You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना पीड़ितों की मदद करने को लेकर दिल्ली पुलिस की पूछताछ, कांग्रेस नाराज़

दिल्ली पुलिस ने युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास और बीजेपी सांसद गौतम गंभीर से पूछताछ की. दोनों पर ग़लत तरीके से ज़रूरी मेडिकल सामान को स्टॉक करने का आरोप लगाया गया है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में 4,000 लोगों की मौत

  2. तुर्की और पाकिस्तान 57 मुस्लिम देशों को एकजुट कर रहे हैं: क़ुरैशी

    पाकिस्तान के विदेश मंत्री शाह महमूद क़ुरैशी ने गुरुवार को यूरोप में रहे रहे 6.5 करोड़ मुसलमानों से अपील की है कि वे फ़लस्तीनियों के समर्थन में और इसराइल के ख़िलाफ़ बोलें.

    पाकिस्तानी अख़बार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून के अनुसार क़ुरैशी ने कहा कि यूरोप के मुसलमानों को इस मामले में सक्रिय भूमिका अदा करनी चाहिए. इसराइली सुरक्षा बलों और फ़लस्तीनी इस्लामिक चरमपंथी संगठन हमास के बीच लड़ाई में पिछले कुछ दिनों में गज़ा में 100 और इसराइल में सात लोगों की जान जा चुकी है.

    हमास भी लगातार तेल अवीव पर रॉकेट से हमले कर रहा है तो दूसरी तरफ़ इसराइल गज़ापट्टी में हमास के ठिकानों को निशाने पर ले रहा है.

    अब इसराइल ने गज़ा में सेना और टैंक भेजा है और ज़मीन से कार्रवाई होने जा रही है. अमेरिकी राष्ट्रपति ने जो बाइडन ने इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू से बात की थी लेकिन अब तक कोई शांति कायम होती नहीं दिख रही है.

    रेडियो पाकिस्तान के अनुसार शाह महमूद क़ुरैशी ने कहा कि तुर्की और पाकिस्तान साथ मिलकर फ़लस्तीन के मुद्दे पर संयुक्त राष्ट्र की आम सभा की आपातकालीन बैठक बुलाने की मांग करेंगे.

    मुल्तान में ईद की नमाज़ के बाद पत्रकारों से क़ुरैशी ने कहा तुर्की और पाकिस्तान ऑर्गेनाइज़ेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन में 57 मुस्लिम देशों के बीच सहमति बनाने की कोशिश करेंगे और इसके बाद यूएनजीए में फ़लस्तीन मुद्दे पर बैठक बुलाने की मांग की जाएगी.

    इसराइल के ख़िलाफ़ इस्लामिक देशों की ओर से बयान आ रहे हैं लेकिन पूरे मामले में तुर्की और पाकिस्तान सबसे ज़्यादा बोल रहे हैं. पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन इस्लामिक देशों को एकजुट होने की बात कर रहे हैं.

    गुरुवार को पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने मुल्तान में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, ''यूरोप में मुस्लिम सांसदों का प्रभाव है और उन्हें फ़लस्तीन के मुद्दे को उठाना चाहिए ताकि अभी जो कुछ भी हो रहा है उसका समाधान खोजा जा सके. पाकिस्तान कोशिश कर रहा है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसराइल के ख़िलाफ़ एकजुट किया जा सके. हम चाहते हैं कि इसराइली सुरक्षाबलों की क्रूरता रुके. पूरा पाकिस्तान कश्मीरी और फ़लस्तीनी भाइयों के साथ खड़ा है.''

  3. मोदी के मंत्री बोले- कुछ चीज़ें नियंत्रण से बाहर हैं...क्या हम फांसी लगा लें?

    केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री सदानंद गौड़ा ने गुरुवार को कहा कि कोर्ट के हिसाब से कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम नाकाम रहता है तो क्या हम फांसी लगा लें?

    मंगलवार को ही कर्नाटक हाई कोर्ट ने राज्य और केंद्र सरकार को प्रदेश में टीकाकरण की धीमी गति के लिए फटकार लगाई थी. गुरुवार को सदानंद गौड़ा और बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर रहे थे.

    गौड़ा और रवि प्रेस कॉन्फ़्रेस में कोविड को लेकर सरकार की तरफ़ से उठाए गए क़दमों को बता रहे थे. दोनों सरकार का बचाव कर रहे थे और बताया कि आने वाले दिनों में कोरोना का संक्रमण कम होगा.

    गौड़ा ने इसी प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, ''अगर कोर्ट कल कहता है कि आपको इतनी वैक्सीन मुहैया करानी है लेकिन वैक्सीन का उत्पादन अभी उस स्तर पर नहीं हो पाया है तो क्या हमें फांसी लगा लेनी चाहिए? आपको इन सबके बारे में भी सोचना चाहिए.'' सदानंद गौड़ा से टीकाकरण पर कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश को लेकर सवाल पूछे गए थे.

    गौड़ा ने कहा कि वैक्सीन का उत्पादन अभी मांग के हिसाब से नहीं हो पा रहा है. गौड़ा ने कहा, ''अनुमान के हिसाब के वैक्सीन का उत्पादन नहीं हो पा रहा है. दूसरे देशों से भी वैक्सीन की आपूर्ति अभी नहीं हो पा रही है. ऐसे में चीज़ें नियंत्रण से बाहर हो जाती हैं. जब हमने 45 साल से ऊपर वालों के लिए टीकाकरण अभियान शुरू किया तो इतनी मांग नहीं थी. ऐसे में हमें लगा कि हम 18 साल से ऊपर वालों का भी टीकाकरण कर लेंगे. जब कोरोना की दूसरी लहर आई तो लोग वैक्सीन के लिए परेशान होने लगे. हम कोशिश कर रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में चीज़ें ठीक हो जाएं.''

    इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीटी रवि ने कहा, ''अगर हम तैयारी नहीं करते तो कर्नाटक के ज़िलों में और मौतें होतीं.'' हालांकि रवि ने दूसरी तरफ़ ये भी कहा कि कोरोना की दूसरी लहर सरकारी तैयारियों से ज़्यादा बड़ी है.

  4. नमस्कार!

    बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत हैं. हम यहाँ दिन भर भारत में जारी कोरोना महामारी और देश-दुनिया के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.