कोरोना अपडेट: एक जून से रोज़ाना 200 नॉन-एसी ट्रेन चलेंगी

भारत में अब तक कोरोना मरीज़ों की संख्या एक लाख पार कर चुकी है और मरने वालों की संख्या 3163 हो गई है.

लाइव कवरेज

  1. इटली और स्पेन में संक्रमण से मौतों में कमी आई

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इटली में 9 मार्च के बाद पहली बार संक्रमण से एक दिन में मरने वालों का आंकड़ा 100 से कम दिखा है. सोमवार को यहां कुल 99 लोगों की मौत का आंकड़ा सामने आया.

    स्पेन भी बीते दो महीनों से कोरोना महामारी से बुरी तरह जूझ रहा था लेकिन वहां हालात बेहतर होते दिख रहे हैं.

    ताजा आंकड़ों के मुताबिक, स्पेन में एक दिन में कुल 59 लोगों की मौत संक्रमण की वजह से हुई है. कोरोना संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित रहे ये दोनों देश अब उबर रहे हैं.

    जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, इटली में अब तक संक्रमण की वजह से 31908 और स्पेन में 27709 लोगों की मौत हुई है. दोनों देशों में अब मरने वालों की संख्या लगातार कम हो रही है.

  2. कोरोना वायरस: बीते 24 घंटों का हाल

    • वर्ल्ड हेल्थ एसेंबली के दौरान अमरीका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन पर कड़ा प्रहार किया है. अमरीका ने आरोप लगाया कि WHO बीमारी के संबंध में जानकारी जुटाने में नाकाम रहा है.
    • वर्ल्ड हेल्थ एसेंबली में बोलते हुए चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने कहा है कि चीन ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ पूरी तरह पारदर्शिता और ज़िम्मेदारी के साथ काम किया है.
    • ब्रिटेन में भी मौतों का आंकड़ा कम हो रहा है. यहां रविवार को कोरोना से 170 मौतें हुई हैं. इस वायरस के कारण अब तक ब्रिटेन में कुल 24 लाख 49 हज़ार लोग संक्रमित हैं जबकि यहां कुल मौतों का आंकड़ा 34 हज़ार के पार पहुंच चुका है.
    • लॉकडाउन लगाए जाने के बाद से स्पेन में भी पहली बार कोरोना से होने वाली मौतों में कमी देखी गई है. सोमवार को यहां 59 मौतें हुई हैं.
    • बीते कई हफ्तों के मुक़ाबले फ्रांस में रविवार को होने वाली मौतों का आंकड़ा अधिक ही रहा. यहां रविवार को चौबीस घंटों में 4,083 मौतों हुई हैं. जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के अनुसार यहां कोरोना से होने वाली मौतों का आंकड़ा 28,111 तक पहुंच गया है.
    • कोविड-19 की महामारी की वजह से ईरान में मरने वालों की संख्या 7000 के क़रीब हो गई है.
    • भारत में संक्रमण के कुल मामले 96 हज़ार के पार पहुंच गए हैं. अब तक तीन हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
    कोरोना

    इमेज स्रोत, SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images

    • पंजाब के मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक राज्य से करीब दो लाख प्रवासी मजदूर बाहर जा चुके हैं. सरकार की ओर से बनाए पोर्टल में कुल 11 लाख प्रवासियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है.
    • पश्चिम बंगाल सरकार ने भी लॉकडाउन को 31 मई तक बढ़ाने का निर्णय लिया है.
    • तमिलनाडु सरकार ने ग्रामीण इलाक़ों में बाल कटवाने की दुकानें (सलून) खोलने की अनुमति दी है.
    • इंडियन काउंसिल ऑफ़ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने एक बार फिर कोविड-19 को टेस्ट करने की रणनीति में बदलाव किया है.
    • अब प्रवासी मज़दूरों के बंदोबस्त में लगे कर्मचारियों और कंटेनमेंट ज़ोन में ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों का टेस्ट किया जाएगा. प्रवासी लोगों में लौटने के सात दिन के भीतर लक्षण दिखाई देते हैं तो उन्हें टेस्ट किया जाएगा. इमरजेंसी के किसी भी केस में टेस्टिंग के अभाव में कोई देरी नहीं होनी चाहिए.
    • जिन लोगों में कोई लक्षण नहीं है, लेकिन वे बुज़ुर्ग हैं या पहले से किसी बीमारी से ग्रसित हैं, और बीते 5 से 10 दिनों के बीच किसी संक्रमित इंसान के संपर्क में आये हैं, तो उनका टेस्ट किया जाएगा. अस्पताल में भर्ती उन सभी मरीज़ों का भी कोविड-19 टेस्ट किया जाएगा जिनमें साँस की तकलीफ़, बुखार और कफ़ जैसे लक्षण विकसित होते दिखेंगे.
    • केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि 'कोई भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश 31 मई तक लागू देशव्यापी लॉकडाउन के लिए जारी दिशा-निर्देशों को कम नहीं करेगा.'
    • केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं की बची हुई परीक्षाओं की डेट शीट जारी कर दी गई है. ये परीक्षाएं 1 जुलाई से शुरू हो रही हैं.
  3. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना को लेकर लाइव ख़बरों का सिलसिला जारी है. मंगलवार को होने वाली तमाम हलचल और उसके मायने के लिए आप यहां देख सकते हैं. सोमवार को क्या-क्या हुआ, जानने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं.