कोरोना वायरस: प्रवासी मज़दूरों के लिए पीएमकेयर्स फ़ंड से 1000 करोड़ रुपये

पीएमकेयर्स फ़ंड ट्रंस्ट ने कोरोना से लड़ने के लिए 3100 करोड़ रुपये दिए हैं जिनमें से एक हज़ार करोड़ प्रवासी मज़दूरों पर ख़र्च किया जाएगा.

लाइव कवरेज

  1. कोविड-19: अमरीका के बाद ब्रिटेन में सबसे ज़्यादा मौतें

    Britain

    इमेज स्रोत, PA Media

    ताज़ा आँकड़ों के अनुसार ब्रिटेन में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब इटली से ज़्यादा हो गई है जो पूरे यूरोप में सबसे अधिक है.

    • जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए डेटा के अनुसार ब्रिटेन में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 32,769 हो गई है. वहीं बुधवार सुबह तक इटली में 30,911 लोग इस महामारी की वजह से मर चुके हैं.जैसे-जैसे ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या बढ़ रही है, प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की इस महामारी से लड़ने की रणनीति पर भी सवाल उठ रहे हैं और उन पर दबाव बढ़ रहा है.
    • आधिकारिक डेटा के अनुसार, अब सिर्फ़ अमरीका में - जिसकी आबादी ब्रिटेन से पाँच गुना ज़्यादा है, मरने वालों की संख्या ब्रिटेन से ज़्यादा है.विभिन्न देशों में इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या दर्ज करने की व्यवस्था अलग-अलग हैं, इसलिए आँकड़ों के आधार पर सीधी तुलना ज़रूरी नहीं कि सही ही हो और ज़मीनी हक़ीक़त बयां करे. लेकिन ब्रिटेन के आँकड़े बताते हैं कि वो इस महामारी से बुरी तरह प्रभावित है.
    • कोविड-19 की वजह से पूरी दुनिया में अब तक 2,90,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.ब्रिटेन के विदेश सचिव डॉमनिक राब ने हाल ही में प्रेस से बात करते हुए कहा, “जब तक महामारी का अंत नहीं हो जाता, यह कहना जल्दबाज़ी होगी कि ब्रिटेन ने अन्य देशों की तुलना में इस बीमारी से लड़ने में कोई ग़लती की. इस विषय पर अभी चर्चा करना ठीक नहीं होगा.”जबकि विपक्ष के नेता कह रहे हैं कि मौजूदा सरकार वक़्त पर अस्पतालों को ज़रूरी सामान मुहैया करा पाने और देश में तेज़ी से कोरोना वायरस की टेस्टिंग करवा पाने में विफल रही है.
  2. चीन: वाइस मेयर ने दी ‘बड़े ख़तरे’ की चेतावनी

    चीन

    इमेज स्रोत, NOEL CELIS/AFP via Getty Images

    चीन के जीलिन शहर के वाइस मेयर गई डॉन्गपिन्ग ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस का संक्रमण अभी और बढ़ सकता है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, डॉन्गपिन्ग ने पत्रकारों से कहा कि जीलिन शहर में संक्रमण पर काबू पाने के लिए ज़रूरी कदम उठाए जाएंगे.

    • जीलिन शहर और प्रांत ने पहले ही आउटगोइंग ट्रेन सेवाओं पर रोक लगा दी है. इस प्रांत में बुधवार को कोविड-19 संक्रमण के छह नए मामले दर्ज किए गए.
    • वहीं,जीलिन से सटे शुलान में 11 नए मामले सामने आए. ये सभी मामले लॉन्ड्री का काम करने वाली एक स्थानीय महिला से जुड़े हैं. शुलान ने जीलिन से भी ज़्यादा कड़ा लॉकडाउन लागू किया है.
  3. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना: अमरीकी सीनेट में चीन पर बैन की धमकी

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, MANDEL NGAN/AFP via Getty Images

    समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार अमरीकी सीनेट में चीन पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा गया है. रिपब्लिकन पार्टी के सांसदों ने मंगलावर को ऐसा क़ानून लाए जाने का प्रस्ताव रखा जो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चीन पर प्रतिबंध लगाने की ताक़त देगा. सांसदों ने कहा कि अगर चीन कोरोना वायरस संक्रमण की ‘पूरी जानकारी’ नहीं देता है तो ऐसा होना चाहिए.

    सांसद जिम इनहोफ़ ने अपने एक बयान में कहा, “चीन की कम्युनिस्ट सरकार को इस वैश्विक महामारी के लिए ज़िम्मेदार ठहराया ही जानी चाहिए क्योंकि इसमें उसकी भूमिका सुनिश्चित हो चुकी है. चीन ने संक्रमण की शुरुआत के बारे में पूरी तरह से धोखा दिया है और इस धोखे की वजह से दुनिया का क़ीमती वक़्त और ज़िंदगियां बर्बाद हुई हैं.”

    प्रस्तावित क़ानून का नाम ‘कोविड-19 अकाउंटिबिलिटी बिल’ है.

    प्रस्तावित क़ानून के तहत राष्ट्रपति ट्रंप को 60 दिनों के भीतर संसद को बताना होगा कि चीन ने संक्रमण के बारे में पूरी जानकारी दे दी है और इस सम्बन्ध में संयुक्त राष्ट्र या उससे जुड़े संगठन (जैसे कि डब्ल्यूएचओ) अपनी जांच शुरू कर सकते हैं.

    क़ानून के तहत ट्रंप को ये भी बताना करना होगा कि चीन ने अपने सबसे ज़्यादा ख़तरे वाले ‘वेट मार्केट’ (पशु बाज़ार) बंद कर दिए हैं और कोविड-10 संक्रमण के बीच गिरफ़्तार किए गए हॉन्ग-कॉन्ग के लोकतंत्र समर्थक प्रदर्शनकारियों को रिहा कर दिया है.

    अगर ये सारी बातें साबित नहीं होती हैं तो डोनाल्ड ट्रंप के पास चीन पर कई तरह की गंभीर पाबंदियां लगाने का अधिकार होगा. जैसे कि संपत्ति फ़्रीज़ करने, यात्रा पर पाबंदी लगाने और वीज़ा रद्द करने, चीनी कंपनियों को अमरीकी बैंकों और बाज़ारों तक पहुंचने से रोक लगाने का अधिकार.

    ‘कोविड-19 अकाउंटिबिलिटी बिल’ के एक अन्य समर्थक सासंद लिंज़ी ग्राहम ने कहा, “चीन ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को वुहान की लैब में जांच करने देने से इनकार कर दिया है. उन्होंने संक्रमण की शुरुआत के बारे में समझने के लिए भी जांचकर्ताओं को वुहान लैब का एक्सेस नहीं दिया है. मुझे पूरा यक़ीन है कि चीन एक गंभीर जांच में कभी सहयोग नहीं करेगा, जब तक कि उसे ऐसा करने पर मजबूर न किया जाए.”

  4. दुनिया भर से अब तक का हाल

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    • जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनिया भर में अब तक कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर दो लाख 90 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं संक्रमण की चपेट में आने वालों की संख्या 4,247,709 हो गई है. इस वैश्विक महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक मौतों का आँकड़ा 2,90,838 तक पहुंच गया है. ये आँकड़े आधिकारिक और मीडिया में बताई संख्या पर आधारित हैं. इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों और संक्रमितों का आँकड़ा इससे कहीं ज़्यादा हो सकता है. कई देशों में पर्याप्त टेस्ट नहीं हो रहे हैं और कई जगहों पर कोरोना से हुई मौतें सही तरह से दर्ज नहीं हो रही हैं.
    • संक्रमण की शुरुआत वाले चीनी शहर वुहान में एक करोड़ 10 लाख लोगों के टेस्ट की तैयारी है. स्थानीय मीडिया के अनुसार वुहान में महज 10 दिनों के भीतर सभी लोगों का टेस्ट कराए जाने की योजना है.
    • ब्राज़ील में मंगलवार को 881 लोगों की मौत हुई और इसी के साथ कुल मौतों का आँकड़ा 12,400 तक पहुंच गया. वहां अब तक कोरोना वायरस संक्रमण के 1,77,589 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
    • अमरीकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस के एक सहयोगी कोविड-19 पॉज़िटिव पाए गए हैं. इसके बाद पेंस राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सुरक्षित दूरी बनाए हुए हैं. ये जानकारी व्हाइट हाउस की प्रवक्ता केली मैक्नैनी ने दी है.
    • अमरीकी सरकार के सबसे वरिष्ठ स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉक्टर ऐंथनी फ़ाउची ने अमरीकी राज्यों के लॉकडाउन हटाने को लेकर चेतावनी दी है. उन्होंने कहा है कि अगर अमरीका कोविड-19 संक्रमण को काबू में करने की क्षमता विकसित करने से पहले ही पाबंदियों में ढील देता है तो इसके गंभीर परिणाम होंगे. डॉक्टर फ़ाउची ने इस सम्बन्ध में मंगलवार को सीनेट में अपना बयान भी दर्ज कराया. दूसरी तरफ़, राष्ट्रपति ट्रंप कारोबार दोबारा शुरू करने पर ज़ोर दे रहे हैं.
    कोरोना संक्रमण

    इमेज स्रोत, OLI SCARFF/AFP via Getty Images

    • समाचार एजेंसी एएफ़पी की रिपोर्ट के अनुसार फ़्रांस में स्कूल खुल गए हैं. संक्रमण के दूसरे दौर की आशंकाओं के बावजूद फ़्रांसीसी सरकार ने लॉकडाउन नियमों में ढील दे दी है.
    • जर्मनी में कोविड-19 का R-0 नंबर एक से भी नीचे चला गया है. R-0 नंबर उस संख्या को कहते हैं जिससे पता चलता है कि एक संक्रमित व्यक्ति कितने और लोगों को संक्रमित कर सकता है.
    • ब्रिटेन में मौतों का आधिकारिक आंकड़ा 40 हज़ार से ज़्यादा हो गया है. ब्रिटेन के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के अनुसार ब्रिटेन और वेल्स में 9 मई तक कोविड-19 से जुड़ी 35,044 मौतें दर्ज कराई गई हैं. स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के मामलों को जोड़कर यूके में मौतों का आँकड़ा 40,496 हो गया है.
    • स्पेन में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 594 नए मामले सामने आए. स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि यह पिछले दो महीनों में सबसे कम है. स्पेन में कोविड-19 संक्रमण की वजह से अब तक 26,920 लोगों की मौत हो चुकी है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन का कहना है कि कुछ दवाएं कोरोना वायरस संक्रमण की गंभीरता और अवधि को कम करने में सफल होती दिख रही हैं. डब्ल्यूएचओ की प्रवक्ता मार्ग्रेट हैरिस का कहना है कि ‘सकारात्मक संभावनाओं’ वाली 4-5 दवाओं पर शोध केंद्रित किया जा रहा है. उन्होंने कहा, “हमारे पास निश्चित तौर पर कुछ ऐसे इलाज हैं जिनसे संक्रमण की गंभीरता और ठीक होने की अवधि कम की जा सकती है. लेकिन हमारे पास अभी ऐसा कुछ भी नहीं है जो वायरस को पूरी तरह ख़त्म कर सके.”
    कोरोना संक्रमण

    इमेज स्रोत, Tom Williams/CQ-Roll Call, Inc via Getty Images

    • सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको के लाभ में 25 फ़ीसदी की गिरावट दर्ज की गई है. कोरोना वायरस वैश्विक महामारी की वजह से दुनिया भर में तेल बाज़ार संकट के दौर से गुज़र रहे हैं.
    • रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन के प्रवक्ता दिमीत्री पेस्कोव कोविड-19 पॉज़िटिव पाए गए हैं और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं. रूस के स्थानीय मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार पेस्कोव ने कहा, “हां, मैं बीमार हो गया हूं और मेरा इलाज चल रहा है.” इससे पहले रूसी प्रधानमंत्री मिख़ाइल मिशुस्तिन भी कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए थे.
    • कोरोना संक्रमण ख़तरों के मद्देनज़र लेबनान ने ‘टोटल लॉकडाउन’ का ऐलान किया है. इससे ठीक चार दिनों पहले सरकार ने लॉकडाउन के नियमों में ढील दी थी लेकिन फिर संक्रमण के मामलों में अचानक तेज़ी देखी गई. आख़िरकार सरकार को दोबारा लॉकडाउन का ऐलान करना पड़ा. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार मंगलवार को संक्रमण के 11 नए मामले दर्ज किए गए. इसी के साथ वहां संक्रमितों कुल की संख्या 870 पहुंच गई है.
    • ब्रिटेन के वित्त मंत्री ऋषि सुनक ने कहा है कि ब्रिटेन में मंदी पहले से ही आ चुकी है. सुनक ने बीबीसी से कहा, “ब्रिटेन मंदी के बीच में है. हमें पहले से पता है कि कई लोगों की नौकरियां चली गई हैं. ये देखकर मुझे बहुत दुख होता है. हम मंदी का इंतज़ार नहीं कर रहे हैं बल्कि मंदी आ चुकी है.”
    • कोरोना वायरस संक्रमण दक्षिणी सूडान तक पहुंच गया है. संयुक्त राष्ट्र के अनुसार दक्षिणी सूडान की राजधानी जूबा के एक सघन नागरिक शिविर में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है. दक्षिणी सूडान उन देशों में से है जो संक्रमण का सामना करने के लिए सबसे कम तैयार हैं.
    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

  5. कोरोना वायरस जिनके लिए धंधा चमकाने वाला साबित हुआ, देखिए वीडियो रिपोर्ट

    वीडियो कैप्शन, कोरोना वायरस की मार से काम-धंधे भी अछूते नहीं, लेकिन कुछ कारोबार कमाल कर रहे हैं.
  6. ब्रेकिंग न्यूज़, अगस्त महीने की शुरुआत तक अमरीका में जा सकती है एक लाख 47 हज़ार लोगों की जान: अध्ययन

    अमरीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    यूनिवर्सिटी ऑफ़ वॉशिंगटन इंस्टिट्यूट फ़ॉर हेल्थ मेट्रिक्स एंड इवैल्युएशन (आईएचएमई) का कहना है कि अमरीका में कोरोना वायरस के संक्रमण से अगस्त महीने की शुरुआत तक एक लाख 47 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो सकती है.

    • IHME की यह स्टडी मंगलवार को सार्वजनिक हुई है. अमरीका में कोरोना वायरस के संक्रमण से होने वाली मौतों लेकर IHME के पहले के अनुमान से यह संख्या दस हज़ार ज़्यादा है.
    • IHME के शोधर्कताओं ने कहा है कि संक्रमण को रोकने के लिए लगी पाबंदियों में ढील में देना और ख़तरनाक हो सकता है. अमरीका में अब तक कोरोना वायरस 82,246 लोगों की जान ले चुका है.
    • IHME के इस अनुमान से साफ़ है कि अमरीका में संकट लगातार गहारता जा रहा है.
  7. फ़िलहाल वैक्सीन की गारंटी नहीं: डॉक्टर एंथनी फ़ाउची

    अमरीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमरीका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फ़ाउची ने अमरीकी सीनेटरों को लॉकडाउन खोलने को लेकर चेताया है.

    उन्होंने कहा है कि अगर देश में लॉकडाउन हटाने की जल्दबाज़ी की गई तो कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलेगा. उन्होंने कहा है कि लॉकडाउन खोलने के दौरान गाइडलाइंस का ख्याल नहीं रखा गया तो कोरोना संक्रमण लाखों लोगों को अपनी चपेट में लेगा.

    उन्होंने बताया कि अमरीका में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या आधिकारिक रूप से 82,000 से ज़्यादा हो गई है.

    हालांकि एंथनी फ़ाउची की सलाह अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की राय से अलग है.

    ट्रंप अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए लॉकडाउन खोलना चाहते हैं. अमरीकी राष्ट्रपति ने इसके लिए गाइडलाइंस भी जारी की हैं.

    फ़ाउची मंगलवार को अमरीकी सीनेट को वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिए संबोधित कर रहे थे. अमरीका के कई प्रांतों में लॉकडाउन में ढील दी गई है, उन प्रांतों में संक्रमण की दर बढ़ रही है.

    एंथनी फ़ाउची ने यह भी कहा कि कोरोना का संक्रमण इस कदर फैल सकता है कि उसे संभालना मुश्किल होगा, वैसी स्थिति में ना केवल अर्थव्यवस्था को झटका लगेगा बल्कि लोगों की जानें जाएंगी.

    उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले सितंबर महीने में कोरोना का संक्रमण दोबारा बढ़ सकता है. यह पूरी तरह संभव है. कोरोना संक्रमण के दूसरे दौर का ख़तरा है, इसलिए हमें बेहद प्रभावी ढंग से इसके बचाव के बारे में सोचना होगा.

    डॉक्टर फ़ाउची ने ये जानकारी भी दी कि कोरोना के लिए वैक्सीन तैयार करने की कई कोशिशें चल रही हैं लेकिन ये वैक्सीन कब जाकर कारगर होंगी, इसकी गारंटी नहीं है. हालांकि उन्होंने दूसरे वायरसों के अपने अध्ययन का हवाला देते हुए उम्मीद जताई है कि वैक्सीन कारगर होंगी.

  8. कोरोना को लेकर दुनिया भर में मंगलवार को जो हुआ

    कोरोना

    इमेज स्रोत, EPA

    मंगलवार को दुनिया भर में कोरोना को लेकर जो कुछ नया हुआ है, उसकी एक झलक आपको हम बता देते हैं-

    • अमरीका के शीर्ष स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. एंथनी फाउची ने लॉकडाउन खोलने में जल्दबाज़ी को लेकर चेताया है कि इससे कोरोना संक्रमण की चपेट और ज़्यादा लोग आ सकते हैं. उन्होंने ये भी आशंका जताई है कि अमरीका में अब तक इस बीमारी आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक अमरीका अब तक 82 हज़ार से ज़्यादा लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है.
    • संक्रमण के लिहाज से रूस दुनिया का दूसरा सबसे प्रभावित देश बन गया है. रूस में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या दो लाख 32 हज़ार से ज़्यादा हो गई है. लगातार दस दिनों से रूस में हर दिन कोरोना के 10 हज़ार से ज़्यादा नए मरीज़ सामने आ रहे हैं. रूस अब ब्रिटेन और स्पेन को पीछे छोड़ते हुए संक्रमण के लिहाज से दूसरे पायदान पर ज़रूर पहुंच गया है लेकिन यहां इस बीमारी से अब तक महज दो हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रवक्ता को भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है. हालांकि मंगलवार से रूस में फैक्ट्रियों और कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने की अनुमति दी गई है.
    • भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस की बड़ी आपदा बताया है, हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने इस आपदा को एक अवसर में बदल लिया है. भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश भर में लॉकडाउन बढ़ाने के संकेत दिए हैं, लेकिन साथ में कहा है कि आर्थिक गतिविधियों को शुरू करना होगा. मंगलवार को देश के नाम संबोधन के दौरान उन्होंने 20 लाख करोड़ रूपये के पैकेज का ऐलान भी किया. वहीं भारत में कोरोना से संक्रमित मरीज़ों की संख्या 70,756 हो गई है, जबकि इस बीमारी से अब तक 2293 मौतें हुई हैं.
    • ब्रिटेन में कोरोना वायरस से मंगलवार को कोरोना वायरस से 627 लोगों की मौत हुई है. इससे ब्रिटेन में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा बढ़ 32,692 हो गया है. अमरीका के बाद सबसे ज़्यादा मौतें ब्रिटेन में ही हुई है. वहीं दूसरी ओर ब्रिटिश सरकार एक बार फिर से एक दिन में एक लाख लोगों के टेस्ट के आंकड़े तक नहीं पुहंच पाई है. हालांकि सरकार ने करीब 75 लाख कर्मचारियों को बिना काम पर गए वेतन देने की योजना अक्टूबर तक बढ़ा दी है.
    • कोरोना से मौत के लिहाज से अमरीका, ब्रिटेन और इटली के बाद चौथे स्थान पर फ्रांस आ गया है. फ्रांस में मंगलवार को 348 लोगों की मौत हुई है. इसके बाद वहां कोरोना से मरने वालों की संख्या 26,991 हो गई है. फ्रांस ने स्पेन को पीछे छोड़ा है जहां कोरोना से अब तक 26,920 मौतें हुई हैं.
  9. कोरोना पर पश्चिम बंगाल में हिंसा, ममता ने लगाया बीजेपी पर हिंसा भड़काने का आरोप

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना से मौत के मामले में फ्रांस चौथे स्थान पर

    फ्रांस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    फ्रांस में बीते 24 घंटे के दौरान 348 लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही देश भर में कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या 26,991 हो गई है. इसमें 17,003 लोगों की मौत अस्पताल में हुई है जबकि 9,988 लोगों की मौत केयर होम्स में हुई है.

    कोरोना से मौत के लिहाज से फ्रांस ने स्पेन को पीछे छोड़ दिया है. फ्रांस से ज़्यादा मौतें अमरीका, ब्रिटेन और इटली में हुई हैं.

    फ्रांस में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एक लाख 77 हज़ार से ज़्यादा है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, रूस: लगातार दसवें दिन 10 हज़ार से ज़्यादा मामले

    रूस में कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

    रूस में कोरोना से संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या दो लाख 32 हज़ार से ज़्यादा हो गई है. इसके साथ ही रूस अब ब्रिटेन और स्पेन को पीछे छोड़ते हुए कोरोना संक्रमण के लिहाज से दूसरे पायदान पर पहुंच गया है. हालांकि अब तक रूस में कोरोना से दो हज़ार से ज़्यादा मौतें ही हुई हैं.

    बीते 24 घंटे में रूस में 10,899 नए मरीज़ सामने आए हैं. लगातार दसवें दिन रूस में नए मरीज़ों की संख्या 10 हज़ार से अधिक रही.

    स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं.

    हालांकि मंगलवार से रूस में लॉकडाउन में ढील दी गई है. फैक्ट्रियों और कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करने की अनुमति मिलने के बाद कई जगहों पर काम भी शुरू हुआ है.

  12. पीएम मोदी ग़रीब, मज़दूर, किसान और श्रमिकों पर क्या बोले

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, पीएम मोदी ने किया पैकेज का एलान

    नरेंद्र मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को कोरोना लॉकडाउन के दौरान राष्ट्र के नाम अपने पांचवें संबोधन में बीस लाख करोड़ रुपए के आर्थिक पैकेज और लॉकडाउन को आगे बढ़ाने की घोषणा की.

    हालांकि उन्होंने आर्थिक पैकेज का विस्तृत ब्यौरा नहीं दिया. उन्होंने कहा कि लॉकडाउन-4 बिलकुल अलग रंग-रूप में होगा और इसकी जानकारी देशवासियों को 18 मई से पहले दे दी जाएगी.

    34 मिनट के अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने भारत के 'गौरवशाली अतीत' और भविष्य में 'आत्मनिर्भर' भारत के संकल्प का ज़िक्र किया. उन्होंने साथ में यह भी कहा कि भारत ने आपदा को अवसर में बदल दिया है.

    Modi
    Modi

    इमेज स्रोत, Getty Images

  14. नमस्कार! बीबीसी हिंदी पर कोरोना वायरस से जुड़ी लाइव अपडेट्स का सिलसिला बुधवार को भी जारी है. इस पेज पर कोरोना को लेकर दुनिया भर के अपडेट्स के अलावा, इसके वैक्सीन बनाने की कोशिशों के बारे में बताते रहेंगे. बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस से जुड़ी अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.