समीरात्मज मिश्र, बीबीसी हिंदी के लिए
सोमवार यानी छह जुलाई से देश भर के स्मारक और ऐतिहासिक स्थल खोले जाने हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण को देखते हुए आगरा में ताजमहल और दूसरे स्मारक अभी नहीं खोले जाएंगे. ताजमहल पिछले 17 मार्च से बंद है.
आगरा के ज़िलाधिकारी प्रभुनाथ सिंह ने पुरातत्व विभाग के साथ हुई बैठक में यह फ़ैसला लिया और इस संबंध में रविवार देर शाम आदेश पारित किया.
डीएम ने कहा कि आगरा में कोरोना की मौजूदा स्थिति को ध्यान में रखते हुए ताजमहल, आगरा किला, सिकंदरा, फ़तेहपुर सीकरी जैसे सभी संरक्षित स्मारकों को 'बफ़र ज़ोन' मानते हुए अग्रिम आदेशों तक फिलहाल न खोले जाने का निर्णय लिया गया है.
डीएम प्रभुनाथ सिंह ने कहा कि कोरोना का ख़तरा अभी टला नहीं है और स्थिति को देखते हुए ही आगे का निर्णय लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि सोमवार से कोई धार्मिक स्थल भी दर्शानार्थियों के लिए नहीं खुलेगा.
केंद्र सरकार ने अनलॉक 2.0 के दौरान देश भर में सभी स्मारक खोलने के आदेश दिए हैं, लेकिन इसका अंतिम फ़ैसला राज्य सरकारों पर छोड़ा है.
यूपी में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस तरह के कई अहम फ़ैसले लेने की ज़िम्मेदारी ज़िलाधिकारियों को दे रखी है.
आगरा में कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है. यहां अब तक 1282 लोग कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं जबकि 90 लोगों की अब तक संक्रमण से मौत हो चुकी है.
डीएम के आदेश के बाद ताजनगरी के क़रीब चार हज़ार गाइडों में मायूसी छा गई क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि छह जुलाई को ताजमहल खुलेगा और पर्यटकों का दोबारा आना शुरू हो जाएगा.