चीन में मिला कोरोना वायरस के नए वैरिएंट का पहला मामला

चीन में कोरोना वायरस के नए वैरिएंट का पहला मामला सामने आया है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि कोरोना वायरस का यह नया वैरिएंट पहले की तुलना में 40-70 फ़ीसदी अधिक तेज़ी से फैलने वाला है.

लाइव कवरेज

  1. नए साल से पहले इन-इन राज्यों ने लगाया कर्फ़्यू

    न्यू ईयर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, 1 जनवरी 2020 को मुंबई के गेटवे ऑफ़ इंडिया की आतिशबाज़ी

    कई राज्यों ने कोरोना महामारी के चलते न्यू ईयर से पहले कुछ फ़ैसले किये हैं जिसमें भीड़ पर प्रतिबंध और रात में कर्फ्यू लगाया जाना शामिल है.

    दिल्ली में 31 दिसंबर के रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक किसी सार्वजनिक जगह पर कोई सेलिब्रेशन इवेंट या सभा-समारोह नहीं हो सकता. फिर 1 जनवरी की रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक भी यही नियम होगा.

    मुंबई में भी कुछ इसी तरह का प्रतिबंध है. मुंबई पुलिस ने कहा है कि अपने रिश्तेदारों या दोस्तों के घर जाने या सार्वजनिक जगह पर अधिकतम चार लोगों के इकट्ठा होने की इजाज़त है. फ़ेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य रहेगा और लोगों पर ड्रोन के ज़रिए नज़र रखी जाएगी.

    बेंगलुरू में 31 दिसंबर की दोपहर से ही भीड़ पर प्रतिबंध का नियम लागू कर दिया जाएगा.

    चेन्नई में बीच बंद कर दिए गए हैं. होटल और बार आज रात 10 बजे बंद हो जाएंगे. चेन्नई में नियमों को लागू करने के लिए 10 हज़ार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं.

    पश्चिम बंगाल ने नाइट कर्फ्यू जैसे नियमों को ग़ैर-ज़रूरी बताया है और लोगों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से नए साल को मनाएं और सावधानी बरतें.

  2. नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने कहा, वो प्रचंड से थक चुके हैं

    केपी शर्मा ओली

    इमेज स्रोत, Getty Images

    नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने बुधवार को कहा कि वो विरोधी गुट के नेता पुष्प कमल दहल 'प्रचंड' के साथ समझौते कर थक चुके हैं.

    काठमांडू में अपने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ओली ने विरोधी गुट के नेताओं की निंदा करते हुए कहा वे उन्हें पार्टी और सरकार चलाने में सहयोग नहीं करते.

    उन्होंने प्रचंड पर कई समझौते तोड़ने का आरोप लगाया जो उन दोनों के बीच सत्तारूढ़ पार्टी नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी की एकता बनाए रखने के लिए हुए थे.

    उन्होंने कहा, “प्रचंडजी नेपाली कांग्रेस के साथ सरकार बनाने की बातें कर रहे थे और उसी वक़्त मेरे साथ भी मोलभाव कर रहे थे जबकि हम चुनावी गठबंधन बना कर ही जीते थे. अब मैं दहल के साथ समझौते करके थक चुका हूं.”

    नेपाल में राजनीतिक संकट गहरा गया जब ओली ने 20 दिसंबर को लोकसभा भंग करने का फ़ैसला किया.

    उनके सुझाव पर राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी ने उसी दिन लोकसभा भंग कर नए चुनाव का एलान कर दिया जिसका विरोध सत्तारूढ़ पार्टी के भीतर भी हुआ.

  3. श्रीनगर एनकाउंटर में तीन की मौत, परिजनों का दावा चरमपंथी नहीं थे

    सुरक्षाबल

    इमेज स्रोत, EPA

    जम्मू-कश्मीर पुलिस ने दावा किया है कि बुधवार को श्रीनगर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में तीन चरमपंथी मारे गए हैं. पुलिस का कहना है कि तीनों श्रीनगर-बारामुला हाइवे पर बड़ी कार्रवाई की योजना बना रहे थे.

    इस मामले में नया मोड़ तब आ गया जब मारे गए कथित चरमपंथियों के परिजनों ने दावा किया कि वे पिछली शाम तक घर पर थे और उनका नाम चरमपंथियों की सूची में नहीं था.

    जम्मू-कश्मीर पुलिस का कहना है कि शोपियां के ज़ुबैर अहमद और पुलवामा के एजाज़ अहमद गनाई और अतहर मुश्ताक़ ‘चरमपंथी’ थे.

    हालांकि, इंडियन एक्सप्रेस अख़बार से आईजीपी कश्मीर विजय कुमार ने कहा है कि वे चरमपंथियों की सूची में शामिल नहीं थे.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में एक दिन में संक्रमण के 21,821 नए मामले

    महिला

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 21,821 नए मामले पाए गए हैं. भारत में अब कुल संक्रमण के मामलों की संख्या 1 करोड़ 2 लाख से अधिक हो चुकी है.

    इसके अलावा एक दिन में भारत में 299 लोगों की मौत हुई है. इस बीमारी के कारण देश में मौत का आंकड़ा 1,48,738 हो चुका है.

    हालांकि, इस बीमारी से बीते 24 घंटों में 26,139 लोग ठीक भी हुए हैं.

  5. Cover Story: ऑक्सफ़ोर्ड वैक्सीन को मंज़ूरी मिलने से भारत का क्या फ़ायदा?

  6. कौन कर रहा है पंजाब के किसानों की मेहमाननवाज़ी

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, दिल्ली में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को लगेगा नाइट कर्फ़्यू

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) ने आज 31 दिसंबर और 1 जनवरी को नाइट कर्फ़्यू लगाने की घोषणा की है.

    डीडीएमए ने बयान जारी किया है कि 31 दिसंबर को रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक यह कर्फ़्यू जारी रहेगा. वहीं, 1 जनवरी को भी रात 11 बजे से 2 जनवरी की सुबह 6 बजे तक यह लागू रहेगा.

    इस दौरान सार्वजनिक जगहों पर पांच लोगों से अधिक के जुटने पर रोक होगी और सार्वजनिक जगहों पर नए साल का जश्न नहीं मनाया जा सकेगा.

    डीडीएमए ने इसकी वजह कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन को बताया है क्योंकि भीड़ के कारण इसके अधिक फैलने की आशंका है.

  8. कोरोना की किस वैक्सीन को भारत में जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद

    University of Oxford HO

    इमेज स्रोत, University of Oxford HO

    ब्रिटेन ने बुधवार को ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के आपातकालीन इस्तेमाल को मंज़ूरी दे दी, जिसके बाद भारत में भी इस वैक्सीन को मंज़ूरी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.

    भारत का सीरम इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंडिया इस वैक्सीन (कोविशील्ड) का उत्पादन कर रहा है और उसने शुरू में ही 50% वैक्सीन भारत को देने का वादा किया था.

    ब्रिटेन पहला देश है जिसने ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी दी है.

    उम्मीद की जा रही है कि ब्रिटेन की सरकार के इस निर्णय के बाद भारतीय दवा नियामक भी इस पर कोई निर्णय ले सकता है.

    द टाइम्स ऑफ़ इंडिया अख़बार की रिपोर्ट के अनुसार, सेंट्रल ड्रग्स स्टेंडर्ड कंट्रोल ऑर्गनाइज़ेशन (सीडीएससीओ) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी (एसईसी) ने इस संबंध में बुधवार को एक बैठक की. इस बैठक में कमेटी के सदस्यों ने वैक्सीन से संबंधित कुछ और डेटा माँगा है जिसकी वजह से इस वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी मिलने में कुछ और वक़्त लग सकता है.

    सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया को यह डेटा उपलब्ध कराना है जिसके ज़रिए कमेटी इस बात की समीक्षा करेगी कि वैक्सीन कितनी कारगर और सुरक्षित है.

    एसईसी की अगली बैठक शुक्रवार (1 जनवरी) को होने वाली है और यह उम्मीद की जा रही है कि जनवरी के शुरुआती हफ़्तों में ही इस वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी मिल सकती है.

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की इस वैक्सीन को ‘वैक्सीन फ़ॉर द वर्ल्ड’ भी कहा जा रहा है क्योंकि यह सस्ती है और इस वैक्सीन की देखरेख, फ़ाइज़र और मॉडर्ना की वैक्सीन की तुलना में आसान है.

    ब्रिटेन ने 2 दिसंबर को फ़ाइज़र-बायोएनटेक द्वारा विकसित वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी दी थी. तब ब्रिटेन पहला देश था जिसने किसी कोविड वैक्सीन को मंज़ूरी दी थी. उसके बाद 18 दिसंबर को अमेरिका ने मॉडर्ना की वैक्सीन को मंज़ूरी दी.

    ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी मिलने पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने भी ख़ुशी ज़ाहिर की है. उन्होंने कहा है कि यह ब्रिटेन के वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धी है.

    ब्रिटेन में कोरोना के केस एक बार फिर तेज़ी से बढ़ रहे हैं. साथ ही कोरोना के नये वैरिएंट को लेकर भी दुनिया भर में चिंता बढ़ी है, जिसकी पहचान पहले ब्रिटेन में ही की गई.

    ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी मिलने के बाद, ब्रिटेन की सरकार ने यह उम्मीद जताई है कि इससे उनके वैक्सीन प्रोग्राम को तेज़ी मिलेगी.

    वैक्सीन

    इमेज स्रोत, Reuters

    वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने इसे भारत के लिए भी उतनी ही बड़ी ख़बर बताया है. उन्होंने कहा है कि यह वाकई एक महत्वपूर्ण प्रगति है और उन्हें भारतीय नियामकों से इस वैक्सीन के इस्तेमाल की मंज़ूरी मिलने का इंतज़ार है.

    गावी और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंडिया के बीच हुए समझौते के तहत भारत को ऑक्सफ़ोर्ड-एस्ट्राजेनेका की वैक्सीन के 100 मिलियन डोज़ मिलने हैं. लेकिन इस वैक्सीन को अभी मंज़ूरी मिलने का इंतज़ार करना होगा.

    फ़ाइज़र-बायोएनटेक और भारत बायोटेक (कोवैक्सिन) भी अपनी वैक्सीन के इस्तेमाल को मंज़ूरी दिलाने के लिए भारतीय नियामक के समक्ष आवेदन कर चुके हैं. भारत सरकार इन दोनों टीकों के इस्तेमाल को मंज़ूरी देने पर भी विचार कर रही है.

    भारत सरकार का लक्ष्य है कि वो अगले वर्ष जुलाई तक कम से कम 300 मिलियन लोगों को कोविड वैक्सीन लगाना चाहती है.

  9. शाहीन बाग़ में गोली चलाने वाले कपिल गुर्जर की सदस्यता बीजेपी ने रद्द की

    शाहीन बाग़ में सीएए के ख़िलाफ़ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर गोली चलाने के आरोपी कपिल गुर्जर को बीजेपी ने पार्टी में शामिल करने के बाद उनकी सदस्यता को रद्द कर दिया है.

    पार्टी के सदस्यों ने दलील दी है कि उन्हें कपिल के बैकग्राउंड का पता नहीं था.

    बुधवार को उत्तर प्रदेश के ग़ाज़ियाबाद में जब कपिल गुर्जर ने पार्टी की सदस्यता ली, तो आम आदमी पार्टी ने बीजेपी के इस निर्णय की ओर लोगों का ध्यान आकर्षित किया.

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    दरअसल, जब कपिल गुर्जर ने शाहीन बाग़ में खुलेआम गोलीबारी की थी, तब बीजेपी ने उन्हें 'आम आदमी पार्टी का आदमी' बताया था.

    बहरहाल, कपिल के बीजेपी में शामिल होने की ख़बर ने जब तूल पकड़ी, तो बीजेपी के ग़ाज़ियाबाद ज़िला संयोजक संजीव शर्मा ने एक प्रेस नोट जारी करते हुए कहा कि उन्हें कपिल के शाहीन बाग़ मामले में शामिल होने के बारे में पता नहीं था.

    उन्होंने नोट में लिखा, “महानगर कार्यालय में आज बसपा के कुछ लोगों को पार्टी से जोड़ा गया. इसी भीड़ में कपिल गुर्जर भी थे. शाहीन बाग़ मामले में उनकी भागीदारी के बारे में हमें मालूम नहीं था. पार्टी को जब इसका पता चला तब हमने उनकी सदस्यता रद्द कर दी.”

  10. सरकार ने बढ़ाई इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फ़ाइल करने की तारीख़

    AFP/GETTY IMAGES

    इमेज स्रोत, AFP/GETTY IMAGES

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    केंद्र सरकार ने इनकम टैक्स रिटर्न भरने की समय-सीमा को बढ़ाकर 10 जनवरी कर दिया है.

    इससे पूर्व वित्त वर्ष 2019-20 का आईटीआर भरने की समय सीमा 31 दिसंबर थी. एक अधिकारी के हवाले से हिंदुस्तान टाइम्स अख़बार ने लिखा है कि यह तीसरा मौक़ा है जब आयकरदाताओं को राहत देने के लिए आईटीआर भरने की समय-सीमा को बढ़ाया गया है.

    सबसे पहले आयकर रिटर्न भरने के लिए तय तारीख़ 31 जुलाई थी.

    इसके बाद इसे आगे बढ़ाकर पहले 30 नवंबर किया गया और फिर 31 दिसंबर.

    अब 31 दिसंबर की समय-सीमा पूरी होने से पहले इसे फिर आगे बढ़ा दिया गया है.

  11. नमस्कार!

    ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. बुधवार की मुख्य ख़बरें पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें.