You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

म्यांमार: आंग सान सू ची को सेना ने किया गिरफ़्तार, एनएलडी ने जारी किया बयान

बीते कुछ समय से सरकार और सेना के बीच चल रहे तनाव और तख्तापलट की आशंकाओं के बीच यह गिरफ़्तारी हुई है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आंग सान सू ची गिरफ़्तार, एनएलडी प्रवक्ता ने जारी किया बयान

    म्यांमार में नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी पार्टी की सर्वोच्च नेता आंग सान सू ची को सेना ने हिरासत में ले लिया है. आंग सान सू ची की पार्टी के प्रवक्ता ने बयान जारी करके इसकी जानकारी दी.

    बीते कुछ समय से सरकार और सेना के बीच चल रहे तनाव और तख्तापलट की आशंकाओं के बीच यह गिरफ़्तारी हुई है.

    नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी पार्टी ने नवंबर महीने में हुए चुनाव में भारी जीत हासिल की थी लेकिन सेना का दावा है कि इस प्रक्रिया में धोखाधड़ी हुई थी.

    सेना ने सोमवार को संसद की बैठक को स्थगित करने का आह्वान किया है.

    नेशनल लीग फ़ॉर डेमोक्रेसी पार्टी के प्रवक्ता ने न्यूज़ एजेंसी रॉयटर्स से कहा, सू ची, राष्ट्रपति विन म्यिंट और दूसरे नेताओं को तड़के हिरासत में ले लिया गया था.

    उन्होंने आशंका जताई कि आने वाले समय मे उन्हें भी हिरासत में लिया जा सकता है.

    बीबीसी दक्षिण-पूर्व एशिया के संवाददाता जॉनथन हेड का कहना है कि म्यांमार की राजधानी नेपीटाव और मुख्य शहर यंगून में सड़कों पर सैनिक मौजूद हैं.

    बीबीसी बर्मा सेवा ने बताया कि राजधानी में टेलीफ़ोन और इंटरनेट सेवाएं काट दी गई हैं.

  2. किसान आंदोलन: गाज़ीपुर बॉर्डर पर हो रहे प्रदर्शन को देखते हुए अक्षरधाम के पास सड़कें बंद

    गाज़ीपुर सीमा पर चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने अक्षरधाम के पास सड़कों को बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी है.

    एनएच-24 पर दिल्ली-गाज़ियाबाद के बीच वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक है.

  3. ओडिशा: सड़क हादसे में नौ लोगों की मौत, 13 घायल

    सुब्रत कुमार पति

    भुबनेश्वर से बीबीसी हिंदी के लिए

    ओडिशा के कोरापुट ज़िला स्थित कोटपाड़ में एक सड़क दुर्घटना में 9 लोगों की मौत हो गयी है. घटना में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को जगदलपुर हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है.

    घटनास्थल पर मौजूद कोटपाड़ थानाधिकारी उल्लास माझी ने बीबीसी को बताया कि सभी मृतक और घायल छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. अग्निशमन दल की मदद से रेस्क्यू का काम किया गया जो अब ख़त्म हो चुका है.

    ये लोग कोरापुट से छत्तीसगढ़ लौट रहे थे, जब रास्ते में यह हादसा हुआ. आशंका जताई जा रही है कि वाहन की तेज़ गति के कारण यह दुर्घटना हुई.

  4. दावे के मुताबिक़, लापता लोगों की जानकारी जुटाने के लिए कमेटी का गठन

    केंद्र सरकार के कृषि क़ानून के ख़िलाफ़ दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर किसानों का प्रदर्शन जारी है. गाज़ीपुर, टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षाबलों की भारी तैनाती है लेकिन किसानों की ओर से स्पष्ट कर दिया गया है कि वे किसी भी दबाव में आकर कोई समझौता नहीं करेंगे.

    प्रदर्शन में शामिल संयुक्त किसान मोर्चा ने गणतंत्र दिवस के बाद से 100 से अधिक किसानों के लापता होने का दावा किया है और इसे लेकर अपनी चिंता ज़ाहिर की है. संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि ग़ायब हुए लोगों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की जा रही है और इसी के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी.

    लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए एक कमेटी का भी गठन किया गया है. प्रेम सिंह भांगू, राजिंदर सिंह, दीप सिंह वाला, अवतार सिंह, किरनजीत सिंह शेखों और बलजीत सिंह इस कमेटी में शामिल हैं.

    लापता लोगों के संदर्भ में जानकारी के लिए एक नंबर भी जारी किया गया है. यह नंबर 8198022033 है.

    सिंघु बॉर्डर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संयुक्त किसान मोर्चा ने पत्रकार मनदीप पुनिया और अन्य पत्रकारों की गिरफ़्तारी की निंदा की.

    संयुक्त मोर्चा ने इंटरनेट सेवाओं को बंद किये जाने की भी निंदा की. उन्होंने कहा कि सरकार नहीं चाहती कि असली तथ्य जनता तक पहुँचे और न ही शांतिपूर्ण तरीक़े से चल रहा किसान आंदोलन दुनिया तक पहुँचे.

  5. ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर कैसा है किसान आंदोलन का माहौल?

    दिलनवाज़ पाशा

    बीबीसी संवाददाता, ग़ाज़ीपुर बॉर्डर से

    किसान आंदोलन में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से आए किसान दिल्ली और यूपी को जोड़ने वाले ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर डटे हुए हैं.

    26 जनवरी के घटनाक्रम के बाद लगा था कि पुलिस ग़ाज़ीपुर से किसानों को हटा देगी. लेकिन अब ग़ाज़ीपुर बॉर्डर पर आंदोलन का माहौल बदल चुका है.

    राकेश टिकैत के भावुक वीडियो के वायरल होने के बाद यहां पहुंचने वालों का सिलसिला जारी है.

    लोगों को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा, 'हमें ख़बर मिली है कि हरियाणा और यूपी से बड़ी तादाद में लोग कल यहां पहुंच रहे हैं. उनके ठहरने के लिए अब हमें जगह बनानी होगी.'

    ग़ाज़ीपुर बॉर्डर के हाइवे पर अब टेंट सिटी बस चुकी है. दिल्ली सरकार की तरफ से शौचालयों और पानी की व्यवस्था की गई है. लेकिन दिल्ली की तरफ़ से बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया गया है. यहां पैदल पहुंचना भी आसान नहीं है.

    पुलिस की बैरिकेडिंग के पास लोग कच्चे मार्ग से गुज़र रहे थे. रविवार शाम इसे भी खोद दिया गया है और अब दिल्ली से प्रदर्शनस्थल पहुंचने के लिए लोगों को ख़ासी मशक्कत करनी पड़ रही है.

    ऊपर फ्लाइओवर पर जहां तक नज़र जाती है, वाहनों का काफ़िला ही नज़र आता है. लगातार नए लोग पहुंच रहे हैं.

    रायबरेली से आए युवा अब्दुल कलाम ने बताया, 'राकेश टिकैत के आंसू देखकर मैं ख़ुद को रोक नहीं पाया, अकेला ही अपने गांव से यहां पहुंच गया हूं. अब जब तक आंदोलन चलेगा यहीं रहूंगा.'

    जिस ग़ाज़ीपुर बॉर्डर के बारे में मीडिया में लगातार ख़बर चल रही थी कि यहां तंबू उखड़ गए हैं और किसान लौट रहे हैं, वहां अब लगातार नए तंबू लगाए जा रहे हैं. जो जगह है वो लोगों के लिए नाकाफ़ी साबित हो रही है.

    ग़ाज़ीपुर और आसपास के इलाक़े में इंटरनेट बंद होने की वजह से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं. सबसे ज़्यादा परेशान वो पत्रकार हैं जो सोशल मीडिया चैनलों के लिए ख़बरें भेजते हैं.

    इंटरनेट बंद होने की वजह से प्रदर्शनकारियों को दूसरी जगह चल रहे आंदोलन की जानकारी भी नहीं मिल पा रही है.

    शाम के वक़्त भी यहां लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी था. बुलंदशहर, मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, अमरोहा और मुरादाबद से बड़ी तादाद में लोग यहां आ रहे हैं.

    मंच से करीब आधा किलोमीटर दूर कुछ युवा ट्रैक्टर पर देशभक्ति गीत पर डांस कर रहे थे. इनका एक सुर में कहना था, 'हम बाबा टिकैत के वंशज हैं, यहां से क़ानून वापस होने तक अब लौटेंगे नहीं.'

    राकेश टिकैत से जब हमने पूछा कि अगला क़दम क्या होगा तो बहुत सीमित शब्दों में उन्होंने कहा, 'आंदोलन चलता रहेगा, सरकार से बात अब नई तरह से होगी.'

  6. किसान आंदोलन: ग़ाज़ीपुर पर इंटरनेट नहीं चल रहा, लेकिन लोगों की संख्या जुटना जारी है

  7. राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिल्ली कांग्रेस ने किया पास

    कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने रविवार शाम को एक प्रस्ताव पास करके पार्टी नेता राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाने की मांग की.

    दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष अनिल चौधरी ने इस प्रस्ताव को पेश किया जिसको सर्वसम्मति से पारित किया गया.

    तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद जून में कांग्रेस अध्यक्ष का चुनाव होना है.

    2019 में लोकसभा चुनाव में हार के बाद राहुल गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफ़ा दे दिया था जिसके बाद सोनिया गांधी कार्यवाहक अध्यक्ष का पदभार संभाल रही हैं. पार्टी का एक धड़ा काफ़ी समय से एक पूर्णकालिक अध्यक्ष की मांग कर रहा है.

  8. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनिए मोहनलाल शर्मा के साथ

  9. किसान आंदोलन: राजस्थान-हरियाणा सीमा पर शाहजहांपुर में कैसे हैं हालात

    मोहर सिंह मीणा

    बीबीसी हिंदी के लिए

    राजस्थान-हरियाणा सीमा के शाहजहांपुर पर तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान 51 दिन सेविरोध प्रदर्शन कर रहे हैं.

    यहां अभी तक किसी भी तरह की हिंसा की कोई कोई घटना नहीं हुई है और किसानों का शांतिपूर्ण आंदोलन जारी है.

    लेकिन, दिल्ली की सीमाओं के ग़ाज़ीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर हुए पूरे घटनाक्रम का असर शाहजहांपुर में देखने को मिल रहा है.

    राजस्थान-हरियाणा सीमा पर लगे हरियाणा पुलिस की बैरिकेडिंग के एक तरफ़ राजस्थान सीमा में किसान आंदोलन कर रहे हैं.

    वहीं, बीते तीन दिन से बॉर्डर पर बैरिकेडिंग के दूसरी तरफ़ हरियाणा सीमा में स्थानीय लोग और व्यापारी वर्ग एकजुट होकर बैरिकेडिंग को हटाने और हाइवे खुलवाने की मांग कर रहे हैं.

    अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक अमराराम का कहना है कि, "महात्मा गांधी के हत्यारे देशभक्ति का पाठ पढ़ा रहे हैं."

    उनका कहना है, "जो लोग अंग्रेज़ों के साथ थे और महात्मा गांधी के हत्यारे हैं. इनकी नीतियों के कारण ही देश में चार लाख किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए.”

    गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड में हुए पूरे घटनाक्रम पर अमराराम ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि, "हमारे नेता तो लाल क़िले पर गए ही नहीं और उन पर एफआईआर दर्ज की गई है."

    राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, केरल समेत कई राज्यों के किसान आंदोलन स्थल पर मौजूद हैं.

    दिल्ली सीमाओं पर किसान आंदोलन में हुए पूरे घटनाक्रम के बाद राजस्थान-हरियाणा सीमा पर भी दोनों राज्यों ने पुलिस फोर्स बढ़ा दी है.

    आंदोलनरत किसानों ने भी हरियाणा सीमा पर लगे बैरिकेडिंग से क़रीब सौ फीट दूर राजस्थान सीमा में अपना मंच आगे बढ़ा लिया है.

    किसान आंदोलन के विरोध में राजस्थान-हरियाणा सीमा पर एकजुट हो रहे लोगों के कारण भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.

  10. वायर के संस्थापक संपादक सिद्धार्थ वरदराजन के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज

    उत्तर प्रदेश के रामपुर ज़िले में पुलिस ने समाचार वेबसाइट वायर के संस्थापक संपादक सिद्धार्थ वरदराजन के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

    उन पर वायर में छपी उस स्टोरी को ट्वीट करने के लिए मामला दर्ज किया गया है जिसमें यह दावा किया गया था कि 26 जनवरी को ट्रैक्टर रैली के दौरान हुई हिंसा में मारे गए शख्स के दादा ने डॉक्टर के हवाले से अपने बेटे को गोली लगने की बात कही थी.

    सिद्धार्थ के ऊपर आईपीसी की धारा 153-बी (सार्वजनिक शांति को भंग करने) और 505(2) (उपद्रव भड़काने के लिए दिए गए बयान) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

    इससे पहले राजदीप सरदेसाई समेत पाँच अन्य वरिष्ठ पत्रकारों के ख़िलाफ़ ट्रैक्टर रैली के दौरान ग़लत ख़बर प्रसारित करने और हिंसा को बढ़ावा देने के आरोप में नोएडा पुलिस ने एफ़आईआर दर्ज किया था.

  11. फ़लस्तीनियों को 5,000 वैक्सीन डोज़ देगा इसराइल

    इसराइल के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा है कि वह फ़लस्तीनी प्रशासन को 5,000 कोरोना वायरस वैक्सीन डोज़ भेजेगा ताकि वहां के मेडिकल स्टाफ़ को टीका लगाया जा सके.

    दुनियाभर से यह मांग हो रही थी कि इसराइल को फ़लस्तीनी लोगों के वैक्सीनेशन का इंतज़ाम करना चाहिए.

    रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज ने एएफ़पी को बताया,“मैं पुष्टि करता हूं कि हम फ़लस्तीनी अथॉरिटी में मेडिकल टीमों को 5,000 वैक्सीन देने जा रहे हैं.”

    इसराइल ने अपने यहां आक्रामक रूप से कोरोना वैक्सीन लगाने का कैंपेन चलाया हुआ है. इसे बड़े स्तर पर दुनिया में सबसे तेज़ प्रति व्यक्ति वैक्सीनेशन कैंपेन माना जा रहा है.

    देश की 90 लाख की आबादी में से 30 लाख लोगों को फ़ाइज़र वैक्सीन की पहली डोज़ लगाई जा चुकी है.

    फ़लस्तीनी इलाके वेस्ट बैंक में अभी भी वैक्सीनेशन शुरू नहीं हुआ है. ये इलाका 1967 की छह दिन की जंग के बाद से इसराइली सैन्य कब्जे में है.

    वेस्ट बैंक के शहर रामल्लाह में मौजूद फ़लस्तीनी अथॉरिटी ने खुले तौर पर इसराइल से वैक्सीन की मांग नहीं की है.फ़लस्तीनी अथॉरिटी ने हालांकि चार वैक्सीन प्रोवाइडर्स के साथ इसके खरीद समझौते का ऐलान किया है. इनमें रूस की स्पुतनिक-V के साथ क़रार भी शामिल है.

    फ़लस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइज़ेशन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से मांग की है कि वह “इसराइल की ज़िम्मेदारी तय करे” और यह सुनिश्चित करे कि वह इसराइली कब्ज़े के तहत रह रहे सभी फ़लस्तीनियों को वैक्सीन मुहैया कराए.

    युनाइटेड नेशंस और जॉर्डन के किंग अब्दुल्ला द्वितीय ने भी इसराइल से कहा है कि वह वेस्ट बैंक में रह रहे 28 लाख फ़लस्तीनियों और गाज़ा में रह रहे 20 लाख फ़लस्तीनियों को वैक्सीन लगाने में मदद दे.

    हालांकि,गाज़ा पट्टी पर नियंत्रण रखने वाला इस्लामिस्ट ग्रुप हमास शायद ही वैक्सीनेशन के लिए इसराइल के साथ किसी खुलेआम सहयोग के लिए राज़ी होगा.

  12. सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी के बाद अस्पताल से मिली छुट्टी

    बीसीसीआई प्रमुख और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली को एंजियोप्लास्टी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है. हाल ही में उन्हें दिल से संबंधित परेशानियां महसूस हुई थीं.

    जनवरी के महीने में अब तक उनकी दो बार एंजियोप्लास्टी हो चुकी है.

  13. शशिकला को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया

    अन्नाद्रमुक से निष्कासित नेता वीके शशिकला को बेंगलुरु के विक्टोरिया अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. उन्हें कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.

    आय से अधिक संपत्ति रखने के मामले में उन्हें 27 जनवरी को रिहा किया गया है. उन्हें इस मामले में चार साल की सज़ा सुनाई गई थी.

  14. कम्युनिस्टों से भी पीछे ले गईं बंगाल को ममता बनर्जी – अमित शाह

    गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के हावड़ा में एक वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए कहा है, “हमारे कम्युनिस्ट भाई बंगाल को जहां छोड़ कर गए थे ममता बनर्जी ने बंगाल को उससे भी नीचे गिराने का काम किया है. ममता जी आपको बंगाल की जनता कभी माफ नहीं कर सकती."

    उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बड़ी मात्रा में तृणमूल कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी के नेता, कांग्रेस पार्टी के अच्छे नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं, ममता दीदी चुनाव आते-आते आप पीछे मुड़कर देखना आप अकेली खड़ी रह जाओगी. कोई और साथ देने वाला आपके साथ नहीं होगा.

  15. दबाव में आकर कोई समझौता नहीं करेंगे - राकेश टिकैत

    भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि वो दबाव में आकर कोई समझौता नहीं करेंगे.

    उन्होंने कहा है, “हम इस मुद्दे पर बातचीत करेंगे. प्रधानमंत्री हमारे भी हैं. हम उनकी तरफ से की गई पहल पर आभार व्यक्त करते हैं. हम इसका सम्मान करते हैं. हम चाहते हैं कि हमारे लोगों को रिहा किया जाए.”

    इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि किसान संगठन अगर बातचीत रखना चाहते हैं तो सरकार एक फोन कॉल पर उपलब्ध है. कृषि मंत्री ने जो प्रस्ताव दिया था, उस पर बातचीत के लिए सरकार अब भी तैयार है.

  16. दिल्ली पुलिस ने पत्रकार मनदीप पुनिया पर ग़ैरज़मानती धारा लगाई

    दिल्ली पुलिस ने पत्रकार मनदीप पुनिया को गिरफ्तार किया है. उनपर पुलिसकर्मी से बुरे बर्ताव और पुलिस के काम में बाधा डालने का आरोप भी दिल्ली पुलिस ने लगाया है.

    उनपर आईपीसी की धारा 186 (लोक सेवक के सार्वजनिक कार्यों के निर्वहन में बाधा), 332 ( लोक सेवक को चोट पहुंचाना), और 353 (लोक सेवक पर हमला या आपराधिक बल का इस्तेमाल करके उन्हें काम करने से रोकना) घाराएं लगाई गई हैं.

  17. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसान आंदोलन को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाई

    पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने 2 फरवरी को किसान आंदोलन को लेकर हाल में हुए घटनाक्रम पर बातचीत के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई है.

    29 जनवरी को समाचार एजेंसी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा था कि किसानों को सरकार के पास बातचीत के लिए जाना चाहिए और इस मसले को जल्द से जल्द सुलझाना चाहिए.

    उन्होंने 26 जनवरी के दिन दिल्ली में हुई हिंसा पर कहा था कि इससे आंदोलन को नुकसान पहुँचा है.

  18. गलवान घाटी में मारे गए जवानों के नाम राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज किए गए

    पिछले साल गलवान घाटी में 15 जून को हुई हिंसक झड़प में जो भारतीय जवान मारे गए थे, उनके नाम हाल ही में दिल्ली के राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर दर्ज किए गए हैं.

    भारत और चीन के जवानों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में कर्नल संतोष बाबू समेत करीब 20 जवान मारे गए थे.

  19. 26 जनवरी को लाल किले पर तिरंगे के अपमान से देश दुखी- पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान हुई हिंसा का ज़िक्र करते हुए कहा- ''दिल्ली में 26 जनवरी को तिरंगा का अपमान देख देश दुखी हुआ. हमें आने वाले वक्त को आशा से भरना है.''

    ''हमें बीते साल दिए गए संयम का परिचय देना है. और देश को आगे ले जाना है. कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में जैसे हमारी सराहना हुई वैसे ही हमारे वैक्सीनेशन की सराहना हो रही है. अब तक 30 लाख लोगों का वैक्सीनेशन हो गया है. जो अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया से भी कम वक्त में किया गया है.''

  20. ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को लेकर जल्द ही गाइडलाइन जारी होंगे- प्रकाश जावड़ेकर

    सूचना एंव प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ओटीटी पर दिखाए जाने वाले सीरियल्य और फिल्मों को लेकर कहा है कि इन्हें लेकर जल्दी ही गाइडलाइन जारी किए जाएंगे. अभी ये सेंसर बोर्ड या फिर प्रेस कौंसिल एक्ट, केबल टेलीविजन नेटवर्क (रेगूलेशन) एक्ट के तहत नहीं आती हैं.

    उन्होंने कहा, “ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कई सीरियल्स को लेकर हमें शिकायतें मिली हैं. लेकिन ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने वाली फिल्में और सीरियल्स और डिजिटल न्यूज़पेपर्स प्रेस कौंसिल एक्ट, केबल टेलीविजन नेटवर्क (रेगूलेशन) एक्ट या फिर सेंसर बोर्ड के अंतर्गत नहीं आती हैं.”

    गौरतलब है कि हाल ही में कई ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर दिखाए जाने वाली कई वेब सिरीजों पर आपत्तियाँ दर्ज हुई हैं.

    प्रकाश जावड़ेकर ने यह भी घोषणा की है कि एक फरवरी से सिनेमा हॉल अपनी पूरी क्षमता के हिसाब से चलेंगे मतलब कि जितनी सीटें हैं उन सब का इस्तेमाल किया जा सकेगा. हालांकि उन्होंने दो शो के बीच कुछ अंतराल की बात की है ताकि आने और जाने वाली भीड़ एक दम से ना हो जाए.

    इसके अलावा उन्होंने सैनिटाइजेशन और कोरोना प्रोटोकॉल के पालन करने की बात कही है.