कोरोना वायरस से कैसे लड़ रहा है दक्षिण अफ्रीका
कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ शुरुआत में बेहतरीन कदम उठाने के बाद अब दक्षिण अफ्ऱीका में हालत बिगड़ती दिख रही है.
दक्षिण अफ़्रीका में अब तक कोरोना वायरस से 792 लोगों की मौत हो चुकी है और 37525 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.
जोहान्सबर्ग में मौजूद बीबीसी संवाददाता एंड्रयू हार्डिंग ने वहां का हाल बयां किया है.
एंड्रयू हार्डिंग बताते हैं केप टाउन शहर में सभी आईसीयू बेड इस्तेमाल में हैं और डॉक्टर चेतावनी दे रहे हैं कि अगले कुछ हफ़्तों में कई अस्पताल कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज़ों से भर जाएंगे.
दक्षिण अफ़्रीका के आर्थिक रूप से कमजोर प्रांत में हालात इससे भी ज़्यादा ख़राब हैं.
दक्षिण अफ़्रीका में कोरोना वायरस के शीर्ष विशेषज्ञ प्रोफेसर शबीर माधी इसे गंभीर स्थिति बताते हुए कहते हैं ईस्टर केप में इस वक़्त जो हाल है, वो ये बताने के लिए काफ़ी है कि ये महामारी पूरे महाद्वीप को कैसे प्रभावित करेगी.
वह कहते हैं जिसने भी ये सोचा था कि दक्षिण अफ़्रीका इससे बच जाएगा क्योंकि यहां की आबादी अपेक्षाकृत युवा है, वे अपनी कल्पनाओं के आधार पर सोचने के लिए आरोपी ठहराए जा सकते हैं.