You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
नीरव मोदी के भारत प्रत्यर्पण को ब्रिटेन के गृहमंत्रालय ने दी मंज़ूरी
देश दुनिया की ख़बरों और उनके सटीक विश्लेषण के लिए बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर बनें रहें.
लाइव कवरेज
कोरोना के मरीज़ों को ब्लैक में दवाएं कितने की मिल रही हैं?
दिल्ली में कोरोना संक्रमण के एक दिन में 19,486 केस
समाचार एजेंसी पीटीआई ने स्वास्थ्य विभाग के हवाले से ख़बर दी है कि दिल्ली में एक दिन में कोरोना के सबसे अधिक 19,486 मामलों का पता चला है.
आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में दिल्ली में 141 लोगों ने कोरोना संक्रमण की वजह से दम तोड़ा है.
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में कोरोना के 63,729 नए मरीज़ों का पता चला है और इस दौरान 398 कोरोना मरीज़ों की जान गई है.
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में 27,426 नए मरीज़ों का पता चला है और कोरोना संक्रमित 103 लोगों की मौत हुई है.
इसी तरह राजस्थान में 7,359 नए मामले सामने आए हैं और कोरोना के 31 मरीज़ों ने दम तोड़ा है.
नीरव मोदी को भारत प्रत्यर्पित करने की ब्रिटेन ने दी मंज़ूरी
ब्रिटेन में रह रहे भारत के भगोड़े हीरा व्यापारी को भारत प्रत्यर्पित करने की मंज़ूरी ब्रिटेन की सरकार ने आख़िरकार दे दी है.
ब्रिटेन के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने एक बयान जारी कर कहा, ''25 फ़रवरी को ज़िला जज ने नीरव मोदी के प्रत्यर्पण के बारे में फ़ैसला सुनाया था. प्रत्यर्पण आदेश पर 15 अप्रैल को हस्ताक्षर कर दिए गए हैं.''
25 फ़रवरी को ज़िला जज ने अपना फ़ैसला सुनाते हुए कहा था कि ब्रितानी क़ानून के तहत प्रत्यर्पण पर रोक का मामला नीरव मोदी पर लागू नहीं होता है. ज़िला जज ने इस मामले को ब्रिटेन के गृहमंत्री के पास भेज दिया था और उनसे निर्णय लेने को कहा था.
लेकिन गृहमंत्री के हस्ताक्षर के बाद नीरव मोदी के पास 14 दिनों का समय है, जिसके अंतर्गत वो चाहें तो हाईकोर्ट में अपने प्रत्यर्पण के आदेश के ख़िलाफ़ अपील कर सकते हैं.
गृह मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि चूंकि यह मामला अभी चल रहा है, इसलिए वो इस बारे में इससे ज़्यादा कुछ नहीं कह सकते हैं.
मीडिया कवरेज: कुंभ पर कैसी है और तबलीग़ी जमात पर कैसी थी
दिनभर
पश्चिम बंगाल चुनाव: अब 48 घंटे की जगह 72 घंटे पहले चुनाव प्रचार ख़त्म हो जाएगा
कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ते मामलों के मद्देनज़र चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के बाक़ी तीन चरणों के लिए चुनाव प्रचार पर पाबंदी की समयसीमा 48 घंटे से बढ़ाकर 72 घंटे कर दी है.
इसका मतलब ये हुआ कि अब 48 घंटे की जगह 72 घंटे पहले चुनाव प्रचार ख़त्म हो जाएगा.
इसके अलावा चुनाव आयोग ने शुक्रवार से पब्लिक मीटिंग के लिए भी समय सीमा निर्धारित किए हैं. ताज़ा आदेश के अनुसार शाम सात बजे से सुबह 10 बजे तक कोई सार्वजनिक सभा करने की इजाज़त नहीं होगी.
इस बीच शुक्रवार को पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण के 6910 नए मामले सामने आए और 26 लोगों की कोरोना से मौत हो गई.
कोरोनाः ICSE की 10वीं, 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं टली
भारत में कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ते मामलों के बीच आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं को फ़िलहाल टाल दिया गया है और परीक्षा की संभावित तारीख़ों पर जून में विचार किया जाएगा.
इससे दो दिन पहले ही, शिक्षा मंत्रालय ने सीबीएसई की 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं रद्द और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं टालने का फ़ैसला किया था.
कार्टून: हमें भी पास करा दो
कोरोना का असर कुंभ पर भी, दूसरा सबसे बड़ा अखाड़ा हुआ बाहर
कुंभ हरिद्वार: कोरोना के कारण मेले पर उठते सवालों के बीच कैसे हैं हालात?
‘घुसपैठिए नौकरी ले जा रहे हैं, ग़रीबों का अनाज छीन रहे हैं’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के तेहट्टा में चुनाव प्रचार के दौरान कहा कि घुसपैठिए युवाओं से नौकरी और ग़रीबों से अनाज छीन रहे हैं.
उन्होंने कहा, “क्या हमें बंगाल में घुसपैठ नहीं रोकना चाहिए? घुसपैठिए हमारे युवाओं की नौकरी ले रहे हैं, ग़रीबों से अनाज छीन रहे हैं. अगर बंगाल में घुसपैठ की स्थिति बनी रही तो मेरा विश्वास करिए कि यह न सिर्फ़ बंगाल के लिए बल्कि पूरे देश के लिए ख़तरा होगा.”
साथ ही गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बीजेपी उम्मीदवार मुकुल रॉय के समर्थन में कृष्णानगर उत्तर में रोड शो किया.
वहीं, कथित तौर पर सुरक्षाबलों का ‘घेराव’ करने की अपील के बाद कूच बिहार में भड़की हिंसा को लेकर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा कोरोना संक्रमित, अस्पताल में भर्ती
इमरान क़ुरैशी
बेंगलुरू से बीबीसी हिंदी के लिए
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा कोरोना संक्रमित हो गए हैं. उन्हें बेंगलुरू के मनिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुख्यमंत्री के दफ़्तर के अनुसार येदियुरप्पा को बुख़ार था और उन्हें बेचैनी और घबराहट भी हो रही थी. इसी कारण उन्होंने बेलगांव संसदीय सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार के पक्ष में होने वाले रोडशो से ख़ुद को अलग कर लिया था.
78 साल के येदियुरप्पा दूसरी बार कोरोना संक्रमित हुए हैं. इससे पहले भी वो एक बार संक्रमित हो चुके हैं और उस बार भी उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, यूपी में रविवार को रहेगा लॉकडाउन, बिना मास्क पकड़े जाने पर 10,000 तक का जुर्माना
कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र उत्तर प्रदेश में रविवार को लॉकडाउन की घोषणा की गई है.
राज्य सरकार ने घोषणा की है कि ज़रूरी सेवाओं को छोड़कर सभी बाज़ार बंद रहेंगे और प्रदेश में पूर्ण रूप से तालाबंदी रहेगी. अधिकारियों का कहना है कि ऐसा आगे आने वाले रविवारों को भी होने की संभावना है.
इसके अलावा बिना मास्क के पकड़े जाने पर पहली बार 1,000 रुपये का जुर्माना लगेगा और उसके बाद पकड़े जाने पर जुर्माने की रक़म 10,000 रुपये हो जाएगी.
यूपी सरकार ने गुरुवार को 15 मई तक सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की थी. साथ ही राज्य की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी थीं.
राहुल गांधी का ट्वीट- तुग़लक़ी लॉकडाउन लगाओ, घंटी बजाओ, प्रभु के गुण गाओ
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करके एक बार फिर कोरोना वायरस महामारी को लेकर केंद्र सरकार की रणनीति पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने ट्वीट में लिखा, “स्टेज 1- तुग़लक़ी लॉकडाउन लगाओ.स्टेज 2- घंटी बजाओ.स्टेज 3- प्रभु के गुण गाओ.”
वहीं केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता मुख्तार अब्बास नक़वी ने राहुल गांधी के बयानों की आलोचना की है.
नक़वी ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,"कुछ लोग महामारी के समाधान का हिस्सा बनने की बजाए पॉलिटिकल पॉल्यूशन का किस्सा बनते जा रहे हैं. राहुल गांधी और अन्य नेता कुछ भी बोलते हैं.इस तरह का भय, भ्रम फैलाएंगे तो ये आपके लिए भी ठीक नहीं है."
कोरोना: कौन सी वैक्सीन सबसे असरदार?
भारत में जिस तेज़ी से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं, उसने एक बार फिर ज़रूरी बना दिया है कि लोग पूरी गंभीरता से एहतियात बरतें.
प्रोटोकॉल का ईमानदारी से पालन करें और बारी आने पर वैक्सीन ज़रूर लगवाएं.
तभी इस ख़तरनाक वायरस के क़हर से बचा जा सकता है. लेकिन कई लोगों के ज़हन में ये सवाल भी आता है कि कोई वैक्सीन 90 फ़ीसदी कारगर है तो कोई 95 फ़ीसदी.
ऐसे में क्या दूसरी वाली ज़्यादा बेहतर है. तमाम उपलब्ध वैक्सीन्स को लेकर ऐसे तमाम सवालों का जवाब हम देंगे आज की कवर स्टोरी में.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने की एम्स में डॉक्टरों से मुलाक़ात, बोले- 'हमारे पास पहले से कई सौ गुना ज़्यादा अनुभव'
कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने एम्स के ट्रामा सेंटर का दौरा कर वहाँ स्वास्थ्य सुविधाओं का जायज़ा लिया.
उन्होंने कहा कि देशभर में कोरोना के मामले तेज़ी से बढ़ रहे हैं. मैं अस्पतालों में जाकर डॉक्टरों से बात करके यह जानने की कोशिश कर रहा हूँ कि हमें और क्या तैयारियाँ करने की ज़रूरत है.
डॉक्टर हर्षवर्धन के इस दौरे में एम्स के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया भी उनके साथ मौजूद रहे.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 2021 में 2020 के मुक़ाबले भले ही मामलों की संख्या बढ़ रही है, उसकी गति तेज़ है, लेकिन 2021 में आपके (डॉक्टरों) पास कई सौ गुना ज़्यादा अनुभव है और हम बीमारी की गंभीरता को अच्छी तरह समझ चुके हैं. हमारे पास आज पहले के मुक़ाबले ज़्यादा आत्मविश्वास है.
प्रेस से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, "केंद्र सरकार के पास वेंटिलेटर हैं, लेकिन अभी कोई राज्य सरकार हमसे वेंटिलेटर नहीं माँग रही है. बहुत सारी राज्य सरकारों को हमने जो वेंटिलेटर दिये हैं वो अभी उन सबका भी इस्तेमाल नहीं कर पाई हैं, उनके पास वेंटिलेटर लगाने का स्थान नहीं है."
उन्होंने कहा, "किसी चीज़ की कोई कमी नहीं है, अनुभव भी पर्याप्त हो गया है, सामान भी पर्याप्त है और टेस्टिंग की सुविधा भी पर्याप्त है."
भारत में पिछले दो दिनों से, प्रति दिन कोरोना के दो लाख से ज़्यादा नये मामले सामने आये हैं.
पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के दो लाख 17 हज़ार से ज़्यादा नये मामले दर्ज किये गए हैं और 1185 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है.
जिग्नेश मेवाणी और दिग्विजय सिंह कोरोना से संक्रमित
राष्ट्रीय दलित अधिकार मंच के संयोजक और गुजरात के वडगाम विधानसभा क्षेत्र से विधायक जिग्नेश मेवाणी कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं.
उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि उनकी तबीयत फ़िलहाल स्थिर है और वे घर पर ही आइसोलेशन में हैं.
उधर कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह भी कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं.
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “मेरी कोविड जाँच रिपोर्ट पॉज़िटिव आयी है. फ़िलहाल अपने दिल्ली स्थित निवास पर क्वारंटीन में हूँ. कृपया इस दौरान मेरे संपर्क में आये सभी लोग ख़ुद को आइसोलेशन में रखकर अपनी सेहत से संबंधित सभी सतर्कता बरतें.”
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: पिछले 24 घंटे में दो लाख 17 हज़ार से ज़्यादा नये मामले
- गुरुवार को देश में कोरोना के 2,00,739 नये मामले दर्ज किये गए थे और 1,038 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई थी.
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब तक कुल लगभग 1 करोड़ 43 लाख मामले दर्ज किये गए हैं, जिनमें से 1 करोड़ साढ़े 25 लाख लोग संक्रमण के बाद ठीक हो चुके हैं.
- मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब तक कोरोना वैक्सीन की 11 करोड़ 72 लाख डोज़ दी जा चुकी हैं.
कुंभ में कोरोना से महामंडलेश्वर की मौत, दूसरा सबसे बड़ा अखाड़ा हुआ बाहर
द टाइम्स ऑफ़ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक़ निरंजनी अखाड़े ने कुंभ से बाहर होने का फ़ैसला लिया है.
मध्य प्रदेश के निर्वाणी अखाड़े के महामंडलेश्वर कपिल देव दास का कुंभ में भाग लेने के बाद कोरोना संक्रमण से निधन हो गया है. वो 65 साल के थे.
स्वास्थ्य विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने अख़बार को बताया है कि कुंभ में शामिल 68 शीर्ष साधु संक्रमित हो गए हैं. निरंजनी अखाड़ा जूना अखाड़े के बाद दूसरा सबसे बड़ा नागा संन्यासी अखाड़ा है.
अखाड़े ने कहा है कि शाही स्नान के बाद उसके लिए कुंभ समाप्त हो गया है.
मेला प्रशासन के मुताबिक गुरुवार को कुल 332 लोग संक्रमित पाए गए हैं. मेला प्रशासन के पास कोरोना संक्रमण की वजह से हुई कुल मौतों का आँकड़ा नहीं है.
प्रेस रिव्यू में पढ़ें पूरी रिपोर्ट...