You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना लॉकडाउन: मोदी सरकार@2 का पहला साल पूरा होने पर 750 रैली की तैयारी

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का पहला साल 30 मई को पूरा करने जा रही है, इसके जश्न की क्या क्या है तैयारी.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका ने ब्राज़ील को लेकर लगाई यात्रा पाबंदी

    ट्रंप प्रशासन ने उन विदेशियों के अमरीका आने पर पाबंदी लगा दी है जो पिछले 14 दिनों में ब्राज़ील गए थे. लातिन अमरीकी देश ब्राज़ील हाल ही में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले में दुनिया के दूसरे हॉटस्पॉट के रूप में सामने आया है.

    ब्राज़ील में संक्रमितों की संख्या तीन लाख, 60 हज़ार हो गई है और अब तक 22 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है. व्हाइट हाउस की एक प्रवक्ता ने कहा कि इस पाबंदी का उद्देश्य है कि अमरीका में बाहर से कोई नया केस नहीं आए.

    व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी केली मैकेनी ने कहा, ''पाबंदी के फ़ैसले से हमें इस बात को सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी कि जो विदेशी नागरिक ब्राज़ील में हैं वो हमारे मुल्क के लिए संक्रमण के अतिरिक्त स्रोत ना बनें.''

    जो भी ग़ैर-अमरीकी पिछले दो हफ़्ते में ब्राज़ील गए हैं उन्हें अमरीका आने की अनुमति नहीं मिलेगी. इस पाबंदी से दोनों देशों का कारोबार नहीं प्रभावित होगा. यह पाबंदी 28 मई से प्रभावी होगी. यह ट्रैवेल बैन अमरीकी नागरिकों पर नहीं लागू होगी. आने वाले दिनों में यह पाबंदी अन्य देशों पर भी अमरीका लगा सकता है.

    इससे पहले अमरीका ने चीन, ईरान, यूरोप के शेंगन इलाक़े, ब्रिटेन और आयरलैंड की यात्रा पर गए ग़ैर-अमरीकी नागरिकों के अमरीका आने पर पाबंदी लगाई थी. कनाडा और अमरीका के बीच में पहले से ही ग़ैर-ज़रूरी यात्राओं पर पाबंदी को लेकर सहमति है.

    ब्राज़ील ने हाल ही में कोरोना वायरस के संक्रमण के मामले में रूस को पीछे छोड़ दिया था और अमरीका के बाद दूसरे नंबर पर आ गया था. दूसरी तरफ़ अमरीका में संक्रमितों की संख्या 16 लाख से ज़्यादा हो गई है और मरने वालों की तादाद एक लाख के क़रीब पहुंच गई है.

  2. दुनिया की सबसे गहरी सोने की खान में बंद हुआ काम

    कोरोना वायरस संक्रमण के 164 मामले सामने आने के बाद दक्षिण अफ्रीका के पोनेन्ग सोने की खान में काम बंद कर दिया गया है. पोनेन्ग दुनिया की सबसे गहरी सोने की खान है.

    एक महीना बंद रहने के बाद इस खान में बीते महीने ही काम शुरू हुआ था. कोरोना वायरस फैलने से रोकने के लिए देश में मार्च में लॉकडाउन लगाया गया था जिस दौरान देश की सभी सोने की खानों में काम बंद रहा था.

    अभी जो लोग संक्रमित पाए गए हैं उनमें कोरोना के कोई लक्षण नहीं देखे गए हैं.

    कंपनी एंग्लोगोल्ड अशांति का कहना है कि सभी लोगों को आइसोशन में रख गया है. कंपनी ने ये भी कहा है कि बीते सप्ताह कोरना संक्रमण का पहला मामला सामने आने के बाद 650 कर्मचारियों की जांच कराई गई है.

  3. अब तक क्या-क्या हुआ

    बढ़ा चीन-अमरीका तनाव

    कोरोना वायरस को लेकर अमरीका और चीन के बीच तनाव गहराता जा रहा है. रविवार को चीन के विदेश मंत्री वॉन्ग यी ने अमरीका पर कोरोना वायरस के बारे में झूठी ख़बरें फैलाने का आरोप लगाया.

    उन्होंने कहा कि “अमरीका के भीतर कुछ राजनीतिक ताक़तें चीन-अमरीका संबंध को अपने फ़ायदे के लिए ग़लत दिशा में ले जा रही हैं और वो दोनों देशों को नए शीत युद्ध में धकेल रही हैं. यह एक ख़तरनाक कोशिश है.“

    वुहान: एक दिन में 10 लाख से ज़्यादा टेस्ट

    चीन के वुहान में रविवार को एक दिन में 10 लाख से अधिक लोगों का कोरोना टेस्ट (न्युक्लिक ऐसिट टेस्ट) किया गया. वुहान से ही कोरोना वायरस शुरू हुआ और दुनियाभर में फैला.

    इसके ठीक एक दिन पहले यहां 14 लाख लोगों का टेस्ट हुआ था.

    लॉकडाउन से निकलने को तैयार ब्रिटेन

    रविवार को ब्रिटेन में कोरोना वायरस से 118 लोगों की जान गई. देश में अब तक कोरोना वायरस कुल 36,793 लोगों की जान ले चुका है.

    ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि उन्हें लगता है कि देश अब कोरोना महामारी से निबटने के दूसरे चरण की शुरूआत के लिए तैयार है. उनका कहना है कि आने वाले दिनों में देश में लॉकडाउन में राहत दी जाएगी और 1 जून से धीरे-धीरे स्कूल खोले जाएंगे.

    जॉनसन ने कहा कि कोरोना वायरस की वैक्सीन के लिए फंड जुटाने के लिए चार जून को वो एक वर्चुअल सम्मेलन का भी आयोजन करेंगे.

    लॉकडाउन के बीच मनाई गई ईद

    कोरोना महामारी के बीच दुनिया भर के लाखों मुसलमानों ने आज ईद-उल-फित्र का त्योहार मनाया. हर साल ये दिन धूमधाम से मनाया जाता है लेकिन इस साल इस पर कोरोना वायरस की परछाईं साफ दिखी.

    तुर्की और सऊदी अरब में लॉकडाउन के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकले. इंडोनेशिया में सरकार ने रिश्तेदारों से मिलने के लिए लोगों के बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी और लोगों से घरों पर ही रहने की अपील की. हालांकि यहां बड़ी संख्या में लोग मस्जिदों में पहुंचे. कई और देशों में भी बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगाई गई है.

    लॉकडाउन में राहत देगी श्रीलंका सरकार

    श्रीलंका की सरकार ने कहा कि लॉकडाउन में मंगलवार से कुछ राहत देना शुरू करेगी.

    राजधानी कोलंबो और गाम्पाह जिले में मार्च से 24 घंटे कर्फ्यू लागू था.

    चूहों पर वैक्सीन का परीक्षण सफल

    थाईलैंड ने चूहों पर सफल परीक्षण के बाद अब बंदरों पर कोरोना वैक्सीन का परीक्षण शुरू कर दिया है.

  4. कोरोना लॉकडाउन के बीच दुनिया भर में ऐसे मनाई गई ईद

  5. कोरोना संक्रमण: तब्लीग़ी जमात से जुड़े सवाल पर डॉ. हर्षवर्धन ने कहा- ''बहुत हुआ''

  6. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.