट में मनु भाकर सातवें स्थान पर रहीं.

    इसी टूर्नामेंट में भारत पहले ही एक सिल्वर और दो कांस्य पदक जीत चुका है.

    सरनोबत का गोल्ड मेडल इस गेम में भारत का पहला स्वर्ण पदक है.

  16. निर्मला सीतारमण का आर्थिक पैकेज, मंझोले उद्योगों के लिए 4.5 लाख करोड़ क्रेडिट लोन

    वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

    कोरोना महामारी की मार से जूझ रही भारतीय अर्थव्यवस्था को उबारने में मदद पहुंचाने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कई अहम फैसलों की घोषणा की.

    स्वास्थ्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे की स्थिति सुधारने के लिए सरकार ने 1.1 लाख करोड़ रुपये की क्रेडिट गारंटी योजना का एलान किया है.

    नकदी के संकट से जूझ रहे मंझोले स्तर के उद्योगों के लिए इमर्जेंसी क्रेडिट लाइन गारंटी स्कीम (ईसीएलजीएस) के तहत दिए जाने वाले पैसे को 50 फीसदी बढ़ाकर 4.5 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है.

    इस आर्थिक पैकेज के बारे में विस्तार से बताते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इसमें आर्थिक राहत पहुंचाने के लिए आठ उपाय किए गए हैं जबकि आर्थिक विकास को पटरी पर लाने के लिए अन्य आठ फैसले लिए गए हैं.

    उन्होंने हेल्थ सेक्टर समेत कोरोना से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के 1.1 लाख करोड़ रुपये की लोन गारंटी योजना शुरू की है. इसमें नई परियोजनाओं के लिए गारंटी कवर भी शामिल है.

    इसके अलावा उन्होंने बताया कि ईसीएलजीएस के लिए 1.5 करोड़ रुपये की सीमा अतिरिक्त बढ़ाई गई है.

    मई, 2020 में जब केंद्र सरकार ने 20 लाख करोड़ रुपये के आत्मनिर्भर भारत योजना पैकेज का एलान किया था तो ईसीएलजीएस स्कीम के लिए तीन लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था.

    पिछले महीने वित्त मंत्रालय ने ईसीएलजीएस स्कीम के तहत अस्पतालों को रियायती दर पर कर्ज देने की सुविधा विस्तार का एलान किया था. ये सुविधा अस्पताल परिसर में ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए दी गई थी.

  17. नागार्नो-काराबाख के बाद तुर्की और अज़रबैजान की ज्वॉयंट मिलिट्री ड्रिल

    फाइल फोटो

    इमेज स्रोत, DEFENCE MINISTRY OF AZERBAIJAN/HANDOUT VIA REUTERS

    इमेज कैप्शन, फाइल फोटो

    तुर्की और अज़रबैजान ने सोमवार को संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया. दोनों देशों की ये मिलिट्री ड्रिल अज़रबैजान की ज़मीन पर हो रही है.

    इस सैनिक युद्धाभ्यास के लिए टैंक, ड्रोन और हेलिकॉप्टर तैनात किए गए हैं.

    रूस की समाचार एजेंसी आरआईए ने अज़रबैजान के रक्षा मंत्रालय के हवाले से ये रिपोर्ट दी है.

    पिछले साल जब नागार्नो काराबाख के इलाके में नियंत्रण के लिए आर्मीनिया से अज़रबैजान की लड़ाई चल रही थी तो तुर्की ने अज़रबैजान का साथ दिया था.

    आर्मीनिया का नागार्नो काराबाख के इलाके पर 1990 के दशक से ही नियंत्रण था.

    इसी महीने की शुरुआत में दोनों देशों के बीच सैनिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर सहमति बनी थी.

  18. डोनाल्ड ट्रंप चीन के वुहान से लैब लीक थ्योरी को क्या राजनीतिक हथियार बना रहे हैं?

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anadolu Agency

    अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जब कोरोना महामारी के मामले में चीन के वुहान शहर से वायरस लीक होने की बात कही थी, तो इसे ख़ारिज कर दिया गया था.

    लोगों ने इसे साज़िश की एक थ्योरी कह कर ध्यान नहीं दिया था. लेकिन अब इस पर चर्चा होने लगी है.

    अमेरिका की बाइडन सरकार ने भी इस मुद्दे पर चीन को घेरा है. इस कारण अब डोनाल्ड ट्रंप वैज्ञानिक सोच में आए इस बदलाव को अपने समर्थकों में ऊर्जा भरने के लिए राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं.

    शनिवार की शाम ओहायो में एक रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे सही साबित हुए हैं. ट्रंप ने रैली में अपने उस विचार पर चर्चा की कि चीन के शहर वुहान में कोरोना वायरस को वैज्ञानिक रूप से बनाया गया था.

  19. दिल्ली में कोरोना प्रतिबंधों में ढील, खुले जिम और बैंक्वेट हॉल

    जिम

    इमेज स्रोत, ANI

    बीते 24 घंटों में देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 46,148 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान 979 लोगों की मौत भी हुई है. भारत में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख 72 हज़ार 994 रह गई है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने दावा किया है कि कुल वैक्सीन लगाने के मामले में भारत अमेरिका से आगे निकल गया है.

    राजधानी दिल्ली में भी संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है. एक दिन पहले दिल्ली में संक्रमण के 89 नए मामले दर्ज किये गए थे. इसके साथ ही 285 लोग इलाज के बाद ठीक हुए थे.

    हालांकि, इस दौरान चार लोगों की संक्रमण के कारण मौत भी हुई. राजधानी दिल्ली में कुल एक्टिव केस 1,568 हैं और अभी तक कुल 14 लाख सात हज़ार 401 लोग ठीक हो चुके हैं.

  20. कोरोना के डेल्टा वेरिएंट ने कई देशों में मचाई खलबली

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    भारत में धीरे-धीरे कई शहरों के अनलॉक होने की प्रक्रिया शुरू हो रही है. दिल्ली में सोमवार से जिम, योगा सेंटर और बैंक्वेट हॉल खोलने की सशर्त इज़ाज़त मिल गई है.

    हरियाणा सरकार ने भी कुछ पाबांदियों के साथ अपने लोगों को सोमवार से थोड़ी राहत देने का ऐलान किया.

    जानकार भारत में तीसरी लहर आने की चेतावनी देते हुए मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिग का पालन करने की सलाह दे रहे हैं.

    इस बीच दुनिया के कई ऐसे देश हैं, जहाँ डेल्टा वेरिंएट के चलते कोरोना संक्रमण के मामलों में तेज़ी देखने को मिल रही है.

    ऑस्ट्रेलिया

    सबसे ताज़ा उदाहरण ऑस्ट्रेलिया का है. सिडनी शहर में एक साथ डेल्टा वेरिएंट से जुड़े अब तक 128 मामले सामने आ चुके हैं. बढ़ते संक्रमण के मामलों को देखते हुए सिडनी में 9 जुलाई तक लॉकडाउन लगा दिया गया है.