You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

IND Vs AUS: दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन का खेल शुरू हो गया है. यह मैच मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेला जा रहा है.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस वैक्सीन लोगों तक पहुंचाने का ड्राई रन

    कोरोना वायरस वैक्सीन देने की पूरी प्रक्रिया का दो दिवसीय कृत्रिम पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) सोमवार से चार राज्यों मे शुरू हो रहा है.

    यह ड्राई रन आंध्र प्रदेश, पंजाब, गुजरात और असम के कुछ चुनिंदा ज़िलों में हो रहा है. इसका उद्देश्य वैक्सीन देने के बाद उभरे हालातों से निपटना, डिलिवरी के साथ-साथ कोल्ड स्टोरोज में उसके रख-रखाव और उसे एक जगह से दूसरी जगह लेकर जाने की जांच करना है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, चारों राज्य इस ड्राई रन के परिणामों को केंद्र के साथ साझा करेंगे. सरकार योजना बना रही है कि वह पहले चरण में देश के 30 करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन देगी. इसे भारत के इतिहास में सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान माना जा रहा है.

    ड्राई रन के दौरान चार मुख्य चरण होंगे.

    पहले चरण में हर ज़िले में 100 लाभकर्ताओं को कृत्रिम वैक्सीन नज़दीकी डिपो से लाकर दी जाएगी.

    डिपो से टीकाकरण स्थल तक वैक्सीन के आने के दौरान उसका तापमान लिया जाएगा.

    लाभकर्ताओं को पहले ही उनका नाम, टीकाकरण करने वाले का नाम और टीकाकरण का समय एसएमएस कर दिया जाएगा.

    हर लाभकर्ता को वैक्सीन दिए जाने के बाद 30 मिनट तक रुकना होगा. अगर कुछ ग़लत हालात बनते हैं तो फिर केंद्रीय सर्वर से संपर्क किया जाएगा.

  2. भारत की पहली ड्राइवरलेस ट्रेन का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को दिल्ली मेट्रो की मेजेंटा लाइन पर भारत की पहली बिना ड्राइवर के ट्रेन संचालन तकनीक का उद्घाटन किया.

    जनकपुरी वेस्ट और बोटेनिकल गार्डन को जोड़ने वाली यह लाइन एयपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के साथ नेशनल कॉमन मॉबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) सेवाओं के साथ संचालन करेगी.

    मेजेंटा लाइन दिल्ली में जनकपुरी वेस्ट और नोएडा में बोटेनिकल गार्डन को जोड़ती है. इसी लाइन पर पहली ड्राइवरलेस ट्रेन तकनीक शुरू हो रही है. इस तकनीक को 2021 के मध्य तक पिंक लाइन (मजलिस पार्क-शिव विहार) पर भी शुरू करने की योजना है.

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन के बाद कहा कि यह दिखाता है कि भारत कितना तेज़ी से तकनीक में आगे बढ़ रहा है.

    उन्होंने कहा, “दिल्ली में पहली मेट्रो अटल जी के प्रयासों से चली. साल 2014 में जब हमारी सरकार बनी उस समय सिर्फ़ 5 शहरों में मेट्रो रेल थी. आज 18 शहरों में मेट्रो रेल की सेवा है. 2025 तक हम इसे 25 शहरों में विस्तार देना चाहते हैं.यह सिर्फ़ ईंट, कंक्रीट से बने इन्फ़्रास्ट्रक्चर नहीं हैं बल्कि मध्यम वर्ग की आकांक्षाओं के प्रतीक हैं.”

    पिंक लाइन पर यह तकनीक शुरू होने के बाद पूरी दिल्ली मेट्रो में ड्राइवरलेस नेटवर्क तक़रीबन 94 किलोमीटर का हो जाएगा. हालांकि, यह दिल्ली मेट्रो के कुल नेटवर्क का सिर्फ़ 9 फ़ीसदी ही होगा.

    इसकी शुरुआत होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) दुनिया के मेट्रो नेटवर्क के उस 7 फ़ीसदी शीर्ष लीग में शामिल हो जाएगा जहां पर मेट्रो बिना ड्राइवरों के चलती है.

    ड्राइवरलेस ट्रेन तकनीक का एक मापदंड होता है जिसे ग्रेड्स ऑफ़ ऑटोमेशन (जीओए) कहते हैं.

    जीओए 1 तकनीक में एक ड्राइवर ट्रेन चलाता है. जीओए 2 और जीओए 3 में ड्राइवर की भूमिका सिर्फ़ दरवाज़ों को खोलने और आपातकालीन परिस्थितियों में ट्रेन चलाने की होती है जबकि ट्रेन का चलना और रुकना ऑटोमैटिक होता है. जीओए 4 में पूरी ट्रेन अपने आप चलती है.

    डीएमआरसी के पास 2017 से यह तकनीक मौजूद है लेकिन इसे शुरू करने से पहले उसने कड़े परीक्षण किए हैं. इसकी शुरुआत मई 2020 से होनी थी लेकिन कोविड-19 लॉकडाउन के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था.

  3. संजय राउत की पत्नी को पीएमसी बैंक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी का नोटिस

    शिव सेना सांसद संजय राउत की पत्नी वर्षा राउत को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नोटिस जारी करते हुए उन्हें 29 दिसंबर को पीएमसी बैंक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए बुलाया है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, ईडी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में केंद्रीय एजेंसी के सामने हाज़िर होने के लिए वर्षा राउत को तीसरा नोटिस जारी किया गया है. इससे पहले दो नोटिस पर वह स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए नहीं पहुंची थीं.

    उनको समन मनी लॉन्ड्रिंग क़ानून के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है.

    आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी वर्षा राउत से उन पैसों से जुड़ी ‘रसीदों’ पर सवाल करना चाहती है जो कथित तौर पर बैंक से पैसों का गबन करने के लिए इस्तेमाल हुई थीं.

  4. अमित शाह से आज मिल सकते हैं सौरव गांगुली

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए

    बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गागुंली के रविवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ से मुलाक़ात की. जिसके बाद उनके बीजेपी में शामिल होने के कयास तेज़ हो रहे हैं.

    सौरव की सोमवार को दिल्ली में अमित शाह से मुलाक़ात की भी संभावना है. राज्यपाल के साथ उनकी बैठक दो घंटे तक चली थी. हालांकि सौरव ने इसे सद्भावना मुलाक़ात बताते हुए कहा है कि वो राज्पाल को ईडन गार्डन देखने का न्योता देने गए थे. बीजेपी या टीएमसी ने इस मुलाक़ात या कयासों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल में शांतिनिकेतन में एक रोड शो आयोजित कर टीएमसी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे. अब ममता बनर्जी 29 दिसंबर को वहां रैली करेंगी. वो आज ही बोलपुर जा रही हैं.

    अमर्त्य सेन के कथित अपमान का मुद्दा

    विश्वभारती विश्वविद्यालय की ओर से नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन के कथित अपमान का मुद्दा ज़ोर पकड़ रहा है. कोलकाता में इस मुद्दे पर बुद्धिजीवियों ने रविवार को एक रैली भी निकाली.

    ममता भी सेन के ख़िलाफ़ लगे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे सेन का अपमान क़रार दे चुकी हैं.

    उन्होंने सेन को एक पत्र भी भेजा है. ध्यान रहे कि प्रबंधन ने सेन और उनके पुरखों पर अवैध रूप से विश्वविद्यालय की ज़मीन पर क़ब्ज़ा करने का आरोप लगाया है.

    ममता इसे केंद्र बनाम राज्य की लड़ाई बनाने पर आमादा हैं. सेन ने भी इन आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.

  5. नेपाल मामले में चीन सक्रिय लेकिन भारत क्या कर रहा है?

    नेपाल में प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की संसद को भंग करने की सिफ़ारिश के बाद चीन की कम्युनिस्ट पार्टी ने अपने एक वरिष्ठ नेता को काठमांडू भेजा है.

    वहीं, नेपाल के शीर्ष नेतृत्व का भारत को लेकर स्वभाव सिर्फ़ सात महीनों में पूरी तरह बदला हुआ बताया जा रहा है. भारत पर क्षेत्रीय प्रभुत्व का आरोप लगाने वाले प्रधानमंत्री केपी ओली ने भारत को लेकर अपने सुर नरम किए थे और इस साल के आख़िर में शीर्ष स्तर के दौरे शुरू हो चुके थे.

    लेकिन अब तस्वीर कुछ और नज़र आ रही है. ओली के विरोधी और संयुक्त नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी के पुष्प कमल दहाल उर्फ़ प्रचंड जो कभी भारत के समर्थक देखे जाते थे वो अब नेपाल के राजनीतिक संकट में चीन की भूमिका को लेकर ख़ामोश हैं.

    दूसरी ओर चीन जो आंतरिक राजनीति से ख़ुद को दूर रखता आया था वह अब वर्तमान संकट में अपने हाथ डाल रहा है. वहीं भारत जिस पर इस हिमालय क्षेत्र में अस्थिरता पैदा करने का आरोप लगता था वह अलग हटकर सिर्फ़ स्थिति पर नज़र बनाए हुए है.

    द हिंदूअख़बार के मुताबिक़, पिछले सप्ताह प्रधानमंत्री ओली से मुलाक़ात के बाद काठमांडू में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने दिल्ली की यात्रा की थी. ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि वो नेपाली प्रधानमंत्री का भारतीय प्रधानमंत्री मोदी के लिए संदेश लेकर आए थे, जिसमें उन्होंने संसद भंग करने के फ़ैसले के कारण बताए थे..

    हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय कह चुका है कि यह ‘नेपाल का आंतरिक मामला है और उसे लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के तहत इसका फ़ैसला करना चाहिए.’

    इसी संदर्भ में चीन की नेपाल में राजदूत होऊ यांकी ने प्रचंड-माधव नेपाल धड़े के साथ-साथ राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी से मुलाक़ात की है. इसके बाद चीन ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अंतरराष्ट्रीय विभाग के उप-मंत्री गुओ येझू को काठमांडू रवाना किया था.

    गुओ ने आख़िरी बार 2018 में लेफ़्ट गठबंधन की जीत और ओली (संयुक्त मार्क्सवादी लेनिनवादी) और प्रचंड की (कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल माओवादी) पार्टियों के एकीकरण से पहले चीन का दौरा किया था.

    भारत और चीन के बीच मई में नक़्शे विवाद के बाद ओली ने भारत के साथ संबंध सामान्य करने की कोशिशें की हैं. भारत ख़तरे का अंदाज़ा लगा रहा है कि अगर ओली पार्टी का नियंत्रण खोते हैं तो वो शक्ति का संतुलन कितना बरक़रार रखेंगे.

  6. जेपी नड्डा ने राहुल गांधी का बिचौलियों पर पुराना वीडियो किया ट्वीट

    बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर किसान आंदोलन के ज़रिए राजनीति करने का आरोप लगाया.

    उन्होंने लोकसभा में साल 2015 में राहुल गांधी के एक भाषण का हवाला दिया जिसमें वो कृषि में बिचौलियों के मुद्दे पर बोल रहे थे.

    नड्डा ने कांग्रेस नेता का पुराना वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा कि जिसकी पहले वो वकालत कर रहे थे, अब उसका ही विरोध कर रहे हैं.

    बीजेपी अध्यक्ष ने ट्वीट में लिखा, “देश हित, किसान हित से आपका कुछलेना-देना नहीं है. आपको सिर्फ़ राजनीति करनी है. लेकिन आपका दुर्भाग्य है कि अब आपका पाखंड नहीं चलेगा. देश की जनता और किसान आपका दोहरा चरित्र जान चुके हैं.”

    लोकसभा में दिए भाषण में अमेठी से तत्कालीन सांसद राहुल गांधी कह रहे हैं कि किसानों ने आकर उनसे कहा था कि वे 2 रुपये किलो आलू बेचते हैं और उनके बच्चों को 10 रुपये में चिप्स का पैकेट ख़रीदना पड़ता है, अगर वह कंपनियों को सीधा आलू बेचें तो बिचौलिए उनका पैसा लेकर नहीं जा सकते और उनको पूरी क़ीमत मिलेगी.

    केंद्र के तीन कृषि क़ानूनों के ख़िलाफ़ किसानों के प्रदर्शनों का कांग्रेस पार्टी समर्थन कर रही है.

  7. नमस्कार! ये बीबीसी हिंदी का लाइव पन्ना है जहाँ हम आपको दिनभर की बड़ी ख़बरें और ज़रूरी लाइव अपडेट देंगे. रविवार की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.