You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना अपडेट: 12 मई से बहाल होगी रेल सेवा, फ़िलहाल केवल 15 ट्रेनें चलेंगी
भारतीय रेल मंत्रालय के अनुसार 11 मई को शाम चार बजे से ट्रेन की टिकटों की बिक्री शुरू होगी.
लाइव कवरेज
पाकिस्तान ने माना उसे हुआ है बड़ा नुक़सान, आगे भी उम्मीद नहीं
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जारी किया खंडन
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जर्मनी के एक न्यूज़ आउटलेट की उस ख़बर के प्रति खंडन जारी किया है जिसमें ये दावा किया गया था कि चीन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से कोरोना वायरस पर वैश्विक चेतावनी जारी करने में देरी करने के लिए कहा था.
इस रिपोर्ट के मुताबिक़ 21 जनवरी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख डॉक्टर ट्रेडोस के बीच बातचीत हुई थी.
जर्मन न्यूज़ वेबसाइट का दावा है, "जर्मनी की खुफिया एजेंसी बीएनडी को पता चला है चीन ने विश्व स्वास्थ्य संगठन से बात करके कोरोना वायरस के प्रसार को लेकर वैश्विक चेतावनी जारी करने में देरी करने का आग्रह किया."
"बीएनडी इसे लेकर आश्वस्त है कि इस संदेश का आदानप्रदान शी जिनपिंग और डॉक्टर ट्रेडोस के बीच 21 जनवरी को हुई फोन वार्ता के दौरान हुआ है."
लेकिन विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस दावे का खंडन किया है.
विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एक ट्वीट करके कहा है कि डेर स्पिगल की ख़बर में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और डॉक्टर ट्रेडोस के बारे में जो बातें कही गई हैं वो पूरी तरह ग़लत और निराधार हैं.
उन्होंने 21 जनवरी को एक दूसरे से बात नहीं की है और कभी भी फोन पर बात नहीं की है. इस तरह की ग़लत ख़बरें विश्व स्वास्थ्य संगठन और दुनिया भर की कोविड 19 के ख़ात्मे की कोशिशों से ध्यान भटकाती हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, चीन के ख़िलाफ़ बोलना ऑस्ट्रेलिया को पड़ा महंगा
कोरोना वायरस की महामारी का असर दुनिया भर देशों के आपसी संबंधों पर भी पड़ा है. चीन और ऑस्ट्रेलिया के द्विपक्षीय संबंध भी मानों संक्रमित हो गए हों. दोनों देशों में काफ़ी राजनयिक तनातनी चल रही है.
ऑस्ट्रेलिया ने शुरू में कोरोना वायरस के चीनी शहर वुहान में पैदा होने को लेकर जांच की मांग ज़ोर-शोर से की थी. चीन इस पर लगातार आपत्ति जताता रहा. अब चीन ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. ऑस्ट्रेलिया ने कहा है कि चीन बार्ली यानी जौ के आयात पर भारी शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है.
ऑस्ट्रेलिया के वाणिज्य मंत्री सिमोन बर्मिंगम ने रविवार को कहा, ''ऑस्ट्रेलिया से जौ आयात पर चीन की ओर से भारी और अनुचित शुल्क लगाने की रिपोर्ट सरकार के लिए चिंता का विषय है.''
ऑस्ट्रेलिया चीन में जौ का सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता है. एक साल में ऑस्ट्रेलिया चीन को 1.5 से दो अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का जौ निर्यात करता है. चीन ऑस्ट्रेलिया का आधा से ज़्यादा जौ ख़रीद लेता है.
ऑस्ट्रेलिया में चीन के राजदूत ने पिछले महीने कहा था कि चीनी उपभोक्ता ऑस्ट्रेलियाई बीफ़, वाइन, पर्यटन और यूनिवर्सिटी का बहिष्कार कर सकते हैं. चीन कोरोना वायरस को लेकर ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से हो रहे हमले से नाराज़ है.
बर्मिंगम ने कहा है, ''मैंने ऑस्ट्रेलियाई ग्रेन इंडस्ट्री के साथ चीन की ओर से भारी शुल्क लगाने आशंका को लेकर काम किया है.'' ऑस्ट्रेलियाई अनाज उत्पादकों को चीन ने सूचित किया है कि वो जौ पर 73.6 फ़ीसदी तक डंपिंग मार्जिन और 6.9 फ़ीसदी तक एक सब्सिडी मार्जिन लगाने पर विचार कर रहा है.
कोरोना वायरस: जान पर खेलकर दुबई गईं भारत की ये 88 नर्सें
मोटे लोगों के लिए क्या कोरोना वायरस ज़्यादा जानलेवा है?
दक्षिण कोरिया के किए-धरे पर फिर जाएगा पानी?
दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में कोरोना वायरस के दूसरे चरण के संक्रमण फैलने के डर से सारे बार और क्लब बंद कर दिए गए हैं.
दक्षिण कोरिया की दुनिया भर में कोरोना वायरस को नियंत्रित को लेकर तारीफ़ हो रही है लेकिन शनिवार को सोल के मेयर ने इताइवोन शहर में नए क्लस्टर इन्फेक्शन के मामले सामने आने के बाद एक बार फिर से सब बंद करने का आदेश दिया है.
सोल में 29 साल का एक युवक परेशानी का सबब बन गया है. टेस्ट में संक्रमित पाया गया है और वीकेंड में वो पाँच बार और क्लब में गया था.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने देश में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर से बढ़ने की चेतावनी दी है. अधिकारियों का कहना है कि ये युवक जिन जगहों पर गया था, वहां 7200 लोगों के जाने का अंदाज़ा है.
दक्षिण कोरिया की स्थिति
सोल के मेयर पार्क वून-सून ने कहा, "लापरवाही से संक्रमण के बुरी तरह से बढ़ सकते हैं." उन्होंने कहा कि इताइवोन शहर के लिए दिया गया आदेश अनिश्चितकाल के लिए लागू रहेगा.
कोरियन सेंटर फ़ॉर डिजीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के अनुसार शनिवार को दक्षिण कोरिया में संक्रमण के 18 मामले दर्ज किए गए जिनमें 17 केस इताइवोन शहर से जुड़े हुए हैं.
दक्षिण कोरिया में जब रोज़मर्रा की ज़िंदगी धीरे-धीरे पटरी पर आ रही थी तभी अचानक संक्रमण के मामले अचानक बढ़ने शुरू हो गए हैं. पिछले बुधवार को सरकार ने सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों में कुछ राहत भी दी थी.
चीन के बाहर शुरुआती दौर में कोरोना संक्रमण से जिन देशों को सबसे ज़्यादा संघर्ष करना पड़ा था, उनमें दक्षिण कोरिया भी एक था.
दक्षिण कोरिया में भले ही पूरी तरह से लॉकडाउन कभी लागू नहीं किया गया लेकिन वहां लोग मार्च के महीने से ही सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन कर रहे थे.
कोरोना की रोकथाम के लिए दक्षिण कोरियाई तरीके की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तारीफ भी की गई थी और माना जा रहा था कि वहां इस पर काबू पा लिया गया है. शनिवार को दक्षिण कोरिया में कोरोना संक्रमण के 34 नए मामले दर्ज किए गए. इसके साथ ही वहां संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 10,874 हो गई है.
अमरीकाः कोरोना टास्क फ़ोर्स के दो बड़े अधिकारी क्वारंटीन में
कोविड-19 से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने के कारण अमरीका में कोरोना वायरस टास्क फोर्स के दो बड़े अधिकारियों ने ख़ुद को क्वारंटीन में रखने का फ़ैसला किया है.
इनमें सेंटर फ़ॉर डिजीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के डायरेक्टर डॉक्टर रॉबर्ट रेडफील्ड और फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के कमिश्नर स्टीफन हैन हैं.
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए ज़िम्मेदार अधिकारी एंथनी फाउची ने भी कहा है कि वो एहतियात के तौर पर कुछ दिनों के लिए घर से काम करेंगे.
पिछले दो हफ़्तो में व्हॉइट हाउस के दो स्टाफ़ कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं.
बिहारी मज़दूरों के ट्रेन किराए पर केजरीवाल-नीतीश सरकार आमने-सामने
ब्रेकिंग न्यूज़, 28 अप्रैल के बाद चीन में सबसे ज़्यादा मामले
चीन में कोरोना वायरस से संक्रमण के 14 नए मामले सामने आए हैं. यह 28 अप्रैल के बाद एक दिन में संक्रमित होने वालों की सबसे बड़ी संख्या है. इन 14 में से दो ऐसे व्यक्ति संक्रमित हैं जो विदेशों से आए थे. 12 लोकल ट्रांसमिशन के मामले हैं और इनमें से 11 उत्तरी-पश्चिमी प्रांत जिलिन के हैं.
बिना लक्षण वाले 20 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है. यह एक मई के बाद सबसे बड़ी तादाद है. इसके साथ ही चीन में संक्रमितों की कुल संख्या 82,901 पहुंच गई है और कुल मृतकों की संख्या 4,633 है.
चीन के उत्तर-पश्चिमी प्रांत चिलिन का शुआन शहर उत्तर कोरिया की सीमा पर है. इस इलाक़े को लेकर कहा जा रहा है कि कोरोना वायरस के संक्रमण का वुहान की तरह नया ठिकाना बन सकता है. शिन्हुआ न्यूज़ एजेंसी के अनुसार इसी इलाक़े में शनिवार को संक्रमण के 11 नए मामले मिले हैं.
9 मई के कुल चौदह मामलों में 11 यहां से हैं. शनिवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन को एक संदेश में कोरोना महामारी से निबटने में मदद की पेशकश की है. चीन की सत्ताधारी कम्युनिस्ट पार्टी के एक नामी अख़बार ग्लोबल टाइम्स ने ख़बर दी है कि किम जोंग उन ने कोरोना संकट पर बड़ी मुश्किल से जीत पाने के लिए चीन को बधाई दी थी जिसके लिए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उन्हें शुक्रिया कहा है और ज़रूरत पड़ने पर मदद का आश्वासन दिया है.
कोरोना संकटः रूस में संक्रमण के 10,817 नए मामले
रूस पर कोरोना संकट का असर कम होते हुए नहीं दिख रहा है. शनिवार को वहां कोविड-19 के 10,817 नए मामले सामने आए. इसके साथ ही रूस में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 198,676 हो गई है.
वहां लॉकडाउन जारी है. कोरोना वायरस टास्क फोर्स ने बताया कि वहां रात भर में 104 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. रूस में अभी तक कोरोना संक्रमण के कारण 1827 लोगों की मौत हुई है.
शुक्रवार को रजिस्टर किए गए 10,699 मामलों की तुलना में शनिवार को रूस में अपेक्षाकृत ज़यादा नए मामले सामने आए. संक्रमण के मामलों की संख्या के लिहाज से देखें तो रूस ने फ्रांस और जर्मनी को इस हफ़्ते पीछे छोड़ दिया था.
रूस इस समय कोरोना संकट से दुनिया का पांचवां सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है.
लागोस में लॉकडाउन की वापसी के संकेत
नाइजीरिया के सबसे बड़े शहर लागोस में लॉकडाउन के प्रावधान दोबारा लागू किए जा सकते हैं.
शनिवार को गवर्नर ने चेतावनी दी कि अगर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं किया गया तो लॉकडाउन फिर लागू किया जा सकता है.
पांच हफ़्तों के लॉकडाउन के बाद सोमवार को लागोस में लॉकडाउन से राहत दी गई थी.
इस दौरान शहर के ग़रीब लोगों को कड़े संघर्ष का सामना करना पड़ा था.
लेकिन पाबंदियों में ढील दिए जाने के बाद ये देखा गया कि लग बाज़ारों में, बैंकों के पास बड़ी संख्या इकट्ठा होने लगे थे जबकि उन्हें ऐसा न करने की हिदायत दी गई थी.
इंडोनेशिया का हाल
इंडोनेशिया में शनिवार को कोरोना संक्रमण के सबसे ज़्यादा मामले रिकॉर्ड किए गए. 533 नए मामलों के साथ इंडोनेशिया में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 13,645 हो गई है.
हालांकि मेडिकल एक्सपर्ट इस बात को लेकर सरकार की आलोचना कर रहे हैं कि इंडोनेशिया में टेस्टिंग की दर बेहद कम है. आशंका जताई जा रही है कि दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आबादी वाले देश में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या आधिकारिक आँकड़ों से कहीं ज़्यादा हो सकती है.
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी अचमड यूरिआंतो ने बताया कि कोरोना के कारण देश में 16 और लोगों की मौत हुई है. इंडोनेशिया में अभी तक कोरोना वायरस की वजह से 959 लोगों की जान गई है.
वहां 2607 लोग संक्रमित होने के बाद ठीक भी हुए हैं. सरकार ने बताया कि शनिवार को देश में 108,700 लोगों का कोरोना टेस्ट कराया गया. सरकार ने लोगों से घरों में रहने की अपील भी की है.
जर्मनी में फुटबॉल शुरू करने की योजना अधर में
जर्मनी में अगले शनिवार से फुटबॉल प्रतिस्पर्धाएं दोबारा शुरू करने की योजना अधर में लटक गई है.
फुटबॉल क्लब 'डायनमो ड्रेसडेन' के दो खिलाड़ियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पूरी टीम को दो हफ़्तों के लिए क्वारंटीन में रहने के लिए कहा गया है.
फुटबॉल प्रतिस्पर्धा 'बुंडेस्लिगा 2' की वेबसाइट पर शुक्रवार को इस बारे में जानकारी दी गई कि स्थानीय स्वास्थ्य विभाग ने टीम को क्वारंटीन में रहने के लिए कहा है.
स्विटज़रलैंड में भी मुफ़्त के खाने के लिए लगी लाइन
स्विटज़रलैंड का शुमार दुनिया के अमीर देशों में है लेकिन शनिवार की एक तस्वीर दुनिया को हैरान करने वाली थी. स्विटज़रलैंड के जेनेवा शहर में शनिवार को एक हज़ार से ज़्यादा लोग मुफ़्त में खाने के लिए लाइन में लगे दिखे.
कहा जा रहा है कि लाइन में ग़रीब कामगार और बिना दस्तावेज़ों वाले प्रवासी थे. कोरोना वायरस की महामारी ने दुनिया के अमीर देशों के लोगों को भी बेबस कर दिया है. यह लाइन एक किलोमीटर से ज़्यादा लंबी थी. यहां पर कुछ स्वयंसेवी मुफ़्त में खाने के क़रीब 1500 पैकेट बाँट रहे थे. स्थानीय समय के हिसाब से शाम के पाँच बजे लाइन लगनी शुरू हो गई थी.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स से जेनेवा में रहने वाले निकागुआ इंग्रिट बेराला ने कहा, ''महीने के आख़िर से मेरी जेब ख़ाली है. सारे पैसे इंश्योरेंस और कई तरह के बिल भरने में ख़त्म हो गए. यह बहुत ही अच्छा काम है क्योंकि हमें एक हफ़्ते के लिए खाना मिल गया. एक हफ़्ते तो आराम से जी पाऊंगा. मुझे नहीं पता कि अगले हफ़्ते क्या होगा.''
86 लाख की आबादी वाले स्विटज़रलैंड में 2018 में 6 लाख 60 हज़ार ग़रीब थे. स्विटज़रलैंड में सिंगल पेरेंट्स और जो कम पढ़े-लिखे हैं, वो ख़ास करके ग़रीब हैं. इन्हें काम मिलने में दिक़्क़त होती है. स्विस बैंक यूबीएस के मुताबिक़ जेनेवा तीन सदस्यों वाले परिवार के लिए दूसरा सबसे महंगा शहर है. हालांकि यहां लोगों की औसत आय भी अच्छी है.
चीन के नेशनल हेल्थ कमिशन के निदेशक का बयान- सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं में हैं कमियां
कोरोना वायरस की शुरुआत चीन के वुहान शहर से हुई थी. जिसके बाद ये पूरी दुनिया में फैल गया. भले ही चीन की मौजूदा स्थिति दुनिया के कई दूसरे देशों की तुलना में बेहतर हो लेकिन सवाल तो अब भी कई हैं.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने चीन की मीडिया से कहा “कोरोना वायरस महामारी एक बड़ा टेस्ट है और इसने चीन की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली की कमज़ोरियों को उजागर किया है.”
चीन के नेशनल हेल्थ कमीशन के डायरेक्टर ली बिन का ये बयान अपने आप में चौंकाने वाला है. ली बिन का ये बयान ऐसे समय में आया है जबकि दुनिया के कई देश कोरोना वायरस के शुरुआती चरण में चीन के रुख़ को लेकर उसकी आलोचना कर रहे हैं.
उन्होंने कहा,“अब देश बीमारी से निपटने, अपनी सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली को बेहतर बनाने और डेटा कलेक्शन को बेहतर बनाने के लिए काम करेगा.”
चीन ने उत्तर कोरिया को कोरोना वायरस महामारी से निपटने में सहयोग देने का आश्वासन दिया है.
ली ने पत्रकारों से कहा कि चीन की सरकार के लिए कोरोना वायरस महामारी एक बहुत बड़ी चुनौती थी. इसने महामारी के दौरान स्वास्थ्य प्रणाली की कमज़ोरियों को उजागर करने का काम किया है.
चीन पर कई देश यह आरोप लगा रहे हैं कि उसने शुरुआती समय में जब वुहान में संक्रमण के मामले पता चले तो उसे लेकर उचित क़दम नहीं उठाए. उसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इसे लेकर चेतावनी नहीं दी.
कोरोना वायरस: फ्रांस में बीते एक महीने में मौत के सबसे कम मामले
फ्रांस दुनिया का पांचवा सबसे अधिक प्रभावित देश है. फ्रांस में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल 1लाख 76 हज़ार से अधिक मामले हैं. जबकि मरने वालों की संख्या 26 हज़ार से अधिक है.
लेकिन धीरे-धीरे अब यहां संक्रमण की दर घट रही है.दरअसल, बीते चौबीस घंटे में जो आंकड़े आए हैं, उससे तो यही प्रतीत होता है. बीते एक महीने में पहली बार ऐसा हुआ है जब मरने वालों की संख्या इतनी कम रही.
फ्रांस में बीते 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण 80 मौतें हुई हैं, जो पिछले एक महीने के लिहाज़ से सबसे कम संख्या है.
इसके अलावा आईसीयू में भी मरीज़ों की संख्या घटी है.
इससे पूर्व शुक्रवार को 243 मौतें हुई थीं और गुरुवार को 178 मौतों की पुष्टि की गई थी.
फ्रांस सोमवार से कई प्रतिबंधों में ढील देने जा रहा है. एक ओर जहां कुछ स्कूल खुलने जा रहे हैं वहीं दूसरी ओर लोगों को अपने घर से सौ किलोमीटर के दायरे तक यात्रा करने की अनुमति होगी.
कोरोना वायरस: स्पेन में सोमवार से लॉकडाउन में मिलेगी ढील, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
स्पेन के प्रधानमंत्री पेद्रो सांशेज़ ने लोगों से पूरी सावधानी बरतने का आग्रह किया है. स्पेन अपने यहां लॉकडाउन के प्रतिबंधों में कुछ ढील देने जा रहा है, जिसे लेकर प्रधानमंत्री ने यह अपील की है.
सोमवार से लॉकडाउन के प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू की जाएगी. लेकिन यह ढील चरणबद्ध तरीक़े से दी जाएगी.
रेस्त्रां और बार अपनी सेवाएं देना शुरू कर सकेंगे, ग़ैर-ज़रूरी चीज़ों की दुकानें खुल सकेंगी और दस लोगों के जुटने की अनुमति होगी.
लेकिन लोगों को सतर्कता और सावधानी बरतने को कहा गया है.
अपने टीवी इंटरव्यू में लोगों से सावधानी बरतने का आग्रह करते हुए प्रधानमंत्री पेद्रो ने कहा कि वायरस अभी ख़त्म नहीं हुआ है.यह अभी भी घात लगाए हुआ है.
स्पेन में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल दो लाख 22 हज़ार से अधिक मामले हैं. स्पेन में मरने वालों की संख्या भी 26 हज़ार के पार है.
ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: दुनिया भर में 40 लाख के पार पहुंचे संक्रमण के मामले
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक़, दुनिया भर में संक्रमण के मामले बढ़कर 40 लाख से अधिक हो गए हैं.
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि संक्रमण के वास्तविक मामले इससे कहीं अधिक हो सकते हैं. उनका मानना है कि कई देशों में बेहद कम संख्या में परीक्षण हो रहे हैं जिसकी वजह से संक्रमितों की सही संख्या सामने नहीं आ पा रही है.
इन 40 लाख मामलों में से 13 लाख मामले अकेले अमरीका में है.
कोरोना वायरस: ट्रंप के रुख़ की पूर्व अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने की निंदा
अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कड़ी आलोचना की है.
कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के रुख़ की उन्होंने कड़े शब्दों में आलोचना की है.
एक निजी बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस तरह अमरीका इस महामारी से निपट रहा है वो पूरी तरह से एक 'अराजक-आपदा' सी स्थिति है.
इस बातचीत के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ओबामा ने कहा है कि वह नवंबर में होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में जो बिडेन का समर्थन करते हुए एक बड़ी भूमिका निभाना चाहते हैं.
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक़, उनका ऐसा कहना अपने पूर्व कर्मचारियों को बिडेन के अभियान के लिए प्रोत्साहित करने के लिए था.
कोरोना वायरस: क्यों है पुरुषों को अधिक ख़तरा?
कोरोना वायरस से जुड़ा एक अहम सवाल यह है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों को इससे अधिक ख़तरा क्यों है.
एनएचएस इंग्लैंड और किंग्स कॉलेज लंदन इसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन हो सकता है कि इसका जवाब एस्ट्रोजन हॉर्मोन से जुड़ा हुआ हो.
मेनोपॉज़ स्पेशलिस्ट डॉ. ल्यूइस न्यूसन के मुताबिक़, हो सकता है कि यह बीमारी से लड़ने के लिए एक अहम भूमिका निभाता हो.
वो किंग्स कॉलेज लंदन की उस टीम के साथ मिलकर काम कर रही हैं जो कोविड 19 ट्रैकर ऐप संचालित करते हैं. शोधकर्ता ट्रैकर ऐप के ज़रिए प्राप्त होने वाली जानकारी को और विस्तार देते हुए यह पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या एस्ट्रोजन परिणामों पर असर डालने में सक्षम है.
डॉ. न्यूसन का कहना है कि महिलाओं में पुरुषों की तुलना में वायरस से लड़ने की क्षमता अधिक होती है और जो कोशिकाएं वायरस से मुकाबला करती हैं उनमें एस्ट्रोजन रिसेप्टर्स होते हैं.
उनके मुताबिक़, “इसका मतलब यह हुआ कि वे एस्ट्रोजन पर प्रतिक्रिया करते हैं. और एस्ट्रोजन उन कोशिकाओं को फिर से प्रोग्राम कर सकता है और उन्हें अधिक प्रभावी बना सकता है, उनकी संख्या को बढ़ा सकता है.”
एस्ट्रोजन हॉर्मोन महिलाओं में पाया जाने वाला सेक्स हार्मोन है. यह हॉर्मोन महिलाओं के रिप्रोडक्टिव सिस्टम के विकास में सहायक होता है.
कोरोना वायरस: दुनिया भर में बीते चौबीस घंटों में क्या कुछ महत्वपूर्ण हुआ
भारत
- भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 5662 हुए. मरने वालों की संख्या 1981 हुई. देश में महाराष्ट्र सबसे अधिक प्रभावित राज्य. महाराष्ट्र में संक्रमण के कुल 19063 मामले. राज्य में मरने वालों की संख्या 731 है.
- कोरोना महामारी की वजह से सीबीएसई की 10वीं और 12वीं की टल गईं 29 विषयों की परीक्षाएं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच ली जाएंगी.
- बांग्लादेश की राजधानी ढाका से शनिवार को एयर इंडिया का एक विमान 129 भारतीय नागरिकों को लेकर दिल्ली पहुंचा.
- भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने कोराना वायरस के संक्रमण को रोकने वाला टीका बनाने के लिए बायोटेक कंपनी भारत बायोटेक के साथ समझौता किया है.
रूस
रूस में पिछले 24 घंटे में 10,817 नए मामलों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही देश में कोविड19 रोगियों की संख्या बढ़कर 198,676 हो गई है.देश में मृतकों की संख्या बढ़कर 1,827 हो गई है.
ब्रिटेन
- ब्रिटेन में कोरोना वायरस संक्रमण से और 346 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की गई है. इसके साथ ही ब्रिटेन में मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 31,587 हो गई है. वहीं संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 215,260 हो गई है
- ब्रिटेन में एयरलाइन कंपनियों का कहना है कि उन्हें सरकार ने बताया है कि ब्रिटेन में बाहर से आने वाले किसी भी व्यक्ति को 14 दिन के क्वारंटीन पर भेजा जाएगा. केवल आयरलैंड को इस पाबंदी से बाहर रखा गया है. समझा जाता है कि ये व्यवस्था इस महीने के अंत से लागू हो जाएगी
बेलारूस
बेलारूस में दूसरे विश्व युद्ध में मिली जीत की 75वीं वर्षगांठ पर एक भव्य सैन्य परेड निकाली गई जिसे देखने भारी भीड़ जुटी. बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्ज़ेंडर लुकाशेंको शुरू से ही कोरोना महामारी को लेकर जारी सलाहों को ख़ारिज करते रहे हैं. उन्होंने इसे एक मनोविकृति बताते हुए चेतावनी दी थी कि लॉकडाउन से अर्थव्यवस्था को नुकसान होगा.
चीन
- चीन के सरकारी मीडिया ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन को कोरोना वायरस से निपटने में मदद करने का प्रस्ताव दिया है.
- चीन में कोरोना वायरस से संक्रमण का केवल एक मामला शुक्रवार को सामने आया. सरकारी एजेंसी नेशनल हेल्थ कमिशन ने शनिवार को बताया कि एक दिन पहले भी यही आँकड़ा था.संक्रमित व्यक्ति ने हाल ही में विदेश यात्रा की थी.
अमरीका
- अमरीका दुनिया का सबसे अधिक प्रभावित देश है. अमरीका में संक्रमण के मामले 12 लाख 97 हज़ार से अधिक है. जबकि देश में मरने वालों की संख्या 77,744 हो गई है.
- अमरीका ने चीन से आने वाले पत्रकारों के लिए शुक्रवार को नए वीज़ा नियम जारी किए हैं. इसके तहत चीन से आने वाले पत्रकारों को 90 दिन ही रुकने की इजाजत होगी, हालांकि वीज़ा की अवधि बढ़ाने का विकल्प दिया गया है.
जर्मनी
जर्मनी में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,251 नए मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही जर्मनी में संक्रमितों की कुल संख्या 170,998हो गई है. शनिवार को जर्मनी में 147 लोगों की मौत हुई और कुल मृतकों संख्या 7,510 हो गई है
इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.