रूस: 24 घंटे में 11656 नए मामले
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि अब मंगलवार से देश में लॉकडाउन पर कुछ ढील दी जाएगी.
पुतिन का यह फैसला उस वक्त सामने आया है जब देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 11656 नए मामले सामने आए हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक रूस में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल मामले 221344 हैं और मरने वालों की संख्या 2000 के पार है.
अमरीका में 80 हज़ार से ज़्यादा मौतें
अमरीका में कोरोना संक्रमण की वजह से मरने वालों की संख्या 80 हज़ार के पार हो गई है.
दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामले अमरीका में हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक, यहां अब तक कुल संक्रमित लोगों की संख्या 1347151 हो चुकी है और मरने वालों का आंकड़ा 80378 हो गया है.
यूरोप में कोरोना संक्रमण से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में से फ्रांस और स्पेन ने अब लॉकडाउन में धीरे-धीरे छूट दे रहे हैं.
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए यहां अब तक कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे.
ब्राज़ील 11 हज़ार से ज्यादा मौतें
ब्राज़ील में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 5632 नए मामले सामने आए हैं और 396 लोगों की मौत हुई है.
यहां अब तक कुल संक्रमित लोगों की संख्या 168331 हो गई है और 11 हज़ार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है.
लेबनान में फिर बढ़े मामले
लेबनान में प्रशासन ने कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को लेकर चेतावनी जारी की है.
यहां लॉकडाउन में कुछ राहत दिए जाने के बाद एक महीने में कोरोना संक्रमण के मामले बहुत तेज़ी से बढ़े हैं.
लेबनान में कोरोना संक्रमण के मामले करीब 900 हैं.
दुनिया भर मे 40 लाख से अधिक संक्रमित
दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले 40 लाख के ऊपर पहुंच गए हैं. अब तक 14 लाख लोग इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में अब तक 282500 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो चुकी है.