You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: चीन ने कोरोना से जुड़ी जानकारी छुपाने और गुमराह करने की कोशिश की- अमरीका

दुनिया भर में कोरोना से संक्रमण के मामले 35 लाख तक पहुँच गए हैं और मरने वालों की संख्या ढाई लाख के क़रीब पहुँच गई है. अमरीका में संक्रमण के 13 लाख मामले अब तक आ चुके हैं.

लाइव कवरेज

  1. देखिए वीडियो, बच्चों को कोटा से लेकर रांची के हटिया पहुंची ट्रेन

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, CRPF का मुख्यालय सील

    समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार दिल्ली स्थित सीआरपीएफ़ के मुख्यालय को सील कर दिया गया है. सीनियर अधिकारी के साथ काम करने वाला एक स्टाफ कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था इसके बाद मुख्यालय को सील किया गया.

    अब इस इमारत में अगले आदेश तक कोई नहीं जा सकेगा. स्पेशल डायरेक्टर जनरल (एसडीजी) रैंक के एक अधिकारी का निजी सचिव इस मुख्यालय में काम करता था और वही संक्रमित पाया गया है. सीआरपीएफ़ ने कहा है कि कॉन्टैक्ट ट्रैसिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि पता चल सके कि संक्रमित व्यक्ति किसके-किसके संपर्क में आया था.

  3. भारतीय वायु सेना ने कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में शामिल लोगों पर बरसाए फूल, देखिए वीडियो

  4. कोरोना वायरस: संकट में सऊदी अरब लेने जा रहा ये कड़े फ़ैसले

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, वेनेज़ुएला की जेल में हिंसक झड़प, 40 से ज़्यादा क़ैदियों की मौत

    वेनेज़ुएला की एक जेल में हिंसक झड़प में 40 से ज़्यादा क़ैदियों की जान चली गई है. जेल पर्यक्षकों के अनुसार वेनेज़ुएला के पश्चिमी शहर गुआनारी के पास लॉस लानोज जेल के क़ैदी खाना-पानी की कमी के कारण ग़ुस्से में थे.

    इस मामले की जाँच के आदेश दिए गए हैं. हालांकि सरकारी अधिकारी अलग ही दावा कर रहे हैं. उनका कहना है कि क़ैदी जेल ब्रेक करने की कोशिश कर रहे थे. इस हिंसा में जेलकर्मी समेत कई लोग ज़ख़्मी हुए हैं. वेनेज़ुएला के जेल मंत्री इरिस वरेला ने वहीं के एक अख़बार से जेल की हिंसा के बारें बात की है लेकिन मरने वालों की संख्या नहीं बताई. उन्होंने इसे जेल ब्रेक से जोड़ा है.

    लातिन अमरीका की गंदी और क्षमता से ज़्यादा क़ैदियों वाली जेलों में हिंसा लगातार बढ़ रही है. वहीं सरकारें संक्रमण को क़ाबू में करने के लिए कई पाबंदियां लगा रही हैं. क्वॉरंटीन के कारण संभव है कि क़ैदियों को अपने परिजनों के ज़रिए मिलने वाला खाना नहीं मिल पा रहा है.

    द ऑब्जर्वेटरी नाम की संस्था का कहना है कि 46 क़ैदियों की मौत हुई है और स्थानीय अस्पतालों में कई घायलों को भर्ती किया गया है.

    वेनेज़ुएला के नेशनल असेंबली की सदस्य मारिया बीट्रिज़ मार्टिनेज़ ने स्पैनिश में ट्वीट कर इसे जनसंहार बताया है. उन्होंने कहा कि मारे गए क़ैदियो के परिजनों का मानना है कि उन्हें शव नहीं दिया जाएगा और किसी सामूहिक क़ब्र में दफ़्न कर दिया जाएगा.

  6. ब्रेकिंग न्यूज़, एयर फोर्स के विमानों ने कोरोना के ख़िलाफ़ लड़ाई में शामिल लोगों पर बरसाए फूल

    भारतीय वायु सेना के जेट्स और ट्रासंपोर्ट प्लेन ने अस्पतालों और कोरोना वायरस के संक्रमण की लड़ाई में राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों पर फूल बरसाए. एयर फ़ोर्स के विमान ज़्यादातर ज़िलों के अस्पतालों के ऊपर से उड़ेंगे और सेना बैंड भी बजाएगी.

    ऐसा कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लड़ाई में शामिल लोगों के सम्मान में किया गया. नेवी के पोत भी शाम में कोरोना वॉरियर्स के सम्मान में निकलेंगे. दिल्ली में ट्रासंपोर्ट विमानों ने उड़ा भरी. यहां पुलिस मेमोरियल पर पुष्प वर्षा की गई. इसके बाद दिल्ली के अस्पतालों में पुष्प वर्षा होनी है.

  7. पिछले 24 घंटों में 83 मौतें

    एक महीने से ज़्यादा के लॉकडाउन के बाद भी भारत में शनिवार को अब तक के एक दिन में सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले सामने आए हैं.

    पिछले 24 घंटों में भारत में 2,644 नए मामले सामने आए हैं और 83 लोगों की मौत हुई है. मौत का यह आँकड़ा भी अब तक का उच्चतम है. अब भारत में संक्रमण के कुल मामले 39,980 हो गए हैं और मृतकों की कुल संख्या 1,301 हो गई है.

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत के लॉकडाउन से मलेशिया और इंडोनेशिया के लोग परेशान

    कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए भारत में जारी लॉकडाउन से न केवल देश के लोगों का जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है बल्कि विदेशों में भी लोगों के खान-पान पर बुरा असर पड़ा है. समचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार मलेशिया में भारत शीर्ष का बीफ़ आपूर्तिकर्ता है लेकिन लॉकडाउन के कारण भारत में मीट प्रोसेसिंग प्लांट बंद हैं इसलिए मलेशिया में बीफ़ की आपूर्ति भी बंद है.

    ऐसे में रमज़ान के महीने में बीफ़ की किल्लत हो गई है और क़ीमतें आसमान छू रही हैं. रॉयटर्स से अनुसार भारत हर महीने औसतन एक लाख टन भैंस का मांस बेचता है लेकिन मार्च महीने में यह बिक्री 40 हज़ार टन ही रही. अप्रैल महीने में यह बिक्री और कम होने की आशंका है क्योंकि पूरे अप्रैल लॉकडाउन रहा है.

    यहां तक कि मई महीने में भी कोई उम्मीद नहीं दिख रही है. उत्तर प्रदेश के मांस निर्यातकों ने बताया है कि मीट इंडस्ट्री के पक्ष में अभी कुछ भी होता नहीं दिख रहा है. रमज़ान के महीने में मलेशिया में पिछले साल की तुलना में फ्रोज़ेन भैंस के मांस की क़ीमत 15-20 फ़ीसदी बढ़ गई है.

    कुआलालंपुर के एक मांस कारोबारी ने रॉयटर्स से कहा, ''मलेशियाई एक महीने में औसतन भारत से आने वाले भैंस के मांस का 350 कंटेनर उपभोग करते हैं जो कि अब आधा हो गया है.'' 2019 में भारत ने 15 लाख टन बीफ़ विदेशों में बेचा था. भारत में उत्पादन प्रभावित होने से मलेशिया में मांस आपूर्ति चरमरा गई है.

    मलेशिया भारत से अपनी ज़रूरत का 70 फ़ीसदी बीफ़ आयात करता है. इंडोनेशिया भी एक तिहाई बीफ़ भारत से ही आयात करता है. भैंस का मांस कम कमाई वालों के बीच काफ़ी लोकप्रिय है क्योंकि यह सस्ता मिलता है. रॉयटर्स से जकार्ता के सूत्रों ने बताया है कि भारत से इस साल एक लाख 70 हज़ार टन बीफ़ आने की उम्मीद थी लेकिन अब यहां के कारोबारी ब्राज़ील और अर्जेंटीना की तरफ़ रुख़ कर सकते हैं.

  9. संकट में क्यों है सऊदी

    सऊदी अरब की मॉनेटरी अथॉरिटी ने मंगलवार को कहा था कि मार्च में सऊदी अरब की विदेशी संपत्ति में 464 अरब डॉलर की गिरावट आई है. यह पिछले 19 सालों में सबसे निचले स्तर पर है. सऊदी का कहना है ऐसा कोरोना वायरस की महामारी के कारण हुआ है.

    सऊदी के वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान ने कहा कि अगले क़दम और फ़ैसले को लेकर विचार चल रहा है ताकि नुक़सान की भरपाई की जा सके. वित्त मंत्री ने कहा कि तेल और नॉन-ऑइल राजस्व में गिरावट आगामी तिमाही में दिखेगी.

    जदान ने कहा, ''इस साल की शुरुआत में तेल की क़ीमत 60 डॉलर प्रति बैरल थी और आज 20 डॉलर प्रति बैरल है. यह 50 फ़ीसदी से भी ज़्यादा की गिरावट है.''

    सऊदी अरब ने भी संक्रमण रोकने के लिए ज़्यादातर शहरों में लॉकडाउन लगा रखा है और कर्फ़्यू भी लगा हुआ है. अंतर्राष्ट्रीय हवाई सेवा पूरी तरह से बंद है. इस वजह से भी सऊदी का नॉन ऑइल राजस्व बुरी तरह से प्रभावित हुआ है. लोग घरों में हैं और सारा कारोबार बंद है.

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, सऊदी अरब कड़े फ़ैसले लेगा

    सऊदी अरब के वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान ने शनिवार को कहा कि कोरोना वायरस के संक्रमण से अर्थव्यवस्था पर जो चोट पहुंची है उससे निपटने के लिए कड़े और तकलीफ़देह फ़ैसले लिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस संकट से निकलने के लिए सारे विकल्प खुले हैं.

    अल-अरबिया टीवी को दिए इंटरव्यू में अल-जदान ने कहा कि सऊदी अरब बजट खर्चों में भारी कटौती करेगा. उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का असर इस साल की दूसरी तिमाही में अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट रूप से दिखेगा. अल-जदान ने कहा कि सऊदी अरब के वित्त मामलों को टाइट किया जाएगा ताकि सब कुछ और अनुशासित रहे.

    सऊदी के वित्त मंत्री ने कहा कि मुल्क भीतर मेगा प्रोजेक्ट के खर्चों में भी कटौती की जाएगी. दुनिया का सबसे बड़ा तेल निर्यातक देश सऊदी अरब ऐतिहासिक रूप से तेल की कम क़ीमतों से जूझ रहा है.

    सऊदी अरब के केंद्रीय बैंक में विदेशी मुद्रा भंडार मार्च महीने में पिछले 20 सालों में सबसे तेजी से गिरा है. 2011 के बाद सबसे निचले स्तर पर आ गया है.

    तेल की क़ीमत गिरने के बाद से पहली तिमाही में 9 अरब डॉलर का बजट घाटा हुआ है. जदान ने पिछले महीने कहा था कि सऊदी अरब इस साल 26 अरब डॉलर का क़र्ज़ ले सकता है ताकि विदेशी मुद्रा भंडार को संतुलित रखा जा सके.

  11. अब तक की बड़ी बातें

    फंड जुटाने में जुटे यूरोपीय नेता

    यूरोपीय नेता कोरोना वायरस के टीके और इलाज के लिए अरबों पाउंड इकट्ठा करने के काम में लग गए हैं. इसके लिए उन्होंने ‘अंतरराष्ट्रीय गठबंधन’ की बात कही है. सोमवार को इस मक़सद से एक ऑनलाइन कॉफ्रेंस आयोजित की जाएगी जिसका मक़सद साढे सात अरब पाउंड इकट्ठा करना होगा ताकि कोरोना के ख़िलाफ़ विश्वव्यापी लड़ाई की मदद की जा सके.

    यूट्यूब ने डेविड आइसक का अकाउंट डिलीट किया

    यूट्यूब ने डेविड आइसक का अकाउंट डिलीट कर दिया है. यूट्यूब ने कहा है कि 68 साल के डेविड ने कोरोना वायरस के बारे में जानकारी शेयर कर नीति का उल्लंघन किया है. इस पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी ने कई इंटरनेट प्लेटफॉर्म्स पर कोरोना वायरस को लेकर अप्रमाणित दावे किए हैं. इसमें एक दावा 5जी मोबाइल नेटवर्क से भी जुड़ा हुआ भी है.

    कोई सबूत नहीं

    ब्रिटेन के स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने कहा है कि इसका कोई ठोस प्रमाण मौजूद नहीं है कि कोई व्यक्ति दोबारा कोरोना से संक्रमित नहीं होगा. उन्होंने कहा कि अधिकारियों के पास इस बात को लेकर पर्याप्त जानकारी अब तक मौजूद नहीं है.

    फ़्रांस

    फ्रांस ने लॉकडाउन के बाद बाहर से आने वाले लोगों के लिए 14 दिनों के क्वॉरंटीन की बात कही है. फ्रांस में 11 मई तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है.

    वारेन बफेट

    बिज़नेसमैन वारेन बफेट ने इस संकट की घड़ी में अमरीका को लेकर हौसला बढ़ाने वाला बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि, “यह निश्चित तौर पर एक प्रयोग है. मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि कुछ भी अमरीका को रोक नहीं सकता.”

    यमन

    यमन में कोरोना के तीन नए मामले सामने आए हैं. यहाँ कोरोना संक्रमण के तेज़ी से बढ़ने की आशंका गहराती जा रही है. अदन में संक्रमण के दो मामलों और ताइज़ प्रांत में एक मामले की पुष्टि हुई है. इसे देखते हुए यमन की सीमा बंद करने की तैयारी की जा रही है.

    मेक्सिको

    मेक्सिको में लोग अस्पताल के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. मेक्सिको में लोग अपने परिवार के उन लोगों की जानकारी नहीं मिलने की वजह से प्रदर्शन कर रहे हैं, जिन्हें कोरोना की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है. ये लोग अपने परिजनों के शव अगर उनकी संक्रमण से मौत हो गई है तो वापस करने की मांग कर रहे हैं. एक वीडियो में इसाटपेक शहर के लास अमरीका जनरल अस्पताल के अंदर लोगों के शव रखे हुए दिखाए गए हैं. इसाटपेक, मेक्सिको का कोरोना से सबसे बुरी तरह से प्रभावित इलाक़ा है.

    इंग्लैंड

    इंग्लैंड और वेल्स में प्राइमरी स्कूल जून में खुलेंगे. पांच से 11 साल के बच्चे एक जून से यहाँ स्कूल जा सकेंगे. संडे टेलिग्राफ़ के मुताबिक़ सरकार ने धीरे-धीरे लॉकडाउन की पाबंदियों में छूट देने की योजना बनाई है.

    इटली

    इटली में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़ने की रिपोर्ट आई है लेकिन यह आँकड़े ग़लत जानकारी देने वाले हैं. ला रिपब्लिका अख़बार के मुताबिक़ शुक्रवार को इटली में 269 और लोगों के मरने के बाद कुल 474 लोगों की मरने की रिपोर्ट आई थी लेकिन आँकड़ों में गड़बड़ी हुई है क्योंकि अप्रैल में हुई 282 मौतों का रजिस्ट्रेशन देर से हुआ है. हालांकि देश में संक्रमण के नए मामले लगातार तीसरे दिन भी 1900 के पास रहे हैं. शुक्रवार को यह आँकड़ा 1965 का था.

    हज़ारों अवैध प्रवासी हिरासत में

    अधिकारियों ने बताया है कि मलेशिया ने हज़ारों अवैध प्रवासियों को कोरोना पर नियंत्रण के अपने प्रयासों के तहत हिरासत में ले लिया है. इनमें रोहिंग्या शरणार्थी भी हैं. संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि इस क़दम से इस तरह के समूह छिपने और इलाज से बचने की कोशिश करेंगे.

    प्रवासियों को इटली की एक नाव पर क्वॉरंटीन में रखा गया

    क़रीब 180 प्रवासियों को समुद्र से बचाने के बाद सिसिली के तट पर एक इतालवी नौके पर आइसोलेशन में रखा गया है. सोमवार को यह पालेर्मो पर उतर जाएगी. समाचार एजेंसी एएफपी ने एवेनीयर डेली के हवाले से यह ख़बर दी है.

    ब्रिटेन में मरने वालों की तदाद बढ़ी

    621 संक्रमितों की मौत के साथ ही ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28,131 हो गई है. ब्रिटेन में मरने वालों की संख्या अब इटली के लगभग बराबर पहुँच गई है. अमरीका के बाद इटली में कोरोना संक्रमण से सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं. शुरुआती दौर में सरकार को इस संकट से निपटने के तरीक़ों को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी थी.

    स्पेन में लॉकडाउन की पाबंदियों में छूट दी गई

    स्पेन में लॉकडाउन में छूट देने के बाद लोग सड़कों पर निकल कर जॉगिंग कर रहे हैं. शनिवार को स्पेन में वयस्कों को सुबह छह बजे से लेकर 10 बजे तक और शाम में 8 बजे से 11 बजे तक की छूट देने की घोषणा की गई. बच्चों को दोपहर से लेकर शाम सात बजे तक की छूट दी गई थी. स्ट्रीट बुजुर्गों और सहारा लेकर चलने वालों के लिए दस बजे से लेकर दोपहर तक और शाम में सात से आठ खोलने का फ़ैसला लिया गया है.

    ऑस्ट्रिया में सैलून खुले

    ऑस्ट्रिया के लोग लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद सैलून, ब्यूटी पार्लर और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में दिखे. शनिवार को सात हफ़्ते के लॉकडाउन के बाद यह छूट मिली. हालांकि अब भी सुरक्षा के एहतियाती क़दम उठाए जा रहे हैं. अगले पखवाड़े में बार खोलने की तैयारी है.

    कैलिफ़ोर्निया में लॉकडाउन के ख़िलाफ़ प्रदर्शन

    कैलिफ़ोर्निया में लॉकडाउन का जमकर विरोध किया जा रहा है. कैलिफ़ोर्निया के गर्वनर गैवीन न्यूसॉम ने वादा किया है कि आने वाले दिनों में स्टे एट होम और प्रभावित होने वाले व्यावसायों के बीच एक संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी ताकि उन्हें खोला जा सके.

    अफ़वाहों से इनकार

    चीन की विवादास्पद वायरोलॉजिस्ट ने चीन से निकाले जाने की अफ़वाह को ख़ारिज किया है. शी शेंगली का काम मुख्य तौर पर कोरोना वायरस कहाँ से आया है, इसे लेकर है. उन्होंने चमगादड़ से कोरोना वायरस के संक्रमण होने को लेकर शोध किया है.

    लॉकडाउन के दौरान हुई हिट

    लॉकडाउन के दौरान ट्रॉल्स वर्ल्ड टूर हिट हो गई है. इसकी डिज़िटल बिक्री आठ करोड़ पाउंड तक पहुँच गई है. यह पॉप पसंद करने वाली एक मंडली के ऊपर बनी संगीत से सजी एनिमेटेड फ़िल्म है.

  12. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े सभी ज़रूरी और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.