You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थान में शाम छह बजे से सुबह पांच बजे तक सभी शहरों में नाइट कर्फ़्यू- आज की बड़ी ख़बरें

देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों और उनके सटीक विश्लेषण के लिए बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर बनें रहें.

लाइव कवरेज

  1. बाबर आज़म: आईसीसी रैंकिंग में विराट कोहली की बादशाहत ख़त्म करने वाला पाकिस्तानी क्रिकेटर

    एकदिवसीय क्रिकेट की दुनिया के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज़ों की आईसीसी रैंकिंग में लंबे समय से टॉप पर विराजमान विराट कोहली का ताज बुधवार को उस वक्त छिन गया जब पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आज़म ने उनकी जगह ले ली.

    बाबर आज़म पाकिस्तान के चौथे ऐसे खिलाड़ी हैं जो इस मुकाम तक पहुंचे हैं. 26 साल के दाहिने हाथ के इस बल्लेबाज़ ने सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ खेले गए अपने आख़िरी मैच में 82 बॉल पर 94 रनों की आतिशी पारी खेली थी.

    इस दमदार प्रदर्शन की वजह से बाबर आज़म की रेटिंग प्वॉयंट्स में 13 अंकों का इजाफा हुआ और वे 865 प्वॉयंट्स के उच्चतम स्कोर पर पहुंच गए.

    आईसीसी ने एक बयान जारी कर बताया कि बाबर आज़म अब भारत के कप्तान विराट कोहली से रैंक तालिक में आठ प्वॉयंट्स की बढ़त के साथ टॉप पर हैं.

    साल 2010 और 2012 में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप सिरीज़ के स्टार रहे बाबर साल 2015 से वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं.

    दक्षिण अफ्रीका के ख़िलाफ़ सिरीज में उन्होंने 837 रेटिंग प्वॉयंट्स के साथ खेलना शुरू किया था और पहले मैच में 103 रन के स्कोर के साथ वे 858 प्वॉयंट्स पर पहुंच गए.

    लेकिन दूसरे वनडे मैच में 32 रन बनाने की वजह से पिछले हफ़्ते की रैंकिंग अपडेट में वे फिसलकर 852 के स्कोर पर आ गए.

    विराट कोहली 1258 दिनों से या यूं कहें तो तीन साल से भी ज़्यादा समय से आईसीसी रैंकिंग में टॉप पर बने हुए थे.

    बाबर आजम से पहले पाकिस्तान के जहीर अब्बास (1983-84), जावेद मियांदाद (1988-89) और मोहम्मद यूसुफ (2003) इस मुकाम तक पहुंच पाए.

    टेस्ट मैचों की रैंकिंग में बाबर अभी तक पांचवीं रैंक तक ही पहुंच पाए हैं. हालांकि फिलहाल वे छठी रैंकिंग पर हैं. टी-ट्वेंटी में वे तीसरे पायदान पर हैं जबकि वे अतीत में इस फॉरमैट में भी नंबर वन पर रह चुके हैं.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, सीबीएसई बोर्ड की 10वीं की परीक्षाएं रद्द, 12वीं की परिक्षाओं पर 1 जून को होगा विचार

    सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाओं पर केंद्र सरकार ने बड़ा फ़ैसला लिया है.

    केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक के अनुसार, सीबीएसई बोर्ड की दसवीं को परिक्षाएं जो 4 मई से 14 जून के बीच होनी थीं, उन्हें रद्द कर दिया गया है. दसवीं कक्षा का रिज़ल्ट बोर्ड द्वारा बनाये गए किसी फ़ॉर्मूले के आधार पर जारी किया जायेगा.

    वहीं 12वीं कक्षा की परिक्षाएं फ़िलहाल स्थगित कर दी गई हैं, जिनपर 1 जून को दोबारा समीक्षा होगी. बताया गया है कि परीक्षाएं जब भी आयोजित होंगी, उनके बारे में 15 दिन पहले सूचना दी जायेगी.

    शिक्षा मंत्री ने अपने एक ट्वीट में जानकारी दी है कि जो भी छात्र सीबीएसई द्वारा दिये गए अंकों से ख़ुश नहीं होगा, उसे परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षा देने का मौक़ा दिया जायेगा.

  3. अमेरिकाः लूजियाना में डूबने वाले जहाज के क्रू की तलाश जारी

    अमेरिका के लूजियाना प्रांत के पास समंदर में डूबने वाले बड़े व्यापारिक जहाज के चालक दलों की तलाश जारी है.

    बुधवार को अमेरिकी तट रक्षक बल ने बताया कि जहाज पर चालक दल के 18 सदस्यों के होने की जानकारी मिली है, इनमें अभी तक छह लोगों को सुरक्षित बचाया जा सका है.

    मंगलवार दोपहर को पोर्ट फोर्कोन से आठ मील की दूरी पर डूबने वाले इस जहाज की लंबाई 129 फुट थी.

    जहाजरानी कंपनी 'सीकोर मरीन' के एक प्रवक्ता ने बाद में ये बताया कि जहाज उनकी कंपनी का था. खुली डेक वाला ये जहाज समुद्र में खुदाई या खनन के काम लाया जाता था.

    कंपनी के प्रवक्ता आर्मंड बैतिस्ते ने न्यूयॉर्क टाइम्ल को बताया कि जहाज का नाम 'सीकोर पावर' था.

    अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने एक बयान में जानकारी दी कि उन्हें स्थानीय समयानुसार शाम साढ़े चार बजे इमरजेंसी रेडियो संदेश मिला था.

    संदेश में तट से आठ मील की दूरी पर एक व्यापारिक जहाज के मुसीबत में फंसे होने की जानकारी दी गई थी.

    कोस्ट गार्ड के दो जहाजों ने एक व्यक्ति की जान बचाई जबकि वहां मौजूद आम लोगों की नौकाओं से अन्य चार लोगों को पानी से निकाला गया. चालक दल के बाकी सदस्यों को बचाने के लिए अभी वहां आठ जहाज और एक हवाई जहाज तैनात किया गया है.

  4. ज्ञानवापी मस्जिद काशी में कब और कैसे बनी?

    वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद में मंदिर के अवशेष ढूंढ़ने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को मिले अदालत के निर्देश के बाद एक और मंदिर-मस्जिद विवाद ज़ोर पकड़ सकता है.

    अब इस विवाद को क़ानूनी हैसियत भी मिल गई है. सुन्नी सेंट्रल वक़्फ़ बोर्ड और ज्ञानवापी मस्जिद प्रबंधन ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फ़ैसला किया है.

    वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और उससे लगी ज्ञानवापी मस्जिद, दोनों के निर्माण और पुनर्निमाण को लेकर कई तरह की धारणाएं हैं लेकिन स्पष्ट और पुख़्ता ऐतिहासिक जानकारी काफ़ी कम है, दावों और क़िस्सों की भरमार ज़रूर है.

    स्टोरी और आवाज़: समीरात्मज मिश्र

    वीडियो एडिटिंग: मनीष जालुई

  5. अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों के साथ नेटो की भी हो सकती है वापसी

    जर्मनी के रक्षा मंत्री एनीग्रेट क्रैंप कैरनबावर ने कहा है कि सितंबर में जब अमेरिकी सैनिक अफ़ग़ानिस्तान से वापस निकलेंगे तो नेटो की सेना भी उनके साथ हो सकती है.

    जर्मनी के रक्षा मंत्री ने कहा, "हमने हमेशा ये कहा है कि हम साथ जाएंगे और साथ निकलेंगे."

    इससे पहले बाइडन प्रशासन के अधिकारियों ने कहा था कि अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की नई डेडलाइन 11 सितंबर तय की गई है.

    हालांकि ट्रंप प्रशासन के दौरान तालिबान के साथ हुई बातचीत में इसके लिए एक मई तक की समय सीमा तय की गई थी.

  6. कोरोना: दिल्ली में मरीज़ों के लिए बेड्स की कमी नहीं

    दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा है कि दिल्ली में कोरोना के मरीज़ों के लिए बेड्स की कमी नहीं है.

    बुधवार को प्रेस से बात करते हुए जैन ने कहा, “अभी हमारे पास 13 हज़ार बेड हैं और वेंटिलेटरों की भी कोई कमी नहीं है.”

    उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने दिल्ली को 1,100 बेड्स दिये हैं. कुछ और बेड्स के लिए केंद्र सरकार से बातचीत जारी है.

    जैन ने कहा कि बेड्स की कमी ना पड़े, इसके लिए बेंक्वेट हॉल और होटलों में भी बेड्स रिज़र्व किये जायेंगे. कुछ और कोविड सेंटर भी तैयार किये जायेंगे.

    उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि दिल्ली में कोरोना के मामले सामने आने की दर में गिरावट नहीं आयी है, बल्कि कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. उन्होंने लोगों से अपील की है कि वो जितना हो सके, घर पर रहें.

    दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में दिल्ली में कोविड-19 के 13 हज़ार से ज़्यादा केस दर्ज किये गए हैं.

    इस वक़्त दिल्ली में 43 ज़्यादा से ज़्यादा सक्रिय मामले हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी कोरोना से संक्रमित

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी की कोविड रिपोर्ट आ गई हैं और उन्हें कोरोना से संक्रमित पाया गया है.

    इससे पहले, उनके कार्यालय के कुछ लोग कोरोना से संक्रमित पाये गए थे.

    सीएम योगी ने ट्विटर के ज़रिये इसकी सूचना दी थी और कहा था कि वे कुछ वक्त के लिए आइसोलेशन में रहेंगे.

    बुधवार को एक ट्वीट के ज़रिये उन्होंने बताया कि शुरुआती लक्षण दिखने पर उन्होंने कोविड की जाँच करायी, जिसकी रिपोर्ट अब पॉज़िटिव आई है.

    उन्होंने बताया, “मैं सेल्फ़ आइसोलेशन में हूँ और चिकित्सकों के परामर्श का पूर्णतः पालन कर रहा हूं.”

    एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा, “प्रदेश सरकार की सभी गतिविधियाँ सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. इस बीच जो लोग भी मेरे संपर्क में आएं हैं वो अपनी जाँच अवश्य करा लें और एहतियात बरतें.”

  8. कोरोना से छत्तीसगढ़ बेहाल, मरीज़ परेशान, शवों के लिए जगह नहीं

    छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के कारण राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है.

    राजधानी रायपुर में किसी भी अस्पताल में नए मरीज़ों के लिए जगह नहीं है. 28 में से 20 ज़िलों में लॉकडाउन के बीच अस्पतालों के बाहर मरीज़ों की कतार लगी हुई है. एंबुलेंस में, अस्पताल की सीढ़ियों पर, बरामदों में मरीज़ आक्सीजन सिलेंडर लिए बैठे हुए हैं.

    अस्पताल में भर्ती होने की उम्मीद में साथ आए परिजन दिलासा दे रहे हैं. गंभीर मरीज़ों को एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले कर भागते और मिन्नत करते परिजन हर कहीं देखे जा सकते हैं. शहर की दवा दुकानों में रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए लंबी कतारें हैं.

    लेकिन यह दौड़ यहीं ख़त्म नहीं हो रही है.

    कोरोना संक्रमण के कारण होने वाली मौतों की बढ़ती संख्या के कारण राजधानी रायपुर के सबसे बड़े बाबा साहब भीमराव आंबेडकर अस्पताल के शव घर में नए शवों को रखने की जगह नहीं बची है.

    शमशान घाट में भी अंतिम संस्कार के लिए प्रतीक्षा करनी पड़ रही है. राजधानी रायपुर में भी शमशान घाट कम पड़ गए हैं.

    पढ़ें पूरी रिपोर्ट...

  9. खेल के किस्से LIVE

    बात 1971 की जब भारत ने पहली बार वेस्ट इंडीज़ और इंग्लैंड को उनकी धरती पर हराया था

  10. सीबीएसई बोर्ड की परिक्षाओं पर आज हो सकता है निर्णय

    समाचार एजेंसी पीटीआई और एएनआई ने केंद्र सरकार में अपने सूत्रों के हवाले से लिखा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री, शिक्षा सचिव और अन्य महत्वपूर्ण अधिकारियों से सीबीएसई बोर्ड की परिक्षाओं पर चर्चा करने वाले हैं.

    कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच सीबीएसई बोर्ड की परिक्षाएं आयोजित कराने को लेकर चिंता ज़ाहिर की गई है.

    पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कोरोना के बढ़ते मामलों का हवाला देकर केंद्र सरकार से दसवीं और बारहवीं कक्षा की बोर्ड परिक्षाएं रद्द करने की अपील की है.

  11. अफ़ग़ानिस्तान से 11 सितंबर तक अमेरिकी सैनिकों की वापसी होगी

    अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी 11 सितंबर तक हो जाएगी. अमेरिकी अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडन आने वाले दिनों में ये घोषणा कर सकते हैं.

    ट्रंप प्रशासन की तालिबान से हुई वार्ता में पहले ये तय हुआ था कि अमेरिका अफ़ग़ानिस्तान से अपने सैनिकों को मई तक वापस बुला लेगा. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि अमेरिका इस समयसीमा का पालन नहीं कर सकेगा.

    अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी की नई डेडलाइन संयोगवश वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और पेंटागन पर हुए साल 2001 के हमले की 20वीं बरसी की तारीखों के आसपास पड़ेगी.

    जो बाइडन ने इससे पहले ये कहा था कि एक मई की डेडलाइन पर अमल करना मुश्किल होगा.

    अमेरिका और नेटो के अधिकारियों ने कहा है कि कट्टरपंथी इस्लामी संगठन तालिबान अब तक हिंसा कम करने के अपने वादे को पूरा करने में नाकाम रहा है.

    बाइडन प्रशासन के एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि तालिबान को ये चेतावनी दी गई है कि अगर अफ़ग़ानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी के दौरान उन्होंने कोई हमला किया तो इसका पूरी ताक़त के साथ जवाब दिया जाएगा.

  12. समाजवादी नेता अखिलेश यादव कोरोना पॉज़िटिव

    उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने ट्वीट कर यह जानकारी दी है कि वे कोरोना से संक्रमित पाये गए हैं.

    उन्होंने लिखा, “अभी-अभी कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉज़िटिव आयी है. मैंने अपने आपको सबसे अलग कर लिया है और घर पर ही उपचार शुरू हो गया है.”

    अखिलेश यादव ने उनके संपर्क में आये लोगों से भी अपना कोविड टेस्ट कराने की गुज़ारिश की है.

    मंगलवार को ही अखिलेश यादव ने एक ट्वीट के ज़रिये उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार से प्रश्न किया था.

    उन्होंने लिखा था, “यूपी में कोरोना से जो हाहाकार मचा है, उसके लिए भाजपा सरकार को जवाब देना होगा कि उसने कोरोना पर नियंत्रण पाने का झूठा ढिंढोरा क्यों पीटा. टीका, टेस्ट, डॉक्टर, बेड, एंबुलेंस की कमी; टेस्ट रिपोर्ट में देरी व दवाई की कालाबाज़ारी पर भाजपा सरकार चुप क्यों है. स्टार प्रचारक कहाँ हैं?”

    योगी भी आइसोलेशन में

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी भी इस समय आइसोलेशन में हैं.

    उन्होंने भी ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी. उन्होंने लिखा, “मेरे कार्यालय के कुछ अधिकारी कोरोना से संक्रमित हुए हैं. ये अधिकारी मेरे संपर्क में रहे, इसलिए एहतियातन मैंने अपने को आइसोलेट कर लिया है.”

    मंगलवार को हुई एक राज्य स्तरीय बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने कहा था कि पहली लहर की तुलना में कोरोना की दूसरी लहर बेहद तीव्र है. यही वजह है कि मृत्यु दर भी इस बार पहले की तुलना में अधिक है.

    आदित्यनाथ योगी ने कहा, “अभी हम लॉकडाउन की ओर नहीं जा रहे हैं. अभी हमने नाइट कर्फ़्यू लगाया है. लॉकडाउन की तरफ जाने की आवश्यकता भी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि हमें मानवता के जीवन को भी बचाना है और उनकी जीविका को भी बचाना है.”

  13. फ़ेसबुक लाइव: महाराष्ट्र में कर्फ़्यू की घोषणा के बाद क्या है स्थिति?

    महाराष्ट्र में आज रात से कर्फ़्यू लागू होने वाला है. प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को इसकी घोषणा की थी. उनकी इस घोषणा के बाद कुछ लोगों ने महाराष्ट्र से पलायन शुरू किया है. मुंबई से ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता मयूरेश कोण्णूर

  14. रूसी कोविड वैक्सीन स्पुतनिक-V को भारत ने दी मंज़ूरी, क्या बोले डॉक्टर?

    भारत सरकार ने रूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक-V के इस्तेमाल की मंज़ूरी दे दी है.

    भारत में इस वैक्सीन को आपातकालीन इस्तेमाल की मंज़ूरी मिली है. इसके साथ ही भारत में अब तीन कोविड-19 वैक्सीन इस्तेमाल होंगी.

    स्पुतनिक-V वैक्सीन को मंज़ूरी मिलने पर भारतीय डॉक्टरों ने क्या कहा?

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना अपडेट: बीते 24 घंटे में 1,84,372 नये मामले, 1027 लोगों की मौत

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के 1 लाख 84 हज़ार 372 नये मामले दर्ज किये गए.

    वहीं इस दौरान कोविड-19 के कारण 1,027 लोगों की मौत हुई.

    मंत्रालय के अनुसार, भारत में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 13.87 करोड़ मामले दर्ज किये जा चुके हैं और 1 लाख 72 हज़ार से ज़्यादा लोगों की कोविड-19 से मौत हो चुकी है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, अब तक कोरोना वैक्सीन की 11 करोड़ 11 लाख से ज़्यादा डोज़ दी जा चुकी हैं.

  16. हरिद्वार कुंभ: महामारी के बीच तीसरे शाही स्नान के लिए पहुँचे हज़ारों लोग

    कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच आज हरिद्वार में तीसरे शाही स्नान के लिए हज़ारों की संख्या में लोग गंगा में डुबकी लगाने पहुँचे.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आज (बुधवार को) गंगा में डुबकी लगाने के लिए बड़ी तादाद में श्रद्धालु हरिद्वार में जमा हैं. सुबह से ही गंगा स्नान का सिलसिला जारी है. आम लोगों के स्नान के बाद तमाम बड़े अखाड़ों के संतों का शाही स्नान होगा.

    इस बीच, उत्तराखण्ड के हरिद्वार शहर में भी कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं. हरिद्वार में मंगलवार को कोरोना के 594 नये केस दर्ज किये गए थे.

    हरिद्वार कुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ पर लगातार चिंता जताई जा रही है.

    प्रेस से बात करते हुए कुंभ मेले के आईजी पुलिस संजय गुंज्याल ने कहा, “बैसाखी के स्नान को चार शाही स्नानों में सबसे बड़ा शाही स्नान माना जाता है. अगर 2010 में यहाँ आये लोगों की संख्या से तुलना करें तो तब बैसाखी के स्नान पर यहाँ 1.6 करोड़ लोग आये थे और इस बार क़रीब 6 लाख लोग आये हैं. सेटेलाइट तस्वीरों से हमने इसका पता लगाया है.”

  17. कोरोना वायरस की रफ़्तार ऐसी कि भारत से ब्राज़ील तक मचा हाहाकार

    कोरोना की नई लहर ने भारत से लेकर ब्राज़ील तक हाहाकार मचा दिया है. भारत के कई राज्यों में संक्रमण रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच रहा है.

    ऐसे में भारत सरकार ने कई विदेशी वैक्सीन के अप्रूवल की प्रक्रिया को फ़ास्ट ट्रैक करने का फ़ैसला किया है. लेकिन इसकी नौबत क्यों आई?

    भारत में हालात सामान्य होने में कितना वक़्त लगेगा और इसके लिए सरकार के साथ साथ आम लोगों को भी क्या करना होगा. क्या वैक्सीन अकेले से बात बन पाएगी या नहीं?

    इन सब तमाम बातों की चर्चा आज बीबीसी कवर स्टोरी में.

  18. कोरोना के बढ़ते मामलों पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने क्या कहा?

    दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 13,500 मामले सामने आये हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यह जानकारी दी.

    उन्होंने कहा कि संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं इसलिए सावधानी बरतने की ज़रूरत है.

    केजरीवाल ने केंद्र सरकार से सीबीएसई परीक्षाएं रद्द करने की भी अपील की है.

    उन्होंने कहा कि इस बार की लहर में युवा और बच्चे ज़्यादा प्रभावित हो रहे हैं.

    सुनिए, उन्होंने और क्या कहा...

  19. महाराष्ट्र: धारा-144 की घोषणा के बाद मज़दूरों ने घर लौटना शुरू किया

    महाराष्ट्र में धारा-144 लगाये जाने की घोषणा के बाद कुछ प्रवासी मज़दूरों ने अपने घरों को लौटना शुरू कर दिया है.

    मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस समेत कुछ अन्य बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर लोगों की भीड़ देखी जा सकती है.

    इस भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि कर्फ़्यू लगने की वजह से वो अपने घर लौट रहे हैं.

    इन लोगों का कहना है कि कर्फ़्यू लगने की वजह से काम नहीं रहा, तो वो खायेंगे क्या. वो नहीं चाहते कि उन्हें फिर से वो परेशानियाँ झेलनी पड़ें जो उन्होंने पिछले साल लॉकडाउन के समय झेली थीं.

    पिछले साल, जब कोरोना महामारी की वजह से भारत में लॉकडाउन लगाया गया था, तब लाखों मज़दूरों को देश के बड़े शहरों से पैदल ही अपने घर लौटने पर मजबूर होना पड़ा था.

    महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनज़र मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को कहा कि बुधवार रात आठ बजे से राज्य में कड़ी पाबंदियाँ लागू की जाएंगी.

    उन्होंने कहा कि बुधवार से पूरे राज्य में धारा-144 लागू की जा रही है. हालांकि, उन्होंने ये भी कहा कि "मैं इसे लॉकडाउन नहीं कहूँगा."

    साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि अनिवार्य सेवाओं के लिए लोकल ट्रेन और बस सेवाएं जारी रखी जाएंगी. पेट्रोल पंप खुले रहेंगे और स्टॉक एक्सचेंज बोर्ड ऑफ़ इंडिया से जुड़ी वित्तीय संस्थाएं खुली रहेंगी. निर्माण से जुड़ी गतिविधियाँ जारी रहेंगी. होटल और रेस्तरां बंद रहेंगे, लेकिन होम डिलीवरी और टेक अवे की इजाज़त रहेगी.

    आदेश के अनुसार, सभी पूजास्थल, स्कूल और कॉलेज, प्राइवेट कोचिंग क्लास, सैलून, स्पा और ब्यूटी-पार्लर एक मई, सुबह सात बजे तक बंद रहेंगे.

    सिनेमा हॉल, थिएटर, ऑडिटोरियम, एम्यूज़मेंट पार्क, जिम, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बंद रहेंगी. फ़िल्मों, विज्ञापनों और टेलीविजन की शूटिंग बंद रहेगी.

    सभी दुकानें, शॉपिंग सेंटर, ग़ैर-अनिवार्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठान 14 अप्रैल रात आठ बजे से 1 मई, सुबह 7 बजे तक बंद रहेंगे.

    इस बीच, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के सात करोड़ लोगों को पाँच किलो राशन देगी. साथ ही, 25 लाख दिहाड़ी मज़दूरों और रिक्शा चालकों को 1,500 रुपये उनके बैंक खाते में दिये जायेंगे.

    उन्होंने बताया कि सभी ग़रीब और ज़रूरतमंद लोगों को अगले एक महीने के लिए 3 किलो गेहूँ और 2 किलो चावल उपलब्ध कराया जाएगा.

    नवाब मलिक ने कहा कि हमारी सरकार ने इसके लिए 5,500 करोड़ रुपये के पैकेज की घोषणा की है.

    उन्होंने कहा कि जो शिव भोजन थाली पहले 10 रुपये की दी जा रही थी, वो कर्फ़्यू के दौरान मुफ़्त दी जायेगी.

    मलिक ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार कोरोना संक्रमण की चेन-ब्रेक करना चाहती है, जिस वजह से इन सख़्त प्रतिबंधों की घोषणा की गई है.

  20. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.