नाइजीरिया हमला: कम से कम 43 खेतिहर मज़दूरों की मौत - आज की बड़ी ख़बरें

नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने इस हमले को ‘पागलपन’ करार दिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने धान के खेतों में काम कर रहे खेतिहर मज़दूरों को बांधकर उनके गले काट दिये.

लाइव कवरेज

  1. नाइजीरिया हमला: कम से कम 43 खेतिहर मज़दूरों की मौत

    BORNO STATE GOVERNMENT

    इमेज स्रोत, BORNO STATE GOVERNMENT

    उत्तर-पूर्व नाइजीरिया में शनिवार को हुए एक हमले में कम से कम 43 लोगों की मौत की ख़बर है.

    नाइजीरिया के राष्ट्रपति ने इस हमले को ‘पागलपन’ करार दिया है.

    मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमलावरों ने धान के खेतों में काम कर रहे खेतिहर मज़दूरों को बांधकर उनके गले काट दिये.

    यह हमला बोर्नो राज्य की राजधानी मेडूगुरी के नज़दीक हुआ. इस इलाक़े में बोको हरम और इस्लामिक स्टेट पश्चिम अफ़्रीका से संबंधित चरमपंथी सक्रिय हैं.

    इस हमले को, बीते कुछ महीनों में हुए हमलों में ‘सबसे वीभत्स हमला’ कहा जा रहा है.

    अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.

    BORNO STATE GOVERNMENT

    इमेज स्रोत, BORNO STATE GOVERNMENT

    राष्ट्रपति मोहम्मदू बुहारी ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि “मेहनतकश मज़दूरों पर हुए इस हमले की जितनी निंदा की जाये, उतनी कम है. पूरा देश इन शर्मनाक हत्याओं से आहत है.”

    समाचार एजेंसी एएफ़पी ने कुछ चश्मदीदों के हवाले से लिखा है कि “हमें अब तक 43 शव मिले हैं. सभी की चीरकर हत्या की गई है. छह लोग ऐसे भी हैं जिनके शवों पर गंभीर ज़ख्म हैं.” बताया गया है कि कुछ मज़दूर अब भी ग़ायब हैं.

    एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार, मारे गये मज़दूर नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी राज्य सोकोतो से वास्ता रखते थे. ये सभी क़रीब एक हज़ार किलोमीटर दूर, उत्तर-पूर्व में स्थित बोर्नो राज्य में रोज़गार की तलाश में आये थे.

  2. कश्मीर समस्या का हल चुनावों से नहीं निकलेगा: महबूबा मुफ़्ती

    Twitter/@jkpdp

    इमेज स्रोत, Twitter/@jkpdp

    अनुच्छेद-370 हटाये जाने के बाद जम्मू और कश्मीर में हो रहे पहले चुनावों के मौक़े पर रविवार को राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ़्ती ने कहा है कि चुनाव कराने से कश्मीर समस्या का समाधान नहीं होगा.

    उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र 2019का अपना फ़ैसला वापस नहीं लेता और पाकिस्तान के साथ बातचीत नहीं की जाती, तब तक यह समस्या बनी रहेगी.

    पीडीपी की चीफ़ मुफ़्ती ने कहा, “जब तक (पाकिस्तान के साथ) कश्मीर मसले को सुलझाया नहीं जाता, तब तक (घाटी में) समस्या बनी रहेगी. यह समस्या तब तक हल नहीं होगी, जब तक कि अनुच्छेद-370को बहाल नहीं किया जाता. मंत्री आएंगे और जाएंगे. महज़ चुनाव कराने से समस्या का समाधान नहीं होगा.”

    हालांकि, उन्होंने ख़ुशी जताई कि लोग पाकिस्तान के साथ संवाद की ज़रूरत को ज़ाहिर करने में आगे आ रहे हैं.

  3. किसान आंदोलन में एक्टर दीप सिद्धु क्यों शामिल हुए?

    किसानों के प्रदर्शन पंजाबी फ़िल्मों के अभिनेता दीप सिद्धु भी बढ़ चढ़कर शामिल हो रहे हैं.

    उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो एक पुलिस अधिकारी के साथ अंग्रेज़ी में बहस करते हुए दिख रहे हैं.

    इस साल सितंबर में जब नरेंद्र मोदी सरकार ने कृषि कानूनों को पास किया तभी से दीप सिद्धु इन कानूनों का जोरदार विरोध कर रहे हैं.

  4. सरकार से बातचीत पर किसान नेता क्या बोले?

    दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर लगातार किसान आंदोलन जारी है.

    सरकार ने किसानों को दिल्ली स्थित बुराड़ी के मैदान में इकट्ठा होने की बात कही है. लेकिन कई किसान अभी भी बॉर्डर पर ही बने हुए हैं.

    किसानों के बीच रविवार को एक अहम बैठक हुई जिसमें उन्होंने तय किया कि वो बुराड़ी के मैदान में नहीं जाएंगे.

  5. किसान आंदोलन पर अमित शाह के साथ हुई बैठक में क्या हुआ?

    किसानों के आंदोलन पर केंद्र सरकार ने अपनी ओर से बातचीत की पेशकश की है.

    गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदर्शनकारी किसानों को बुराड़ी के मैदान में इकट्ठा होने के लिए कहा है.

    अमित शाह के साथ बैठक में बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के पूर्व मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी भी मौजूद थे. देखिए उनके साथ बीबीसी संवाददाता खुशहाल लाली की यह बातचीत...

  6. ओवैसी लिस्ट दें, रोहिंग्याओं पर मैं कार्रवाई करता हूँ: अमित शाह

    छोड़िए X पोस्ट, 1
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 1

    बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह और एआईएमआईएम के चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी के बीच रविवार को ज़ुबानी जंग हुई.

    हैदराबाद निकाय चुनाव में यह मुद्दा अब तक लगातार गरमाया हुआ है.

    रविवार को जब पत्रकारों ने गृह मंत्री से पूछा कि "ओवैसी तो कहते हैं कि रोहिंग्या अगर हैदराबाद में हैं, तो गृह मंत्री क्या सोये हुए हैं? वो कार्रवाई क्यों नहीं करते?"

    इसके जवाब में गृह अमित शाह ने कहा, "मैं जब कार्रवाई करता हूँ तो हाय-तौबा करते हैं संसद में, सबने देखा ही है. कितनी बड़ी आवाज़ में रोते हैं, यह देखा ही आपने. एक बार ये ज़रा लिखकर दे दें कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या मुसलमानों को निकालना है, तो बाद में मैं करता हूँ. लिखकर देने के लिए बोलिये उनको. सिर्फ़ चुनाव में बात करने से नहीं होता है."

    ओवैसी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, "जब संसद में इन्हें निकालने के लिए बहस होती है, तो कौन इनका पक्ष लेता है. देश की जनता जानती है, सब ने टीवी पर लाइव देखा है."

    इसके जवाब में असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "यह बीजेपी का दावा था कि हैदराबाद में तीस हज़ार रोहिंग्या शरणार्थी ग़ैर-क़ानूनी ढंग से रहते हैं जो यहाँ के वोटर बन चुके हैं. इसके जवाब में मैंने कहा था कि वो सिर्फ़ एक हज़ार ऐसे लोगों के नाम दें और मैंने पूछा था कि अगर ऐसा हुआ तो क्या गृह मंत्री सो रहे थे? उन्होंने उनके नाम क्यों नहीं हटवा दिये? उन्हें क्या चीज़ रोक रही है?"

    छोड़िए X पोस्ट, 2
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त, 2

  7. चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगही का नेपाल दौरा क्यों ख़ास है?

    BBC NEPALI

    इमेज स्रोत, BBC NEPALI

    चीन के रक्षा मंत्री जनरल वेई फेंगही रविवार को नेपाल की यात्रा पर पहुँचे हैं. बताया गया है कि इस यात्रा के दौरान वे नेपाल के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे.

    चीन के विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि अपनी एक दिन की यात्रा के दौरान स्टेट काउंसलर वेई राष्ट्रपति विद्या देवी भंडारी और प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से शिष्टाचार के नाते मुलाक़ात करेंगे.

    मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ‘‘चीनी रक्षा मंत्री नेपाली सेना के प्रमुख जनरल पूर्ण चन्द्र थापा से भी मुलाक़ात करेंगे. वेई उसी शाम बीजिंग वापस लौट जायेंगे.’’

    इससे पहले भारतीय विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला अपनी दो दिन की नेपाल यात्रा से भारत लौट चुके हैं.

    नेपाल के नये राजनीतिक मानचित्र को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में आई कड़वाहट के बीच, भारतीय ख़ुफ़िया एजेंसी रॉ के प्रमुख सामंत कुमार गोयल और उनके बाद भारतीय सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की नेपाल यात्रा ने काफ़ी चर्चा बटोरी थी.

    भारत के इन बड़े अधिकारियों से मुलाक़ात के बाद, नेपाल का शीर्ष नेतृत्व चीन के रक्षा मंत्री से वार्ता कर रहा है.

    विश्लेषक नेपाल द्वारा अपने उत्तरी और दक्षिणी पड़ोसी देशों से आगामी उच्च-स्तरीय यात्रा को सार्थक मान रहे हैं.

    नेपाल सेना के प्रवक्ता संतोष वल्लभ पौड्याल के अनुसार, नेपाल सरकार ने ही चीनी रक्षा मंत्री को आमंत्रण भेजा था.

    RSS

    इमेज स्रोत, RSS

    नेपाल के सुरक्षा विश्लेषक इंद्र अधिकारी ने कहा है कि यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि चीनी अधिकारी किसी ठोस उद्देश्य के बिना यात्रा पर नहीं आते.

    उनके अनुसार, ‘एक देश के मंत्री या सरकार का दूसरे देश से अपने समकक्ष को बुलाना एक कूटनीतिक अभ्यास है. लेकिन वो ऐसी मुलाक़ातों में यह तय करते हैं कि उन्हें आगे क्या करना है.’

    विश्लेषकों के अनुसार, तीन चीज़ें हैं जो चीनी रक्षा मंत्री की इस यात्रा के पीछे की वजह हो सकती हैं.

    एक तो यह कि नेपाल में चीनी राजदूत सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल के नेतृत्व में सामयिक विवाद को सुलझाने की कोशिश में सक्रिय रहे हैं और चीन चाहेगा कि नेपाल का उस पर विश्वास बढ़े.

    चीन के लिए यह दौरा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश का संयुक्त दौरा है. विश्लेषकों की राय है कि चीन भले ही क़रीब है, पर अब तक की स्थिति से पता चलता है कि भारत का दक्षिण एशियाई देशों पर अधिक प्रभाव है. वहीं चीन अपने प्रभाव को बनाये रखना या बढ़ाना चाहता है.

    तीसरी बात यह है कि नेपाल की संसद ने अभी तक मिलेनियम चैलेंज समझौते की पुष्टि नहीं की है.

    इस बीच, चीन अपनी महत्वकांक्षी बेल्ट एंड रोड योजना का अनुसरण करता दिखाई दे रहा है.

    इसी संबंध में चीन यह संदेश देना चाहता है कि वो आर्थिक योजनाओं और पिछले समझौतों के लिए प्रतिबद्ध है.

    इस वर्ष अगस्त में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा था कि उन्होंने चीन-नेपाल संबंधों को मज़बूत बनाने पर बहुत ज़ोर दिया और वह अपनी नेपाली समकक्ष भंडारी के साथ द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं.

  8. AUSvsIND: ऑस्ट्रेलिया से दूसरा वनडे 51 रनों से हारा भारत

    AUSvsIND

    इमेज स्रोत, TWITTER @ICC

    ऑस्ट्रेलिया ने सिडनी में खेले गए दूसरे अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैच में भारत को 51 रन से हरा दिया है. इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सिरीज़ भी भारत ने गंवा दी है.

    मैच के बाद विराट कोहली ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया की बैटिंग लाइनअप बहुत मज़बूत है और उन्हें यहां के विकेट की अच्छी जानकारी है.

    इस मुक़ाबले में टॉस जीत कर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और लगातार दूसरे मैच में स्टीव स्मिथ के शतक की बदौलत भारत के सामने 390 रन बनाने की चुनौती रखी. यह ऑस्ट्रेलिया का भारत के ख़िलाफ़ वनडे में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने भी जमकर मुक़ाबला किया. पहले विराट कोहली ने श्रेयस अय्यर और फिर केएल राहुल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई. इसके बाद हार्दिक पंड्या और राहुल के बीच भी अर्धशतकीय साझेदारी हुई.

  9. किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस ने बोला हमला, सत्ता के नशे में है मोदी सरकार

    रणदीप सुरजेवाला

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, रणदीप सुरजेवाला

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिर से कृषि कानूनों को किसानों के लिए फायदेमंद बताने के बाद कांग्रेस ने रविवार को कहा है कि इन कानूनों पर अडिग बने रहने का जोर दिखाता है कि सरकार 'सत्ता के नशे' में है और इन कानूनों पर पुनर्विचार करने तक के लिए राजी नहीं है.

    कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री मोदी को तत्काल इन तीनों 'कृषि-विरोधी' कानूनों को निलंबित करने का एलान करना चाहिए.

    पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "देश के 62 करोड़ किसानों और खेतिहर मजदूरों के साथ व्यवहार करने में प्रधानमंत्री का जिद, अहंकार और अड़ियलपन भरा रवैया आज ‘मन की बात’ में दिखाई दिया है जिसमें उन्होंने तीन किसान विरोधी, कृषि विरोधी, अवैध और असंवैधानिक तरीके से पारित किए गए कानूनों को सही बताया है."

  10. दिल्ली के सिंघु बॉर्डर से बीबीसी हिन्दी का फ़ेसबुक लाइव

    किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है. पंजाब समेत कई राज्यों के किसान कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं.

    किसानों को दिल्ली के बुराड़ी मैदान में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति तो मिल गई है लेकिन बड़ी संख्या में किसान सिंघु बॉर्डर पर मौजूद हैं. इन किसानों से बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा ने बात की.

  11. किसान आंदोलनः बॉर्डर पर क्यों डटे हुए हैं ये किसान?

    दिल्ली की सीमा पर किसानों का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी हैं. ये किसान नए कृषि क़ानूनों का विरोध कर रहे हैं.

    प्रधानमंत्री मोदी ने किसानों से अफ़वाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है. गृह मंत्री अमित शाह ने चर्चा से पहले किसानों से एक जगह इकट्ठा होने की बात कही है.

    फिर भी कई किसान दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर मौजूद हैं. देखिए यह रिपोर्ट...

  12. किसान आंदोलन के बीच पीएम मोदी ने किसानों से क्या कहा?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' कार्यक्रम में किसानों का ज़िक्र किया.

    उन्होंने किसानों से भ्रम और अफ़वाहों से दूर रहने की अपील की.

    पीएम ने यह भी कहा कि किसानों को क़ानूनों की सही जानकारी होनी चाहिए.

    कृषि क़ानूनों के विरोध में कई किसान राजधानी दिल्ली आए हुए हैं.

  13. स्वेतलाना तिख़ानोव्सकाया: पति के जेल जाने के बाद जिन्होंने दी शीर्ष नेता को चुनौती

    छह महीने में बेलारूस की विपक्षी नेता स्वेतलाना तिख़ानोव्सकाया की ज़िंदगी पूरी तरह बदल गई है.

    पति को जेल में डाल दिए जाने के बाद वो सियासत के मैदान में कूद पड़ीं और सत्ता पर लंबे समय से काबिज नेता एलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको को चुनौती दे रही हैं.

    बीबीसी 100 वुमन में आज उन्हीं की कहानी.

  14. AUSvsIND: 89 रन बनाकर विराट कोहली आउट हुए

    AUSvsIND, virat kohli, विराट कोहली, INDvsAUS

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में दूसरा अंतरराष्ट्रीय एक दिवसीय मैच खेला जा रहा है.

    टॉस जीत कर ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया और लगातार दूसरे मैच में स्टीव स्मिथ के शतक की बदौलत भारत के सामने 390 रन बनाने की चुनौती रखी.

    हालाँकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम भी जमकर मुक़ाबला कर रही है.

    32 ओवरों के बाद भारत ने तीन विकेट पर 203 रन बना लिए हैं और पिच पर कप्तान विराट कोहली और उप कप्तान केएल राहुल बल्लेबाज़ी कर रहे हैं.

    कोहली 78 रन बना कर खेल रहे हैं और राहुल ने 25 रन जोड़े हैं. अब तक दोनों ने अर्धशतकीय साझेदारी निभाई है.

  15. स्टार वॉर्स में डार्थ वेडर का किरदार निभाने वाले डेव प्रोव्स का निधन

    डेव प्रोव्स
    इमेज कैप्शन, डेव प्रोव्स

    ब्रिस्टल के पूर्व बॉडी बिल्डर डेव प्रोव्स का 85 साल की उम्र में निधन हो गया है.

    उन्हें ओरिजिनल स्टार वॉर्स सिरीज़ की तीन फिल्मों में डार्थ वेडर का किरदार निभाने के लिए जाना जाता है.

    प्रोव्स को उनकी कदकाठी की वजह से वेडर की भूमिका मिली थी. हालांकि, इस रोल को आवाज जेम्स अर्ल जोन्स ने दी थी.

    डेव प्रोव्स डार्थ वेडर के किरदार में

    इमेज स्रोत, LUCASFILM

    इमेज कैप्शन, डेव प्रोव्स डार्थ वेडर के किरदार में

    लेकिन, वेटलिफ्टर से एक्टर बने प्रोव्स को ग्रीन क्रॉस कोड मैन में अपनी भूमिका के लिए सबसे ज्यादा गर्व था.

    यूके में रोड सेफ्टी के लिए निभाए गए उनके रोल के लिए उन्हें एमबीई मिला था.

    उनके एजेंट थॉमस बोविंग्टन ने कहा है, "भगवान करे उनकी ताकत हमेशा उनके पास रहे."

  16. सर्बिया और मोंटिनिग्रो ने एक दूसरे के राजदूतों को निष्कासित किया

    सर्बिया और मोंटिनिग्रो

    इमेज स्रोत, Getty Images

    मोंटिनिग्रो और सर्बिया ने एक-दूसरे के राजदूतों को निष्कासित कर दिया है. दोनों ने ये कार्रवाई एक सदी से अधिक पुराने एक ऐतिहासिक विवाद को लेकर की है.

    मोंटिनिग्रो में सर्बियाई राजदूत व्लादिमीर बोज़ोविक ने 1918 में मोंटिनिग्रो की सरकार के सर्बिया से जुड़ने के फ़ैसले को “आज़ादी” बताया.

    व्लादिमीर बोज़ोविक पर आरोप लगा कि वो मोंटिनिग्रो के अंदरूनी मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं और उन्हें 72 घंटे के अंदर देश छोड़ देने के लिए कह दिया गया.

    वहीं सर्बिया के लिए मोंटिनिग्रो के राजदूत टार्ज़न मिलोसेविक को भी निष्कासित कर दिया गया है.

    1918 में एसेंबली ने फ़ैसला लिया था कि मोंटिनिग्रो - किंगडम ऑफ सर्ब, क्रोट्स और स्लोवेनियों का हिस्सा बन जाएगा, जिसे बाद में यूगोस्लाविया के रूप में जाना जाता था.

    2006 में मोंटिनिग्रो ने ख़ुदके स्वतंत्रता होने की घोषणा की और प्रथम विश्व युद्ध के ख़त्म होने के बाद पहली बार एक संप्रभु राज्य बन गया.

    बोज़ोविक ने मोंटिनिग्रिन सर्बों का प्रतिनिधित्व करने वाले एक संघ की बैठक में ये टिप्पणियां कीं.

    उन्होंने 1918 के निर्णय को "भाई जैसे सर्बिया के साथ एकजुट होने की लोगों की स्वतंत्र अभिव्यक्ति" बताया.

    मोंटिनिग्रो के विदेश मंत्री ने कहा "बोज़ोविक ने उस देश का अपमान किया जिसने उन्हें राजनयिक इम्युनिटी दी."

    उन्होंने ये भी कहा कि बोज़ोविक को कई मौखिक और लिखित चेतावनियां दी गई थीं. जवाबी कार्रवाई के तौर पर मिलोसेविक को भी सर्बिया छोड़ने के लिए कह दिया गया.

  17. राहुल गांधी बोले - काले कृषि क़ानूनों को सही बताने वाले क्या ख़ाक किसानों के पक्ष में हल निकालेंगे

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किसानों के मसले को लेकर एक बार फिर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.

    उन्होंने ट्वीट कर कहा कि जो काले कृषि क़ानूनों को अब तक सही बता रहे हैं, वो क्या ख़ाक किसानों के पक्ष में हल निकालेंगे?

    पंजाब-हरियाणा के हज़ारों किसान केंद्र के नए कृषि क़ानूनों का विरोध करते हुए दिल्ली की ओर निकल आए हैं.

    जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज के अपने मन की बात कार्यक्रम में इन क़ानूनों की खूबियां गिनाते हुए कहा, "इन सुधारों से न सिर्फ किसानों के अनेक बन्धन समाप्त हुये हैं, बल्कि उन्हें नये अधिकार भी मिले हैं, नये अवसर भी मिले हैं."

    उन्होंने कहा कि नए कृषि क़ानूनों के ज़रिए किसानों को नए अधिकार मिले हैं. इन अधिकारों ने किसानों की समस्याएं कम करना शुरू कर दिया है.

    राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के अंत में लिखा कि अब किसान की बात होगी.

  18. दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने रखा 390 रन का लक्ष्य

    छोड़िए X पोस्ट
    X सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है.

    पोस्ट X समाप्त

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 390 रन का लक्ष्य रखा है.

    सिडनी में खेले जा रहे इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट खो कर 389 रन बनाए हैं.

    स्टीव स्मिथ ने बेहतरीन बल्लेबाज़ी करते हुए अपना ग्यारहवाँ वनडे शतक पूरा किया.

    वहीं ग्लेन मैक्सवेल, एरन फ़िंच, डेविड वॉर्नर ने अर्धशतक बनाये.

    भारत की ओर से कोई गेंदबाज़ अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाया. मोहम्मद शमी ने 73 रन दिए और जसप्रीत गुमराह ने 79.

    भारत को इस सिरीज़ में बने रहने के लिए ये मैच जीतना ज़रूरी है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तान में सैन्य ठिकाने पर हमला, 23 की मौत

    अफ़ग़ानिस्तान में सैन्य ठिकाने पर हमला, 23 की मौत

    इमेज स्रोत, Haroon Sabawoon/Anadolu Agency via Getty

    इमेज कैप्शन, सांकेतिक तस्वीर

    अफ़ग़ानिस्तान के गज़नी प्रांत में एक आर्मी बेस को निशाना बनाकर किए गए बम हमले में अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के कम से कम 23 सदस्यों की मौत हो गई है.

    अधिकारियों का मानना है कि इस हमले में दर्जनों अन्य घायल भी हुए हैं. इसे हालिया महीनों में अफग़ान सैन्य बलों पर हुए कुछ सबसे घातक हमलों में से एक माना जा रहा है.

    इस इलाक़े में सरकारी सैन्य बलों और तालिबान के बीच लगातार लड़ाई छिड़ी रहती है. दोनों ही पक्षों में क़तर में जारी शांति वार्ता के बीच लगातार संघर्ष भी छिड़ा हुआ है.

  20. कार्तिक पूर्णिमा पर नहीं कर पाएंगे हरिद्वार में गंगा स्नान, सील हुईं ज़िले की सीमाएं

    हरिद्वार

    इमेज स्रोत, MONEY SHARMA/AFP via Getty Images

    कोविड-19 के चलते 30 नवंबर तक हरिद्वार की सीमाएं सील कर दी गई हैं.

    कार्तिक पूर्णिमा से एक दिन पहले उत्तराखंड पुलिस ने रविवार को ऐलान किया है कि हरिद्वार की सीमाएं 30 नवंबर तक पूरी तरह से सील कर दी गई हैं ताकि कोई भी श्रद्धालु गंगा में स्नान करने के लिए जिले में दाखिल न हो सके. कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी के चलते यह फ़ैसला किया गया है.

    हर साल देश के अलग-अलग राज्यों से लाखों लोग हरिद्वार पहुंचते हैं ताकि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा में डुबकी लगा सकें. हालांकि, इस साल दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड-19 के चलते हरिद्वार में आने की इजाजत नहीं दी गई है. मौजूदा वक्त में उत्तराखंड में कोरोना वायरस के 4,876 एक्टिव मामले हैं.

    सेंथिल ने समाचर एजेंसी एएनआई को बताया,“कोविड-19 के चलते स्नान के रिवाज को रद्द कर दिया गया है ताकि श्रद्धालु गंगा में डुबकी न लगा सकें. कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर इसकी इजाज़त नहीं है. हमने 29 और 30 नवंबर के लिए जिले की सीमाएं भी सील कर दी हैं. केवल ऐसे लोगों को जिले में दाखिल होने की इजाजत दी जाएगी जो कि अर्जेंट काम से आ रहे हैं. रिति-रिवाजों के लिए आने वालों पर रोक रहेगी.”

    दूसरी ओर, उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 30 नवंबर से सभी बाजारों में साप्ताहिक लॉकडाउन का पालन किया जाएगा. हालांकि, आवश्यक सामान बेचने वाली दुकानों को इससे बाहर रखा गया है.

    शनिवार को जिलाधिकारी ने बताया कि देहरादून जिला प्रशासन ने कोविड-19 मामलों के चलते सभी बाजारों को बंद करने का आदेश दिया है.