You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

जानेमाने साहित्यकार नरेंद्र कोहली का निधन, मोदी बोले-'हमेशा याद किए जाएंगे' -आज की बड़ी ख़बरें

बीते दिनों कोरोना संक्रमित होने के बाद नरेंद्र कोहली को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

लाइव कवरेज

  1. दीप सिद्धू को 26 जनवरी पर हुई हिंसा के मामले में ज़मानत मिली

    26 जनवरी को राजधानी दिल्ली में हुई हिंसा के एक मामले में गिरफ़्तार किये गए अभिनेता दीप सिद्धू को दिल्ली की एक अदालत ने ज़मानत दे दी है.

    दिल्ली स्थित लाल क़िले, आईटीओ और प्रगति मैदान समेत कई इलाक़ों में 26 जनवरी को हुई ट्रैक्टर रैली के दौरान हिंसा हुई थी.

    दिल्ली पुलिस के अनुसार, दीप सिद्धू लाल क़िले पर धार्मिक ध्वज फ़हराने वाली भीड़ में शामिल थे.

    बताया गया है कि अदालत ने एफ़आईआर संख्या 96/2021 के तहत दर्ज मामले में उन्हें ज़मानत दी है.

    अदालत ने ज़मानत देते हुए यह शर्त रखी है कि दीप सिद्धू को अपना पासपोर्ट जाँच अधिकारी के पास जमा कराना होगा. साथ ही जाँच में सहयोग करना होगा.

    अदालत ने कहा कि सिद्धू के लिए अदालत की हर तारीख़ पर हाज़िर होना अनिवार्य है.

    साथ ही कहा गया है कि सिद्धू किसी भी तरह से गवाहों को प्रभावित करने और सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश ना करें.

    26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा के बाद दीप सिद्धू ने अपने निजी फ़ेसबुक पेज से एक लाइव किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि वे 26 जनवरी को लाल क़िले पर गये थे और उन्होंने कहा था कि “लाल क़िले पर जो भी हुआ वो संगत ने जोश में आकर किया.”

    हिंसा के कई दिन बाद तक फ़रार रहने के बाद दिल्ली पुलिस ने दीप सिद्धू को गिरफ़्तार किया था.

    उस दौरान सोशल मीडिया पर दीप सिद्धू और बीजेपी के कुछ नेताओं के घनिष्ठ संबंध होने की चर्चा होती रही थी.

    • यह भी पढ़ें: दीप सिद्धू कौन हैं जिन्हें 26 जनवरी मामले में किया गया गिरफ़्तार
  2. अमेरिका: गोलीबारी में 4 सिख लोगों की मौत, भारत सरकार ने की प्रतिक्रिया

    अमेरिका के इंडियानापोलिस में गुरुवार की रात सिख समुदाय के चार लोगों की गोलीबारी में मौत हो गई. सिख समुदाय के एक स्थानीय नेता ने बताया कि इनमें तीन महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ गोलीबारी फेडएक्स नाम की कंपनी की एक फै़सिलिटी में हुई. इस गोलीबारी में वहाँ काम करने वाले आठ लोगों की जान चली गई.

    ख़ुद को सिख समुदाय का स्थानीय नेता बताने वाले गुरिंदर सिंह खालसा ने कहा, “आठ में से चार लोग सिख समुदाय के थे.”

    उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के पास बना फेडएक्स ऑपरेशन्स सेंटर सिख समुदाय के उन उम्रदराज़ लोगों को नौकरियां देने के लिए जाना जाता है जो बहुत अच्छी अंग्रेज़ी नहीं बोल पाते.

    समुदाय के लोगों के मुताबिक इंडियानापोलिस में हज़ारों सिख रहते हैं. पुलिस ने अभी तक गोलीबारी में मारे गए लोगों की पहचान उजागर नहीं की है.

    लेकिन रॉयटर्स के साथ ट्विटर पर हुई बातचीत में कानून की छात्रा कोमल चौहान ने बताया कि मरने वालों में उनकी दादी अमरजीत कौर जोहल शामिल हैं. उन्होंने लिखा कि वहां काम करने वाले उनके दूसरे कई रिश्तेदार “डरे हुए हैं.”

    इससे पहले चौहान ने ट्विटर पर लिखा था कि उनकी दादी को, “दो शिफ्ट में काम करना था, ताकि वो एक दिन की छुट्टी ले सकें लेकिन उन्होंने अपना चेक लेकर घर जाने का फ़ैसला किया. जब वो उन्हें मिलीं तो चेक उनके हाथ में ही था.”

    भारत ने इस घटना पर दुख ज़ाहिर किया है. समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा, “फेडएक्स फ़ैसिलिटी में हुई गोलीबारी से हम दुखी हैं. मरने वालों में भारतीय मूल के अमेरिकी भी हैं. शिकागो में हमारे वाणिज्य दूत वहां के मेयर और इंडियानापोलिस के स्थानीय प्रशासन के साथ संपर्क में हैं. हम हर संभव मदद की कोशिश करेंगे.”

  3. कोरोनाः चीन की वैक्सीन लगवाने नेपाल क्यों पहुँच रहे हैं भारतीय

    इस सप्ताह बुधवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू के टेकु हॉस्पिटल के कर्मचारी उस वक़्त अचरज में पड़ गए जब उन्होंने कोविड वैक्सीन लगवाने आए कुछ लोगों के पास बड़े-बड़े सूटकेस और बैग देखे.

    हॉस्पिटल कर्मचारियों के मुताबिक जब इन लोगों से पहचान पत्र दिखाने को कहा गया तो इन लोगों ने भारतीय पासपोर्ट दिखाया.

    हॉस्पिटल के निदेशक सागर राज भंडारी ने बीबीसी नेपाली को बताया, "इन लोगों से हमें पता चला कि कोविड वैक्सीन का इस तरह से भी इस्तेमाल हो रहा है. यह एक तरह से वैक्सीन का ग़ल इस्तेमाल करने जैसा मामला था. हमने इन लोगों को कहा कि आपको वैक्सीन नहीं दे सकते तो वे झगड़ा करने पर उतारू हो गए. कई लोगों ने अलग-अलग तरीकों से हम पर दबाव डाला."

    नेपाल स्थित चीनी दूतावास ने अपनी वेबसाइट पर इन प्रावधानों का ज़िक्र किया हुआ जिसके मुताबिक चीन अपने यहां उन्हीं लोगों को वीज़ा दे रहा है जिन्होंने चीन में निर्मित वैक्सीन लगवाई है.

    पढ़िए, पूरी रिपोर्ट...

  4. कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में 2 लाख 34 हज़ार से ज़्यादा नये मामले, 1341 की मौत

    भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2 लाख 34 हज़ार 692 नये मामले सामने आये और 1,341 लोगों ने कोविड-19 की वजह से दम तोड़ दिया.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने दैनिक बुलेटिन में यह जानकारी दी है.

    बताया गया है कि पिछले 24 घंटे में 1 लाख 23 हज़ार 354 लोग बीमारी से ठीक होने के बाद अस्पताल से घर लौट गये.

    मंत्रालय के अनुसार भारत में अब तक कोविड-19 की वजह से 1 लाख 75 हज़ार 649 लोगों की मौत हो चुकी है.

    भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या अब 1 करोड़ 45 लाख 26 हज़ार से ज़्यादा हो गई है.

  5. कोरोना पर चिंता के बीच पीएम मोदी की कुंभ में जुटे संत समाज से अपील

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संत समाज से आग्रह किया है कि कोरोना महामारी के प्रकोप को देखते हुए कुंभ मेले को अब प्रतीकात्मक ही रखा जाये.

    उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. उन्होंने लिखा है कि “जूना अखाड़ा के पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरी से आज फ़ोन पर बात हुई. मैंने उनसे प्रार्थना की कि दो शाही स्नान हो चुके हैं और अब कुंभ को कोरोना के संकट के चलते प्रतीकात्मक ही रखा जाये. इससे इस संकट से लड़ाई को ताक़त मिलेगी.”

    पीएम मोदी ने संत समाज द्वारा प्रशासन को सहयोग दिये जाने पर उनका आभार व्यक्त किया है.

    स्वामी अवधेशानन्द गिरी ने भी ट्विटर पर पीएम मोदी के ट्वीट का जवाब दिया है.

    उन्होंने लिखा, “माननीय प्रधानमंत्री के आह्वान का हम सम्मान करते हैं! जीवन की रक्षा महत पुण्य है. मेरा धर्म परायण जनता से आग्रह है कि कोविड की परिस्थितियों को देखते हुए भारी संख्या में स्नान के लिए ना आयें एवं नियमों का निर्वहन करें.”

    पिछले एक सप्ताह से कुंभ में जमा हुए लाखों लोगों को लेकर काफ़ी चर्चा हो रही है. बहुत से लोग इसकी यह कहकर आलोचना करते रहे हैं कि महामारी की इस परिस्थिति में इतनी भीड़ का जमा होना बहुत घातक साबित हो सकता है.

    हरिद्वार के मुख्य मेडिकल अधिकारी डॉक्टर एस के झा के मुताबिक़ 10-14 अप्रैल के बीच कुंभ मेला क्षेत्र में 1,664 कोविड पॉज़िटिव मामले पाये गए, जिनमें 35 साधु हैं.

    डॉक्टर झा के मुताबिक़ मेला क्षेत्र में पॉज़िटिविटी रेट 0.29 प्रतिशत है.

  6. दिल्ली की सड़कें हुईं वीरानः सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड कर्फ़्यू

    राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह 5 बजे तक के लिए ‘वीकेंड कर्फ़्यू’ लागू हो गया है.

    दिल्ली की सड़कों पर इसका असर दिखाई दे रहा है.

    इसी सप्ताह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केंजरीवाल ने उप-राज्यपाल से चर्चा के बाद वीकेंड कर्फ़्यू की घोषणा की थी.

    वीकेंड कर्फ़्यू के दौरान सिर्फ़ आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को ही आवाजाही की अनुमति है. इनके लिए दिल्ली सरकार ने ई-पास जारी किये हैं.

    कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने जिम, स्पा, ऑडिटोरियम और रेस्त्रां में बैठकर खाने-पीने पर रोक लगा दी है.

    शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने कहा था कि दिल्ली इस वक़्त कोरोना से सबसे ज़्यादा संक्रमित शहर है.

    शुक्रवार रात बताया गया कि दिल्ली में एक दिन में कोरोना के सबसे अधिक 19,486 मामलों की पता चला, जबकि एक दिन में 141 लोगों ने कोविड-19 की वजह से दम तोड़ दिया.

  7. भारत में लगातार तीसरे साल मानसून से होगी भरपूर बारिश

    भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक़ लगातार तीसरे साल मानसून सामान्य रहेगा.

    द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ आईएमडी ने शुक्रवार को जारी पूर्वानुमान में बताया है कि जून से सितंबर के बीच मानसून सामान्य रहेगा.

    ये लगातार तीसरा साल है जब आईएमडी ने इस तरह का पूर्वानुमान घोषित किया है.

    आईएमडी ने कहा है कि मानसून के सामान्य रहने की संभावना 40 प्रतिशत है जबकि सामान्य से अधिक रहने की संभावना 21 प्रतिशत है.

    इससे पहले 1996, 1997 और 1998 में लगातार तीन साल भारत में अच्छी बारिश हुई थी.

    आईएमडी के मुताबिक 15 मई को केरल में मानसून के आगमन से जुड़ा पूर्वानुमान जारी किया जाएगा.

    पढ़ें पूरी रिपोर्ट प्रेस रिव्यू में...

  8. पश्चिम बंगाल चुनाव: पाँचवे चरण की 45 सीटों पर आज सुबह 7 बजे से शाम साढ़े 6 बजे तक मतदान

    पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पाँचवे चरण का मतदान आज यानी शनिवार सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है.

    इस चरण में 45 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है.

    पाँचवे चरण में कुल 1.13 करोड़ मतदाताओं को सिलीगुड़ी के महापौर अशोक भट्टाचार्य, राज्य के मंत्री ब्रत्य बसु और भाजपा के समिक भट्टाचार्य समेत 342 प्रत्याशियों की राजनीतिक तक़दीर का फ़ैसला करना है.

    उत्तरी 24 परगना के 16, पूर्व बर्धमान एवं नादिया के आठ-आठ, जलपाईगुड़ी के सात, दार्जिलिंग के पाँच और कलिम्पोंग ज़िले के एक विधानसभा क्षेत्र में कुल 15,789 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6:30 बजे तक मतदान होगा.

    शुक्रवार को एक चुनाव अधिकारी ने बताया कि कूचबिहार में सीआईएसएफ़ की गोलीबारी में चार व्यक्तियों और अज्ञात व्यक्तियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत के बाद निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय बलों की कम से कम 853 कंपनियाँ तैनात की हैं.

    2019 के लोकसभा चुनाव के दौरन भाजपा इन क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस से अधिक सीटों पर आगे रही थी.

    कोरोना के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के चुनाव प्रचार पर कुछ पाबंदियों की घोषणा की थी, जिनमें प्रचार के समय में कमी करना भी शामिल है. आयोग के आदेश के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने रोज़ाना प्रचार ख़त्म होने का समय घटाकर शाम सात बजे तक कर दिया है. पहले रात 10 बजे तक चुनाव प्रचार किया जा सकता था.

    साथ ही निर्वाचन आयोग ने कहा कि चुनाव प्रचार वाले दिनों में शाम सात बजे से लेकर सुबह 10 बजे तक कोई चुनाव प्रचार नहीं होगा.

    राज्य में विधानसभा चुनाव आठ चरण में होने हैं, जिनमें से चार चरण का मतदान संपन्न हो चुका है और पाँचवें चरण के लिए आज मतदान जारी है.

    आयोग द्वारा लगायी गई नयी बंदिशें अंतिम तीन चरणों (22, 26 और 29 अप्रैल) के लिए हैं.

  9. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.