कोरोना वायरस: अमरीका में एक दिन में रिकॉर्ड 52,000 नए मामले

अमरीका में महामारी रोग के सबसे बड़े एक्सपर्ट ने कहा लॉकडाउन पूरी तरह से लागू नहीं होने से बढ़ा ख़तरा.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना महामारी: ग़रीबों की नौकरियां गईं, अमीरों का पैसा बढ़ा

    कोविड - 19

    इमेज स्रोत, NDWA

    इमेज कैप्शन, कोविड - 19 के कारण कई लोगों की कमाई पर असर पड़ा है

    अगर आप कोरोना महामारी के दौरान घर से काम कर रहे हैं तो इस बात की अधिक संभावनाएं हैं कि आप दफ्तर आने जाने और बाहर खाने के खर्च बचा रहे हैं.

    लेकिन वहीं दूसरी तरफ इस महामारी को फैलने से रोकने के लिए लगाए लॉकडाउन के कारण हज़ारों ग़रीब मज़दूरों की नौकरियां चली गई हैं औऱ आय के स्रोत पूरी तरह ख़त्म हो गए हैं.

    अर्थशास्त्री कहते हैं कि इस महामारी के कारण ऐसी अजीब स्थिति पैदा हुई है जो आज से पहले किसी महामारी के दौरान नहीं हुई थी.

    कैपिटल इकोनॉमिक्स के प्रमुख अर्थशास्त्री नील शीरिंग कहते हैं कि इस महामारी ने "परिवारों की आय को अजीब तरह से बदल दिया है."

    वो कहते हैं, "एक तरफ हज़ारों लोगों की आय का स्रोत ख़त्म हो गया है या वो इस डर में ज़िदगी गुज़ार रहे हैं कि उनकी नौकरी कभी भी जा सकती है और दूसरी तरफ कुछ लोगों की आय में अनचाहे तौर पर इज़ाफा हो गया है, उनके खर्च कम हुए हैं और सोविंग्स बढ़ गई हैं."

  2. मास्क के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?

    एक दिन पहले रूस में चुनाव के दौरान मौजूदा राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की एक तस्वीर ख़बरों में रही. ख़बर बनने का कारण यह था कि पुतिन ने मास्क नहीं पहन रखा था.

    इस बात को लेकर उनकी आलोचना भी हुई कि ऐसे माहौल में जबकि कोरोनावायरस संक्रमण फैला हुआ है और मास्क पहनना ज़रूरी बताया जा रहा है तो राष्ट्रपति पुतिन ऐसा कैसे कर सकते हैं.

    जिस हॉल में पुतिन खड़े थे वहाँ लगभग हर किसी ने मास्क पहन रखा था लेकिन उन्होंने नहीं.

    तकनीकी तौर पर उन्होंने मॉस्को में लागू नियमों का उल्लंघन किया. हालाँकि बहुत कम मौक़ों पर ही वो मास्क पहने दिखे हैं लेकिन लोगों से मिलने के दौरान उन्हें गियर के साथ देखा गया है.

    लेकिन अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज़रूर अपने मास्क नहीं पहनने के सवाल पर जवाब दिया है.

    न्यूज़ एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, अमरीकी राष्ट्रपति को बहुत कम मौक़ों पर ही मास्क पहने देखा गया है.

    बुधवार को मास्क नहीं पहनने के सवाल पर ट्रंप ने कहा कि उन्हें मास्क पहनने में कोई दिक़्क़त तो नहीं है लेकिन अगर वैसे हालात हों तब.

    कोरोना वायरस महामारी के इस वक़्त में मास्क पहनने को सबसे ज़रूरी एहतियात के तौर पर देखा जा रहा है. ख़ुद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग को संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए ज़रूरी बताया है.

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा “अगर मैं किसी ऐसी जगह हूँ जहां बहुत से लोग हैं तो मैंबेशक मास्क पहनूँगा.”

    फ़ॉक्स बिज़नेस को दिए अपने एक साक्षात्कार में ट्रंप ने यह बात कही.

    अमरीका संक्रमण के लिहाज़ से और मरने वालों की संख्या के लिहाज़ से दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है.

    वहीं अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि आमतौर पर वो ऐसी परिस्थिति में नहीं होते जहां मास्क पहनना ज़रूरीहो. हालाँकि उन्होंने ये ज़रूर कहा कि अगर ज़रूरत होगी तो वे मास्क ज़रूर पहनेंगे और मास्क पहनना अच्छा है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  3. ऑक्सफ़र्ड यूनिवर्सिटी में वैक्सीन के ट्रायल से जगी उम्मीद

    ब्रिटेन में एक संसदीय सुनवाई के दौरान सरकारी कमेटी को बताया गया है कि ऑक्सफ़र्ड यूनिवर्सिटी में संभावित कोविड-19 वैक्सीन के ट्रायल से सकारात्मक नतीजे मिले हैं.

    ये ट्रायल अब क्लीनिकल स्टेज के तीसरे चरण में पहुंच गए हैं.

    ऑक्सफ़र्ड यूनिवर्सिटी में वैक्सीनॉलजी की प्रोफ़ेसर सारा गिलिबर्ट ने सरकारी कमेटी को बताया कि ट्रायल के अगले चरण के लिए 8 हज़ार वॉलंटियरों का पंजीकरण हुआ है.

    हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि यह वैक्सीन कब तक तैयार होगी क्योंकि इसका भविष्य ट्रायल के नतीजों पर निर्भर करेगा.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, Getty Images

  4. दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर एक करोड़ पांच लाख के पार

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, EPA

    पूरी दुनिया में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले 1 करोड़ पांच लाख के पार हो गए हैं.

    अमरीका दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है.

    जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार, यहां 26 लाख 58 हज़ार से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं और 1 लाख 27 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान गई है.

    वहीं, ब्राज़ील के आंकड़ों के मुताबिक़, देश में अब तक कोरोना के 14 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं और 60 हज़ार लोगों की जान जा चुकी है.

    रूस संक्रमण के लिहाज़ से तीसरा सबसे अधिक प्रभावित देश है. रूस में संक्रमण के कुल 6 लाख 53 हज़ार से अधिक मामले हैं और मरने वालों की संख्या नौ हज़ार से अधिक है.

    भारत संक्रमण के लिहाज़ से चौथा सबसे अधिक प्रभावित देश है.

    कोरोना वायरस

    इमेज स्रोत, EPA

  5. इस लाइव पेज में बीबीसी न्यूज़ हिंदी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है.

    हम यहाँ दिनभर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटे के अपडेट्स के लिए यहाँ क्लिक करें.