You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

अल-अक़्सा मस्जिद: जुमे की नमाज़ के बाद फ़लस्तीनियों और इसराइली सुरक्षाबलों के बीच झड़प

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुरक्षाबलों ने लोगों पर आंसू गैस के गोले छोड़े और स्टन ग्रैनेड का इस्तेमाल किया.

लाइव कवरेज

  1. इसराइल में युद्धविराम पर नेतन्याहू घिरे, सऊदी अरब-तुर्की यूएन में जमकर बरसे

  2. ब्लैक फ़ंगस को 'महामारी' मानें, केंद्र को क्यों कहना पड़ा ऐसा

  3. इसराइल और हमास में लड़ाई रुकी, दोनों कर रहे जीत का दावा

  4. प्रख्यात पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा का निधन, हुआ था कोविड

    चिपको आंदोलन से मशहूर हुए जाने-माने पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा का देहांत हो गया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार कोरोना संक्रमण के बाद 94 वर्षीय बहुगुणा का ऋषिकेष के एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा था.

    प्रधानमंत्री मोदी ने उनके निधन को देश के लिए एक बड़ी हानि बताते हुए कहा कि "उन्होंने प्रकृति के साथ समरसता से रहने की हमारी सदियों पुरानी भावना को मूर्त रूप दिया".

  5. बनारस में कोरोना की समीक्षा बैठक में भावुक हुए पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकसभा क्षेत्र बनारस में कोविड-19 महामारी की स्थिति की समीक्षा के लिए डॉक्टरों और फ्रंटलाइन वर्करों के साथ शुक्रवार को एक बैठक की. यह वर्चुअल बैठक थी और इसका लाइव प्रसारण किया गया.

    पीएम मोदी ने कहा कि काशी के डॉक्टरों और फ़्रंटलाइन वर्करों ने बेहतरीन काम किया है. प्रधानमंत्री ने कहा, ''इस वायरस ने हमारे कई अपनों को हमसे छीना है.''

    ऐसा कहते हुए प्रधानमंत्री भावुक हो गए. वीडियो में दिखा कि प्रधानमंत्री अपने आँसू को किसी तरह रोकते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं. पीएम ने कहा कि गंभीर प्रयासों के बावजूद बहुतों को नहीं बचाया जा सका और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि देता हूँ.

    पीएम मोदी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को ऐसे समय में जनता जनार्दन के ग़ुस्सा का भी सामना करना पड़ता है.

    मोदी ने कहा, ''ये महामारी इतनी बड़ी है कि असीम प्रयासों के बावजूद अपने लोगों को नहीं बचाया जा सका. इस वायरस की दूसरी लहर में हमें कई मोर्चों पर एक साथ लड़ना पड़ा है. इस बार संक्रमण दर भी कई गुना ज़्यादा है. मरीज़ों को ज़्यादा दिनों तक अस्पतालों में रहना पड़ रहा है. बनारस केवल काशी ही नहीं बल्कि पूर्वांचल और बिहार के लोगों के लिए भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अहम है.''

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, तहलका पत्रिका के संस्थापक संपादक तरुण तेजपाल को गोवा कोर्ट ने किया बरी

    तहलका पत्रिका के संस्थापक संपादक तरुण तेजपाल को यौन उत्पीड़न मामले में गोवा के सेशन कोर्ट ने बरी कर दिया है. 2013 में उनकी एक सहकर्मी ने यौन हमले का आरोप लगाया था.

    तरुण तेजपाल पर आरोप था कि उन्होंने गोवा के बंबोलिम में ग्रैंड हयात होटल के लिफ्ट के भीतर सात नवंबर, 2013 को अपनी सहकर्मी से जबर्दस्ती की कोशिश की थी.अतिरिक्त सेशन जज क्षमा जोशी ने पिछले महीने सुनवाई के बाद अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया था. तरुण तेजपाल को उनकी सहकर्मी की शिकायत पर 18 नवंबर, 2013 को गिरफ़्तार किया गया था.

    अगस्त 2019 में तरुण तेजपाल में सुप्रीम कोर्ट में अपने ऊपर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को ख़त्म करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में किसी भी तरह की राहत देने से इनकार कर दिया था.

    तरुण तेजपाल के वकील राजीव गोम्स की पिछले हफ्ते ही कोविड संक्रमण से मौत हो गई थी. तरुण तेजपाल ने बयान जारी कर अपने वकील के प्रति आभार जताया है.

    तरुण तेजपाल ने कहा है, ''एक परिवार के नाते, हम पर राजीव गोम्स का बहुत बड़ा क़र्ज़ है. कोई भी क्लाइंट राजीव से बेहतर वकील की उम्मीद नहीं कर सकता है. इन आठ सालों में कई शानदार वकील हमारी मदद के लिए आगे आए और मैं उन सबका क़र्ज़दार हूँ. इनमें प्रमोद दुबे, आमिर ख़ान, अंकुर चावला, अमित देसाई, कपिल सिब्बल, सलमान खुर्शीद, अमन लेखी, संदीप कपूर, राजन कारंजेवाला और श्रीकांत शिवाडे के प्रति मैं विशेष रूप से आभारी हैं.''

  7. भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2.59 लाख नए मामले और 4,209 लोगों की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 2.59 लाख नए मामले सामने आए हैं और 4,209 लोगों की मौत हुई है.

    भारत में कोरोना से 2,60,31,991 लोग अब तक संक्रमित हो चुके हैं और मरने वालों की तादाद 2,91,331 पहुँच गई है. भारत में कोरोना के अभी कुल सक्रिय मामले 30,27,925 हैं.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, पंजाब में वायु सेना का मिग-21 फ़ाइटर जेट गिरा, पायलट की मौत

    भारतीय वायु सेना का एक मिग-21 लड़ाकू विमान गुरुवार देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें पायलट की मौत हो गई है.

    समाचार एजेंसी एएनआई ने वायु सेना अधिकारियों के हवाले से बताया है कि ये दुर्घटना मोगा के पास हुई.

    विमान पश्चिमी कमान में नियमित प्रशिक्षण पर था जब ये दुर्घटना हुई जिसे स्क्वार्डन लीडर अभिनव चौधरी उड़ा रहे थे.

  9. इसराइल के ख़िलाफ़ पाकिस्तान ने यूएन में क्या-क्या बोला

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से आग्रह किया कि फ़लस्तीनियों के ख़िलाफ़ ग़ज़ा में इसराइलकी'भयावह हिंसा'तत्काल बंद करने के लिए कहा जाए. क़ुरैशी ने कहा, ''अब वो वक़्त आ गया है, जब कहा जाना चाहिए कि बहुत हो गया.''

    संयुक्त राष्ट्र की आपातकालीन आम सभा को संबोधित करते हुए क़ुरैशी ने कहा कि इसराइल ने बहुत ही निर्दयता से फ़लस्तीनियों पर हमला किया है और इसका नतीजा यह हुआ कि कई लोगों की मौत हुई और मानवीय संकट पैदा हो गया.

    पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा कि अस्पताल बिना बिजली के नहीं चल सकते लेकिन पावर प्लांट पूरी तरह से बाधित कर दिए गए. संयुक्त राष्ट्र की आम सभा में 193 सदस्य देशों ने इसराइल और फ़लस्तीनियों के मुद्दों पर बात की.

    क़ुरैशी ने पाकिस्तान का पक्ष रखते हुए कहा, ''जब हम यहाँ बात कर रहे हैं तो बेगुनाह फ़लस्तीनियों को मारा जा रहा है. मौत की गूंज ग़ज़ा के हर घरों से आ रही है. हर घर में अंधेरा है बस इसराइली बमों का उजाला है. इसराइली ने मीडिया तक को ख़ामोश करने लिए उनकी इमारतों को ध्वस्त कर दिया गया.''

    इसराइल के हमले में अमेरिकी न्यूज़ एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस और क़तर के मीडिया हाउस अल जज़ीरा के दफ़्तर ध्वस्त हो गए थे.

    क़ुरैशी ने कहा, ''ये कहने का वक़्त आ गया है कि- अब बहुत हो गया. फ़लस्तीनियों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता. हम इस्लामिक वर्ल्ड के प्रतिनिधि हैं और हम यहाँ उनकी ओर बोल रहे हैं. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद इस मामले पूरी तरह से नाकाम रहा. उसकी ज़िम्मेदारी है कि अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को लेकर संजीदगी दिखाए.''

    क़ुरैशी ने कहा, ''यह जंग सैन्य कब्ज़ा करने वाले और जबरन नियंत्रण में लिए गए लोगों के बीच की है. यह युद्ध अवैध कब्ज़ा और वैध दृढ़संकल्प के बीच का है. हमें ग़ज़ा में फ़लस्तीनियों की मदद के लिए एकजुट होने की ज़रूरत है. सुरक्षा परिषद को चाहिए कि पूर्वी यरुशलम से फ़लस्तीनी परिवारों को निकालने के अभियान पर रोक लगाए. मानवता के ख़िलाफ़ अपराध करने वाले को यूं ही नहीं जाने दिया जा सकता.''

    हालांकि इसराइल और हमास ने युद्धविराम की घोषणा कर दी है लेकिन पाकिस्तान पूरे मामले में काफ़ी सक्रिय रहा.

    पाकिस्तान ने फ़लस्तीनियों को लेकर इस्लामिक देशों को एकजुट होने की अपील की. इसी तरह की अपील तुर्की की तरफ़ से भी की गई. तुर्की और पाकिस्तान उन मुस्लिम बहुल देशों में से एक हैं जो इस बार के संकट में इसराइल के ख़िलाफ़ बोलने में सबसे मुखर रहे.

  10. नमस्कार! यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिन भर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.