You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: 5 देश और कुल 1.81 लाख मौतें
पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के कारण अब तक संक्रमण के 36,62,691 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जबति मौतों का आंकड़ा 2,57,239 तक पहुंच चुका है.
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी द्वारा जारी किए गए 6 मई 2020 सवेरे 9 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मौतों के मामले में अमरीका और यूरोप सबसे आगे हैं.
अकेले अमरीका में कोरोना संक्रमितों की संख्या 12,04,351 पहुंच गई है जबकि यहां 71,064 लोगों की मौत इस वायरस के कारण हुई हैं.
वहीं चीन जहां के वुहान से इस वायरस का फैलना शुरु हुआ था, वहां संक्रमितों का कुल आंकड़ा अब भी एक लाख से नीचे हैं. चीन में कोरोना के कारण मरने वालों की संख्या अब तक 4,637 है जो कई यूरोपीय देशों के मुक़ाबले काफी कम हैं.
हालांकि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार चीन पर सही आंकड़े छिपाने का आरोप लगाया है. ट्रंप का ये भी आरोप है कि ये वायरस चीन की लैब में बना है. ट्रंप के आरोप के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन ने स्पष्ट किया है कि न तो ये वायरस किसी लैब में बना है न ही जेनेटिकली मॉडिफायड है.
यूरोप की बात की जाए तो स्पेन, इटली, फ्रांस और यूके में कोरोना के कारण अब तक मरने वालों का कुल आंकड़ा 1,09,996 पहुंच चुका है.
इस तरह अमरीका और इन चार यूरोपीय देशों में कोरोना के कारण कुल 1.81 लाख से अधिक मौतें हुई हैं जो पूरी दुनिया में हुई मौतों का सत्तर फीसदी से अधिक है.
बुधवार को स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आकड़ों के मुताबिक भारत में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 49,391 हो चुकी हैं और वहीं इस वायरस के कारण मरने वालों की संख्या 1694 हो चुकी है.
भारत के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार 14,183 लोग इलाज के बाद पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं. ऐसे में भारत में कुल एक्टिव मामलों की संख्या अब 33,514 है.
अगर भारत के राज्यों की बात करे तो महाराष्ट्र इसमें सबसे आगे है जहां अब तक 15,525 मामले सामने आ चुके हैं. यहां कोरोना के कारण 617 लोगों की मौत हुई है तो वहीं 2819 लोग ठीक भी हुए हैं.
दूसरे नंबर पर गुजरात है जहां कोरोना से 368 लोगों की जान गई है और कुल 6,245 लोग इससे संक्रमित हैं.
तीसरे नंबर पर दिल्ली है जहाँ कोरोना से 5,104 लोग संक्रमित हैं जबकि 64 लोगों की इससे मौत हो चुकी है. पिछले 24 घंटों में यहाँ कोई मौत नहीं हुई है.
इसके बाद तमिलनाडु और राजस्थान का स्थान आता है. तमिलनाडु में कोरोना से संक्रमित कुल 4058 मरीज़ हैं तो राजस्थान में 3,158 लोग कोरोना से अब तक संक्रमित हो चुके हैं.
कोरोना वायरस के कारण भारत में फिलहाल लॉकडाउन की तीसरा चरण जारी है जो 4 मई को शुरू हुआ था और 17 मई तक के लिए लागू रहेगा.
इससे पहले दो चरणों में लॉकडाउन 25 मार्च से 14 अप्रैल तक लागू किया गया था जिसके बाद इसे 3 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया था.
इस बीच तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने 29 मई तक के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है.
- कोरोना वायरस के क्या हैं लक्षण और कैसे कर सकते हैं बचाव
- कोरोना महामारीः क्या है रोगियों में दिख रहे रैशेज़ का रहस्य
- कोरोना वायरसः वो छह वैक्सीन जो दुनिया को कोविड-19 से बचा सकती हैं
- कोरोना वायरसः वो शहर जिसने दुनिया को क्वारंटीन का रास्ता दिखाया
- कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच इतनी मुश्किल क्यों है?
- कोरोना वायरस महिलाओं और पुरुषों में भेद क्यों करता है
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)