You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

राजस्थानः आतंकवाद से जुड़े मामले में 12 छात्रों को आजीवन कारावास

चरमपंथी संगठन इंडियन मुजाहिदीन के लिए काम करने के आरोप में एटीएस और एसओजी ने इन लोगों को गिरफ्तार किया था.

लाइव कवरेज

  1. केरल में कांग्रेस और लेफ़्ट के नेताओं का व्यवहार छोटे गुंडों जैसा : नरेंद्र मोदी

    नरेंद्र मोदी ने कहा है कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, पर इसके बदले हिंसा को स्वीकार करना संभव नहीं है. केरल के पालक्काड में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तारूढ़ वाम मोर्चे और कांग्रेस पर करारा प्रहार किया है.

    मंगलवार को आयोजित इस रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि वाम मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस गठबंधन (यूडीएफ) के नेता छोटे गुंडो जैसा व्यवहार करते हैं.

    उन्होंने आरोप लगाया, ''इन दोनों गठबंधन के राज में केरल में राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ हिंसा, अपहरण और हत्याएं होती रही हैं. पर राज्य में भाजपा की सरकार आने पर ऐसी हिंसा ख़त्म हो जाएगी और शांति और समृद्धि का राज कायम हो जाएगा.''

    प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया है, ''सत्ता में बने रहने के लिए वाम मोर्चे और कांग्रेस गठबंधनों के बीच सालों से दोस्ताना समझौता कायम है. लेकिन पहली बार राज्य की जनता पूछ रही है कि यह मैच-फिक्सिंग क्या है? लोग देख रहे हैं कि इन दोनों गठबंधनों ने कैसे उन्हें बेवकूफ़ बनाया है. लेकिन इस बार राज्य की जनता यह फिक्सिंग खारिज कर देगी.''

    उन्होंने कहा कि वे मतदाताओं का आशीर्वाद लेने उनके बीच आए हैं. उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को वोट देने की अपील की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोनों गठबंधनों पर केरल के विकास को सुस्त रखने का आरोप लगाया है. उन्होंने वादा किया है कि केरल के तेज विकास के लिए उनके पास 'फ़ास्ट' नाम के तहत आठ क्षेत्रों पर ज़ोर देने का मॉडल है.

    उन्होंने कहा है कि राज्य में यदि भाजपा की सरकार बनी तो 'एफ' यानी फिशरीज़ (मछलीपालन) और फर्टिलाइजर्स (उर्वरक), 'ए' यानी एग्रीकल्चर (खेती) और आयुर्वेद, एस यानी स्किल डेवलपमेंट (कौशल विकास) और सोशल जस्टिस (सामाजिक न्याय) के साथ 'टी' यानी टूरिज़्म (पर्यटन) और टेक्नॉलॉजी (तकनीक) पर ज़ोर दिया जाएगा.

    केरल में एक चरण में छह अप्रैल को मत डाले जाएंगे जबकि आगामी दो मई को मतों की गिनती की जाएगी.

  2. महाराष्ट्र: गुरुद्वारे से निकली भीड़ का पुलिस पर हमला, चार जवान घायल

    महाराष्ट्र के एक गुरुद्वारे में कोरोना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से जुलूस की अनुमति न मिलने से नाराज़ एक समुदाय के लोगों ने सोमवार को पुलिस टीम पर हमला बोल दिया.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, नांदेड़ के गुरुद्वारे के बाहर हुए इस हमले में कम से कम चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

    पुलिस ने हिंसा फैलाने और कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने को लेकर एक एफआईआर दर्ज की है. इसके साथ ही कम से कम 14 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है.

    इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक वीडियो में हाथों में हथियार लिए एक समुदाय के लोगों का बड़ा समूह गुरुद्वारे के गेट से बाहर आता हुआ दिखाई दे रहा है. इसके बाद भीड़ ने पुलिस की ओर से लगाए गए बैरिकेड को तोड़ते हुए वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया.

    नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक प्रमोद शिवाले ने एएनआई को बताया, ''राज्य में कोरोना महामारी को देखते हुए प्रशासन ने 'होला मोहल्ला' जुलूस की अनुमति देने से मना कर दिया था. गुरुद्वारे को इस बारे में बता भी दिया गया था. इस पर गुरुद्वारा ने कहा था कि वे इस कार्यक्रम का आयोजन अपने परिसर में ही करेंगे.''

    एसपी शिवाले ने बताया, ''कल शाम क़रीब चार बजे कार्यक्रम शुरू हुआ था. जुलूस की अनुमति न मिलने से नाराज़ युवक इसे बाहर ले जाने पर आमादा थे. वे जुलूस को बाहर ले जाने के इरादे से निशान साहिब यानी झंडे को गुरुद्वारे के मुख्य गेट पर लाए. इसके बाद कार्यक्रम में शामिल लोग पुराने रास्ते से जुलूस ले जाने की मांग करते हुए पुलिस से बहस करने लगे.”

    “300 से 400 युवकों ने गुरुद्वारे के गेट और वहां लगे बैरिकेड को तोड़ दिया और गुरुद्वारा के बाहर निकल गए.''

    उनके अनुसार इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों की पुलिस टीम से झड़प हो गई. इस झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए और पुलिस की गाड़ियों के साथ भी तोड़फोड़ की गई.

    महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामले बहुत बढ़ गए हैं. राज्य के कई हिस्सों में फिर से लॉकडाउन और कर्फ़्यू का दौर लौट आया है.

  3. क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर हुईं कोरोना संक्रमित

    भारतीय महिला टी-20 क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि वो कोरोना वायरस से संक्रमित हैं.

    उन्होंने बताया है कि वो टेस्ट में पॉज़िटिव पाई गई हैं लेकिन उनमें कोई लक्षण नहीं हैं और उन्होंने ख़ुद को क्वारंटीन कर लिया है.

    साथ ही उन्होंने उन सभी लोगों से टेस्ट कराने की अपील की है जो उनसे बीते 7 दिनों में मिले हैं.

  4. बंगाल से LIVE: नंदीग्राम में ममता के लिए बीजेपी कितनी बड़ी चुनौती?, ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी मराठी के संपादक आशीष दीक्षित

  5. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की बाइपास सर्जरी आज

    राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की मंगलवार को नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान यानी एम्स में बाइपास सर्जरी की जाएगी.

    उन्हें सीने में तकलीफ़ के बाद पिछले हफ़्ते एम्स ले जाया गया था. इसके एक दिन पहले उन्हें नई दिल्ली के ही आर्मी रिसर्च एंड रेफ़रल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था.

    डॉक्टरों ने तब जांच के बाद उन्हें बाइपास सर्जरी कराने की सलाह दी थी. इसके लिए ही उन्हें एम्स ले जाया गया है. अब से कुछ हफ़्ते पहले कोरोना से बचाव के लिए राष्ट्रपति कोविंद ने टीका भी लगाया था.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: देश में 56,211 नए मामले सामने आए

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के नए 56,211 मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही देश में कुल संक्रमण के मामलों की संख्या 1.21 करोड़ के क़रीब पहुंच चुकी है.

    देश में इस संक्रमण से बीते 24 घंटों में 271 लोगों की मौत हुई है. अब तक देश में इस संक्रमण के कारण 1.62 लाख से अधिक मौतें हो चुकी हैं.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, फ़ारूक़ अब्दुल्ला कोरोना संक्रमित हुए, उमर ने दी जानकारी

    जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ट्वीट करके बताया है कि उनके पिता और पूर्व केंद्रीय मंत्री फ़ारूक़ अब्दुल्ला कोविड-19 टेस्ट में पॉज़िटिव पाए गए हैं.

    उमर अब्दुल्ला ने बताया है कि उन्होंने ख़ुद को सेल्फ़-आइसोलेट कर लिया है और टेस्ट कराया है.

    साथ ही उन्होंने अपील की है कि उनसे जिन्होंने मुलाक़ात की थी वे भी एहतियात क़दम उठाएं.

  8. म्यांमार में मौतों का आंकड़ा 500 पहुंचा, प्रदर्शनकारी कूड़ा फेंकने की तैयारी में

    म्यांमार में सैन्य तख़्तापलट के ख़िलाफ़ लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक संगठन के हवाले से कहा है कि 1 फ़रवरी से लेकर अब तक विरोध प्रदर्शनों में 500 लोगों की मौत हो चुकी है.

    इसी बीच एजेंसी ने बताया है कि मंगलवार से लोगों ने एक नए सविनय अवज्ञा आंदोलन की शुरुआत की है जिसमें वे सड़कों पर कूड़ा फेंकेंगे.

    असिस्टेंस एसोसिएशन फ़ॉर पॉलिटिकल प्रिज़नर्स (एएपीपी) नामक संगठन ने बताया है कि सोमवार को म्यांमार में 14 नागरिकों की मौत हुई जिसमें से कम से कम आठ लोगों की यंगून के दक्षिणी डैगन ज़िले में जान गई है.

    चश्मदीदों का कहना है कि सुरक्षाबलों ने बैरिकेड बनाकर रखे गए रेत की बोरियों को हटाने के लिए हाई कैलिबर के हथियारों का इस्तेमाल किया और यह अभी तक साफ़ नहीं है कि वे किस तरह के हथियार थे.

    वहीं, सरकारी टीवी का कहना है कि सुरक्षाबलों ने ‘रॉयट वीपन’ का इस्तेमला किया है ताकि ‘हिसंक उग्रवादी लोगों’ को तितर-बितर किया जा सके. पुलिस और सैन्य शासन प्रवक्ता ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने म्यांमार के सैन्य प्रमुखों से प्रदर्शनों को दबाने से रोकने को कहा है.

    इसके अलावा प्रदर्शनकारी एक नए अवज्ञा आंदोलन की शुरुआत करने जा रहे हैं जिसमें वे प्रमुख सड़कों पर लोगों को कूड़ा फेंकने के लिए कहेंगे.

    सोशल मीडिया पर डाले गए पोस्टर मे लिखा है कि यह कूड़ा फेंकना एक प्रकार से जुंटा के ख़िलाफ़ विरोध स्वरूप है.

  9. म्यांमार से आने वाले शरणार्थियों के लिए रिफ़्यूजी कैंप न खोले जाएं: मणिपुर

    मणिपुर की राज्य सरकार ने अपने सीमावर्ती ज़िलों को ये निर्देश दिया है कि म्यांमार से आने वाले शरणार्थियों के लिए रिफ़्यूजी कैंप न खोले जाएं. बीबीसी के सहयोगी पत्रकार दिलीप कुमार शर्मा ने ये जानकारी दी.

    इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्रालय ने मिज़ोरम, नागालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश को म्यांमार से आने वाले अवैध शरणार्थियों को आने से रोकने के लिए इंतज़ाम करने को कहा था.

    12 मार्च को लिखी गई इस चिट्ठी में गृह मंत्रालय ने कहा था, "जैसा कि आपको पता है कि म्यांमार की मौजूदा आंतरिक परिस्थितियों के कारण भारत-म्यांमार सीमा से भारतीय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध तरीक़े से लोगों के दाख़िल होने की संभावना है. इस संदर्भ में गृह मंत्रालय ने 25 फ़रवरी को पहले ही एक सर्कुलर जारी करके मिज़ोरम, नगालैंड, मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिवों और भारत-म्यांमार सीमा पर तैनात बोर्डर गार्डिंग फ़ोर्स को अलर्ट रहने और भारतीय क्षेत्र में लोगों को आने से रोकने के लिए एडवाइज़री जारी की थी."

    गृह मंत्रालय ने ये भी कहा कि म्यांमार से लोग अवैध रूप से भारत आ रहे हैं और एजेंसियों को बाहरी लोगों की पहचान करने और उन्हें बिना देरी किए वापस म्यांमार भेजने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया है.

    इस चिट्ठी में गृह मंत्रालय ने ये बात भी स्पष्ट की थी कि राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को किसी विदेशी व्यक्ति को शरणार्थी का दर्जा देने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि भारत ने यूनाइटेड नेशंस रिफ़्यूजी कन्वेंशन पर दस्तख़त नहीं किए हैं.

    म्यांमार में लोकतंत्र समर्थकों और सेना के बीच चल रहे संघर्ष के कारण पिछले दिनों बोर्डर के उस पार से भारत आने वाले शरणार्थियों की संख्या बढ़ गई है.

  10. नमस्कार!

    यह बीबीसी हिन्दी का लाइव पन्ना है, जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट्स देंगे. बीते 24 घंटे के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.