You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

दिल्ली एनसीआर में फंसे प्रवासी मजदूरों के लिए सुप्रीम कोर्ट ने दिया आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को दिल्ली एनसीआर में कोरोना महामारी के कारण फंसे मजदूरों को अनाज मुहैया कराने, कम्युनिटी किचन खोलने और घर लौटने के लिए इच्छुक लोगों के लिए इंतजाम करने का निर्देश दिया है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में 3.62 लाख नए मामले, लगातार दूसरे दिन 4 हज़ार से ज़्यादा की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटे में 3 लाख 62 हज़ार से ज़्यादा संक्रमण के नए मामले दर्ज किए गए हैं.

    इस दौरान संक्रमण से 4,120 लोगों की मौत हुई है.

    साथ ही क़रीब तीन लाख 52 हज़ार संक्रमित लोग ठीक भी हुए हैं.

    भारत में अभी ऐक्टिव मामले 37 लाख से ज़्यादा हैं यानी इतनी संख्या में लोग अभी कोरोना संक्रमित हैं.

  2. अनुपम खेर बोले- बहती लाशों का असर भला किस पर नहीं होगा

    अभिनेता अनुपम खेर अक्सर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते रहते हैं. वे बीजेपी का बचाव भी हर मोर्चे पर करते हैं. उनकी पत्नी किरण खेर चंडीगढ़ से बीजेपी की लोकसभा सांसद भी हैं.

    लेकिन बुधवार को अनुपम खेर ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि कोविड संकट में सरकार 'फिसल' गई है. अनुपम ने कहा कि यह बहुत महत्वपूर्ण है कि सरकार की जवाबदेही तय हो.

    अनुपम खेर ने कहा, ''कहीं न कहीं ये फिसल गए हैं...शायद वो वक़्त आ गया है, जब उन्हें समझना चाहिए कि महज़ अपनी छवि गढ़ने ज़्यादा ज़रूरी लोगों की ज़िंदगी है. मेरा मानना है कि कई मामलों में सरकार की आलोचना सही है.''

    ''सरकार को लोगों ने ही चुना है और उसे करना होगा. मैं मानता हूँ कि जो अमानवीय होगा, वही गंगा में बहती लाशों से प्रभावित नहीं होगा. लेकिन इस चीज़ का कोई दूसरी पार्टी अपने फ़ायदे के लिए इस्तेमाल करे ये भी ठीक नहीं है. हमें जनता के तौर पर ग़ुस्सा करना चाहिए ताकि जो कुछ हो रहा है, उसे लेकर सरकार ज़िम्मेदार बने.''

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मामले में अनुपम खेर के रुख़ में यह परिवर्तन चौंकाने वाला है. दो हफ़्ते पहले ही उन्होंने पीएम मोदी की आलोचना वाले ट्वीट की प्रतिक्रिया में लिखा था कि 'आएगा तो मोदी ही.' अनुपम खेर की इस टिप्पणी की ट्विटर पर काफ़ी आलोचना हुई थी.

    भारत में कोरोना की दूसरी लहर जानलेवा और त्रासद साबित हुई है. भारत की स्वास्थ्य सेवा बुरी तरह से ठप हो गई है और बुनियादी ज़रूरतों के लिए भी अस्पताल जूझ रहे हैं.

    ऐसे में अनुपम खेर ने अन्य सिलेब्रिटिज के साथ मिलकर मदद पहुँचाने का काम शुरू किया है. अनुपम खेर ने 'हील इंडिया' कैंपेन शुरू किया है. इसके तहत वे वेंटिलेटर्स और ऑक्सीजन कॉन्सेंट्रेटर्स मुहैया करा रहे हैं.

  3. बीबीसी हिन्दी के इस लाइव पेज में आप सबका स्वागत हैं. हम यहाँ दिन भर भारत में जारी कोरोना महामारी और देश-दुनिया के सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.