ब्रेकिंग न्यूज़, मध्य प्रदेश बस दुर्घटना: सीधी में 37 लोगों की मौत, क़रीब 20 लोगों की तलाश जारी

इमेज स्रोत, एएनआई
मध्य प्रदेश के सीधी ज़िला प्रशासन ने बीबीसी को बताया है कि अब तक 37 लोगों की मौत की पुष्टि हो सकी है, जिनमें 20 पुरुष, 16 महिलाएं और एक चार साल का बच्चा शामिल है.
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इस हादसे में सात लोगों को ही बचाया जा सका है.
एनडीआरएफ़ और एसडीआरएफ़ की टीमें शवों की तलाश में लगी हैं. स्थानीय पुलिस के अनुसार, अभी लगभग लोग लापता हैं.
पहले बताया गया था कि इस बस में 54 यात्री सवार थे. लेकिन स्थानीय प्रशासन ने अब इस बात की पुष्टि नहीं की है कि दुर्घटनाग्रस्त हुए बस में असल में कितने लोग थे.

इमेज स्रोत, एएनआई
बताया गया है कि ये हादसा मंगलवार सुबह क़रीब साढ़े सात बजे हुआ. ये बस सीधी से सतना ज़िले के लिए निकली थी और संभवत: नियंत्रण खोने की वजह से नहर में जा गिरी.
अब से कुछ देर पहले, प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “सीधी की दुर्घटना से मन बहुत व्यथित है. बचावकार्य लगातार जारी है. कलेक्टर, कमिश्नर, आईजी, एसपी और एसडीआरएफ़ की टीम बचाव में लगी है.”




