You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना लॉकडाउन: मोदी सरकार@2 का पहला साल पूरा होने पर 750 रैली की तैयारी

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अपने दूसरे कार्यकाल का पहला साल 30 मई को पूरा करने जा रही है, इसके जश्न की क्या क्या है तैयारी.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना वायरस: देश-दुनिया में पिछले 24 घंटों में जो कुछ हुआ

    • 54 लाख लोगों को संक्रमित और 344,760 लोगों की जान ले चुके कोरोना वायरस का कहर दुनिया भर में जारी है.
    • एक तरफ़ अमरीका कोविड-19 की महामारी से दुनिया का सबसे ज़्यादा प्रभावित देश बना हुआ है तो दूसरी ओर ब्राज़ील, रूस और ब्रिटेन भी इस महामारी से बुरी तरह से संघर्ष कर रहे हैं.
    • जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के अनुसार कोरोना वायरस से प्रभावित देशों की सूची में भारत फ़िलहाल दसवें नंबर पर है.
    • अमरीका में 16,41,585, ब्राज़ील में 363,211, रूस में 344,481, ब्रिटेन में 260,916 संक्रमण के मामले दर्ज किए जा चुके हैं.

    ब्रिटेन का राजनीतिक विवाद

    • प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के मुख्य सलाहकार डोमिनिक क्यूमिंग्स लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में पुलिस से मुलाकात की है.
    • डोमिनिक क्यूमिंग्स पर ये आरोप है कि कोरोना संक्रमित होने के बावजूद उन्होंने लॉकडाउन के दौरान सेल्फ़-आइसोलेशन के नियमों का उल्लंघन किया है.
    • इस मामले में पुलिस स्वास्थ्य कानूनों के तहत उनके ख़िलाफ़ जांच भी कर सकती है.
    • उधर, प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन पर उनको हटाने के लिए दबाव भी बढ़ रहा है.
    • हालांकि प्रधानमंत्री ने क्यूमिंग्स का समर्थन करते हुए कहा है, "डोमिनिक जिम्मेदारी पूर्वक और क़ानून के दायरे में काम कर रहे थे."

    ब्राज़ील की यात्रा करने वालों पर पाबंदी

    • अमरीका ने उन लोगों के अपने यहां आने पर रोक लगा दी है जिन्होंने पिछले दो हफ़्तों के दौरान ब्राज़ील की यात्रा की होगी.
    • व्हॉइट हाउस ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अमरीका आने वाले विदेशी नागरिकों ने अगर पिछले दो हफ़्तों के दौरान ब्राज़ील की यात्रा की होगी तो वे यहां नहीं आ सकेंगे.
    • इस फ़ैसले के दो दिन पहले ही ब्राज़ील कोविड-19 की महामारी से दुनिया का दूसरा सबसे ज़्यादा प्रभावित देश बना था.

    फ्रांस में हालात सुधरे

    • फ्रांस में लॉकडाउन लागू करने के बाद कोरोना संक्रमण के रोज़ किए जाने वाले मामले रविवार को सबसे कम रहे.
    • सरकारी अधिकारियों ने बताया कि फ्रांस में संक्रमण और मौत दोनों ही मामलों में रविवार को सबसे कम इजाफा हुआ है.
    • फ्रांस में 17 मार्च से लॉकडाउन लागू है. अब ये उम्मीद की जा रही है कि फ्रांस ने इस महामारी का सबसे बुरा दौर देख लिया है.
    • देश की पर्यावरण मंत्री एलीज़ाबेथ बॉर्न ने कहा कि सरकार लोगों को छुट्टियां मनाने के लिए विदेशों की यात्रा नहीं करने की सलाह देती है.
    • इसके बाद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने भी ये कहा कि इन गर्मियों में फ्रांसीसी लोगों की विदेश यात्राओं की संभावनाएं कम हैं.

    दक्षिण अफ्रीका में लॉकडाउन से राहत

    • दक्षिण अफ्रीका ने लॉकडाउन के प्रावधानों में और ढील देने का फ़ैसला किया है.
    • राष्ट्रपति सायरिल रामाफोसा ने घोषणा की है कि एक जून से लॉकडाउन की पाबंदियों में और छूट दी जाएगी ताकि अर्थव्यवस्था के बड़े क्षेत्रों को खोला जा सके.
    • उन्होंने टीवी पर अपने संबोधन में कहा, "कैबिनेट ने फ़ैसला किया है कि पूरे देश के लिए ख़तरे के जिस स्तर को लेकर एलर्ट जारी किया गया था, उसे कम करके लेवल चार से लेवल तीन किया जाना चाहिए."
    • महामारी पर रोकथाम के तौर-तरीक़ों को लेकर इसे दक्षिण अफ्रीका के रवैये में अहम बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.

    माइनिंग कंपनी ने काम रोका

    • इस बीच दक्षिण अफ्रीकी माइनिंग कंपनी एंग्लोगोल्ड एशैंटी ने 164 कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अपनी एक माइंस में खनन का काम रोक दिया है.
    • कंपनी ने बताया कि ग्वातेंग प्रांत में मेराफोंग माइंस में सोने के खनन का काम होता था.
    • वहां पिछले हफ़्ते संक्रमण का पहला सामने आया था. इसके बाद कंपनी के 650 कर्मचारियों का कोरोना टेस्ट कराया गया.
    • साथ ही कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और सैनिटाइज़ेशन की प्रक्रिया चल रही है.

    भारत में हवाई सेवाएं शुरू

    • कोरोना वायरस से संक्रमण के बढ़ते मामलों के बावजूद भारत ने घरेलू हवाई सेवाएं फिर से शुरू कर दी हैं.
    • देश के केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने इसकी घोषणा की.
    • रविवार को भारत में कोरोना संक्रमण के मामले रिकॉर्ड संख्या में दर्ज किए गए थे.
    • केंद्रीय मंत्री ने बताया कि हवाई सेवाओं की बहाली से पहले लंबी वार्ता हुई जिसमें कुछ राज्य सरकारें सीमित संख्या में फ़्लाइट्स शुरू करने के पक्ष में थे.

    कनाडा का हाल

    • कनाडा में कोरोना वायरस से संक्रमण के मामले बढ़कर 86,105 हो गए हैं. वहां मरने वालों की संख्या भी बढ़ी है.
    • जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के अनुसार कनाडा में कोविड-19 की महामारी के कारण 6533 लोगों की जान अब तक जा चुकी है.

    जर्मनी में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग का काम

    • फ्रैंकफर्ट शहर के एक चर्च में एक धार्मिक कार्यक्रम के बाद 107 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे.
    • अब सरकारी अधिकारी उन लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं जिन्होंने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था.
    • 10 मई को एक बैपटिस्ट चर्च में ये कार्यक्रम हुआ था.
    • अभी ये साफ़ नहीं है कि संक्रमित होने वाले सभी 107 लोगों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था या फिर इनमें वे संक्रमित लोग भी शामिल हैं जिन तक दूसरों से संक्रमण पहुंचा.

    अमरीका को चीन की सलाह

    • चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने कहा है कि अमरीका को चीन पर इल्ज़ाम लगाने के बजाय कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ चीन के साथ मिलकर लड़ाई लड़नी चाहिए.
    • वांग यी ने महामारी से जूझ रहे अमरीका को लेकर सहानुभूति भी जताई.
    • जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार अमरीका में कोरोना वायरस से संक्रमण के कारण अब तक 97,698 लोगों की मौत हो चुकी है.
  2. कोरोना वायरस महामारी: दक्षिण एशिया में अब तक का हाल

    • पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने देशवासियों से आग्रह किया है कि वो ईद मनाते समय सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करें. पाकिस्तान के स्थानीय मीडिया के अनुसार देश के सभी बड़े शहरों में ईद पर मेले लगे हैं और कुछ समारोह आयोजित किये गए हैं. हालांकि इन्हें बड़े मैदानों में आयोजित किया गया है जिनके लिए स्थानीय प्रशासन ने कुछ गाइडलाइन भी जारी किये थे. पाकिस्तान में अब तक 54 हज़ार से ज़्यादा लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है और 1167 लोग कोविड-19 से मर चुके हैं.
    • बांग्लादेश में बीते-24 घंटे में 28 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है जो एक दिन में मौत का अब तक का सबसे बड़ा नंबर है. बांग्लादेश में कुल 480 लोग इस महामारी की वजह से मर चुके हैं.
    • श्रीलंका सरकार ने कहा है कि मंगलवार से लॉकडाउन में कुछ ढील दी जायेगी. साथ ही कुछ शहरों में दिन के समय लग रहे कर्फ़्यू को भी हटाया जायेगा.
    • नेपाल में भी रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में उछाल देखने को मिला, जहाँ संक्रमित लोगों की संख्या अब बढ़कर 600 से अधिक हो गई है.
  3. कोरोन वायरस का टेस्ट कैसे और कहां करवा सकते हैं?

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, जापान ने पीएम शिंज़ो आबे ने हटाई नेशनल इमर्जेंसी

    जापान के प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे ने राष्ट्रीय आपातकाल हटाने की घोषणा की है और देश के अधिकांश हिस्सों में लॉकडाउन में ढील देते हुए उन्होंने आर्थिक गतिविधियाँ शुरू करने की अनुमति दे दी है.

    सोमवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “लॉकडाउन हटाया जाये या नहीं, इसे लेकर हमारा पैमाना बहुत सख़्त रहा है. हमने पाया है कि अब वो स्थिति बन गई है कि हम लॉकडाउन को हटाएं.”

    शिंज़ो आबे ने कहा कि ‘कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए देश में लॉकडाउन लागू करने का उनका फ़ैसला सही साबित हुआ है.’ 7 अप्रैल को जापान सरकार ने देश के कुछ हिस्सों में लॉकडाउन की घोषणा की थी जिसे बाद में पूरे देश में लागू कर दिया गया था.

    हालांकि शुरुआती दिनों में कोरोना वायरस महामारी के ख़िलाफ़ जापान की इन कोशिशों की आलोचना हो रही थी, कहा जा रहा था कि जापान ज़्यादा सख़्ती बरत रहा है, लेकिन अब जापान सरकार ने विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है.

    अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ‘देश के अधिकांश हिस्से खोले जा रहे हैं, लेकिन राजधानी टोक्यो समेत कुछ अन्य इलाक़ों में अब भी लॉकडाउन रहेगा.’

    रविवार को जापान के वित्त मंत्री यासूतोशी निशीमूरा ने कहा था कि ‘संक्रमण के नए मामले अब बहुत कम हो गए हैं इसलिए देश के अधिकांश इलाक़ों को बंद रखने का कोई मतलब नहीं रह गया है.’

    अन्य बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में जापान ने कोरोना वायरस महामारी को काफ़ी अच्छी तरह नियंत्रित किया है.

    सोमवार सुबह तक जापान में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 16,550 दर्ज की गई और जापान में अब तक 820 लोग कोविड-19 से मरे हैं.

    हालांकि यह अभी भी अध्ययन का विषय है कि विश्व की सबसे अधिक बुज़ुर्ग आबादी वाले देश,जापान ने कैसे कोविड-19 से होने वाली मौतों को इतने कम पर रोका.

  5. तस्वीरों में: लॉकडाउन के बीच दुनिया भर में ऐसे मनाई गई ईद

    कोरोना वायरस महामारी के कारण इस साल दुनिया के कई देशों में पूरे रमज़ान के दौरान लॉकडाउन रहा.

    • ईद के मौक़े पर कुछ देशों में लॉकडाउन में थोड़ी रियायत तो दी गई लेकिन लोगों से सोशल डिस्टेन्सिंग बनाये रखने को कहा गया.
    • चांद निकलने का समय अलग-अलग देशों में अलग होने के कारण ईद अलग-अलग दिन मनाई गई.
    • पारंपरिक तौर पर इस दिन लोग मस्जिदों में जाकर नमाज़ पढ़ते हैं, नए कपड़े पहनते हैं और अपने दोस्तों-रिश्तेदारों से मिलते हैं. लेकिन इस साल अधिकांश देशों में लोगों के लिए ईद पहले से अलग थी.
  6. कोरोना वैक्सीन के लिए 4 जून को होगा वर्चुअल सम्मेलन

    ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा कि कोरोना वायरस की वैक्सीन के लिए फंड जुटाने के लिए चार जून को वो एक वर्चुअल सम्मेलन का आयोजन करेंगे.

    उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के बीच सभी राष्ट्र अपने अपने नागरिकों को बचाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन इसमें एक तरह के अंतरराष्ट्रीय सहयोग की आवश्यकता है. इसी दिशा में मिलकर वैक्सीन पर काम करने के लिए ब्रिटेन एक वर्चुअल सम्मेलन का आयोजन करेगा.

    उन्होंने बताया है कि आने वाले दिनों में देश में लॉकडाउन में राहत दी जाएगी और धीरे-धीरे कुछ स्कूल खोले जाएंगे. सबसे पहले 1 जून से इंग्लैंड में छोटे बच्चों के स्कूल खुलेंगे.

  7. कोरोना वायरस: संक्रमण के मामले में दुनिया के कई देशों को पीछे छोड़ देगा भारत

  8. कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में जो अहम मुद्दे दब गए

  9. कोरोना वायरस क्या शाकाहारी लोगों को शिकार नहीं बनाता?

  10. विमान सेवाओं की बहाली के पहले दिन 80 से ज़्यादा फ्लाइटें रद्द

    भारत में सोमवार से दोबारा शुरू हुई विमान सेवाएं काफी अस्त-व्यस्त रहीं. कुछ राज्यों ने फ़्लाइट के उड़ान भरने के कुछ घंटों पहले उड़ानों की संख्या निर्धारित करने का फ़ैसला किया.

    मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ देश भर में 80 से ज्यादा फ्लाइट्स इस अफरा-तफरी के कारण रद्द करनी पड़ी हैं.

    भुवनेश्नवर एयरपोर्ट के निदेशक ने बताया कि 'वहां आने वाली दस उड़ानों में पांच रद्द कर दी गई हैं.'

    आख़िर समय में किए गए इन फ़ैसलों की वजह से कई लोगों के टिकट रद्द कर दिए गए है और नतीजा ये हुआ कि बहुत से यात्रियों को हवाई अड्डे पर यात्रा की अनिश्चितता के माहौल में फंस गए.

    इंडिगो, स्पाइसजेट, विस्तारा जैसी एयरलाइन कंपनियों ने सोमवार से अपनी सर्विस फिर से शुरू करने की तैयारी कर रखी थी.

    लेकिन मुंबई, चेन्नई जैसे अहम हवाई अड्डों पर लगाई गई नई पाबंदियों के कारण एयरलाइन कंपनियों को अपने शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा.

  11. एक हफ़्ते में तेज़ी से बढ़ा दिल्ली में संक्रमण, देखिए सीएम ने क्या कहा?

  12. अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बीच वाली सीट अभी ख़ाली नहीं रहेगी

    अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बीच वाली सीट खाली रखी जाए या नहीं? चीफ़ जस्टिस अरविंद बोबडे, जस्टिस एएस बोपन्ना और जस्टिस हृषिकेश रॉय की बेंच ने एयर इंडिया को दस दिनों के लिए बीच वाली सीट पर बैठाने की इजाज़त दे दी है.

    कोर्ट ने आगे कहा कि 10 दिनों के बाद एयर इंडिया को बीच वाली सीट खाली रखने को लेकर दिए गए बंबई हाई कोर्ट के आदेश का पालन करना चाहिए.

    अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर दिए गए इस अहम फ़ैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ये कॉमन सेंस की बात है कि सोशल डिस्टेंसिंग महत्वपूर्ण है. कोर्ट ने कहा, "डीजीसीए और एयर इंडिया अगर ज़रूरी लगे तो नियमों में किसी किस्म का बदलाव करने के लिए स्वतंत्र हैं."

    मामला क्या है?

    22 मई को बंबई हाई कोर्ट ने कहा था कि एयर इंडिया की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बीच वाली सीट खाली रखी जानी चाहिए और नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) इस पर निर्देश जारी करे.

    बंबई हाई कोर्ट में एयर इंडिया के एक पायलट ने कंपनी के ख़िलाफ़ याचिका दायर की थी कि वो कोविड-19 की महामारी से बचाव के लिए निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रही है.

    डीजीसीए ने अपने दिशा निर्देश में ये कहा था कि दो सीटों के बीच एक सीट खाली रखी जानी चाहिए. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वो इस मामले पर बंबई हाई कोर्ट को फिर से फ़ैसला करने के लिए कहेगी.

    सरकार की तरफ़ से पक्ष रखते हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ने कहा कि डीजीसीए का सर्कुलर केवल घरेलू उड़ानों के लिए था. उन्होंने कहा कि क्वारंटीन को लेकर सरकार ने पहले से ही दिशा निर्देश दे रखे हैं कि विदेश से आने वाले लोगों को अनिवार्य रूप से क्वारंटीन में रहना होगा.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, लॉकडाउन में ढील देने के बाद दिल्ली में एक हफ़्ते में बढ़े 3500 मामले

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में एक हफ़्ते के भीतर लगभग साढ़े तीन हज़ार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है. उन्होंने कहा, ''17 मई को जब लॉकडाउन में ढील दी गई उस दिन दिल्ली में संक्रमितों की कुल संख्या 9755 थी और आज 13418 हैं. इसी के साथ-साथ ढाई हज़ार लोग ठीक भी हुए हैं.''

    मुख्यमंत्री ने कहा, ''कोई भी हॉस्पिटल किसी भी मरीज़ को बाहर नहीं निकाल सकता है. अगर ऐसा होता है तो हम लाइसेंस रद्द कर देंगे. सरकार में अभी ढाई हज़ार बेड ख़ाली हैं और प्राइवेट में दो हज़ार बेड ख़ाली हैं. 17 मई को लॉकडाउन में काफ़ी ढील दी गई थी.

    एक हफ़्ते बाद कहा जा सकता हूं कि स्थिति नियंत्रण में है. मुझे चिंता तब होगी जब दो बातें होंगी. अगर मौत का आँकड़ा तेज़ी से बढ़ने लगे. कोरोना तो अभी रहेगा. मृत्यु दर अगर बढ़ेगी तो दिक्क़त होगी. अगर हमारे अस्पताल में इतने मरीज़ आने लगे कि बेड ही भर जाएं तो दिक़्क़त होगी. 261 लोगों की अब तक मौत हुई है. अधिकतर केस ऐसे हैं जिनमें कोई लक्षण ही नहीं है.''

  14. कोरोना महामारी: क्वारंटीन के नियम अभी स्पष्ट नहीं, पर शुरू हुईं घरेलू उड़ानें

    भारत सरकार ने कहा है कि सोमवार से वो लॉकडाउन के प्रतिबंधों में थोड़ी ढील देते हुए घरेलू उड़ानों की शुरुआत कर रहे हैं.

    सोशल मीडिया पर लोग लिख रहे हैं कि जब कोरोना वायरस संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, तो क्या इस निर्णय की समीक्षा नहीं होनी चाहिए.

    बीते 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है. 6,700 से ज़्यादा नए मामले एक दिन में सामने आए हैं जिनके बाद भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर एक लाख 31 हज़ार से अधिक हो गई है.

    बताया गया है कि एयरलाइन कंपनियाँ भारत में अपनी एक-तिहाई उड़ानों की शुरुआत सोमवार से कर रही हैं. वो भी तब, जबकि फ़्लाइट से सफ़र करने वाले यात्रियों के क्वारंटीन से जुड़े नियम-क़ायदों पर अभी कोई स्पष्ट निर्णय नहीं आया है.

    महाराष्ट्र, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल, जिन्हें भारत में सबसे व्यस्त और व्यापारिक हवाई अड्डों का हब भी माना जाता है, उन्होंने आधिकारिक रूप से कहा है कि कोरोना वायरस महामारी बढ़ने की वजह से हवाई अड्डों को खोलने की उनकी तैयारी पूरी नहीं हुई है.

    हालांकि महाराष्ट्र और तमिलनाडु अपने यहाँ से सीमित उड़ानों की अनुमति देने के लिए मान गए हैं. केंद्रीय उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्विटर के ज़रिये इसकी सूचना दी है. उन्होंने बताया है कि दक्षिणी राज्य आंध्र प्रदेश मंगलवार से घरेलू उड़ानों की शुरुआत करेगा.

    पुरी ने कहा है, “विभिन्न राज्य सरकारों से फ़्लाइट्स दोबारा शुरू करने के लिए काफ़ी चर्चा करनी पड़ी, लेकिन बातचीत का नतीजा ये निकला कि सोमवार से घरेलू उड़ानों की शुरूआत हो सकेगी.”

    लेकिन पश्चिम बंगाल ने केंद्र सरकार से कहा है कि ‘फ़्लाइट्स शुरू करने के लिए उन्हें कुछ समय और चाहिए क्योंकि पश्चिम बंगाल सरकार फ़िलहाल अंफ़ान तूफ़ान से हुई तबाही से निपट रही है.’

    हालांकि हरदीप पुरी ने दावा किया है कि ‘गुरुवार से कोलकाता के लिए भी सीमित उड़ानें शुरू हो सकेंगी.’

    भारत में सभी राज्यों को हवाई अड्डों से संबंधित नियम-क़ायदे बनाने की आज़ादी है, लेकिन इससे अर्थव्यवस्था शुरू करने के केंद्र सरकार के निर्णय में थोड़ी परेशानी हो रही है.

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने रविवार को सभी राज्यों से फ़्लाइट से सफ़र करने वाले यात्रियों के लिए क्वारंटीन प्लान बनाने की बात कही थी. उन्होंने सुझाव दिया था कि जिन लोगों में बीमारी के कोई लक्षण नहीं है या मामूली लक्षण हैं, उन्हें घरों में क्वारंटीन किया जाये और बाकियों को सरकारी क्वारंटीन सुविधा में भेजा जाये.

  15. चेक रिपब्लिक: रेस्त्रां और बार खुलने की खुशी में बियर फ़्री

    पिछले कुछ हफ़्तों के दौरान हो सकता है कि आप बियर की अपनी खुराक मिस कर गए हों. लेकिन अगर आप चेक रिपब्लिक में हैं तो आज आपका दिन है. चेक रिपब्लिक में सोमवार को रेस्तरां और पब्स खोल दिए गए हैं.

    देश में शराब बनाने वाली सबसे बड़ी कंपनी ने इस मौक़े को एक पब्लिक रिलेशंस इवेंट में बदल दिया है.

    चेक मीडिया के मुताबिक़ कंपनी ने ऑफ़र दिया है कि किसी भी पब में उनकी बियर ऑर्डर करने वाले शख़्स को एक और बियर फ्री दिया जाएगा.

  16. कोरोना वायरस महामारी के बीच चीन क्यों कर रहा है सुअर के मांस का आयात?

    चीन के कस्टम विभाग के अनुसार, चीन के व्यापारियों ने अप्रैल महीने में रिकॉर्ड चार लाख टन पोर्क (सुअर का माँस) का आयात किया है जो पिछले साल इसी महीने की तुलना में लगभग 170 प्रतिशत ज़्यादा है.

    चीन, दुनिया के शीर्ष पोर्क उपभोक्ता देशों में से एक है और माना जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में चल रहीं कम क़ीमतों का फ़ायदा उठाने के लिए चीनी व्यापारी माँस स्टॉक कर रहे हैं.

    चीन ने इस साल के पहले चार महीनों में क़रीब 14 लाख टन पोर्क आयात किया है, जो पिछले वर्ष इसी समय की तुलना में 170.4% ज़्यादा है.

    घातक अफ़्रीकी स्वाइन फ़्लू ने चीन के सुअर बाज़ार को तक़रीबन 40% तक कम कर दिया है, जिसकी वजह से सुअर के माँस के घरेलू उत्पादन में कमी आई है और चीन में सबसे अधिक पसंद किए जाने वाले, पोर्क के माँस की क़ीमतों में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है.

    चीन फ़िलहाल अमरीका सहित विदेशी बाज़ारों में उपलब्ध पोर्क के माँस की ख़रीद कर रहा है. अमरीका दुनिया में सबसे कम क़ीमत पर पोर्क का माँस बेचने वाले देशों में से एक है और घरेलू बाज़ार की क़ीमतों पर कोरोना वायरस महामारी का भी असर हुआ है.

    हालांकि चीन में भी पोर्क की क़ीमतें फ़रवरी की शुरुआत के बाद से लगातार गिर रही हैं, लेकिन ये अब भी लगभग एक साल पहले की तुलना में दोगुनी हैं.

    माना जा रहा है कि अमरीकी बाज़ार में क़ीमतें बढ़ने का आने वाले महीनों में चीन के निर्यात पर असर होगा जबकि चीनी पोर्क की क़ीमतें अभी भी कमज़ोर घरेलू माँग की ओर गिर रही हैं.

    अमरीकी संस्थाओं के अनुसार, जनवरी से मार्च तक की अवधि में अमरीका ने चीन को निर्यात में एक रिकॉर्ड बनाया है.

    चीन ने अप्रैल में एक लाख 60 हज़ार टन गोमांस भी आयात किया है जो पिछले वर्ष से 28% अधिक था.

    चीनी कस्टम विभाग के अनुसार, वर्ष के पहले चार महीनों में चीन में माँस का आयात 54% बढ़कर 6 लाख 80 हज़ार टन हो गया है.

  17. सिंगापुरः ईद पर मजदूरों को बिरयानी खिलाने वाला हिंदुस्तानी बिज़नेसमैन

    दुनिया भर के मुसलमान आज ईद मना रहे हैं लेकिन इस बार की ईद मुश्किल वक़्त में आई है. ऐसे मुश्किल वक़्त में कुछ ऐसे लोग भी हैं जो लोगों के दुख और तकलीफ़ में खुलकर साथ दे रहे हैं.

    सिंगापुर में हज़ारों प्रवासी मज़दूर कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण क्वारंटीन में हैं. ज़ाहिर है कि ईद का दिन भी उनके लिए बहुत ख़ास नहीं हो पाया.

    लेकिन सिंगापुर के कारोबारी दुष्यंत कुमार और उनकी पत्नी के साथ एक शेफ की एक टीम ने रविवार रात बिरयानी बनाई और कम से कम 600 मज़दूरों के बीच बाँटी.

    दुष्यंत कुमार कहते हैं, "अगर वे अपने परिवारवालों के साथ होते तो वे इस तरह के व्यंजनों का आनंद ले पाते. लेकिन यहां ये लोग अकेले हैं."

    सिंगापुर में क़रीब तीन लाख विदेश मजदूर काम करते हैं. इनमें से ज्यादातर बांग्लादेश, चीन और भारत से हैं. ये जिन डॉर्मिटोरी में रहते हैं, वहां एक कमरे में 12 से 20 लोगों को रहना होता है. ये डॉर्मिटोरी ख़ास तौर पर उन्हीं के रहने के लिए बनाए जाते हैं.

    दुष्यंत कुमार कहते हैं, "हम ये सुनिश्चित करना चाहते थे कि उन्हें ये न लगे कि वो अपने घरों से दूर हैं. उनके चेहरे पर आई मुस्कुराहट से बहुत संतोष मिलता है."

    उनकी पहल को कुछ लोगों ने और ग़ैरसरकारी संगठनों ने भी मदद की है. संतोष कुमार अप्रैल की शुरुआत से ही क्वारंटीन में रहे प्रवासी मजदूरों के लिए रोज़ाना हज़ार प्लेटें खाना पहुंचाने का इंतज़ाम कर रहे हैं.

    सरकार ने कहा है कि लॉकडाउन के दौरान कर्मचारियों के खाने की व्यवस्था उनके नियोक्ताओं को करना होगा. कुछ चैरिटी संगठन भी इस उद्देश्य से काम कर रहे हैं. सिंगापुर में कोरोना संक्रमण के 30 हज़ार से मामले दर्ज किए जा चुके हैं.

    संक्रमित होने वाले लोगों में बड़ा तबका प्रवासी मज़दूरों का है.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, जर्मनी में संक्रमण के 289 नए मामले

    • रॉबर्ट कोच इंस्टिट्यूट के अनुसार जर्मनी में कोरोना वायरस से संक्रमण के 289 नए मामले सामने आए हैं.
    • इसके साथ ही जर्मनी में संक्रमितों की कुल संख्या 178,570 हो गई है. जर्मनी में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या भी 8,257 हो गई है.
  19. कोरोना वायरस क्या वाक़ई जून-जुलाई में भारत में तबाही मचाने वाला है