You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: मुंबई में 10 हज़ार से ज़्यादा, भारत में 50 हज़ार से ज़्यादा मामले
पूरी दुनिया में कोरोना संक्रमितों की संख्या 36.59 लाख से अधिक पहुंची. इस वायरस के कारण अब तक हुई 2,56,894 लोगों की मौत.
लाइव कवरेज
कोरोना वायरसः चीन पर कैसे चलेगा मुक़दमा
सोनिया गांधी ने पूछा- लॉकडाउन 3.0 के बाद क्या करेगी मोदी सरकार?
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार से पूछा है कि लॉकडाउन 3.0 के बाद क्या होगा.
कांग्रेस शासित मुख्यमंत्रियों की बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार से जानना चाहती है कि 17 मई के बाद क्या होगा और कैसे होगा.
बैठक के दौरान सोनिया गांधी ने कहा, "सरकार किस आधार पर ये तय कर रही है कि लॉकडाउन कितना बढ़े."
इस बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी मौजूद थे. उन्होंने भी सरकार से पूछा कि लॉकडाउन 3 के बाद क्या होगा.
सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से कोरोना के असर पर बात की और इस पर भी चर्चा की कि राज्य सरकारें इससे निपटने के लिए क्या क़दम उठा रही हैं. उन्होंने आप्रवासी मज़दूरों की समस्याओं पर भी चर्चा की और इस पर भी मुख्यमंत्रियों से बात की कि वे कैसे मज़दूरों को वापस भेजने की दिशा में काम कर रहे हैं.
बैठक में पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद थे.
Corona Virus : क्या है रोगियों में दिख रहे Rashes का रहस्य?
स्पेन के कुछ डॉक्टरों ने छोटे स्तर पर किए गए एक अध्ययन में पाया है कि अस्पतालों में कोविड-19 के मरीज़ों में पाँच तरह के रैशेज़ यानी चकत्ते या फ़ुंसियाँ दिखाई दे रहे हैं जिनमें कोविड-टो यानी कि पंजों या पैरों की उंगलियों पर आया रैश भी शामिल है.
ये रैशेज़ जवान लोगों में निकलते देखे गए और कई दिनों तक मौजूद रहे.
रैशेज़ निकलने का वायरस से संबंध होना कोई असामान्य बात नहीं है, जैसे कि चिकेन पॉक्स जैसी वायरल बीमारी में फ़ुंसियाँ निकलती हैं. मगर शोधकर्ता कोविड-19 के मामलों में इतने प्रकार के रैशेज़ नज़र आने से हैरान हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, आरोग्य सेतु ऐप बनाने वाली टीम ने कहा- 'प्राइवेसी का कोई ख़तरा नहीं'
भारत सरकार के लिए आरोग्य सेतु ऐप तैयार करने वाली टीम ने इस ऐप की सुरक्षा को लेकर एक बयान जारी किया है.
इस टीम ने फिर दावा किया है कि कोरोना की ट्रैकिंग के लिए बनाये गए आरोग्य सेतु ऐप से किसी के डेटा को कोई ख़तरा नहीं है और ऐप की टेस्टिंग में किसी भी प्रकार के सुरक्षा उल्लंघन की पहचान नहीं की गई है.
इससे पहले एक फ़्रांसीसी सिक्योरिटी रिसर्चर और हैकर ने इस ऐप की प्राइवेसी पर कुछ सवाल उठाए थे.
आरोग्य सेतु ऐप बनाने वाली टीम ने इस ऐप के मोबाइल लोकेशन इस्तेमाल करने के बारे में भी कुछ जानकारी दी है. साथ ही लिखा है कि इस मोबाइल ऐप के यूज़र्स को डेटा सिक्योरिटी और प्राइवेसी से जुड़ी कोई शिक़ायत ना हो, इसलिए लगातार ऐप की टेस्टिंग हो रही है और इसे बेहतर बनाने की कोशिशें जारी हैं.
कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी इस ऐप की सुरक्षा को लेकर चिंता ज़ाहिर कर चुके हैं.
हालांकि सरकार के स्पष्टिकरण से हैकर संतुष्ट नहीं दिख रहे हैं.
उन्होंने एक बार फिर ट्वीट किया है, "आप कहना चाहते हैं कि कोई समस्या नहीं है. हम देखेंगे. मैं कल फिर लौटूंगा"
10 घंटे में बिकी सौ करोड़ से ज्यादा की शराब
प्रभाकर मणि तिवारी
कोलकाता से, बीबीसी हिंदी के लिए
पशचिम बंगाल में महज 10 घंटे में सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की शराब बिकी है जो एक नया रिकार्ड है.
लॉकडाउन से पहले राज्य में अमूमन रोजाना औसतन 40 से 45 करोड़ रुपये की शराब बिकती रही है. अकेले मंगलवार को 65 करोड़ से ज्यादा की शराब बिकी.
राज्य सरार ने शराब की दुकानों को रोजाना दोपहर 12 से शाम सात बजे यानी सात घंटे खोलने की अनुमति दी है. सोमवार को तो राज्य सरकार की ओर से स्पष्ट दिशानिर्देश नहीं होने की वजह से शाम को तीन घंटे ही दुकानें खुली थीं. मंगलवार को यह सात घंटे खुली रहीं.लेकिन लोगों की भीड़ कम होने की बजाय बढ़ती ही रही.
कोरोना से मुकाबले की खातिर पैसे जुटाने के लिए राज्य सरकार ने शराब पर 30 फीसदी अतिरिक्त बिक्री कर लगा दिया है.
पश्चिम बंगाल सरकार ने दो दिनों में शराब की बिक्री से राजस्व की बंपर कमाई की है. आबकारी विभाग के एक अधिकारी ने नाम न ज़ाहिर करने की शर्त पर बताया, "शराब की बिक्री से सरकार को 60 करोड़ का राजस्व मिला है."
राज्य में सोमवार के अलावा मंगलवार को भी तमाम दुकानों पर भारी भीड़ लगी रही. कई लोग तो मीलों पैदल चल कर शराब खरीदने पहुंचे. कुछ जगहों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसवालों को लाठीचार्ज करना पड़ा.
सरकार ने एक व्यक्ति को दो बोतल शराब बेचने का ही निर्देश दिया है. इसी वजह से कई जगह लोग परिवार के तमाम सदस्यों को साथ कतार में खड़े नजर आए.
इस बीच, शराब की दुकानों पर भीड़ कम करने के लिए थोक बिक्रेता सरकारी वेस्ट बंगाल बेवरेज कार्पोर्शन ने ई-रिटेल और होम डिलीवरी के लिए भी एक नया पोर्टल बनाया है.
वुहान में स्कूल खुले
चीन के वुहान में स्कूल खुल गए हैं. कोरोना संक्रमण का सबसे पहला मामला दिसंबर में वुहान में ही सामने आया था.
हालांकि अभी सिर्फ़ वही छात्र स्कूल आ रहे हैं जिन्हें परीक्षा की तैयारी करनी है. सरकारी मीडिया के मुताबिक़ वुहान में ऐसे छात्र 57,000 हैं.
लॉकडाउन के बाद ज़िंदगीः क्या चीन में लोगों ने कोरोना के साथ जीना सीख लिया है?
असम सरकार ने लॉकडाउन में दी और अधिक छूट
दिलीप कुमार शर्मा
गुवाहाटी से, बीबीसी हिंदी के लिए
असम सरकार ने उद्योगों और संबंधित आपूर्ति श्रृंखलाओं, चाय उद्योग, गोदामों, पीडीएस संचालन, एफसीआई गोदामों, रेलवे, एलपीजी और पेट्रोलियम वितरण सेवाओं के साथ-साथ निर्माण गतिविधियों (राजमार्ग निर्माण और बाढ़ नियंत्रण कार्यों सहित) और माल ढोने वाले वाहनों को काम करने की अनुमति दी है.
इसके अलावा प्राइवेट ऑफिसों में भी काम शुरू हो गया है.
मॉल बंद रहेंगे लेकिन मॉल में निजी कार्यालय खोलने की अनुमति रहेगी.
प्रदेश के ग्रीन जोन वाले जिलों में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक इन सारी गतिविधियों की अनुमति दे दी गई है. हालांकि शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे राज्य में कर्फ्यू रहेगा.
Corona Virus से क्या कभी हमारा शरीर Immune हो पाएगा?
इस समय दुनिया भर में नए कोरोना वायरस के टीके पर रिसर्च चल रही है. रोज़ नई प्रगति की ख़बरें आ रही हैं.
लॉकडाउन की वजह से घरों में क़ैद लोगों में ये ख़बरें एक नई उम्मीद जगाती हैं. उन्हें लगता है कि घर में क़ैद रहने के दिन अब ख़तम होने वाले हैं.
न्यूज़ीलैंड और ऑस्ट्रेलिया ने हाल ही में लॉकडाउन से कुछ रियायतें दी हैं. लॉकडाउन से कब और कितनी रियायत दी जाएगी, ये इस बात पर निर्भर करता है कि एंटीबॉडी टेस्ट की कितनी ज़रूरत है.
अगर हम ये पता कर सकें कि किसी को नए कोरोना वायरस ने संक्रमित किया था और वो ठीक हो चुका है. और अब उसके शरीर में इस वायरस से लड़ने की क्षमता विकसित हो चुकी है. तो ऐसे लोगों को दोबारा काम पर जाने की इजाज़त दी जा सकती है.
इसके लिए पहली शर्त तो ये है कि एक ऐसे एंटीबॉडी टेस्ट को विकसित किया जाए, जो भरोसेमंद हो. क्योंकि हाल ही में भारत में शुरू किए गए एंटीबॉडी टेस्ट को बीच में रोकना पड़ा था. इनके नतीजों पर जानकारों को भरोसा नहीं था.
इन 5 देशों में कोरोना से 1.81 लाख से अधिक मौतें
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के कारण अब तक संक्रमण के 36,62,691 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबति मौतों का आंकड़ा 2,57,239 तक पहुंच चुका है.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए 6 मई 2020 सवेरे 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मौतों के मामले में अमरीका और यूरोप सबसे आगे हैं.
अकेले अमरीका में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12,04,351 पहुंच गई है जबकि यहां 71,064 लोगों की मौत इस वायरस के कारण हुई हैं. वहीं चीन जहां के वुहान से इस वायरस का फैलना शुरु हुआ था, वहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा अब भी एक लाख से नीचे हैं.
यूरोप की बात की जाए तो स्पेन, इटली, फ्रांस और यूके में कोरोना के कारण अब तक मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,09,996 पहुंच चुका है.
इस तरह अमरीका और इन चार यूरोपीय देशों में कोरोना के कारण कुल 1.81 लाख से अधिक मौतें हुई हैं जो पूरी दुनिया में हुई मौतों का सत्तर फीसदी से अधिक है.
चीन में संक्रमण के सिर्फ दो नए मामले, एक भी मौत नहीं
चीन के हुबेई प्रांत में 32 दिनों से संक्रमण का कोई नया मामला नहीं आया है. चीन की सरकारी मीडिया सिन्हुआ ने यह जानकारी दी है.
हुबेई की राजधानी वुहान में ही दिसंबर में पहला वायरस संक्रमण का मामला सामने आया था.
कोरोना के संक्रमण को रोकने में चीन की यह बड़ी कामयाबी है. चीन धीरे-धीरे अब अपने यहाँ लॉकडाउन की पाबंदियों में छूट देने लगा है और वहाँ जन-जीवन सामान्य होना शुरू हो गया है.
आज चीन में संक्रमण के सिर्फ दो नए मामले सामने आए हैं और अब संक्रमितों की कुल संख्या चीन में 82,883 हो गई है और मरने वालों की संख्या4,633 हैं.
हालांकि कई आलोचक चीन के आकड़ों पर संदेह जता रहे हैं. लेकिन चीन की ओर से जारी आकड़े सही हो या न हो लेकिन जो हालात नज़र आ रहे है, उसके मुताबिक चीन अपने संकट से उबरता हुआ जरूर दिख रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना संक्रमण के मामले 49 हज़ार के पार
- बुधवार को जारी किए गए भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 49,391 हो गई है. वहीं मरने वालों की संख्या अब बढ़ कर 1,694 हो गई है.
- अब तक कोरोना संक्रमित 14,183 लोगों की तबीयत ठीक हुई है जिसके बाद भारत में अब कोरोना के 33,514 ऐक्टिव मामले हैं.
लंदन से दिल्ली और मुंबई के लिए किरायों की घोषणा
ब्रिटेन में फंसे भारतीयों के लिए उडानें आठ मई से शुरू की जाएंगी.
8 से 14 मई के भीतर लंदन से सात उड़ानें मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, चेन्नई और दिल्ली के लिए होंगी.
- लंदन से दिल्ली और मुंबई के लिए इकोनॉमी क्लास का किराया जहाँ किराया करीब पचास हज़ार रूपये (539 ब्रितानी पाउंड) होगा तो वहीं बिजनेस क्लास का किराया करीब एक लाख चालीस हज़ार रुपये (1,493 ब्रितानी पाउंड) होगा.
- लंदन से इन दोनों ही जगहों के लिए प्रथम श्रेणी का किराया करीब तीन लाख पंद्रह हज़ार होगा (3,339 ब्रितानी पाउंड).
- दूसरे भारतीय शहरों के लिए जल्द ही किरायों की घोषणा की जाएगी.
कोरोना से ब्राज़ील में हज़ारों की मौत, राष्ट्रपति ने कहा, ‘तो क्या?’
कोरोना वायरस: कैसे हो रहा है कोविड-19 का ट्रायल?
Covid-19 का अब तक कोई उपचार नहीं है. पूरी दुनिया में इसकी दवा और वैक्सीन तैयार करने की कोशिश जारी है.
ऐसी ही एक कोशिश ब्रिटेन में भी हो रही है जहां कोविड-19 से लड़ने के लिए एक नई दवा का परीक्षण शुरू किया गया है.
कैसे हो रहा है इसका ट्रायल? कौन से मरीज़ इसके लिए आगे आए हैं? ट्रायल के दौरान क्या-क्या होता है?
ऐसे ही एक वैक्सीन ट्रायल के बारे में और जानने के लिए साउथहैंप्टन यूनिवर्सिटी हॉस्पिटल पहुंचे बीबीसी संवाददाता जस्टिन रॉलेट. देखिए उनकी रिपोर्ट.
कोरोना फैलाने में क्या ईरान है मध्यपूर्व का गुनहगार?
बीबीसी अरबी सेवा की एक पड़ताल से पता चला है कि पूरे मध्य पूर्व में कोरोना वायरस को फैलाने में कैसे एक ईरानी एयरलाइन ने अहम भूमिका निभाई.
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा और ओपेन सोर्स वीडियोज़ के विश्लेषण के बाद बीबीसी ये कह सकती है कि कोविड-19 से संक्रमित पहले कुछ यात्रियों को लेकर एयरलाइन 'महान' ईरान से इराक़ और लेबनान गई थी.
सरकार की ओर से प्रतिबंध लगाने के बावजूद ईरान की इस सबसे बड़ी एयरलाइन ने अपनी उड़ानों को जारी रखा.
एयरलाइन से जुड़े सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि केबिन क्रू के दर्जनों सदस्यों में कोविड-19 के लक्षण दिख रहे थे. स्टाफ़ के जिन सदस्यों ने सुरक्षा प्रावधानों और प्रबंधन को लेकर आवाज़ उठाने की कोशिश की उन्हें चुप करा दिया गया.
अब तक के बड़े अपडेट्स
जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार पूरी दुनिया में कोरोना के कारण अब तक36,59,759 लोग संक्रमित हो चुके हैं. इस वायरस के कारण अब तक कुल 2,56,894 लोगों की मौत हुई है.
कोरोना संक्रमितों की संख्या में अमरीका सबसे आगे हैं. वहां 12 लाख से अधिक लोग इस वारयस से संक्रमित हो चुके हैं. वहीं मौतों के मामले में अमरीका का आंकड़ा दुनिया के किसी भी और देश से कहीं आगे है. यहां अब तक 71 हज़ार से अधिक मौतें हो चुकी हैं.
अमरीका
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस बात की पुष्टि की है कि व्हाइट हाउस कोरोना वायरस टास्क फ़ोर्स को भंग कर दिया जाएगा.
उन्होंने कहा कि टास्क फ़ोर्स ने अपना काम बख़ूबी निभाया लेकिन अब इसमें बदलाव किया जाएगा. इसस पहले अमरीकी उप-राष्टपति माइक पेन्स ने भी कहा था कि कोरोना टास्क फ़ोर्स अगले कुछ हफ़्तों में ख़त्म कर दी जाएगी.
यूरोप में संक्रमण से मरने वालों की संख्या ब्रिटेन में सबसे अधिक
ताज़ा सरकारी आकड़ों के मुताबिक़ यूरोप में कोरोना वायरस संक्रमण से मरने वाले सबसे ज्यादा लोग अब ब्रिटेन से है. ब्रिटेन में अब तक संक्रमण से 29,427 लोगों की मौत हो चुकी है. ब्रिटेन के विदेश मंत्री डॉमनिक रॉब ने इसे ‘बड़ी त्रासदी’ बताया है.
इससे पहले कोरोना से सबसे ज्यादा मौतों के मामले में यूरोप में इटली सबसे आगे था. अब वहाँ मरने वालों की संख्या 29,315 हैं. वहीं स्पेन में मरने वालों का आंकड़ा अब 25,613 तक पहुंच गया है.
ब्रिटेन:प्रोफेसर लॉकडाउन का इस्तीफ़ा
ब्रिटेन में लॉकडाउन की सिफ़ारिश करने वाले प्रोफ़ेसर नील फ़र्ग्यूसन ने ख़ुद सोशल डिस्टेंसिंग पालन न करने के कारण अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. वो कोरोना मामले में ब्रितानी सरकार के प्रमुख सलाहकार हैं.
अपने इस्तीफ़े की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा, मैं स्वीकार करता हूं कि मैंने ग़लत किया. इसलिए मैं अपने पद से हट गया हूं. मुझे इस बात का पूरी गहराई से अफ़सोस है कि इस महामारी को कंट्रोल करने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग की लगातार ज़रूरत का जो साफ़ संदेश दिया जा रहा हैं, मैंने उसकी अनदेखी की."
ईरान
बीबीसी की अरबी सेवा की एक तहक़ीकात में यह बात सामने आई है कि सरकार की ओर से प्रतिबंध लगाने के बावजूद ईरान की सबसे बड़ी एयरलाइन ‘महान’ ने अपनी उड़ानों को जारी रखा. एयरलाइन के विमान मिडिल ईस्ट के लिए उड़ान भरते रहे. इराक, संयुक्त अरब अमीरात और सीरिया ने एयरलाइन को अपने यहाँ उतरने की अनुमति दी. जबकि ईरान ने नियमित उड़ानों को बंद कर रखा था.
इस साल की शुरुआत में ही ईरान में कोरोना वायरस संक्रमण फैलने की ख़बर आ गई थी.
एयरलाइन से जुड़े सूत्रों ने बीबीसी को बताया कि केबिन क्रू के दर्जनों सदस्यों में कोविड-19 के लक्षण दिख रहे थे. स्टाफ़ के जिन सदस्यों ने सुरक्षा प्रावधानों और प्रबंधन को लेकर आवाज़ उठाने की कोशिश की उन्हें चुप करा दिया गया.
पुर्तगाल
पुर्तगाल ने एक लाख तीस हज़ार प्रवासियों को अस्थाई क़ानूनी आवास प्रमाण पत्र मुहैया कराया है. महामारी की वजह से उठाया गया यह एक असधारण कदम है.
अब नए पारित क़ानून के तहत इन सभी को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाएगी.
कोसोवो
कोसोवो की राजधानी प्रिस्टिना के मेयर श्पेंड एहमेती का कहना है कि वो चाहते हैं कि कोरोना वायरस की वजह से यातायात ट्रैफिक में जो कमी आई है, वो आगे भी बनी रहे. इसके लिए महंगी पार्किंग और सड़कों को बंद करने जैसे उपायों को लागू किया जाएगा.
चेक गणराज्य
चेक गणराज्य के राष्ट्रपति ने इस दाव को खारिज किया है कि रूस चेक गणराज्य के तीन राजनेताओं की हत्या की योजना बना रहा था जो रूस के राष्ट्रपति के आलोचक रहे हैं. रूस ने इन रिपोर्ट्स को एक सिरे से खारिज किया है कि उसने राजनयिक पासपोर्ट पर एक एजेंट को इन नेताओं को रीसीन नाम का जहर देने भेजा था.
सोमालिया
सोमालिया इस बात की जांच कर रहा है कि कीनिया का निजी विमान जो कोरोना वायरस से निपटने के लिए मेडिकल उपकरण लेकर आ रहा था, वो बाइदोवा के पास कैसे दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में छह लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना की वजहों का अभी पता नहीं लेकिन इस बात की बहुत संभावना है कि इसे मार गिराया गया है.
कार्बन उत्सर्जन
सबसे कम कार्बन उत्सर्जन होगा पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि महामारी की वजह से हुए लॉकडाउन के कारण इस साल कार्बन उत्सर्जन में रिकॉर्ड कमी आने वाली है. ईंधन से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में आठ प्रतिशत की कमी आने की उम्मीद है. यह 2008 में आए वित्तीय संकट के समय से छह गुना कम है.
इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के हर ज़रूरी और बड़े अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.