कोरोना अपडेट: संयुक्त राष्ट्र की चेतावनी, महामारी के कारण आ सकता है अकाल

संयुक्त राष्ट्र ने कहा ग़रीब देशों को महामारी से ज़्यादा ख़तरा. दुनिया के कमज़ोर देशों की मदद के लिए जारी की 6.7 अरब डॉलर की अपील.

लाइव कवरेज

  1. कोरोना से जुड़ा आपका सवाल और बीबीसी का जवाब

    कोरोना वायरस

    बीबीसी हिंदी के फ़ेसबुक पन्ने पर अश्विनी कुमार ने पूछा है कि क्या ये सही है कि इसराइल ने कोई वैक्सीन तैयार की है या फिर कोरोना वायरस का उपचार ढूँढ निकलाना है?

    बीबीसी ने कोरोना से जुड़े ऐसे ही कई सवालों का जवाब खोजने की कोशिश की है.

    ये रहा इस सवाल का जवाब:

  2. 'ब्रिटेन को अब तक की सबसे गहरी मंदी का सामना करना पड़ सकता है'

    Getty

    इमेज स्रोत, Getty Images

    बैंक ऑफ़ इंग्लैण्ड ने चेतावनी दी है कि कोरोना वायरस महामारी ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को अब तक की सबसे गहरी मंदी की ओर धकेल देगी.

    बैंक ने कहा है कि अगर जून में लॉकडाउन पूरी तरह से ख़त्म किया गया, तो अर्थव्यवस्था इस साल क़रीब 14% सिकुड़ जाएगी.

    महामारी के आर्थिक प्रभाव को स्पष्ट करने के लिए बैंक ने कुछ संभावनाएं सामने रखी हैं जिनके अनुसार कोविड-19 की वजह से ब्रिटेन में नौकरियाँ और आय नाटकीय रूप से कम हो रही है.

    ब्रिटेन के नीति निर्माताओं ने ब्याज दरों को 0.1% के रिकॉर्ड स्तर पर रखने के लिए सर्वसम्मति से मतदान किया है.

    हालांकि, ब्याज दरों को निर्धारित करने वाली मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की राय में मतभेद है.

    बैंक ऑफ़ इंग्लैण्ड ने कहा है कि उनका ये विश्लेषण जून से सितंबर के बीच चरणबद्ध तरीक़े से लॉकडाउन को पूरी तरह से समाप्त किये जाने की संभावना पर आधारित है.

  3. कोरोना से जुड़ा आपका सवाल और बीबीसी का जवाब

    corona

    बीबीसी हिंदी के फ़ेसबुक पन्ने पर धीरज मोहन ने पूछा है कि क्या शव से भी कोरोना संक्रमण का ख़तरा हो सकता है और अगर हाँ तो इससे कैसे बचा जा सकता है?

    बीबीसी ने कोरोना से जुड़े ऐसे ही कई सवालों का जवाब देने की कोशिश की है.

    ये रहा इस सवाल का जवाब:

  4. कोविड 19 पर रिसर्च कर रहे चीनी प्रोफ़ेसर की अमरीका में हत्या से सनसनी

  5. कोरोना महामारी: दुनिया भर की गतिविधियों पर एक नज़र

    अमरीका की जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के अनुसार दुनिया भर में अब तक 37 लाख 55 हज़ार से ज़्यादा लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है. इनमें से 2,63,831 (2 लाख 63 हज़ार से ज़्यादा) लोगों की अब तक मौत हो चुकी है.

    • न्यूज़ीलैंड की प्रधानमंत्री जैसिंडा अर्डर्न ने लॉकडाउन के प्रतिबंधों में थोड़ी और ढील देने की घोषणा की है जिसे लॉकडाउन खोलने का ‘लेवल-2’ कहा जा रहा है. हालांकि सरकार ने इस घोषणा के साथ अपने नागरिकों को पहले से ज़्यादा सतर्क रहने का सुझाव दिया है. इस आदेश के बाद न्यूज़ीलैंड में 100 लोग तक किसी जगह एकत्र हो सकेंगे.
    • अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ‘व्हाइट हाउस कोरोना वायरस टास्क फ़ोर्स’ अनिश्चित काल तक अपना काम जारी रखेगी. एक दिन पहले ट्रंप ने इस टास्क फ़ोर्स के बारे में कहा था कि ‘जल्द ही इनका काम पूरा हो जाएगा.’ हालांकि राष्ट्रपति ट्रंप ने अब इस टास्क फ़ोर्स पर यह कहते हुए सवाल उठाये हैं कि ‘वे नहीं जानते कि ये टास्क फ़ोर्स असल में कितनी लोकप्रिय है.’
    • डोनाल्ड ट्रंप ने एक अमरीकी टीवी चैनल से बातचीत में कहा, “हम देश को वर्षों तक बंद नहीं रख सकते. हमें योद्घाओं की तरह सोचना होगा. और नागरिकों को इस सच्चाई को स्वीकार करना होगा कि जब हम देश और अर्थव्यवस्था को खोलेंगे तो मौतों का आंकड़ा बढ़ेगा.”
    • संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजूदत ने कहा है कि चीन अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को कोविड-19 के स्रोत की जाँच करने के लिए अपने यहाँ आमंत्रित नहीं करेगा. चीन के विदेश मंत्रालय का कहना है कि अमरीका के विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो का यह कहना ग़लत है कि उनके पास इस बात के सबूत हैं कि कोरोना वायरस चीन की किसी प्रयोगशाला से निकला है.
    • यूरोपीय संघ के इकोनॉमिक कमिश्नर ने चेताया है कि कोरोना वायरस महामारी की वजह से खड़े हुए आर्थिक संकट से बाहर आने में सभी 19 सदस्य देशों में अगर समान आर्थिक रिकवरी नहीं हुई, तो संघ के अस्तित्व पर सवाल खड़ा हो सकता है. उन्होंने कहा कि कुछ देशों को इस महामारी की वजह से अन्य देशों की तुलना में ज़्यादा मुसीबतों का सामना करना पड़ सकता है.
    • विश्व स्वास्थ्य संगठन के डायरेक्टर जनरल ने चेताया है कि लॉकडाउन से निकल रहे देश अगर बहुत व्यवस्थित और चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन को नहीं हटाएंगे, तो इसकी बहुत संभावना होगी कि उन्हें दोबारा लॉकडाउन में जाना पड़े.
    • जर्मनी में इस महीने देश के सबसे बड़े फ़ुटबॉल इवेंट ‘बुंदसलीगा’ के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं. जर्मनी की सरकार ने हाल ही में लॉकडाउन से संबंधित प्रतिबंधों में कुछ ढील दी है.
    • ब्रिटेन की सरकार ने भी कहा है कि वो अगले सप्ताह से कुछ चीज़ों में ढील देगी. सरकार ने लॉकडाउन में छूट देने संबंधी एक प्लान तैयार किया है.
    • स्पेन की सरकार ने एक तीखे राजनीतिक विचार-विमर्श के बाद देश में इमरजेंसी को बढ़ाने का निर्णय लिया है. पेड्रो सेंचेज़ की सरकार ने 24 मई तक के लिए इमरजेंसी को बढ़ाया है.
  6. RTI से पता चला- प्रवासी मज़दूरों को लेकर सरकार के पास कोई डेटा नहीं

    प्रवासी मज़दूर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    लॉकडाउन का तीसरा चरण शुरू होने के बावजूद सरकार के पास इस बात के आँकड़े मौजूद नहीं हैं कि देश भर में कितने प्रवासी मज़दूर फंसे हुए हैं. यह बात आरटीआई एक्टिविस्ट वेंकटेश नायक की ओर से दायर आरटीआई में सामने आई है.

    • मुख्य श्रम आयुक्त के दफ़्तर की ओर से कहा गया है कि उनके पास प्रवासी मज़दूरों से जुड़ा किसी भी तरह का राज्यवार या ज़िलेवार आँकड़ा उपलब्ध नहीं है.
    • इसके बावजूद कि देश भर में मौजूद श्रम आयुक्त के 20 क्षेत्रीय केंद्रों से अप्रैल के दूसरे हफ़्ते में ही तीन दिनों के अंदर प्रत्येक प्रवासी मज़दूर का विवरण मांगा गया था.
    • आरटीआई एक्टिविस्ट वेंकटेश नायक बताते हैं, "तीसरे चरण के लॉकडाउन की शुरुआत के अगले ही दिन यानी 5 मई, 2020 को आरटीआई का ईमेल से जवाब आया कि आपके आरटीआई का जवाब भेज दिया गया है. जब मैंने अपने आरटीआई की स्थिति जांची तो वहाँ पर्याप्त जवाब की जगह पर यह लिखा मिला- 'इस बारे में कोई भी जानकारी उपलब्ध नहीं है.' इस पर ना श्रम आयुक्त का नाम था और ना ही उनके हस्ताक्षर थे. इस बात के भी कोई संकेत नहीं थे कि मेरे आरटीआई आवेदन को किसी संबंधित अधिकारी के पास भेजा भी गया है या जानकारी इकट्ठा करने को लेकर इस तरह का कोई प्रयास किया भी गया है कि नहीं."
  7. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी अरब से भारतीयों को लाने जाएंगी पाँच उड़ानें

    सऊदी अरब

    इमेज स्रोत, Getty Images

    सऊदी अरब में फंसे भारतीयों को वापस लाने के लिए पाँच विशेष उड़ाने चलाई जाएंगी. इनमें क़रीब एक हज़ार भारतीयों को वापस लाया जाएगा. यह जानकारी सऊदी अरब दूतावास ने बीबीसी संवाददाता दिलनवाज़ पाशा को दी है.

    भारत सरकार विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाने के लिए ‘वंदे भारत मिशन’ के तहत विशेष उड़ाने संचालित करने जा रही है. सऊदी अरब से पहली उड़ान कल रियाद से कोझीकोड के लिए चलेगी. इसमें लगभग 200 लोगों को जगह मिलेगी. दूतावास के अधिकारियों के मुताबिक़ क़रीब साठ हज़ार लोगों ने वापस भारत लौटने के लिए आवेदन किया है.

    दूतावास के मुताबिक़ फ़िलहाल ‘उन लोगों को ही भारत लाया जा रहा है जिन्हें लौटने की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है.’ सऊदी अरब दूतावास के एक अधिकारी ने कहा कि 'हम सभी आवेदनों की समीक्षा कर रहे हैं. सबसे पहले सबसे ज़्यादा ज़रूरतमंद को जगह दी जाएगी.’ वहीं सऊदी अरब में रह रहे भारतीयों में बेचैनी बढ़ती जा रही है.

    एयर इंडिया की विशेष उड़ानों के ज़रिए लोगों को वापस लाया जा रहा है. भारत सरकार के अनुसार विदेशों में फंसे लोगों को वापस लौटने के लिए हवाई टिकटों का भुगतान करना होगा. रियाद से दिल्ली की उड़ान के टिकट की क़ीमत 1023 सऊदी रियाल यानी लगभग बीस हज़ार रुपये है.

    बीबीसी से बात करने वाले लोगों ने कहा, ‘हम रात भर एयर इंडिया की वेबसाइट खोलते रहे. अब बताया गया है कि दूतावास से लिस्ट मिलने के बाद लोगों से संपर्क किया जाएगा.’

    पाँचों उड़ानों की तारीख़:

    8 मई: रियाद-कोझिकोड

    10 मई: रियाद-दिल्ली

    12 मई: दम्माम-कोच्ची

    13 मई: जेद्दा-दिल्ली

    14 मई: जेद्दा-कोच्ची

  8. पूरे साल चलेगी यह महामारी: जर्मनी

    जर्मनी

    इमेज स्रोत, Reuters

    जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ ने कहा है कि कोरोनो वायरस की महामारी कम से कम पूरे साल रहेगी.

    चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ हेल्ज ब्रौन ने जर्मनी के एक स्थानीय रेडियो से बातचीत में कहा, “हम महामारी के बाद की स्थिति में नहीं है, बल्कि हम एक महामारी के बीच जी रहे हैं जो कम से कम अभी पूरे वर्ष हमारे साथ चलेगी.”

    यह बयान आने के एक दिन पहले ही एंगेला मर्केल ने जर्मनी में लॉकडाउन में ढील देने के कुछ क़दमों की घोषणा की थी.

    हालांकि उन्होंने कहा है कि अगर देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले फिर बढ़ते हैं तो प्रतिबंधों और लॉकडाउन में मिली ढील पर दोबारा विचार किया जाएगा.

  9. कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में लगे लोगों के प्रति आभार यूं जता रही है दुनिया

    वीडियो कैप्शन, पूरी दुनिया में कैसे किया जा रहा है कोरोना वॉरियर्स शुक्रिया
  10. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्राज़ील में एक दिन में सबसे ज़्यादा मौतें

    EPA

    इमेज स्रोत, EPA

    ब्राज़ील में बुधवार को कोविड-19 से एक दिन में सबसे अधिक, 615 लोगों की मौत हुई जो पूरे दक्षिणी गोलार्ध में एक दिन में होने वाली मौतों का सबसे बड़ा आँकड़ा है.

    ब्राज़ील में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब बढ़कर 8500 से अधिक हो गई है.

    ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्री नेल्सन टेक ने कहा है कि ‘सरकार अब कुछ सबसे अधिक प्रभावित शहरों में लॉकडाउन लागू करने की सिफ़ारिश कर सकती है.’

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति ज़ायर बोलसोनारो अब तक कोरोना वायरस महामारी की गंभीरता को ख़ारिज करते रहे हैं और इस दौरान उन्होंने लोगों को काम करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया है.

  11. अमरीका में चीन के प्रोफ़ेसर की हत्या से गर्म हुआ अफ़वाहों का बाज़ार

    चीन

    इमेज स्रोत, UNIVERSITY OF PITTSBURGH

    कोरोना वायरस पर रिसर्च करने वाले चीन में जन्मे शोधकर्ता की अमरीका में हुई मौत को लेकर पूरी दुनिया में 'साज़िश की कहानियाँ' गढ़ी जा रही हैं.

    37 साल के बिंग ली शनिवार को अपने घर में मृत पाए गए थे. वे यूनिवर्सिटी ऑफ़ पीट्सबर्ग के स्कूल ऑफ़ मेडिसीन विभाग में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर थे.

    उनके साथ काम करने वाले लोगों का कहना है कि वो कोविड-19 को लेकर ‘अहम खोज’ करने के क़रीब पहुँच चुके थे. इसके बाद से ऑनलाइन मीडिया पर उनकी हत्या की बात सामने आई. पुलिस का कहना है कि इस में दो लोगों की जान गई है. एक की हत्या हुई है और दूसरे ने ख़ुदकुशी कर ली.

    स्थानीय पुलिस के मुताबिक़ पिट्सबर्ग में बिंग ली के सिर, धड़, हाथ-पैर और गर्दन में गोली लगी हुई थी. गोली मारने वाले संदिग्ध की पहचान 46 साल के सॉफ्टवेयर इंजीनियर हाउ गु के रूप में हुई है.

    अधिकारियों का कहना है कि कार से लौटते वक़्त उसने अपनी जान भी ले ली.

    बिंग ली और हाउ गु एक दूसरे को जानते थे. जाँच में पाया गया है कि यह पहले हत्या और फिर आत्महत्या का मामला है. इससे पहले ‘दोनों के बीच अपनी अंतरंग साथी को लेकर लंबी बहस’हुई थी.

    जाँचकर्ताओं का कहना है कि इस बात के ‘कोई सबूत’ नहीं हैं कि ली के मौजूदा कोरोना के शोध से उनकी हत्या का कोई संबंध है.

    ली के साथी उन्हें एक उल्लेखनीय शोधकर्ता मानते हैं जो कि कोरोना को लेकर ‘किसी महत्वपूर्ण खोज’ के क़रीब पहुँच चुके थे. वो ली को श्रद्धांजलि देते हुए उनका अधूरा काम पूरा करने की बात करते है.

    ली चीन के रहने वाले थे. उन्होंने सिंगापुर से स्नातक और पीएचडी की डिग्री हासिल की थी. इसके बाद वो अमरीका शोध के लिए चले गए थे.

    क्या हैं साज़िश की कहानियाँ

    चीनी सोशल प्लेटफ़ॉर्म वीबो पर एक यूज़र ने लिखा है, “ओह माई गॉड, ऐसा लगता है जैसे यह मिशन इम्पॉसिबल की कहानी हो. शायद वो वायरस के अमरीका के लैब में तैयार होने के नतीजे तक पहुँच चुके थे.”

    चीन के अधिकारियों और सरकारी मीडिया ने अमरीका के लैब में वायरस के तैयार होने और उसे अमरीकी सेना की मदद से वुहान लाने का आधारहीन दावा कुछ दिन पहले पेश किया था.

    कुछ वीबो यूज़र्स का कहना है कि "यह काफ़ी संयोग की बात नहीं लगती." एक ने लिखा है, "यह एक बहुत ही असामान्य मामला है. कई रहस्य इसमें दबे पड़े हैं." कई वीबो यूज़र्स का कहना है कि ली का चीनी होना उन्हें अमरीका में जोखिम में डाल दिया.

    हालांकि उनके चीनी होने की वचह से उन्हें निशाना बनाया गया हो, इसे लेकर अब तक कोई सबूत नहीं मिला है.

    चीन की सरकारी मीडिया के साथ जुड़ी एक वेबसाइट ग्लोबल टाइम्स ने एक लेख छापा है जिसमें ली की मौत से जुड़ी कई अकटलें लगाई गई हैं. ट्विटर पर इस बीच कई लोगों ने यह भी दावा किया है कि चीन की इस मामले में भूमिका हो सकती है.

  12. चीन ने सबको चौंकाया

    रॉयटर्स

    इमेज स्रोत, Reuters

    इस साल पहली बार, अप्रैल के महीने में चीन के निर्यात में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि दर्ज की गई है जिससे चीन के बड़े निर्माता थोड़ी राहत महसूस कर रहे हैं.

    चीन दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है जिसकी सप्लाई चेन कोरोना वायरस महामारी की वजह से सबसे पहले प्रभावित हुई थी.

    हालांकि मार्च के महीने में भी चीन के निर्यात में कुछ सुधार देखने को मिला था, मगर चीन के निर्माताओं की चिंता इससे कम नहीं हुई है. उनका मानना है कि दुनिया भर में धीमी हुई वृद्धि दर और बढ़ती बेरोज़गारी की वजह से चीन के सामान की माँग आने वाले महीनों में कम हो सकती है.

    • सरकारी डेटा के अनुसार अप्रैल के महीने में चीन के निर्यात में एक साल पहले से 3.5% की वृद्धि हुई है, जो पिछले साल दिसंबर के बाद पहली सकारात्मक वृद्धि को दर्शाता है.
    • साल की शुरुआत में चीन के निर्यात और आयाज में एक तेज़ गिरावट देखी गई थी. पर मार्च के महीने में लॉकडाउन में ढील दी गई जिसके बाद कारखानों ने उत्पादन फिर से शुरू कर दिया था.
    • हालांकि विश्लेषकों को दबाव बना रहने की उम्मीद है क्योंकि कोरोनोवायरस संकट ने दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं को हिलाकर रख दिया है.
  13. अमरीकी में कोरोना की लड़ाई कैसे लड़ रहे हैं विदेशी डॉक्टर? देखिए यह वीडियो

    वीडियो कैप्शन, कोरोना काल में अमरीका के विदेशी मूल के डॉक्टरों की मुसीबत
  14. दक्षिण एशिया में कैसे हैं हालात?

    EPA

    इमेज स्रोत, EPA

    • पाकिस्तान में बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 40 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है और 1,049 नए मामले सामने आये हैं. इसके साथ पाकिस्तान में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 22,000 के पार चली गई है. इस बीच पाकिस्तान ने रेल सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है. स्थानीय मीडिया के अनुसार पाकिस्तान सरकार ने रेलवे कर्मचारियों से कहा है कि वो काम पर लौटने की तैयारी करें ताकि 10 मई से रेल सेवा शुरू की जा सके.
    • बांग्लादेश में भी कोरोना वायरस संक्रमण के मामले इसी तरह बढ़ रहे हैं. बुधवार को यहाँ 790 नए मामले सामने आये जिसके बाद बांग्लादेश में कोविड-19 के 11,000 से ज़्यादा मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
    • नेपाल में अब तक संक्रमण के 82 मामले सामने आये हैं जिसे देखते हुए नेपाल सरकार ने लॉकडाउन को दस दिन के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है. नेपाल में अब 18 मई तक लॉकडाउन जारी रहेगा.
    • श्रीलंका के स्थानीय मीडिया में सरकारी अधिकारियों के हवाले से मंगलवार को आई रिपोर्टों के मुताबिक़ श्रीलंका के 548 मामलों में से क़रीब 300 उनकी नौसेना में संक्रमण से जुड़े हैं. लेकिन संक्रमण के कुल मामले अब बढ़कर 700 से अधिक हो चुके हैं जिनमें से आठ लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है.
  15. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: भारत में अब तक

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़कर 52,952 हो गए हैं.

    मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया है कि पिछले 24 घंटे में 3,561 नए मामले सामने आए हैं.

    • बुधवार को 89 लोगों की कोविड-19 की वजह से मौत हुई. इसके साथ ही वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 1783 हो गई है.
    • हालांकि वायरस से संक्रमित 52,952 लोगों में से 15,267 लोग इस बीमारी से पूरी तरह ठीक हो चुके हैं.
    • देखा गया है कि घनी आबादी वाले बड़े शहरों में यह वायरस ज़्यादा फैल रहा है. देश को आर्थिक रूप से मदद करने वाले दिल्ली, मुंबई और अहमदाबाद जैसे शहरों में संक्रमण के मामले सबसे ज़्यादा हैं.
    • भारत में राज्यवार देखें, तो महाराष्ट्र में कोविड-19 के अब तक 16,758, गुजरात में 6,625, दिल्ली में 5,532, तमिलनाडु में 4,829 और राजस्थान में 3,317 मामले सामने आ चुके हैं.
  16. कोरोना वायरस की महामारी में विदेशों में रह रहे भारतीय छात्र किस हाल में- देखिए वीडियो रिपोर्ट

    वीडियो कैप्शन, कोरोना के कारण विदेश में फंसे भारतीय छात्र किस हाल में हैं?
  17. कोरोना वायरस अमरीका पर पर्ल हार्बर से भी ख़तरनाक हमला: ट्रंप

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने की मुहिम को झटका

    विदेश में फंसे भारतीयों को वापस लाने की भारतीय मुहिम को झटका लगा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ कई क्रू मेंबर के अब तक कोरोना टेस्ट के परिणाम नहीं आए हैं और जब तक रिपोर्ट नहीं आ जाती तब तक वो काम पर नहीं लौट सकते हैं.

    दिल्ली से पहली उड़ान सिंगापुर भारतीयों को लाने के लिए गुरुवार रात 11 बजे जाने वाली है और दूसरी उड़ान मुंबई से लंदन शुक्रवार की सुबह जाने की उम्मीद है. अगले हफ़्ते तक 12 देशों से क़रीब 15,000 भारतीयों के लौटने की उम्मीद है.

    इसके लिए 60 से ज़्यादा फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी. सवारियों को अपना किराया ख़ुद देना होगा और लौटने पर क्वॉरंटीन में रहना होगा. भारतीय नौसेना भी इस मुहिम में मदद कर रही है. भारत ने कोरोना संक्रमण की वजह से मार्च से सभी अंतरराष्ट्रीय यात्राओं को स्थगित किया हुआ है. भारत में अभी कोरोना के 33,414 सक्रिय मामले हैं.

    मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ क़रीब दो लाख भारतीयों को विदेशों से वापस लाया जाएगा. अगर इसमें कामयाबी मिलती है तो इसे 1990 के बाद फंसे हुए लोगों को निकालने का भारत का सबसे बड़ा मिशन होगा. 1990 में खाड़ी युद्ध के वक़्त कुवैत से 1,70,000 लोगों को वापस लाया गया था.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images

  19. इस वीडियो रिपोर्ट में देखिए कि कोरोना वायरस किडनी को कैसे कमज़ोर कर रहा है..

    वीडियो कैप्शन, कोरोना वायरस का मरीज़ों की किडनी पर क्या होता है असर
  20. अब तक की बड़ी बातें

    ब्रिटेन: अगले हफ़्ते से लॉकडाउन में छूट

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने बताया है कि सरकार रविवार को लॉकडाउन में छूट देने को लेकर अपनी योजना पर काम करेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनो में नए मापदंड अपनाए जा सकते हैं. कोरोना से संक्रमित होकर लौटने के बाद बोरिस जॉनसन पहली बार संसद में बोल रहे थे. उन्होंने कहा, “हर एक व्यक्ति की मौत त्रासदीपूर्ण है.” उन्होंने संक्रमितों की संख्या को ‘भयावह’ बताया.

    स्पेन: अचानक से लॉकडाउन ख़त्म करना ‘माफ़ करने लायक नहीं होगा’

    स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने चेताया है कि आठ हफ़्तों से चल रहे लॉकडाउन को अचानक से ख़त्म कर देना माफ़ करने लायक नहीं होगा. उन्होंने संसद से लॉकडाउन बढ़ाने पर मुहर लगाने की मांग की है. विपक्षी दल लगातार उनकी इस मांग को ख़ारिज कर रहे हैं.

    चीन ने अमरीकी दावे को ख़ारिज किया

    कोविड-19 कहाँ से शुरू हुआ है, चीन इस बात की जांच के लिए अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों को आमंत्रित नहीं करने जा रहा है. अमरीका में मौजूद चीन के राजदूत ने यह बात कही है. चीन और अमरीका के बीच इस बयान के साथ ही कूटनीतिक दांव-पेच का सिलसिला लगातार जारी है. चीन के विदेश मंत्री ने कहा है कि अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो का यह दावा पूरी तरह से ग़लत है कि कोरोना वायरस चीन के लैब में तैयार हुआ है.

    स्वीडन में मरने वालों की संख्या 3000 के क़रीब पहुँची

    स्वीडन के महामारी विशेषज्ञ एंडर्स टेगनेल का कहना है कि हमारे यहाँ मरने वालों की संख्या तीन हज़ार के क़रीब पहुँचने वाली है जो कि भयावह है. सार्वजनिक स्वास्थ्य एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक़ स्वीडन में अब तक संक्रमितों की संख्या 23, 918 हैं और मरने वालों की संख्या 2,941 है. यह पिछले दिन की तुलना में 87 ज़्यादा है. स्वीडन ने सख्ती के साथ लॉकडाउन का रास्ता नहीं अपनाया है. वहाँ कई व्यावसाय खुले हुए हैं और लोगों को आपस में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने को कहा गया है.

    ईरान में संक्रमण के एक लाख मामले

    ईरान में 1,680 संक्रमण के नए मामलों के साथ ही यहाँ कुल संक्रमितों की संख्या एक लाख को पार कर गई है. 11 अप्रैल के बाद यह एक दिन में होने वाला सबसे बड़ा इजाफा है. संक्रमण को नियंत्रित करने की दिशा में मिल रही सफलता अब पिछले चार दिनों में उल्टी दिशा में जाती दिख रही है. इन चार दिनों में लगातार नए संक्रमितों की संख्या में इजाफा हुआ है.

    ‘दुनिया भर में नब्बे हज़ार से ज़्यादा स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित’

    इंटरनेशनल काउंसिल ऑफ नर्सेज का कहना है कि दुनिया भर में कम से कम 90,000 स्वास्थ्यकर्मी संक्रमित हो चुके हैं लेकिन वास्तविक संख्या इससे दोगुनी हो सकती है. क़रीब 260 नर्सों से ज़्यादा की मौत हो चुकी है. स्वास्थ्यकर्मियों के लिए पीपीई की कमी की लगातार रिपोर्ट्स आ रही हैं.

    कोरोना

    इमेज स्रोत, Getty Images