You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

किसानों की ट्रैक्टर परेड: दिल्ली पुलिस का एलान- हिंसा करने वालों पर होगी कार्रवाई, किसान संगठन बोले- जारी रहेगा आंदोलन

दिल्ली पुलिस के मुताबिक किसानों की परेड में हुई हिंसा के दौरान 83 पुलिसकर्मी घायल हुए. किसान संगठनों ने बताया-असामाजिक तत्वों का काम. दिनभर की ज़रूरी ख़बरों से अपडेट रहने के लिए बीबीसी हिंदी के इस लाइव पेज से जुड़े रहे.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, आईटीओ पहुंचे किसानों पर छोड़े गए आंसू गैस के गोले

    गाज़ीपुर बॉर्डर की तरफ से दिल्ली की तरफ बढ़े किसान अब दिल्ली के दिल्ली के आटीओ पहुंच चुके हैं.

    आईटीओ पर मौजूद बीबीसी संवाददाता कीर्ति दुबे ने बताया है कि यहां किसानों का आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस लगातार आंसू गैस के गोले छोड़ रही है. उनका कहना है कि यहां बसों को भी नुक़सान पहुंचाया गया है.

    वो कहती हैं, “दूर से ही आंसू गैस से गोलों की आवाज़ सुनाई पड़ रही है. आईटीओ की तरफ जाने वाली सड़क को पुलिस ने बंद कर दिया है.”

    बीबीसी संवाददाता खुशहाल लाली ने जानकारी दी है कि दिल्ली के अलग-अलग बॉर्डर से किसान आगे बढ़ कर राजधानी के केंद्रीय इलाक़े में पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.

    वो बताते हैं कि किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि वो पुलिस के बताए रूट का ही पालन करते हुए उसी के अनुसार रैली निकाल रहे हैं.

    कीर्ति दुबे का कहना है कि किसान पुलिस पर पत्थर फ़ेंके जाते देखे जा सकते हैं.

    आईटीओ पर मौजूद बीबीसी संवाददाता विकास त्रिवेदी का कहना है कि पुलिस के मुख्यालय सामने लगे बैरिकेड्स को किसान आंदोलनकारी तोड़ने की रहे हैं.

    वो बताते हैं कि किसान मीडियाकर्मियों से कह रहे हैं कि ‘हम पर लाठीचार्ज कर रहे लोगों की वीडियो बनाइए. ‘

  2. किसानों और पुलिस के बीच आईटीओ में झड़प

    किसान प्रदर्शनकारी दिल्ली के मध्य आईटीओ इलाक़े तक पहुंच गए हैं.

    एएनआई समाचार एजेंसी ने बताया है कि भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस आंसू गैस के गोले छोड़ रही है.

    पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की वीडियो भी एएनआई ने साझा की हैं.

    एएनआई की एक वीडियो में नज़र आ रहा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिसकर्मी को बचा कर भीड़ से बाहर भी निकाला.

    ऐसी भी अपुष्ट ख़बरें हैं कि किसानों ने पुलिस पर पत्थर मारने की कोशिश की है.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली में कई मेट्रो स्टेशन बंद किए गए

    दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने कई मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने की जानकारी दी है.

    दिल्ली मेट्रो के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से सुरक्षा अपडेट दी गई है कि लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद है. इसके अलावा ग्रीन लाइन के सभी मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया गया है.

    ग्रीन लाइन पर बहादुरगढ़ सिटी, टिकरी बॉर्डर, टिकरी कलां, मुंडका, नांगलोई, नांगलोई रेलवे स्टेशन भी पड़ते हैं. इस रास्ते से किसान प्रदर्शनकारी दिल्ली के अंदर आने की कोशिश कर रहे हैं.

    इसके अलावा दिल्ली मेट्रो ने पश्चिमी दिल्ली के कुछ और स्टेशनों को बंद किया है- समयपुर बादली, रोहिणी सेक्टर 18/19, जहांगीरपुरी, आदर्श नगर, आज़ादपुर, मॉडल टाउन, जीटीबी नगर, विश्वविद्यालय, विधानसभा और सिविल लाइन्स.

    इंद्रप्रस्थ मेट्रो स्टेशन को भी पूरी तरह बंद कर दिया गया है. किसान प्रदर्शनकारी दिल्ली के मध्य आईटीओ तक पहुंच गए हैं. आईटीओ मेट्रो स्टेशन भी बंद कर दिया गया है.

    हालांकि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनज़र मेट्रो स्टेशन्स को 12 बजे तक ही बंद किया जाना था.

  4. दिल्ली के आईटीओ पहुंचे किसान, पुलिस ने दाग़े आंसू गैस के गोले

    बड़ी संख्या में किसान प्रदर्शनकारी दिल्ली के आईटीओ के नज़दीक पहुंच गए हैं. ये जगह इंडिया गेट के क़रीब है.

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार आईटीओ में किसानों की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं.

  5. टिकरी और सिंघु बॉर्डर पर किसानों की ट्रैक्टर परेड

  6. नांगलोई से दिल्ली की तरफ़ बढ़े किसान

    नांगलोई में बीते क़रीब एक घंटे से किसानों को इस बात का इंतज़ार था कि पुलिस उन्हें दिल्ली की तरफ़ बढ़ने का रास्ता देगी. लेकिन पुलिस ने उनसे कहा कि उन्हें रैली के तय रूट पर ही आगे बढ़ना होगा.

    नांगलोई से किसानों को दाहिने मुड़ कर लौटना था. लेकिन पुलिस के जवाब के बाद किसानों के एक समूह ने बैरिकेड्स तोड़ कर आगे बढ़ने की कोशिश की.

    वहीं मौजूद बीबीसी के सहयोगी पत्रकार समीरात्मज मिश्र ने बताया है कि "कुछ किसानों ने अपने ट्रैक्टर मोड़ दिए थे लेकिन बड़ी संख्या में किसानों ने मुड़ने की बजाय दिल्ली की तरफ़ आगे बढ़ने का फ़ैसला किया."

    "किसानों ने सड़कों के किनारे लगे लोहे के रेलिंग्स तोड़ दिए हैं और आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे हैं."

    "यहां किसानों को रोकने के लिए पुलिसबल ने सड़क पर बड़े ट्रकों को खड़ा कर दिया है. आंसू गैस के गोले छोड़ने वाले वाहनों पर भी पुलिस के जवान तैनात हैं."

  7. सिंघु बॉर्डर से आ रहे किसानों और पुलिस के बीच गहमा-गहमी का माहौल

    सिंघु बॉर्डर से आ रही ट्रैक्टर रैली को कवर कर रहे बीबीसी तेलगू सेवा के संवाददाता वेंकेट प्रसाद ने जो कुछ देखा उसका सार-

    मधुबन चौक पर सिंघु बॉर्डर की ओर से आ रहे नौजवान किसानों के समूह ने बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की जिसके जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. कम से कम पांच बार फायरिंग की आवाज़ हमारे बीबीसी संवाददाता वेंकेट प्रसाद ने सुनी.

    इसके बाद ये किसानों का पुलिस के वाहनों पर चढ़ गए और पुलिस की वॉटर कैनन की गाड़ी को काबू में कर लिया. वहीं दूसरी ओर बुज़ुर्ग किसान नौजवान किसानों को शांत करने में जुटे रहे.

    यहां किसानों और पुलिस के बीच माहौल काफ़ी गर्म है.

  8. प्रगति मैदान तक पहुंचे किसान

    समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार गाज़ीपुर बॉर्डर से चले किसान अब दिल्ली के प्रगति मैदान के पास पहुंच चुके हैं

  9. Live: अक्षरधाम के पास दिल्ली की तरफ़ बढ़ रहे किसानों को रोक रही है पुलिस

    Live: अक्षरधाम के पास दिल्ली की तरफ़ बढ़ रहे किसानों को रोक रही है पुलिस. ज़्यादा जानकारी के साथ सलमान रावी (कैमरा- बुशरा शेख़

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, मेक्सिको में कोरोना से डेढ़ लाख मौतें

    मेक्सिको में हाल के कुछ हफ़्तों में कोरोना संक्रमण में भारी वृद्धि देखने को मिली है और अब तक वहां डेढ़ लाख से ज़्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है.

    मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को 659 नई मौतों की सूचना दी, जिसके साथ ही वहां कोरोना को हो रही कुल मौतों का आंकड़ा अब 153,470 हो गया है.

    रॉयटर्स के मुताबिक़ देश में 8,521 नए मामले आने के बाद अब तक संक्रमण के कुल 17,71,740 मामले हो चुके हैं.

    सरकार का कहना है कि संक्रमित लोगों की वास्तविक संख्या पुष्ट मामलों की तुलना में ज़्यादा है. दुनिया भर में चौथी सबसे ज़्यादा मौतें मेक्सिको में हुई हैं.

    राजधानी मेक्सिको सिटी में लोग कोविड-19 से पीड़ित रिश्तेदारों के लिए ऑक्सीजन टैंक खरीदने या किराए पर लेने के लिए भी संघर्ष कर रहे हैं.

    रविवार को 67 वर्षीय राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुअल लोपेज़ ओब्रेडोर ने बताया कि वे कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं और उनके मामूली लक्षणों का इलाज किया जा रहा है. राष्ट्रपति को पहले से ही हृदय रोग और हाई बीपी की समस्या है.

    कोरोना से हो रही मौतों के सबसे अधिक 420,965 मामले केवल अमेरिका में हैं. इसके बाद ब्राज़ील में कोरोना वायरस से अब तक 217,664 और भारत में 153,470 मौतें हो चुकी हैं.

  11. टिकरी बॉर्डर से निकला ट्रैक्टर मार्च नांगलोई-नज़फ़गढ़ मोड़ पर ठहरा

    टिकरी बॉर्डर से शुरू हुए ट्रैक्टर मार्च को नांगलोई में रोक दिया गया है. टिकरी, नांगलोई से नजफ़गढ़ होते हुए इस रूट पर दिल्ली पुलिस ने किसानों को 65 किलोमीटर रास्ते पर ट्रैक्टर मार्च करने की अनुमति दी थी.बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा के मुताबिक करीब 25 किलोमीटर मार्च के बाद नांगलोई-नज़फ़गढ़ पर मार्च को रोका गया है. सिंघु बॉर्डर पर टकराव की ख़बर मिलने के बाद यह मार्च रुका है.

    दिलनवाज़ पाशा के मुताबिक नांगलोई मोड़ पर इस वक्त हज़ारों की संख्या में किसान मौजूद हैं. ट्रैक्टर के अलावा ढेरों किसान तिरंगा लिए पैदल चल रहे हैं. इस रूट पर अब तक टकराव देखने को नहीं मिला है.

    वहीं नांगलोई-नज़फ़गढ़ मोड़ पर मौजूद बीबीसी पत्रकार समीरात्मज मिश्र के मुताबिक किसान बैरिकेड तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं और पुलिस भी कार्रवाई करने के लिए तैयार है.

  12. गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार रफ़ाल ने भरी उड़ान

    गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार रफ़ाल लड़ाकू विमान का भी प्रदर्शन किया गया.

    एक रफ़ाल, दो जेगुआर और दो मिग-29 विमान एकलव्य फोर्मेशन में नज़र आए.

    फोर्मेशन का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन रोहित कटारिया ने किया.

    300 मीटर की ऊंचाई पर 780 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ़्तार वाली इस उड़ान की गूंज दूर तक सुनाई दी.

    उसके बाद एकल रफ़ाल को भी प्रदर्शित किया गया जिसने 900 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उड़ान भरी.

    शौर्य चक्र विजेता ग्रुप कैप्टन हरकिरत सिंह ने वर्टिकल चार्ली बनाते हुए रफ़ाल उड़ाया.

  13. दिल्ली के अक्षरधाम के पास मचा उपद्रव, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

  14. ब्रेकिंग न्यूज़, सिंघु बॉर्डर के पास अफरातफरी का माहौल, पुलिस से कहीं अधिक संख्या में किसान मौजूद

    सिंघु बॉर्डर पर मौजूद बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा ने बताया है कि बॉर्डर के नज़दीक संजय गांधी ट्रांसपोर्ट नगर में किसान पुलिस के बैरिकेस तोड़ कर दिल्ली की सीमा में प्रवेश कर चुके हैं और यहां चारों तरफ अफ़रातफ़री का माहौल है.

    उन्होंने बताया है कि यहां सुरक्षा के लिहाज़ से हज़ारों की संख्या में पुलिसबल मौजूद हैं लेकिन इससे भी कहीं अधिक संख्या में यहां किसान मौजूद हैं और किसानों के हौसले कम होते नहीं दख रहे.

    किसानों ने पुलिस के आंसू गैस छोड़ने वाली गाड़ियों और रैपिड एक्शन फोर्ट की गाड़ियों पर कब्ज़ा कर लिया है. यहां पुलिसबल उन्हें रोकने के लिए कुछ अधिक नहीं कर नहीं पा रही है.

    उन्होंने बताया “किसान सरकार से नाराज़ दिख रहे हैं और गुस्से में हैं. किसानों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए हैं और रिंग रोड की तरफ बढ़ रहे हैं. किसानों का कहना है कि वो पुलिस के दिए रूट के अनुसार नहीं जाएंगे बल्कि अपने तय किए रूट यानी रिंग रोड पर परेड निकालेंगे और परेड पूरी किए बिना नहीं वापिस जाएंगे.”

  15. आंसू गैस के बावजूद बड़ी संख्या में आगे बढ़ रहे किसान

    दिल्ली-गाज़ियाबाद सीमा पर मौजूद बीबीसी संवाददाता सलमान रावी के मुताबिक़ दिल्ली के अक्षरधाम इलाक़े में गाज़ियाबाद से आने वाली रोड पर किसानों की रैली पहुंच चुकी है.

    पुलिस ने किसानों पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े लेकिन इससे कोई असर पड़ता नहीं दिखा. ट्रैक्टर रैली में आए लोगों की संख्या पुलिस से कहीं ज़्यादा है. हज़ारों की तादाद में लोग पैदल, ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल पर सवार हैं और आगे की ओर बढ़ रहे हैं.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, अरक्षधाम के पास पहुंचे किसानों पर पुलिस ने छोड़े आंसू गैस

    गाज़ीपुर बॉर्डर की तरफ से दिल्ली में प्रवेश कर रहे किसानों पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े हैं. दिल्ली-नोएडा और दिल्ली-गाज़ियाबाद सड़क पर अक्षरधाम मंदिर के पास पुलिस के आंसू गैस के गोले छोड़ने की तस्वीरें सामने आई हैं. यहां पुलिस की भारी तैनाती है.

  17. उत्तर प्रदेश की झांकी में राम मंदिर का मॉडल

    गणतंत्र दिवस की परेड में उत्तर प्रदेश की झांकी में इस बार राम मंदिर का मॉडल दिखाया गया है.

    बताया गया है कि ये अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर का मॉडल है.

    झांकी के अगले हिस्से में महर्षि वाल्मिकी की प्रतिमा है जिन्हें रामायण की रचना करते दिखाया गया है.

  18. टिकरी बॉर्डर से निकली किसानों की रैली पहुंची नांगलोई

    टिकरी बॉर्डर पर मौजूद बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने कहा है कि बॉर्डर से निकली किसानों की रैली अब तक शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रही है.

    उन्होंने कहा कि रैली अब तक 20 किलोमीटर तक का सफर तय कर चुकी है और नांगलोई तक पहुंच चुकी है. किसान नारेबाज़ी कर रहे हैं और रास्ते भर में उनके खाने पीने की व्यवस्था की गई है.

    प्रशासन की तरफ से सड़क पर भारी संख्या में पुलिसबलों की तैनाती की गई है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, सिंघु बॉर्डर पर किसानों से तोड़े बैरिकेड्स

    सिंघु पर मौजूद बीबीसी संवाददाता अरविंद छाबड़ा ने ख़बर दी है कि दिल्ली हरियाणा सिंघु बॉर्डर पर किसानों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ दी है और वो दिल्ली में प्रवेश कर रहे हैं.

    उन्होंने बताया कि पुलिस ने यहां किसी तरह की क़ानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने की पूरी तैयारी की हुई है.

    उन्होंने ये भी बताया है कि पुलिस ने ताकत का इस्तेमाल करने से बच रही है, लेकिन यहां स्थिति में तनाव देखा जा रहा है.

  20. Live: टिकरी बॉर्डर से दिल्ली की तरफ ट्रैक्टरों से बढ़ रहे हैं किसान

    ज़्यादा जानकारी के साथ समीरात्मज मिश्र (कैमरा- पीयूष नागपाल)