You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

हमारे देश में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है: ट्रंप

अमेरिकी संसद में राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पारित हो गया है. ट्रंप ने एक बयान जारी कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

लाइव कवरेज

  1. इस लाइव पेज के साथ बने रहने के लिए बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों को शुक्रिया. यह लाइव पेज अब यहीं बंद होता है. आगे के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.

  2. क़ानून से बढ़कर कोई नहीं, राष्ट्रपति भी नहीं: संसद अध्यक्ष पेलोसी

    अमेरिकी संसद अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी ने राष्ट्रपति ट्रंप के ख़िलाफ़ पारित हुए महाभियोग प्रस्ताव पर अपने हस्ताक्षर कर उसे आधिकारिक रूप दे दिया है और अब इसे ऊपरी सदन सीनेट में भेजा जाएगा.

    हस्ताक्षर करने से पहले पेलोसी ने कहा, "आज सदन ने दर्शाया है कि कोई भी क़ानून से ऊपर नहीं है, अमेरिका के राष्ट्रपति भी नहीं. डोनाल्ड ट्रंप साफ़ तौर पर एक देश के लिए एक ख़तरा हैं और हमने अमेरिका के संविधान की सुरक्षा की जो शपथ ली थी आज एक बार उसका सम्मान करते हैं. और अब मैं बहुत ही दुख के साथ और भारी मन से इस देश के लिए उसके क्या मायने हैं जब राष्ट्रपति ही बग़ावत के लिए उकसाए, महाभियोग के आर्टिकल पर दस्तख़त करती हूं."

  3. हमारे देश में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं: ट्रंप

    अमेरिकी संसद में महाभियोग प्रस्ताव पारित होने के ठीक बाद राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बयान जारी किया है.

    ट्रंप के वीडियो बयान को व्हाइट हाउस के ट्विटर एकाउंट पर अपलोड किया गया है.

    बयान में ट्रंप ने कहा है, हिंसा और तोड़फोड़ के लिए हमारे देश में कोई जगह नहीं है, और ना ही हमारे आंदोलन में हिंसा के लिए कोई जगह है.

    उन्होंने पिछले हफ़्ते राजधानी वाशिंगटन में हुई हिंसा की निंदा की.

    ट्रंप ने अपने बयान में कहा, "मेरा कोई भी सच्चा समर्थक राजनीतिक हिंसा की वकालत नहीं कर सकता है. मेरा कोई सच्चा समर्थक हमारे क़ानून और हमारे महान अमेरिका के झंडे का कभी भी अपमान नहीं कर सकता है. अगर आप ऐसा कोई भी काम करत हैं तो आप हमारे आंदोलन की मदद नहीं कर रहे हैं, आप उस पर हमले कर रहे हैं और आप हमारे देश पर हमले कर रहे हैं. हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं.''

  4. 10 रिपब्लिकन सांसदों ने ट्रंप के ख़िलाफ़ वोट दिया

    अमेरिका के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पारित हो गया है.

    232 सांसदों ने महाभियोग प्रस्ताव के पक्ष में वोट डाला और 197 सांसदों ने प्रस्ताव का विरोध किया.

    लेकिन सबसे ख़ास बात यह रही कि ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के 10 सांसदों ने ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग के समर्थन में वोट डाला है.

    वो सांसद हैं- लिज़ चेनी, एडम किनज़िंगर, जॉन काटको, एंथनी गोनज़ालेज़, टॉम राइस, डैन न्यूहाउस, जेम हेरेरा ब्यूटलर, फ़्रेड उपटन, डेविड वालाडाओ और पीटर माइजर.

  5. ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव निचले सदन में पारित

  6. ट्रंप पर महाभियोग प्रस्ताव पारित

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पारित हो गया है. ट्रंप अमेरिका के इतिहास में ऐसे पहले राष्ट्रपति बन गए हैं जिनके ख़िलाफ़ एक ही कार्यकाल में दो बार महाभियोग प्रस्ताव पारित हुआ हो.

    ट्रंप पर आरोप था कि उन्होने अपने समर्थकों को संसद भवन पर हमले के लिए उकसाया था.

  7. ट्रंप: महाभियोग प्रस्ताव पर निचले सदन में वोटिंग जारी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पर अमेरिकी संसद के निचले सदन हाउस ऑफ़ रिप्रेज़ेन्टेटिव्स में वोटिंग शुरू हो गई है.

    ट्रंप पर आरोप है कि उन्होंने सरकार के ख़िलाफ़ हिंसा भड़काया.

    सदन में डेमोक्रैट्स को बहुमत हासिल है इसलिए प्रस्ताव पारित होना तय है लेकिन सबसे ख़ास बात यह देखना होगा कि ट्रंप की अपनी रिपब्लिकन पार्टी के कितने सांसद महाभियोग प्रस्ताव का समर्थन करते हैं.

  8. ट्रंप ने कहा, किसी भी तरह की हिंसा नहीं होनी चाहिए

    व्हाइट हाउस के प्रेस ऑफ़िस ने अभी-अभी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बयान जारी किया है जिसमें उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

    आज के जैसे महत्वपूर्ण दिन में ट्रंप आमतौर पर लाइव-ट्वीट कर रहे होते लेकिन ट्विटर ने उन पर पाबंदी लगा रखी है.

    ट्रंप ने अपने ताज़ा बयान में कहा है, "और अधिक प्रदर्शनों की ख़बर आने के बाद मैं आपसब से अपील करता हूं कि किसी भी हालत में कोई हिंसा नहीं होनी चाहिए, क़ानून का उल्लंघन नहीं होना चाहिए और किसी भी तरह की तोड़फोड़ नहीं होनी चाहिए.''

    ट्रंप ने आगे कहा, "मैं इसका समर्थन नहीं करता हूं और अमेरिका भी इसका समर्थन नहीं करता है. मैं सभी अमेरिकियों से अपील करता हूं कि वो तनाव को कम करने और लोगों के ग़ुस्से को शांत करने में मदद करें."

    ट्रंप का बयान ऐसे समय में आया है जब कुछ ही दूरी पर अमेरिकी संसद में उनके ख़िलाफ़ महाभियोग प्रस्ताव पर बहस हो रही है.

  9. कोरोना: पहले दिन तीन लाख स्वास्थ्यकर्मियों को 2934 केंद्रों पर वैक्सीन दी जाएगी

    भारत में 16 जनवरी से कोरोना वैक्सीन अभियान शुरू होगा. प्रधानमंत्री ने कहा है कि पहले फ़ेज़ में तीन करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जाएगी.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने कहा है कि 16 जनवरी को पहले दिन तीन लाख स्वास्थ्यकर्मियों को देश में बने अलग-अलग 2934 केंद्रों में वैक्सीन दी जाएगी.

    भारत में लोगों को दो 'मेड इन इंडिया' वैक्सीन कोविशील्ड या को-वैक्सीन दी जाएगी.

    प्रधानंत्री ने कहा है कि दूसरे फ़ेज़ में तीस करोड़ लोगों को वैक्सीन दी जाएगी और इसमें महीनों लग सकते हैं.

    दूसरे फ़ेज़ में 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को या फिर 50 साल के कम उम्र के उन लोगों को वैक्सीन दी जाएगी जो को-मॉर्बिडिटी के शिकार हैं यानी जिन्हें कोरोना के अलावा कोई और बीमारी है.

  10. अमेरिकी संसद में गृह युद्ध के बाद पहली बार सेना तैनात

    अमेरिका में हुए गृह युद्ध के बार कल रात ऐसा पहली बार हुआ जब संसद भवन में अमेरिकी सैनिकों को तैनात किया गया.

    रिपोर्ट के अनुसार किसी हिंसा की आशंका के तहत सैनिकों को संसद भवन की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है.

    नेशनल गार्ड के सैनिक पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन की एक प्रतिमा के नीचे फ़र्श पर सोते हुए देखे गए.

    लिंकन ने ही 1861 से 1865 तक चले गृह युद्ध में अमेरिका का नेतृत्व किया था. इस दौरान छह लाख 20 हज़ार से ज़्यादा अमेरिकियों की जान गई थी.

    वाशिंगटन पोस्ट अख़बार ने एक तस्वीर छापी है जिसमें सैनिकों को एक तख़्ती के नीचे सोते हुए देखा जा सकता है.

    उस तख़्ती पर लिखा है, "यह इस बात को रिकॉर्ड करता है कि राष्ट्रपति लिंकन के आह्वान पर 15 अप्रैल, 1861 को अमेरिकी सैनिक संसद भवन में तैनात किए गए थे.''

    इस तख़्ती में उन सैनिकों के सम्मान में लिखा गया है जो कि मैसाचुसेट्स, न्यूयॉर्क, पेनेसिलवेनिया और वाशिंगटन डीसी से आए थे और संसद भवन को वॉर बैरेक्स की तरह इस्तेमाल किया था.

  11. ओवैसी पहुंचे अखिलेश के लोकसभा क्षेत्र आज़मगढ़

    AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ पहुंचे. ओवैसी एक दिन के उत्तर प्रदेश के दौरे पर थे.

    सूबे में होने वाले अगले विधानसभा चुनावों से पहले ओवैसी ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के साथ गठबंधन किया है.

    उन्हें उम्मीद है कि इससे उन्हें पूर्वी उत्तर प्रदेश में मज़बूती मिलेगी.

    आज़मगढ़ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की लोकसभा सीट भी है.

  12. कोरोना वैक्सीन को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कही बड़ी बात?

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का कहना है कि किसी को भी कोरोना वैक्सीन के बारे में अफ़वाहें नहीं फैलानी चाहिए.

    CM ने बताया कि उन्होंने भारत सरकार से ये वैक्सीन मुफ़्त मुहैया कराने का आग्रह किया है.

    केजरीवाल ने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया जाता, तो दिल्ली सरकार राजधानी के लोगों को ये वैक्सीन फ़्री में उपलब्ध करवाएगी.

  13. भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच पर शोएब अख़्तर क्या बोले?

    ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरा टेस्ट ड्रॉ कराने के बाद भारतीय टीम की काफ़ी तारीफ़ हो रही है.

    पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर ने भी टीम इंडिया के जीवट खेल को लेकर तारीफ़ों के पुल बांधे.

  14. कोरोना वैक्सीन से जुड़े ज़रूरी सवालों के जवाब

    भारत में 16 जनवरी से कोविड 19 का टीकाकरण शुरू होने जा रहा है. शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि प्राथमिकता के स्तर पर पहले तीन करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और फ़्रंटलाइन वर्कर को वैक्सीन लगाई जाएगी.

    मंत्रालय ने कहा कि इसके बाद 50 से ऊपर उम्र वालों और 50 से कम उम्र वाले उन लोगों को जो कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त हैं को वैक्सीन लगाई जाएगी. भारत में ऐसे लोगों की तादात 27 करोड़ है.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह घोषणा प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में महामारी पर हुई समीक्षा बैठक के बाद की है. भारत में कोरोना वैक्सीन का दूसरा ड्राई रन शुक्रवार यानी 8 जनवरी से शुरू हो चुका है.

    इसके तहत देश के सभी जिलों में टीकाकरण का पूर्वाभ्यास कराए जाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.

  15. दिल्ली के सभी नगर निगमों ने किया पॉल्ट्री उत्पाद और चिकन बैन

    बुधवार को राजधानी दिल्ली के सभी नगर निगमों ने बर्ड फ्लू के मद्देनज़र दुकानों और रेस्टोरेंट पर पॉल्ट्री और चिकन मांस बेचने और स्टोर करने को लेकर प्रतिबंध लगा दिया है.

    आज सबसे पहले दिन में उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने ऐसा आदेश जारी किया था.

    नई दिल्ली नगर निगम के पशु चिकित्सा सेवा विभाग के इस नोटिस में कहा गया है कि अगर रेस्तरां या होटल मालिकों ने अंडा से बनने वाले व्यंजन या पॉल्ट्री मीट और अन्य उत्पाद ग्राहकों को दिये तो उन पर कार्रवाई होगी.

    आदेश के मुताबिक ये फ़ैसला जनहित में लिया गया है और इसका पूरी तरह से अनुपालन किया जाना चाहिए.

    पीटीआई न्यूज़ एजेंसी के मुताबिक़ दिल्ली के सभी नगर निगमों ने अब ये फ़ैसला किया है.

    सोमवार को कौवे और बत्तखों के सैंपल की जांच से बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है जिसके बाद दिल्ली सरकार ने बाहर से लाए गए चिकन मांस की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया.

    प्रशासन ने गाजीपुर पॉल्ट्री बाजार भी बंद करवा दिया है.

    पिछले एक हफ़्ते में संजय झील में कई बत्तखें और दिल्ली के पार्कों में कौव्वे मरे पाए गए हैं.

  16. गुजरात से LIVE: अहमदाबाद में मकर संक्रांति से पहले पतंग मार्केट में कैसा है माहौल?, ज़्यादा जानकारी के साथ बीबीसी संवाददाता सागर

  17. सिंघु बॉर्डर पर कृषि क़ानूनों की प्रतियां जलाकर किसान लोहड़ी मनाते किसान

  18. ट्रंप पर दूसरी बार महाभियोग के लिए रिपब्लिकन सांसद भी राज़ी

    पिछले सप्ताह कैपिटल हिल पर भीड़ के हमले में डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका को लेकर अमेरिका के निचले सदन में उन पर महाभियोग के लिए वोटिंग होने जा रही है.

    डेमोक्रेट्स ने राष्ट्रपति ट्रंप पर संसद पर हमला करने के लिए अपने समर्थकों को प्रोत्साहित करने का आरोप लगाया. इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी.

    वहीं, ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के सदस्यों का भी कहना है कि वे बुधवार को महाभियोग में डेमोक्रेट्स के साथ शामिल होंगे. राष्ट्रपति ट्रम्प ने हिंसा के लिए जिम्मेदारी लेने से इनकार किया है.

    नवंबर में आए चुनाव के नतीजों के ख़िलाफ़ ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में एक रैली में अपने समर्थकों से कहा था कि लड़ाई करो. इसके बाद ही पिछले बुधवार को केपिटल हिल पर ये हिंसा हुई.

  19. बीबीसी हिंदी का डिजिटल बुलेटिन 'दिनभर', सुनिए वात्सल्य राय से. 13 जनवरी 2021

  20. चीन और पाकिस्तान को लेकर भारत की चिंता क्या है?

    भारत के सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे ने कहा है कि पाकिस्तान और चीन एक साथ मिलकर भारत के लिए ख़तरा पैदा कर सकते हैं.

    सेना दिवस से पहले समग्र राष्ट्रीय सुरक्षा चुनौतियों पर मीडिया से बात करते हुए जनरल नरवणे ने कहा कि चीन और पाकिस्तान दोनों की भारत के प्रति कपटपूर्ण सोच ज़मीनी स्तर पर नज़र आ रही है.

    उनका कहना था, ''पाकिस्तान और चीन मिलकर गंभीर ख़तरा बने हुए है उनकी कपटपूर्ण सोच से होने वाले ख़तरे को अनदेखा नहीं किया जा सकता है."

    सेना प्रमुख ने कहा कि भारत को दो मोर्चों पर ख़तरे के परिदृश्य से निपटने के लिए तैयार रहना होगा. उन्होंने कहा कि चीन और पाकिस्तान के बीच सैन्य और असैन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है.