भारत में कोरोना संक्रमण के नये मामले काफ़ी तेज़ी से बढ़
रहे हैं.
जॉन्स हॉप्किंस यूनिवर्सिटी के अनुसार, अमरीका (क़रीब 29
लाख केस), ब्राज़ील (16 लाख से ज़्यादा केस) और रूस (6 लाख 80 हज़ार केस) के बाद
भारत में कोरोना संक्रमण के सबसे ज़्यादा मामले दर्ज किये गए हैं. भारत में अब तक
6 लाख 73 हज़ार 165 मामलों की पुष्टि हुई है.
रविवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि एक
दिन में क़रीब 25,000 नये मामले सामने आये और 613 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई.
केंद्रीय मंत्रालय के अनुसार, जनवरी में पहला केस सामने आने
के बाद से यह एक दिन में कोविड के नये मामले सामने आने का सबसे बड़ा आंकड़ा है.
भारत सरकार के अनुसार, अब देश में दो लाख 44 हज़ार 814 कोरोना मरीज़ एक्टिव हैं. चार लाख से ज़्यादा मरीज़ ठीक हो चुके हैं और 19,268 लोगों की कोविड-19 से मौत हो चुकी है.
देश की राजधानी दिल्ली में कोविड के मामलों को बढ़ता देख
दिल्ली सरकार ने एक आध्यात्मिक केंद्र के मैदान में अस्थायी आइसोलेशन सेंटर विकसित
किया है.
बताया गया है कि 20 फ़ुटबॉल मैदानों जितने बड़े इस मैदान
में क़रीब दस हज़ार बेड लगाये गये हैं.
दिल्ली में क़रीब दो करोड़ लोग बसते हैं और सरकार के आला
अधिकारियों को डर है कि कोरोना वायरस जुलाई महीने के अंत तक लगभग पाँच लाख लोगों
को संक्रमित कर सकता है.
भारत में मार्च के अंतिम सप्ताह में लागू हुआ कड़ा लॉकडाउन
सरकार ने धीरे-धीरे हटा लिया है.
देश की अर्थव्यवस्था की हालात को देखते हुए अधिकांश आर्थिक
गतिविधियों को काम करने की इजाज़त दी जा चुकी है.
हालांकि स्कूल, मेट्रो
ट्रेनें, सिनेमाघर, जिम और स्वीमिंग पूल खोलने संबंधी दिशा-निर्देश आने अभी बाकी
हैं.