मेक्सिको में कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की संख्या 30 हज़ार से ज़्यादा हो गई है. मेक्सिको लातिन अमरीका में कोरोना महामारी से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में से एक है.
शनिवार को स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मेक्सिको में पिछले 24 घंटों में 523 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही देश में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 30,366 हो गई है.
कोरोना महामारी के चलते दुनिया के जिन देशों में सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं, मेक्सिको उन देशों की सूची में पांचवें पायदान पर है.
उसने फ्रांस को भी पीछे छोड़ दिया है जहां 29 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
मेक्सिको के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि देश में कोरोना संक्रमण के 6914 नए मामले दर्ज किए गए हैं. इसके साथ देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 252,165 हो गई है.
हालांकि कई लोगों का कहना है कि देश में टेस्टिंग पर्याप्त रूप से नहीं हुई है, इसलिए कोरोना संक्रमण और महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या इससे कहीं ज़्यादा हो सकती है.
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार, लातिन अमरीका में मेक्सिको से ज़्यादा ख़राब स्थिति ब्राज़ील की है जहां जहां तकरीबन 64 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमितों की संख्या 15 लाख से भी ज़्यादा है.
मेक्सिको के राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुएल लोपेज़ ओब्राडो देश की लड़खड़ाती अर्थव्यवस्था को फिर से शुरू करने के लिए दिलचस्पी दिखा रहे हैं. उनकी सरकार ने मई में ही लॉकडाउन से जुड़ी पाबंदियां चरणबद्ध तरीके से हटाने की घोषणा की थी.
जून के मध्य में मेक्सिको सिटी में हज़ारों फैक्ट्री कर्मचारी काम पर लौट आए थे. जुलाई की शुरुआत में ग़ैरअनिवार्य किस्म के कारोबार को फिर से खोलने की इजाजत दे गई थी. हालांकि देश में मेक्सिको सिटी ही कोरोना संक्रमण से सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ है.
लेकिन शुक्रवार को मेक्सिको के स्वास्थ्य मंत्री ह्यूगो लोपेज़ गैटेल ने कहा कि अगर अर्थव्यवस्था बहुत जल्दी खोली गई तो देश में कोरोना महामारी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है.
उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "हमारे यहां महामारी अभी थमी नहीं है. ख़तरा इस बात का है कि अगर हम सामाजिक गतिविधियों को शुरू करने की कोशिश करते हैं.... तो हमारे यहां संक्रमण के मामले बढ़ सकते हैं."
आलोचकों का कहना है कि राष्ट्रपति एंड्रेस मैनुएल लोपेज़ ओब्राडो ने देश में लॉकडाउन लगाने में देरी की और अब वे इसे हटाने में जल्दबाज़ी कर रहे हैं.
देश में ज़्यादातर आर्थिक गतिविधियां 23 मार्च से ही बंद हैं लेकिन अनिवार्य वस्तुओं और सेवाओं से जुड़े उद्योगों को लॉकडाउन में छूट दी गई थी.
मेक्सिको सिटी के बाज़ारों में उमड़ी बेतहाशा भीड़ के बाद प्रशासन ने शनिवार को राजधानी में दो दिनों के लिए ग़ैरअनिवार्य किस्म की आर्थिक गतिविधियों पर रोक लगाने का फ़ैसला किया.
शहर की मेयर का कहना है कि इस फ़ैसले से प्रशासन को लॉकडाउन हटाने की रणनीति पर फिर से विचार करने के लिए समय मिलेगा.