You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

असदउद्दीन ओवैसी बोले, किसानों के साथ चीनी फौजियों जैसा बर्ताव हो रहा है

दिनभर की ज़रूरी ख़बरों के लिए बीबीसी हिंदी के इस लाइव पन्ने से जुड़े रहें.

लाइव कवरेज

  1. शशि थरूर और राजदीप की गिरफ़्तारी पर रोक

    सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता शशि थरूर और वरिष्ठ पत्रकार राजदीप सरदेसाई की गिरफ़्तारी पर रोक लगा दी है.

    26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान एक प्रदर्शनकारी की मौत को लेकर कथित तौर पर कुछ अपुष्ट ख़बरें देने को लेकर इन पर मामला दर्ज किया गया था. राजदीप के अलावा पांच अन्य वरिष्ठ पत्रकारों पर भी मामला दर्ज किया गया था.

    इन सभी ने अपने ऊपर दर्ज किए गए एफ़आईआर को कोर्ट में चुनौती दी है.

    दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को अंतरिम राहत देते हुए उनकी गिरफ़्तारी पर भी सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है.

    उनके ऊपर कई मामलों के साथ राजद्रोह का भी मामला उत्तर प्रदेश पुलिस ने दर्ज किया हुआ है. इस मामले में अगली सुनवाई 3 मार्च को होगी.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, राज्यसभा में बोलते-बोलते रो पड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यसभा में बोलते-बोलते भावुक हो गए.

    राज्यसभा में कुल चार सांसदों को विदाई दी जा रही है. ग़ुलाम नबी आज़ाद के अलावा मीर मोहम्मद, शमशेर सिंह और नाज़िर अहमद को आज विदाई दी जा रही है.

    इस दौरान पीएम ने गुलाम नबी आज़ाद के साथ अपने कई अनुभवों को साझा किया.

    जम्मू-कश्मीर में एक चरमपंथी घटना के बाद उनसे हुई फ़ोन पर बात का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री भावुक हो गए.

    उन्होंने कहा, "गुजरात के यात्रियों पर जब चरमपंथी हमला हुआ था तो सबसे पहले गुलाम नबी आज़ाद ने ही उन्हें फ़ोन किया था, और फ़ोन पर उनके आंसू रुक नहीं रहे थे."

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उस समय प्रणब मुखर्जी रक्षा मंत्री थे. हमने उनसे सेना के हवाई जहाज़ की व्यवस्था करने की मांग की. उसी समय एयरपोर्ट से ही गुलाम नबी आज़ाद ने फ़ोन किया और वो परिवार के एक सदस्य की तरह चिंतित थे.

    प्रधानमंत्री ने कहा कि सत्ता जीवन में आती रहती है लेकिन उसे कैसे पचाना है, वो गुलाम नबी आज़ाद जी से सीखने योग्य है.

  3. उत्तराखंड: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ग्लेशियर आपदा के कारण प्रभावित इलाक़ों का दौरा कर रहे हैं.

  4. कोरोना अपडेट: भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 9 हज़ार से अधिक नए मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 9,110 नए मामले सामने आए हैं और 78 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई है.

    अब तक कुल मामले- 1,08,47,304

    इलाज के बाद अब तक कुल ठीक हुए लोग- 1,05,48,521

    अब तक कुल मौतें- 1,55,158

    सक्रिय मामले- 1,43,625

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, 26 जनवरी मामले में अभियुक्त दीप सिद्धू गिरफ़्तार

    दिल्ली पुलिस ने कहा है कि 26 जनवरी को किसानों की ट्रैक्टर रैली के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा मामले में अभियुक्त दीप सिद्धू को गिरफ़्तार कर लिया गया है.

    दिल्ली पुलिस ने सिद्धू की गिरफ़्तारी के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी.

  6. उत्तराखंड: चमोली हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने पहुंचे राज्य के मुख्यमंत्री

    उत्तराखंड में ग्लेशियर फटने से हुई तबाही में अब तक 26 लोगों के शव बरामद किये जा चुके हैं और 171 लापता लोगों की तलाश की जा रही है.

    इस बीच राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हादसे में घायल हुए लोगों से मिलने आईटीबीपी के अस्पताल पहुंचे.

  7. उत्तराखंडः सुरंग के भीतर 30-35 लोगों के फँसे होने की आशंका - मुख्यमंत्री

    उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जानकारी दी है कि सुरंग के भीतर अभी 30-35 लोग फँसे हो सकते हैं.

    उन्होंने कहा," ये रणनीति बनी है कि वहां(टनल) दो मशीनों से काम लिया जा सकता है ताकि ​जल्दी लोगों को रेस्क्यू किया जा सके. टनल के अंदर 30-35 लोगों के फंसे होने की संभावना है, उन तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है."

  8. पूरी रात चला बचाव कार्य, पर किसी से अभी तक नहीं हो सका संपर्क- डीआईजी अपर्णा कुमार

    आईटीबीपी देहरादून के सेक्टर हेडक्वार्टर की डीआईजी अपर्णा कुमार ने बताया कि पूरी रात बचाव कार्य चला है और अब भी जारी है. उन्होंने बताया कि बहुत सारा मलबा हटा लिया गया है, लेकिन अभी तक किसी से संपर्क नहीं हो पाया है.

  9. यूपी के जौनपुर ज़िले में ट्रक और पिकअप की टक्कर में 6 लोगों की मौत

    उत्तर प्रदेश के जौनपुर ज़िले में मंगलवार सुबह ट्रक और पिकअप की टक्कर में 6 लोगों की मौत हो गई है.

    हादसे में पांच लोग घायल भी हुए हैं. घायलों का इलाज जौनपुर के ज़िला अस्पताल में चल रहा है जबकि गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफ़र किया गया है. हादसे के बाद पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है.

    हादसा जलालपुर थाना क्षेत्र के त्रिलोचन बाज़ार के पास हुआ है.

    जौनपुर के नगर पुलिस अधीक्षक डॉक्टर संजय कुमार ने बीबीसी को बताया, “कुछ लोग एक महिला का अंतिम संस्कार कर वाराणसी से पिकअप में सवार होकर सरायख्वाजा जा रहे थे. जलालपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी बॉर्डर पर उसकी टक्कर एक ट्रक से हो गई. इस हादसे में 5 लोगों की मौत मौके पर हो गई. एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.इस हादसे में 5 लोग घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज सदरअस्पताल में चल रहा है. एक की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है. शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है.”

    पुलिस के मुताबिक़, सभी मृतक जलालपुर और सरायख्वाजा के रहने वाले थे. हादसे की वजह अभी पता नहीं चल पाई है. माना जा रहा है कि तेज़ रफ़्तार और ड्राइवर को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ.

    पुलिस मामले की जाँच कर रही है.

  10. उत्तराखंड: टनल में फंसे लोगों को बचाने के लिए प्रयास जारी

    तपोवन टनल में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान अब भी जारी है.

    अलग-अलग दल के कर्मी आधुनिक उपकरणों की मदद से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं.

    आईटीबीपी, आर्मी, एसडीआरएफ़ और एनडीआरएफ़ की संयुक्त टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

  11. उत्तराखंडः दोपहर तक सुरंग खुलने की उम्मीद - डीजीपी

    उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने समाचार एजेंसी एएएनआई को बताया है कि चमोली में एनटीपीसी की परियोजना से जु़ड़ी एक सुरंग को खोलने के प्रयास जारी हैं.

    रविवार को ग्लेशियर हादसे के बाद अचानक बाढ़ आने से सुरंग में कई मज़दूर फँस गए थे.

    देहरादून में आईटीबीपी के सेक्टर मुख्यालय की डीआईजी अपर्णा कुमार ने बताया," कल रातभर वहां(तपोवन टनल में) सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ़ और एनडीआरएफ़ की टीम मलबा निकालने में लगी हुई थी."

  12. उत्तराखंड: ग्लेशियर फटने से मची तबाही, अब तक 26 शव बरामद

    उत्तराखंड के चमोली ज़िले में रविवार को ग्लेशियर फटने के बाद आई बाढ़ के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है.

    राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से बीती रात जारी की गई सूचना के मुताबिक़, अभी तक 26 शव बरामद किये जा चुके हैं. 171 लोग अब भी लापता हैं.

    सात फरवरी को ग्लेशियर फटने की वजह से धौली गंगा और अलकनंदा नदी में बाढ़ आ गई थी.

    प्रभावित इलाक़े में सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ़ और एनडीआरएफ़ की संयुक्त टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

    राज्य के मुख्यमंत्री ने बीते दिन आपदाग्रस्त जोशीमठ इलाक़े का दौरा किया. दौरे के बाद उन्होंने कहा था कि, "बचाव दल तपोवन सुरंग के 130 मीटर अंदर तक जा चुका है. अब और 50 मीटर अंदर तक पहुंचने में ढाई से तीन घंटे का वक्त लग सकता है."

    इस त्रासदी में तपोवन हाइड्रो-इलेक्ट्रिक पावर डैम जिसे ऋषिगंगा प्रोजेक्ट के नाम से भी जाना जाता है, पूरी तरह तबाह हो चुका है.

    हादसा कैसे हुआ

    रविवार सुबह दस बजे के आस-पास उत्तराखंड के चमोली ज़िले में कुछ नदियों में अचानक से पानी बढ़ गया.

    दरअसल नंदा देवी ग्लेशियर का एक हिस्सा टूटने से भूस्खलन हुआ और धौली गंगा, ऋषि गंगा और अलकनंदा नदियों में पानी का स्तर बढ़ गया जिससे अफ़रा-तफ़री मच गई.

    इससे वहाँ एनटीपीसी की दो पनबिजली परियोजनाओं से जुड़ी सुरंगों में पानी भर गया और वहाँ मज़दूर फँस गए.

    पानी के रास्ते में आने वाले कई घर भी बह गए. निचले इलाक़ों में आबादी वाले इलाक़ों में भी नुक़सान की आशंका है.

    प्रशासन ने ख़तरे को देख फ़ौरन कई गाँवों को खाली करवाया और लोगों को सुरक्षित इलाक़ों में ले जाया गया.

    पानी का स्तर बढ़ने के कारण बचाव कार्य को बीती रात कुछ देर रोकना पड़ा था.

    राहत कार्य जारी और परिजनों के लिए सहायता की घोषणा

    राज्य सरकार ने आपदा ग्रस्‍त चमोली ज़िले में राहत और बचाव कार्यों के लिए बीस करोड़ रुपए दिए हैं. जिन इलाक़ों का सड़क सम्‍पर्क ज़िले के अन्‍य भागों से टूट गया है वहां हेलीकॉप्‍टर के ज़रिए राशन और राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे मरने वालों उनके परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है. उत्तराखंड में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया है.

  13. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. सोमवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.