You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेटः आठ जून से होटल, रेस्टोरेंट, शॉपिंग माल्स और धार्मिक केंद्र शर्तों के साथ खोले जाएंगे

दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 59 लाख से अधिक हो गए हैं. इस महामारी से अब तक 364,459 लोगों की जानें भी गई हैं.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, मॉस्को जा रहा एयर इंडिया का विमान बीच रास्ते दिल्ली लौटा, पायलट संक्रमित

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से ख़बर दी है कि एयर इंडिया का दिल्ली से मॉस्को जा रहा एक विमान बीच रास्ते से ही दिल्ली लौट आया क्योंकि ग्राउंड टीम को जानकारी मिली की विमान का पायलट कोविड-19 के टेस्ट में पॉज़िटिव पाया गया है.

    जब एयर इंडिया को पायलट के कोरोना संक्रमित होने का पता चला उस समय उड़ान उज़्बेकिस्तान के आसमान में थी.

  2. भारत की तीन कंपनियों को नासा ने दिया वेंटिलेटर बनाने का लाइसेंस

    अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने भारत की तीन कंपनियों को कोविड-19 मरीज़ों के लिए देश में ही विकसित वेंटिलेटर्स बनाने के लिए लाइसेंस दे दिया है.

    ये तीन कंपनियाँ हैं - अल्फ़ा डिज़ाइन टेक्नोलॉजीज़ प्राइवेट लिमिटेड, भारत फ़ोर्ड लिमिटेड और मेधा सर्वो ड्राइव्स प्राइवेट लिमिटेड.

    नासा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि तीन भारतीय कंपनियों के अलावा 18 और कंपनियों को वेंटिलेटर बनाने के लिए लाइसेंस दिया गया है.

    इनमें आठ अमरीका और तीन ब्राज़ील की कंपनियाँ शामिल हैं.

    नासा ने अपनी सदर्न कैलिफ़ोर्निया स्थित जेट प्रोपल्शन लेबोरेट्री में कोरोना संक्रमित रोगियों के लिए वेंटिलेटर बनाया है.

    वाइटल नाम का ये विशेष वेंटिलेटर लगभग एक महीने में बना और 30 अप्रैल को इसे इमर्जेंसी परिस्थितियों में इस्तेमाल के लिए अमरीका सरकार की ओर से मंज़ूरी दे दी गई.

    ये ज़्यादा-दबाव वाले वेंटिलेटर कोरोना के गंभीर रोगियों को साधारण और किफ़ायती इलाज उपलब्ध कराते हैं जिससे कि सामान्य वेंटिलेटरों को अधिक गंभीर रोगियों के इलाज में इस्तेमाल किया जा सके.

  3. अमरीका के फ़ैसले को जर्मनी ने बताया दुर्भाग्यपूर्ण

    अमरीका के विश्व स्वास्थ्य संगठन से नाता तोड़ने के फ़ैसले को जर्मनी ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है.जर्मनी का कहना है कि वैश्विक स्वास्थ्य के लिए ये नुकसान करने वाला होगा.

    जर्मन स्वास्थ्य मंत्री येन्स श्पान ने कहा है कि "हालात बदलने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन को सुधारों की ज़रूरत है" और इस काम में यूरोपीय संघ को आगे बढ़ कर नेतृत्व करना चाहिए.

  4. केरल से पश्चिम बंगाल के प्रवासियों को ले जा रही बस ओडिशा में पलटी

    केरल से पश्चिम बंगाल के प्रवासी लोगों को लेकर लौट रही एक बस ओडिशा के बालासोर ज़िले में पलट गई जिससे कम-से-कम सात लोग घायल हो गए हैं.

    समाचार एजेंसी पीटीआई ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से बताया कि कोलकाता जा रही इस बस में 38 यात्री सवार थे जब ये बालासोर शहर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

    अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के अलग-अलग हिस्सों के रहने वाले ये लोग लॉकडाउन की वजह से केरल में फँस गए थे.

    अधिकारी के अनुसार घायलों की स्थिति स्थिर है. बाक़ी यात्रियों को एक अस्थायी शिविर में सोशल डिस्टैंसिंग के नियमों का ध्यान रखते हुए ठहरवाया गया है.

    उन्हें एक अन्य बस से कोलकाता पहुँचाने का इंतज़ाम किया जा रहा है.

  5. बॉम्बे हाई कोर्ट ने मज़दूरों की स्थिति पर महाराष्ट्र सरकार से रिपोर्ट मांगी

    बॉम्बे हाई कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार से राज्य में रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर प्रवासी मज़दूरों की भीड़ जमा होने को लेकर रिपोर्ट देने के लिए कहा है.

    मुख्य न्यायाधीश दीपांकर दत्ता और न्यायाधीश के के पटेल की पीठ ने शुक्रवार को सेंटर ऑफ़ ट्रेड यूनियंस की एक याचिका पर सुनवाई करते हुए ये निर्देश दिया.

    याचिका में कहा गया था कि महाराष्ट्र से श्रमिक स्पेशल ट्रेनों और बसों से अपने राज्यों में लौटने का आवेदन देने वाले श्रमिकों को कोई जानकारी नहीं दी जा रही है.

    ये भी कहा गया कि ट्रेनों और बसों पर सवार होने से पहले उन्हें तंग और गंदी जगहों पर ठहराया गया है जहाँ खाने-पीने और ज़रूरी सुविधाओं की कोई व्यवस्था नहीं है.

    अतिरिक्त सॉलिसिटर जेनरल अनिल सिंह ने कहा कि प्रवासी मज़दूरों की समस्या पर सुप्रीम कोर्ट पहले ही दखल दे चुका है.

    अदालत ने इसे नोट किया, मगर कहा कि इसके बावजूद राज्य सरकार को दो जून तक रिपोर्ट पेश करनी होगी.

    अदालत ने कहा,"स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए, हम ये मानते हैं कि सरकार को प्रवासी मज़दूरों की तकलीफ़ों के बारे में एक रिपोर्ट देनी चाहिए कि कैसे इस पर ध्यान दिया जा रहा है.

    खंडपीठ ने कहा कि उन्होंने अख़बारों में आ रही तस्वीरों को देखा है जिसमें मज़दूर ना केवल स्टेशनों बल्कि पास के रास्तों पर भी रह रहे हैं.

    अदालत ने कहा,"लोगों को इस तरह जुटने देने से जिस मक़सद से लॉकडाउन लगाया गया था, वो मक़सद ही उल्टा हो जाएगा."

    अदालत ने आगे कहा," रिपोर्ट में बताना चाहिए कि राज्य से बाहर जाने के लिए किसी प्रवासी मज़दूर को किन-किन प्रक्रियाओं का पालन करना है, कितने समय में वो ट्रेन या बस पर सवार हो पाएगा, और इस प्रतीक्षा के दौरान उसे कहाँ ठहराया जाएगा, और उसके जीवनयापन के लिए क्या प्रबंध किए गए हैं."

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, पाकिस्तान सरकार के मंत्री को हुआ संक्रमण

    पाकिस्तान सरकार के एक मंत्री शहरयार ख़ान आफ़रीदी कोरोना संक्रमित हो गए हैं.

    बोर्डर मामलों और नारकोटिक्स नियंत्रण मंत्रालय के राज्य मंत्री ने स्वयं ट्विटर पर इसकी जानकारी दी.

    शनिवार सुबह उन्होंने लिखा, "मैं कोविड-19 पॉज़िटिव पाया गया हूँ और चिकित्सकों की सलाह पर मैंने ख़ुद को अपने घर पर क्वारंटीन कर लिया है."

    पाकिस्तान में अब तक कुल 64,028 लोग कोरोना संक्रमित हो चुक हैं.1,317 लोगों की इससे मौत हो चुकी है.

  7. साफ़ पानी न मिलने से हर साल होती है दो लाख लोगों की मौत

    भारत के कई इलाक़ों पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं. कई ऐसे परिवार हैं जिन्हें ना तो पीने का साफ़ पानी मिल पाता है और ना ही रोज़ाना की ज़रूरतों के लिए ही पानी पूरा पड़ता है.

    घर की औरतें, बच्चे सुबह आंख खुलने के साथ ही पानी भरने के लिए कतारों में खड़े नज़र आते हैं. छोटे-छोटे बच्चे अपने वज़न से अधिक पानी भरते नज़र आते हैं. लेकिन कुछ इलाक़े ऐसे भी हैं, जहां पानी की बर्बादी होती है.

    नीति आयोग की साल 2018 में जारी एक रिपोर्ट में कहा गया था कि साफ़ पानी नहीं मिलने की वजह से हर साल दो लाख लोगों की मौत हो जाती है. साल 2019 के अप्रैल महीने में भारत का 42 फ़ीसदी हिस्सा सूखे की चपेट में था.

    हर साल पांच जून को विश्व पर्यावरण दिवस मनाया जाता है. बीबीसी की ये ख़ास सीरीज़ पर्यावरण के महत्व को ध्यान में रखकर तैयार की गई है. देखिए, इस सीरीज़ का पहला वीडियो.

  8. तुर्की में दो महीने बाद मस्जिदों में फिर पढ़ी गई नमाज़

    तुर्की में दो महीने के बाद शुक्रवार को मस्जिद फिर से खुल गए.

    वहाँ सरकार मई महीने में लगातार लॉकडाउन में ढील दे रही है और शॉपिंग मॉल, सैलून और ब्यूटी पार्लरों को खोल दिया गया है.

    राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप अर्दोआन ने कहा है कि सोमवार से रेस्तरां, कैफ़े, लाइब्रेरी, पार्क, समुद्र तट जैसी और भी कई जगहों को खोल दिया जाएगा.

    शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने मास्क लगाकर इस्तांबुल की ऐतिहासिक नीली मस्जिद के बाहर नमाज़ पढ़ी.

    ऐसे ही ऑटोमन साम्राज्य के दौर की फ़तिह मस्जिद के भीतर और बाहर नमाज़ पढ़ी गई और नगरपालिका ने लोगों को सैनिटाइज़र और एक बार इस्तेमाल करनेवाली दरियाँ दीं.

    तुर्की में आधिकारिक तौर पर कोविड से 4,397 लोगों की मौत हुई है. मगर कुछ डॉक्टर इसपर संदेह जताते हुए दावा करते हैं कि असल आँकड़ा दोगुना हो सकता है.

  9. कोरोना वायरस: आपदा के दौर में साज़िशों के क़िस्से मशहूर क्यों हो जाते हैं?

  10. महाराष्ट्रः पिछले 24 घंटों में 114 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित

    महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में 114 पुलिस कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं.

    इस महामारी के कारण एक पुलिसकर्मी की मृत्यु भी हुई है.

    महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमित पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़कर 2325 हो गई है और अभी तक 26 पुलिसवालों की कोविड-19 की वजह से मौत भी हुई है.

  11. लॉकडाउन 5.0 में क्या रहेगा बंद, क्या रहेगा खुला- प्रेस रिव्यू

    देश में कोरोना के कारण लगाए गए चौथे लॉकडाउन का वक्त 31 मई को ख़त्म होने वाला है. ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि इसके बाद सरकार पांचवा लॉकडाउन लगाने जा रही है. दिल्ली से छपने वाले लगभग सभी अख़बारों में लॉकडाउन 5.0 से जुड़ी ख़बरें पहले पन्ने पर हैं.

    द इकॉनोमिक टाइम्स में छपी एक ख़बर के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों की राय जानने के बाद इस विषय पर प्रधानमंत्री से बात की है, जिसके बाद 31 मई की रात से पहले लॉकडाउन 5.0 के नए दिशानिर्देश जारी किए जा सकते हैं.

    सूत्रों के हवाले से अख़बार लिखता है कि नए दिशानिर्देशों के अनुसार जून 1 से 13 शहरों को छोड़ कर देश की बाकी जगहों से पाबंदियां हटा ली जाएगी. देश में संक्रमितों की कुल संख्या का 70 फीसदी इन्हीं 13 शहरों से आए हैं. ये शहर हैं - दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, अहमदाबाद, ठाणे, पुणे, हैदराबाद, कोलकाता/हावड़ा, इंदौर, जयपुर, जोधपुर, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लूवर.

  12. भारत में 24 घंटे में लगभग 8,000 नए मामले, आँकड़ा पौने दो लाख के पास पहुँचा

    भारत में पिछले 24 घंटों में 7,964 नए मामलों की पुष्टि हुई है जो किसी एक दिन में अब तक की सर्वाधिक संख्या है.

    इसके साथ ही देश में संक्रमित मामलों की कुल संख्या बढ़कर 1,73,763 हो गई है.

    इनमें 82 हज़ार से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं. 86 हज़ार से ज़्यादा अभी भी संक्रमित हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसके साथ ही पिछले एक दिन में 265 लोगों की मृत्यु दर्ज की है जिसके बाद मारे जाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 4,971 हो गई है.

    महाराष्ट्र देश में सबसे ज़्यादा लोग संक्रमित हैं. वहाँ 62,228 लोग पॉज़िटिव हैं.

    इसके बाद तमिलनाडु (20,246), दिल्ली(17,386) और गुजरात (15,934) सबसे ज़्यादा प्रभावित स्थान हैं.

  13. मोदी 2.0 का एक साल पूरा, मोदी ने कही ये 10 बातें

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनी बीजेपी सरकार के दूसरे कार्यकाल का पहला साल शनिवार को पूरा हुआ. इस मौक़े पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक चिट्ठी लिख कर देशवासियों का आभार जताया है.

    चिट्ठी की शुरूआत में उन्होंने लिखा है कि कोरोना महामारी के कारण सामान्य परिस्थिति नहीं है और इस कारण उन्हें देशवासियों के नाम पत्र लिखना पड़ रहा है.

    उन्होंने लिखा है कि "दशकों बाद भारत पूर्ण बहुमत की किसी सरकार को लगातार दूसरी बार जनता ने ज़िम्मेदारी सौंपी थी. ये भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है."

    उन्होंने चिट्ठी में अपनी सरकार के लिए कड़े फ़ैसलों का ज़िक्र किया है और कोरोना महमारी की तरफ इशारा करते हुए लिखा कि कोई भी मुश्किल परिस्थिति हमारे भविष्य का निर्णय नहीं कर सकती.

  14. अब तक की अहम ख़बरें

    अमरीका ने तोड़ा WHO से नाता

    • कोरोना वायरस से सबसे बुरी तरह प्रभावित अमरीका में संक्रमण के कुल मामले 17.45 लाख हो गए हैं. वहीं यहां कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा अब बढ़ तक 102,798 हो गया है.
    • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमरीका के विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO से नाता ख़त्म करने का ऐलान किया है. ट्रंप का आरोप है कि संगठन चीन के इशारों पर काम करता है. उनका कहना है कोरोना वायरस के संक्रमण को शुरू में फैलने से रोकने में वो नाकाम रहा.
    • संयुक्त राष्ट्र की इस एजेंसी का फंड राष्ट्रपति ट्रंप पहले ही बंद कर चुके हैं. ट्रंप का कहना है अमरीका जो फंड संगठन को देता था अब उसे पब्लिक हेल्थ में लगाएगा.
    • अमरीका में कोरोना का केंद्र रहे न्यूयॉर्क के गवर्नर एंड्र्यू कूमो का कहना है कि शहर में लागू किए गए लॉकडाउन में 8 जून से राहत दी जाएगी. उनका कहना है कि चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन में राहत दी जाएगी जिसमें 8 जून से ग़ैर ज़रूरी कंस्ट्रक्शन और उत्पादन काम को चालू करना शामिल होगा.

    ब्राज़ील

    • बीते चौबीस घंटों में ब्राज़ील में कोरोना वायरस संक्रमण के करीब 27 हज़ार ताज़ा मामले सामने आए हैं. पहली बार देश में इतनी बड़ी संख्या में संक्रमण के मामलों की पुष्टि हुई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते चौबीस घंटों में इस वायरस से 1100 लोगों की मौत हुई है.
    • जानकारों का कहना है कि देश में अब तक कोरोना का पीक आना बाक़ी है. संक्रमण के बढ़ते मामलों को रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन का असर अर्थव्यवस्था पर पड़ने के बाद यहां के कई राज्यों के गवर्नरों और मेयरों ने अब लॉकडाउन में ढील देनी शुरु कर दी है.
    • राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो का कहना है कि वायरस को फैलने सो रोका नहीं जा सकत, लिहाज़ा अर्थव्यवस्था को खोला जाना चाहिए.

    रूस

    • रूस ने कहा है कि पिछले चौबीस घंटों में कोरोना से 232 लोगों की मौत हुई है जो अब तक सबसे अधिक है. यहां अब तक कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या 4,374 हो गई है.
    • अमरीका और ब्राज़ील के बाद संक्रमण के मामले में रूस तीसरे नंबर पर है. चार दिन पहले ही रूस में लॉकडाउन में राहत दी गई थी.

    भारत

    • भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 165,799 हो गई है वहीं अब तक इससे 4706 मौतें हुई हैं. संक्रमितों की संख्या के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे हैं जहां कुल 59,546 लोग कोरोना पॉज़िटिव हैं, वहीं यहां अब तक इससे 1982 लोगों की मौत हुई है.
    • संक्रमितों की संख्या के हिसाब से दूसरे नंबर पर है तमिलनाडू है जहां 19,372 कोरोना संक्रमित हैं और दिल्ली तीसरे स्थान पर है जहां अब तक कोरोना से 16,281 मामले सामने आए हैं.

    कोरोना पर रिसर्च

    • दवा कंपनी सनोफ़ी ने कहा है कि कोरोना वायरस के इलाज के लिए हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन के इस्तेमाल को लेकर किए जा रहे ट्रायल में अब वो कोविड-19 के मरीज़ों को शामिल नहीं करेगा.
    • समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार जब तक इस दवा के इस्तेमाल को लेकर सुरक्षा चिंताएं ख़त्म नहीं होती तब तक कोविड-19 मरीज़ों पर वो इसका ट्रायल नहीं करेगा.
    • हाल में विश्व स्वास्थ्य संगठन के निदेशक टेड्रॉस एडहॉनम गीब्रियेसुस ने साइंस जर्नल 'लैंसेट' की एक स्टडी का ज़िक्र करते हुए कहा था कि कोरोना वायरस से संक्रमितों के इलाज में जहां हाइड्रॉक्सिक्लोरोक्विन दवाई दी जा रही है, वहां मौत का ख़तरा ज़्यादा है. इसके बाद कई यूरोपीय देशों ने कोरोना मरीज़ों के लिए इस दवा के इस्तेमाल पर रोक लगा दी थी.

    पुर्तगाल

    • राजधानी लिस्बन में कोरोना वायरस के मामलों अचानक बढ़ोतरी के बाद सरकार ने लॉकडाउन में राहत देने की अपनी योजना को फिलहाल रोक दिया है.
    • हाल के दिनों में, पुर्तगाल के बाकी हिस्सों की तुलना में लिस्बन में वायरस संक्रमण के दस गुना अधिक मामले सामने आए थे.

    पर्यटन के लिए तैयार हो रहे देश

    • ग्रीस ने कहा है कि वो 15 जून से 29 देशों से आने वाले सैलानियों के लिए अपने दो हवाईअड्डे खोलेगा. 29 देशों की लिस्ट में वो देश शामिल हैं जगहं कोरोना संक्रमण के कम मामले आए हैं. इसमें फ्रांस, स्पेन, ब्रिटेन और इटली जैसे यूरोपीय देशों के नाम शामिल नहीं हैं जहां संक्रमण के मामले बाकी देशों से काफी अधिक हैं.
    • वहीं ऑस्ट्रिया में भी शुक्रवार से सैलानियों के लिए होटल खोल दिए गए हैं. हालांकि सरकार का कहना है कि सभी को सोशल डिसिटेन्सिंग के नियमों का पालन करना होगा और मास्क पहनना होगा.
    • 3 जून से इटली भीसैलानियों के लिए तैयार हो जाएगा. हालांकि बाहर निकलने पर यहां मुंह पर मास्क लगाना ज़रूरी होगा. वेनिस में गोन्डोला बनाने वालों को उम्मीद है कि 3 जून से बाद हालात सुधरेंगे.
  15. मोदी को टक्कर देना छह साल बाद भी इस क़दर मुश्किल क्यों

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्राज़ील में मृतकों की संख्या स्पेन से ज़्यादा हुई

    कोरोना वायरस के संक्रमण से मरने वालों की तादाद ब्राज़ील में स्पेन से ज़्यादा हो गई है. ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार पिछले 24 घंटों में 1,124 लोगों की मौत हुई है और इसके साथ ही मरने वालों की कुल संख्या 27,878 हो गई है.

    स्पेन में मृतकों की संख्या 27,121 है. संक्रमण के मामले में ब्राज़ील दूसरे नंबर पर है.

  17. कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े अब तक के बड़े अपडेट्स

    • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी WHO से संबंध ख़त्म करने की घोषणा की है. इससे पहले ट्रंप ने फंड रोकने की बात कही थी. ट्रंप ने कहा कि वो WHO को जो फंड देते थे उसे वैश्विक स्वास्थ्य को लेकर अन्य संगठनों को देंगे.
    • रूस में कोरोना वायरस से पिछले 24 घंटों में अब तक की सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं. पिछले 24 घंटों में 232 लोगों की मौत हुई है और इसके साथ ही मरने वालों की कुल संख्या 4,374 हो गई है. अधिकारियों का कहना है कि संक्रमण के 8,572 नए मामले सामने आए हैं और इसके साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 387,623 हो गई है. अमरीका और ब्राज़ील के बाद संक्रमण के मामले में रूस तीसरे नंबर पर है.
    • ईरान में एक बार फिर से कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले बढ़ने लगे हैं. शुक्रवार को यहां संक्रमण के 2,819 नए मामले सामने आए. ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किआनोउश जहाँपुर ने कहा कि इसी दौरान 50 और लोगों की मौत हुई है. ईरान में मृतकों की कुल तादाद 7,677 हो गई है और संक्रमितों की संख्या 146,668 है.
    • दक्षिण अफ़्रीका के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि कोविड 19 के टेस्ट बैकलॉग में 100,000 मामले पड़े हैं. अफ़्रीका में बाक़ी के कई देश ज़रूरी सामानों की किल्लत से जूझ रहे हैं.
    • ईरान की तरह ही दक्षिण कोरिया में एक बार फिर से कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले बढ़े हैं. इसी को देखते हुए 800 स्कूलों को खोलने की योजना रद्द कर दी गई है. दक्षिण कोरिया लॉकडाउन की पाबंदियों में ढील दे रहा था लेकिन अब एक बार फिर से म्यूजिम, पार्क और गैलरीज को शुक्रवार को बंद कर कर दिया गया.
    • कोरोना वायरस को लेकर सरहद पर लगी पाबंदियों को ख़त्म करने के मामले में उत्तरी यूरोप के देशों में मतभेद खुलकर सामने आए हैं. अगले महीने से नॉर्वे और डेनमार्क ने कुछ देशों के पर्यटकों के लिए छूट देने की घोषणा की है लेकिन इस पूरे प्लान से स्वीडन को अलग रखा गया है. डेनमार्क और नॉर्वे के पीएम ने कहा है कि 15 जून से ज़्यादातर पाबंदियां ख़त्म हो जाएंगी.
    • ब्रिटेन, फ़्रांस, स्पेन और इटली उन देशों में शामिल हैं जिन्हें ग्रीस ने सीमा खोलने की योजना से अलग रखा है. 15 जून से ग्रीस ने 29 देशों के लिए एयरपोर्ट खोलने की घोषणा की है. यह वक़्त ग्रीस में पर्यटकों के लिए काफ़ी ख़ास होता है. ईयू के भी 16 देश इनमें शामिल हैं. इन देशों में जर्मनी, ऑस्ट्रिया और डेनमार्क को अनुमति दी गई है.
  18. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े सभी अहम और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.