कोरोना संक्रमण को लेकर शनिवार को दुनिया भर से सुर्खियां कुछ इस तरह से रहीं-
इंग्लैंड में इंडोर जिम, स्विमिंग पूल और दूसरे इंडोर स्पोर्ट्स फैसिलिटीज को शनिवार से खोला गया. मार्च के बाद पहली बार इन चीज़ों को आम लोगों के लिए खोला गया.
स्पेन के कैटालोनिया इलाक़े में नाइटलाइफ़ की सभी सुविधाओं को बंद कर दिया गया है. पिछले कुछ दिनों से कैटालोनिया में लगातार मामले बढ़ रहे हैं. माना जा रहा है कि स्पेन में कोरोना वायरस की दूसरी बार लहर चल रही है.
भारत में कोरोना संक्रमण के मामले का लगातार बढ़ना जारी है. बीते दो दिनों में देश भर में करीब एक लाख नए मामले सामने आए हैं. भारत में कोरोना संक्रमित लोगों की कुल संख्या 13 लाख 36 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है जबकि अब तक देश भर 31 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति जाएर बोलसोनारो ने कहा है कि उनके कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है. दो सप्ताह पहले बोलसोनारो कोरोना संक्रमित पाए गए थे.
विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाइजेशन के मुताबिक अफ्रीकी देशों में अब तक दस हज़ार से ज़्यादा स्वास्थ्यकर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. संगठन के मुताबिक हालात काफ़ी ख़राब हैं.
इंग्लैंड के एक्सपर्टों के मुताबिक मोटापे और ज़्यादा वजन वाले लोगों के लिए कोरोना वायरस कहीं ज़्यादा ख़तरनाक है. ऐसे लोगों के लिए कोरोना की चपेट में आने पर गंभीर रूप से बीमार होने या फिर मौत होने की आशंका ज़्यादा पायी गई है.