You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: नगालैंड के दीमापुर में आठ दिनों का टोटल लॉकडाउन

स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक़ नगालैंड में कोरोना के करीब 1,339 मरीज़ हैं जिनमें से सबसे ज़्यादा 527 मरीज़ दीमापुर जिले में हैं.

लाइव कवरेज

  1. जर्मनी और फ़्रांस भी नए संक्रमण मामलों की चपेट में

    स्पेन के साथ-साथ जर्मनी और फ़्रांस में भी कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं.

    फ़्रांस में शनिवार को लगातार दूसरे दिन 1,000 से ज़्यादा नए मामले दर्ज किए और वो उसी स्थिति में पहुंच गया जहां मई में था.

    फ़्रांस यूरोप में कोरोना महमारी से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में से एक रहा है. यहां संक्रमण के 2,17,000 से ज़्यादा मामले हैं और तकरीबन 30 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.

    शुक्रवार को फ़्रांसीसी प्रधानमंत्री ज्यां कैस्टेक्स ने भारत समेत 16 देशों से आने वाले यात्रियों की ‘ऑन स्पॉट टेस्टिंग’ का ऐलान किया था. फ़्रांस ने अपने नागरिकों से स्पेन की यात्रा पर न जाने की सलाह दी है.

    वहीं, जर्मनी में मई मध्य के बाद शुक्रवार को संक्रमण मामलों में तेज़ी दर्ज की गई. शुक्रवार को यहां कोविड-19 के 815 नए मामले सामने आए और शनिवार को 781 नए मामले.

    जर्मनी ने भी अमरीका, ब्राज़ील और तुर्की से लौटने वाले यात्रियों के लिए टेस्टिंग अनिवार्य कर दी है.

  2. सिक्किम में एक अगस्त तक पूर्ण लॉकडाउन

    सिक्किम में कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से पूर्ण लॉकडाउन एक अगस्त तक बढ़ाया गया.

    राज्य में कोविड-19 की वजह से आज (रविवार) को 74 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई है. ये सिक्किम में कोरोना से मौत का पहला मामला है.

  3. वीडियो: कोरोना मृतकों का अंतिम संस्कार करने वालों का दर्द

    भारत में रोज़ाना कोरोना वायरस के आंकड़ें बढ़ रहे हैं. इसके साथ ही मरने वालों की तादाद भी बढ़ रही है.

    कोरोना वायरस से जिन लोगों की मौत हो रही है उनके अंतिम संस्कार में भी कई तरह की दिक्कतें आ रही हैं. इन अंतिम संस्कार को पूरा करने वाले लोगों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

    देखिए, पीयूष नागपाल और विजय पांडे की ये वीडियो रिपोर्ट.

  4. कोरोना वैक्सीन ह्यूमन ट्रायल के पहले चरण में कितनी असरदार

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, उत्तर कोरिया: संक्रमण की आशंका के बाद आपातकाल का ऐलान

    कोविड-19 संक्रमण का एक संदिग्ध मामला सामने आने के बाद उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया की सीमा से सटे शहर केसॉन्ग शहर की सीमाएं सील कर दी हैं.

    उत्तर कोरियाई शासक किम जोंग-उन ने देश में आपातकाल लगा दिया है और पोलित ब्यूरो के साथ एक बैठक बुलाई है.

    उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएन के मुताबिक किम जोंग-उन ने कहा, “ज़हरीला वायरस हमारे देश में घुस आया है.”

    अगर संदिग्ध मामले की पुष्टि होती है तो ये आधिकारिक रूप से उत्तर कोरिया का पहला संक्रमण होगा. इससे पहले उत्तर कोरिया ख़ुद के कोरोना मुक्त होने का दावा करता रहा है.

    हालांकि विशेषज्ञों का मानना था कि चीन के करीब होते हुए उत्तर कोरिया का कोरोना वायरस से अछूता रहना लगभग नामुमकिन है.

    उत्तर कोरिया का कहना है कि संदिग्ध संक्रमित तीन साल पहले दक्षिण कोरिया गया था लेकिन पिछले हफ़्ते केसॉन्ग सीमा के ज़रिए वापस आया था.

    दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वो सीमा पार करने के मामले की जांच कर रहा है.

  6. संक्रमण और मौतें: ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे बुरा दिन

    ऑस्ट्रेलिया के लिए रविवार सबसे बुरा दिन साबित हुआ है. 10 मौतों के अलावा यहां संक्रमण मामलों में भी तेज़ी दर्ज की गई.

    मौजूदा संक्रमण के केंद्र विक्टोरिया प्रांत में रविवार को 459 नए मामले सामने आए. इससे पहले शनिवार को यहां संक्रमण के 357 मामले दर्ज किए गए थे. इसके अलावा अन्य जगहों पर दर्जनों मामले सामने आए.

    इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया में अब कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 14 हज़ार मामले हो गए हैं और 155 लोगों की मौत हो गई है.

    संक्रमण पर काबू करने के लिए मेलबर्न में पिछले दो हफ़्ते लॉकडाउन लागू है. शहर में फ़ेस मास्क पहनना भी अनिवार्य कर दिया गया है.

    विक्टोरिया प्रांत की सीमाओं पर पुलिस सुनिश्चित कर रही है कि सिर्फ़ ज़रूरी सेवाओं वाले लोगों को ही आने-जाने की अनुमति दी जाए. पुलिस क्वारंटीन के नियम भी लागू करवा रही है.

  7. सिक्कम में कोरोना संक्रमण से पहली मौत

    • पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम में कोविड-19 से पहली मौत. मरने वाले 74 वर्षीय बुजुर्ग थे.
    • दिल्ली में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,075 नए मामले दर्ज किए गए और मौतों का आंकड़ा 3,827 पर पहुंचा.
    • पुदुचेरी में कोविड-19 के 131 नए मामले. केंद्र शासित प्रदेश में अब सक्रिय मामलों की संख्या 1,102 और कुल मामलों की संख्या 2,787. दो अन्य मौतों के साथ मरने वालों की कुल संख्या 40 हुई.
  8. कोरोना वायरस के लक्षण और बचाव

    लगातार खांसी का आना- इस कारण लगातार खांसी हो सकती है यानी आपको एक घंटे या फिर उससे अधिक वक्त तक लगातार खांसी हो सकती है और 24 घंटों के भीतर कम से कम तीन बार इस तरह के दौरे पड़ सकते हैं. लेकिन अगर आपको खांसी में बलग़म आता है तो ये भी चिंता की बात हो सकती है.

    बुख़ार- इस वायरस के कारण शरीर का तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है जिस कारण व्यक्ति का शरीर गर्म हो सकता है और उसे ठंडी महसूस हो सकती है.

    गंध और स्वाद का पता नहीं चलना- विशेषज्ञों का कहना है कि बुख़ार और खांसी अब भी वायरस के वो संभावित महत्वपूर्ण लक्षण हैं जिन्हें नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए.

    पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

  9. अस्पताल से शिवराज का संदेश: मैं बिल्कुल ठीक हूं, कोरोना योद्धाओं को नमन

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के बाद फ़िलहाल भोपाल के चिरायु अस्पताल में भर्ती हैं.

    अस्पताल से ही जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि वो बिल्कुल ठीक हैं और प्रदेश के उन सभी कोरोना योद्धाओं को नमन करते हैं, जो अपनी जान जोख़िम में डालकर दूसरों ज़िंदगी बचाने में लगे हुए हैं.

    उन्होंने कहा, "कोरोना से डरने की ज़रूरत नहीं है. लक्षण प्रकट होते ही अपना टेस्ट करा लें और बिना छिपाए इलाज शुरू करा दें. लेकिन कोरोना हो ही न, इसके अस्त्र हैं-मास्क और छह फ़ीट की दूरी. अगर हम इन अस्त्रों का इस्तेमाल करें तो कोरोना होगा ही नहीं."

    शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्रियों की मास्क न पहनने और फ़िज़िकल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन न करने के लिए आलोचना होती रही है.

  10. वीडियो: N-95 वॉल्व वाला मास्क सुरक्षित नहीं है?

    कोरोना वायरस के दौर में सभी को मास्क पहनने की हिदायत दी जा रही है. लेकिन कौन सा मास्क पहनें, कौन सा सुरक्षित है, ये सवाल अभी भी बना हुआ है.

    अब ये कहा जा रहा है कि अगर किसी को कोरोना है और उस मरीज़ में लक्षण नहीं हैं तो वाल्व मास्क दूसरों के लिए ख़तरनाक साबित हो सकता है.

    मंत्रालय का कहना है कि ये लगातार बदलती स्थिति है और समय के साथ-साथ नई-नई जानकारी सामने आ रही है. ज़्यादा जानकारी के लिए देखिए ये वीडयो.

  11. कोरोना राउंड अप: भारत के अलग-अलग राज्यों का हाल

    स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार भारत में अब कोविड-19 संक्रमण के कुल 1,38,5,522 हो गई है जिनमें 4,67,882 सक्रिय मामले हैं.

    संक्रमण के कारण अब तक कुल 32,063 लोगों की मौत हो चुकी है और 8,85,577 लोग इलाज के बाद ठीक भी हो गए हैं.

    बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 48,661 नए मामले सामने आए और 705 लोगों की मौत हुई हैं. इसके साथ ही प्रति दस लाख लोगों पर टेस्ट की संख्या बढ़कर 11,485 हो चुकी है.

    देश के अलग-अलग राज्यों में संक्रमण की स्थिति कुछ इस तरह है:

    • राजस्थान में 611 नए मामलों के साथ कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 35,909 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या 9,935 है और 621 लोग संक्रमण की वजह से अपनी जान गंवा चुके हैं. राजस्थान स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 25,353 लोग इलाज के बाद ठीक भी हो चुके हैं.
    • ओडिशा में 1,376 नए संक्रमण मामलों के साथ कुल 25,389 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. राज्य में अब 9,287 सक्रिय मामले हैं और 15,928 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.
    • तेलंगाना सरकार के अनुसार राज्य में 1,593 नए पॉज़िटिव मामलों के साथ कुल संक्रमण मामलों की संख्या 54,059 हो गई है. इसमें 41,332 लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं और 463 लोगों की मौत हो गई है.
  12. वीडियो: कोरोना वायरस की वैक्सीन आप तक कैसे पहुंचेगी?

    सबकी निगाहें कोरोना वायरस की वैक्सीन पर हैं और भारत समेत दुनिया के कई देश वैक्सीन बनाने की कोशिश में हैं.

    दर्जनों क्लीनिकल ट्रायल जारी हैं और कुछ देशों में ये ट्रायल दूसरे फ़ेज़ में पहुँच भी चुके हैं.

    कई देश और कंपनियां उम्मीद कर रहे हैं कि साल के अंत तक एक वैक्सीन तैयार हो सकती है. लेकिन अगर ये वैक्सीन बन भी गई तो दुनिया के हर कोने तक पहुँच कैसे सकेगी?

    बीबीसी संवाददाता नितिन श्रीवास्तव और देबलिन रॉय की यह वीडियो रिपोर्ट देखने के लिए यहां क्लिक कीजिए.

  13. मोटे लोगों के लिए ज़्यादा ख़तरनाक है कोरोना: रिसर्च

    ब्रितानी विशेषज्ञों का कहना है कि मोटे और ज़्यादा वज़न वाले लोग कोरोना वायरस की चपेट में आने पर गंभीर रूप से बीमार हो सकते हैं और उनकी मौत होने की आशंका भी ज़्यादा है.

    ब्रिटिश स्वास्थ्य विभाग की एक्जीक्यूटिव एजेंसी पब्लिक हेल्थ इंग्लैंड ने साक्ष्यों के आधार पर यह पाया है कि ज़्यादा मोटे और वज़नी लोगों को कोरोना संक्रमित होने पर अस्पताल में दाख़िले और इंटेंसिव केयर यूनिट की ज़रूरत ज़्यादा होती है.

    एक्सपर्ट्स के मुताबिक़, वज़न बढ़ने के साथ साथ यह ख़तरा भी बढ़ता जाता है. पूरी रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिककरें.

  14. 15 अगस्त को कोरोना से आज़ादी का संकल्प लें: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आगामी स्वतंत्रता दिवस पर हमें कोरोना से आज़ादी का संकल्प लेना होगा.

    उन्होंने कोरोना संकट के दौरान देश के अलग-अलग हिस्सों में बेहतरीन काम करने वाले जन प्रतिनिधियों का ज़िक्र किया.

    उन्होंने भारत के ग्रामीण इलाकों में कोरोना महामारी के दौरान लघु उद्योगों और छोटे-छोटे उत्पाद बनाने वाले लोगों और समूहों की तारीफ़ की.

    पीएम मोदी एक बार फिर ‘आपदा को अवसर’ में बदलने, 'वोकल फ़ॉर लोकल' और ‘आत्मनिर्भता’ पर ज़ोर दिया.

  15. मास्क उतारने से पहले कोरोना वरियर्स को याद करिए: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना महामारी का ज़िक्र करते हुए कहा, “आज हमारे देश में रिकवरी रेट अन्य देशों के मुकाबले बेहतर है. साथ ही, मृत्यु दर भी दुनिया के ज़्यादातर देशों से कम है.''

    पीएम मोदी ने लोगों से मास्क पहनने और साफ़-सफ़ाई रखने की अपील की.

    उन्होंने कहा, “जब भी आपको मास्क उतारने का मन करे, मास्क से परेशानी महसूस हो तो उन डॉक्टरों और नर्सों को याद करिए जो 24 घंटे मास्क और पीपीई किट पहनकर काम करते हैं.आप हमारे कोरोना वरियर्स को याद करिए जो हमारी जान बचाने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं.”

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत ने अपने लाखों लोगों की जान बचाई: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा कि पिछले कुछ महीनों से पूरे देश ने एकजुट होकर जिस तरह कोरोना से मुकाबला किया है, उसने अनेक आशंकाओं को गलत साबित कर दिया है.

    उन्होंने ये भी कहा कि कोरोना का ख़तरा अभी टला नहीं है इसलिए सबको सतर्क रहने की ज़रूरत है.

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “निश्चित रूप से एक भी व्यक्ति को खोना दुखद है लेकिन भारत अपने लाखों देशवासियों की जान बचाने में सफल भी रहा है. अब भी कोरोना का ख़तरा टला नही है. कई जगहों पर यह तेज़ी से फैल रहा है इसलिए हमें बहुत ज़्यादा सतर्क रहने की ज़रूरत है.”

  17. चीन में कोरोना के 46 नए मामले, बिना लक्षणों वाले मरीज़ भी मिले

    चीन में रविवार को कोविड -19 संक्रमण के 46 नए मामले दर्ज किए गए.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ ये जानकारी चीन के हेल्थ कमीशन ने दी. इससे पहले शनिवार को यहां 34 मामले सामने आए थे.

    चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन ने एक बयान जारी कर बताया कि नए 46 मामलों में से 22 पश्चिमी शिनज़ियांग प्रांत से मिले हैं. संक्रमण के 11 मामले दूसरे देशों से आए हैं.

    74 दिनों के बाद ये पहली बार है जब चीन में दो नए एसिंप्टोमैटिक (बिना लक्षणों वाले) मामले देखने को मिले हैं.

    शनिवार तक चीन ने कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 83,830 संक्रमण मामलों और 4,634 मौतों की पुष्टि की थी.

  18. यूरोन में संक्रमण के ‘दूसरे दौर’ की आशंका, स्पेन में नई पाबंदियां

    स्पेन ने कोविड-19 के बढ़ते मामलों और संक्रमण के ‘दूसरे दौर’ की आशंका के बीच कैटेलोनिया और बर्सोलेना समेत कई हिस्सों में नई पाबंदयों की घोषणा की है.

    कैटेलोनिया ने पिछले दो हफ़्तों से संक्रमण में तेज़ी के बाद सभी नाइटक्लब और बार बंद किए जाने का आदेश दिया है.

    इस बीच ब्रिटेन ने स्पेन से लौटने वाले सभी यात्रियों को सेल्फ़-आइसोलेशन में जाने की सलाह दी है. फ़्रांस और नॉर्वे ने भी ऐसी ही चेतावनी जारी की है.

    लॉकडाउन और पाबंदियां हटाए जाने के बाद फ़्रांस और जर्मनी में भी संक्रमण के नए मामले देखने को मिल रहे हैं.

    यूरोप में नए मामलों में इजाफ़े के कारण यहां संक्रमण के ‘दूसरे दौर’ की आशंका जताई जा रही है.

  19. वीडियो: गोधरा के मुसलमानों ने कोविड सेंटर बनाने के लिए दी मस्जिद

    गुजरात का गोधरा ज़्यादातर 2002 की सांप्रदायिक हिंसा को लेकर चर्चा में रहता है, लेकिन इस बार वहां के मुस्लिम समुदाय ने ऐसा काम किया है, जिससे भाईचारे की अलग ही मिसाल देखने को मिल रही है.

    देखिए, बीबीसी गुजराती संवाददाता दक्षेश शाह और रवि परमार की ये वीडियो रिपोर्ट.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में बीते 24 घंटों में संक्रमण के 48,661 मामले

    भारत में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस संक्रमण के 48661 नए मामले सामने आए और 705 लोगों की मौत हुई हैं.

    इसके बाद भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित हुए कुल लोगों की संख्या 13,85,522 हो चुकी है. इनमें से 4,67,882मामले सक्रिय श्रेणी में है और 8,85,577को रिकवर की श्रेणी में रखा गया है.

    इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित होकर मरने वाले लोगों की संख्या 32,063हो चुकी है.

    इसके साथ ही प्रति दस लाख लोगों पर टेस्ट की संख्या 11,485 हो चुकी है.