ममता बनर्जी के चुनावी कार्यक्रम में फेरबदल, पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र अब 17 मार्च को
प्रभाकर मणि तिवारी
कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से, बीबीसी हिन्दी डॉट कॉम के लिए

इमेज स्रोत, पीएम तिवारी
तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के चुनावी कार्यक्रम में फेरबदल किया गया है.
अब नंदीग्राम दिवस के मौक़े पर रविवार को कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में निकली रैली को संबोधित करने के बाद वे दुर्गापुर रवाना हो जाएँगी. पहले उनको सोमवार को झाड़ग्राम से दौरे की शुरुआत करनी थी.
पार्टी का चुनावी घोषणापत्र भी अब आज नहीं, बल्कि 17 मार्च को जारी किया जाएगा.
टीएणसी के एक नेता ने बताया कि दुर्गापुर से सोमवार को पुरुलिया ज़िले के झालदा और बलरामपुर में दो रैलियों को संबोधित करने के बाद ममता अगले दिन यानी मंगलवार को बांकुड़ा ज़िले के मेजिया, छातना और राईपुर में जनसभाएं करेंगी.
बुधवार को कोलकाता लौटने से पहले झाड़ग्राम में उनकी दो रैलियाँ आयोजित की जाएँगी.
वहाँ से लौटकर वे शाम को पार्टी का चुनावी घोषणा-पत्र जारी करेंगी.
उसके बाद, अगले ही दिन वे पश्चिम मेदिनीपुर के दौरे पर रवाना हो जाएँगी.
डाक्टरों ने ममता को व्हीलचेयर पर बैठकर सड़क मार्ग या हेलीकाप्टर से लंबे समय तक सफ़र नहीं करने की सलाह दी है.
इसलिए उनका कार्यक्रम इस तरह बनाया गया है कि लगातार लंबी यात्रा नहीं करनी पड़े. इसी वजह से आज रात दुर्गापुर पहुँच कर आराम करने के बाद वे वहाँ से अगले दिन पुरुलिया जाएँगी.
ममता के घायल होकर अस्पताल में रहने के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने उनको एसएमएस भेजकर शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी. ममता ने दोनों को धन्यवाद देते हुए उनके एसएमएस का जवाब दे दिया है.


