You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: चीन ने कोरोना से जुड़ी जानकारी छुपाने और गुमराह करने की कोशिश की- अमरीका

दुनिया भर में कोरोना से संक्रमण के मामले 35 लाख तक पहुँच गए हैं और मरने वालों की संख्या ढाई लाख के क़रीब पहुँच गई है. अमरीका में संक्रमण के 13 लाख मामले अब तक आ चुके हैं.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, अफ़ग़ानिस्तान में संक्रमण बढ़ा, बच्चे भूखे

    अफ़ग़ानिस्तान के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी नए आँकड़ों के मुताबिक़ पिछले घंटे में देश में संक्रमण के 179 नए मामले सामने आए हैं जिससे वहाँ संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 2,469 हो गई है.

    अब तक वहाँ 72 लोगों की मौत हो चुकी है.

    ये संख्या हालाँकि छोटी लग रही है मगर ध्यान देने वाली बात है कि अफ़ग़ानिस्तान में टेस्ट करने की सुविधा बहुत सीमित है और वहाँ दशकों से जारी लड़ाई की वजह से स्वास्थ्य क्षेत्र की चुनौतियाँ बहुत बड़ी हैं.

    इस बीच चैरिटी संस्थाओं ने चेतावनी दी है कि अफ़ग़ानिस्तान में खाने के सामानों की कीमतों के बढ़ने से 70 लाख बच्चों के लिए पेट भरना मुश्किल हो रहा है.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में कोरोना संक्रमित 40 हज़ार के पार

    भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 40 हज़ार के पार पहुंच गया है. भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश भर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 40,263 हो गई है.

    जबकि इस महामारी से देश भर में अब तक 1306 लोगों की मौत हो चुकी है.

    बीते 24 घटे में देश भर में संक्रमण के 2487 नए मामले सामने आए हैं जबकि इसी दौरान देश भर में 83 लोगों की मौत भी हुई है.

    इलाज से देश भर में अब तक 10,887 लोग ठीक भी हुए हैं.

  3. मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2811 हुई

    शुरैह नियाज़ी

    भोपाल से

    मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है. प्रदेश में अब इनकी संख्या 2811 पर पहुंच गई है. वहीं, कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मध्य प्रदेश में अब तक 153 लोगों की जान गई है.

    इंदौर में सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज़ हैं जहां पर 1586 लोग संक्रमित हैं. भोपाल में संक्रमितों की कुल संख्या 539 हो गई है जबकि यहां पर 18 लोगों की मौत हो चुकी है.

    उधर, रविवार सुबह को प्रदेश में कोरोना से लड़ रहे डॉक्टर, स्वास्थ्य कर्मचारी, पुलिस और नगर निगम के कर्मचारियों का सेना ने सम्मान किया. सोमवार से शुरू होने वाले लॉकडाउन के फेज-3 के लिए सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है.

    सरकार ने कलेक्टरों को जिम्मेदारी सौंपी है कि कहां क्या छूट दी जानी है और कहा नहीं दी जानी है, उसकी रिपोर्ट सौंपे. ये बात साफ़ है कि प्रदेश के दो बड़े शहर भोपाल और इंदौर में कुछ ख़ास रियायतें नही दी जानी है और सख़्ती बरकरार रहेगी.

    वहीं प्रदेश के बड़वानी जिले में सेंधवा के करीब प्रदेश से लगने वाली महाराष्ट्र सीमा पर उत्तर प्रदेश के रोके गये मज़दूरों ने हंगामे के बाद पथराव कर दिया. इसमें कुछ पुलिसकर्मीयों को चोटें आई हैं और कई गाड़ियों के शीशे भी टूटे हैं.

  4. कोरोना वायरसः वो शहर जिसने दुनिया को क्वारंटीन का रास्ता दिखाया

  5. स्पेन से राहत की ख़बर, छह हफ़्ते में पहली बार सबसे कम लोगों की मौत

    रविवार का दिन स्पेन के लिए राहत भरा कहा जा सकता है. स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार 18 मार्च के बाद स्पेन में मरने वालों की संख्या आज सबसे कम रही है.

    बीते 24 घंटों में स्पेन में 164 लोगों की जान कोविड-19 की बीमारी की वजह से गई है. पिछले छह हफ़्तों के आंकड़ों को देखें तो ये संख्या सबसे कम है. इसके साथ ही स्पेन में संक्रमण के नए मामलों की संख्या 216,582 से बढ़कर 217,466 हो गई है.

    हालांकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सप्ताहांत के दौरान जुटाए गए आंकड़ें कभी-कभी कम होते हैं लेकिन रविवार की तस्वीर उम्मीद बंधाने वाली ज़रूर है. स्पेन में अभी तक कोरोना संक्रमण के कारण 25,264 लोगों की जान गई है.

    वहां धीरे-धीरे प्रतिबंधों में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. सात हफ़्तों में पहली बार शनिवार को व्यस्क लोगों को घर के बाहर जाकर कसरत करने का मौका मिला.

    सोमवार से सभी सार्वजनिक जगहों पर फेस मास्क का इस्तेमाल अनिवार्य कर दिया गया है.

  6. छत्तीसगढ़ में सोमवार से शुरू होगा सरकारी कामकाज

    आलोक प्रकाश पुतुल

    रायपुर से

    छत्तीसगढ़ में सोमवार से सभी सरकारी कार्यालयों में कामकाज शुरू किया जा रहा है. राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने इस आशय का आदेश जारी कर दिया है. गौरतलब है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के कुल 43 मामले अब तक सामने आए हैं.

    इसके अलावा राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर को भी रेड ज़ोन में शामिल किया है. इसके बाद भी राजधानी समेत दूसरे हिस्सों में स्थिति सरकारी कार्यालयों में कामकाज शुरू किये जा रहे हैं.

    हालांकि राज्य के दो छोटे इलाके कोरबा ज़िले के कटघोरा नगरपालिका क्षेत्र और सूरजपुर जिले में जजावल कन्टेनमेंट जोन क्षेत्र में अभी सरकारी दफ़्तर नहीं खुलेंगे. इन दोनों ही इलाकों में कोरोना संक्रमण के कई मामले सामने आये थे.

    आदेश में कहा गया है कि सरकारी कार्यालयों में राजपत्रित अधिकारियों की कार्य दिवस में शत-प्रतिशत उपस्थिति होगी तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति एक तिहाई होगी. इसके लिए रोस्टर बनाते हुए ड्यूटी लगाई जाएगी.

    इस सरकारी आदेश के अनुसार सभी शासकीय कार्यालयों में सेनिटाइजेशन एवं नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी.

    साथ ही कार्यालय में बैठक व्यवस्था में सोशल-फिजिकल डिस्टेंस रखने के संबंध में समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाएगा.

    हालांकि इस आदेश में यह भी निर्देश दिया गया है कि कार्यालयों में जनसाधारण के साथ मिलना-जुलना यथासंभव न्यूनतम रखा जाए. राज्य सरकार के अधिकांश कार्यालय नया रायपुर में हैं, जो मुख्य शहर रायपुर से 25 किलोमीटर दूर है.

    अभी तक रायपुर और नया रायपुर के बीच बस सुविधा थी और हज़ारों की संख्या में कर्मचारी इन्हीं बसों में जाते थे. लेकिन नई व्यवस्था में कहा गया है कि कार्यालय आने-जाने के लिए यथासंभव सामूहिक परिवहन के स्थान पर स्वयं के परिवहन की व्यवस्था के उपयोग के लिए सभी को प्रोत्साहित किया जाए.

  7. कोरोना वायरस से संक्रमण की जांच इतनी मुश्किल क्यों है?

  8. ओडिशा में क्वारंटीन सेंटर से 200 लोग भाग निकले

    सुब्रत कुमार पति

    भुवनेश्वर से

    ओडिशा के गंजाम ज़िले के बेगुनिआपडा में बनाए गए दो क्वारंटीन सेंटर से 200 लोग अपने घर चले गए हैं.

    इनको 14 दिन तक क्वारंटीन सेंटर में रहना था. स्थानीय पुलिस और ज़िला प्रशासन इन लोगों को क्वारंटीन सेंटर में वापस लाने की कोशिश कर रही है.

    ये लोग सूरत से शनिवार को ही ओडिशा लौटे थे. ओडिशा सरकार विभिन्न राज्यों में फंसे अपने लोगों को बसों की ज़रिए राज्य में वापस ला रही है.

    गंजाम में ही रविवार को सूरत से लौटे दो व्यक्तियों को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, हालांकि ये लोग इन्हीं दो सेंटर के थे या किसी अन्य सेंटर के, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है.

    राज्य सरकार की ओर से कहा गया कि क्वारंटीन के नियमों को तोड़ने वाले दूसरे राज्यों से लौटे लोगों के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसा करने वालों को दूसरे ज़िलों में क्वारंटीन के लिए भेजा जाएगा. ज़रूरत पड़ने पर उन्हें अरेस्ट भी किया जा सकता है.

  9. ब्रेकिंग न्यूज़, रूस: कोरोना संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड वृद्धि

    रूस में कोरोना वायरस संक्रमण के 10 हज़ार नए मामलों की पुष्टि हुई है. महामारी की शुरुआत के बाद से ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी एक दिन में कोरोना वायरस से संक्रमण के इतने ज़्यादा मामले सामने आए हों.

    मॉस्को शहर में सबसे ज़्यादा उछाल देखा गया है. शहर के अस्थाई अस्पताल हर वक़्त खुले रहते हैं. हालांकि रूस में तुलनात्मक रूप से कोरोना संक्रमण से कम लोगों की मौत हुई है. वहां अभी तक 1280 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है.

    रूस के प्रधानमंत्री मिखाई मिशुस्तिन ने गुरुवार को बताया कि वो भी कोरोना से संक्रमित हैं. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और वे वहीं से काम कर रहे हैं. रूस में संक्रमण की जांच बढ़ा दी गई है.

    अकेले मॉस्को शहर में हर रोज़ 40 हज़ार से भी ज़्यादा लोगों की टेस्टिंग की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि नए मामलों में आधे ऐसे हैं जिनमें जिनमें कोई लक्षण नहीं है.

    जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार रूस में अभी तक कोरोना संक्रमण के 134,687 मामलों की पुष्टि हो चुकी है. रूस उन देशों में हैं जहां, मृत्यु दर तेज़ी से बढ़ रही है. पिछले दस दिनों में वहां मरने वालों की संख्या तकरीबन दोगुनी हो गई है.

  10. पश्चिम बंगाल में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 48 हुई

    प्रभाकर मणि तिवारी

    कोलकाता से बीबीसी हिंदी के लिए

    पश्चिम बंगाल में बीते दो दिनों में और 15 मरीजों की मौत के साथ ही राज्य में इस वायरस के संक्रमण से मरने वालों की तादाद 48 हो गई है. इस दौरान संक्रमण के 127 नए मामले सामने आए हैं.

    स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में फ़िलहाल कोरोना संक्रमित 624 लोगों का इलाज चल रहा है. दूसरी ओर, कुछ दिनों की चुप्पी के बाद राज्यपाल जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच कोरोना पर जंग एक बार फिर तेज हो गई है.

    ममता ने शनिवार को राज्यपाल को भेजे 14 पेज के पत्र में संकट के इस दौर पर उन पर सत्ता हड़पने का प्रयास करने का आरोप लगाया है. इससे पहले राज्यपाल ने ट्वीट कर ममता सरकार पर निशाना साधा था.

    ममता ने अपने पत्र में कहा है कि पूरे देश में कोई भी राज्यपाल ऐसे नहीं हैं जो मुख्यमंत्री के साथ इस तरह का आचरण करता हो. मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को संविधान के दायरे में रहते हुए अपना काम करने की सलाह दी है.

    ममता का आरोप है कि राज्यपाल कोरोना संकट के दौरान सत्ता हड़पने का प्रयास कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्यपाल को कोई तकलीफ़ हो तो वह मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर सकते हैं. लेकिन इसकी बजाय वे सोशल मीडिया के ज़रिए अपनी बात कह रहे हैं.

    ध्यान रहे कि राज्यपाल ने अपने ट्वीट में राज्य सरकार पर तथ्यों को छिपाने का आरोप लगाते हुए कहा था कि इस मामले में उसे और पारदर्शिता बरतनी चाहिए.

    तृणमूल कांग्रेस ने राज्यपाल पर जवाबी हमला करते हुए उन पर विपक्ष के नेता की तरह आचरण करने का आरोप लगाया है.

    पार्टी के वरिष्ठ नेता और शहरी विकास मंत्री फ़िरहाद हकीम ने कहा, "राज्यपाल ने राजभवन को भाजपा का प्रदेश मुख्यालय बना दिया है. राज्य सरकार और राज्यपाल के बीच मतभेद हो ही सकते हैं. लेकिन ऐसी भाषा का इस्तेमाल पहले किसी राज्यपाल ने नहीं किया था. धनखड़ भाजपा के प्रवक्ता की तरह काम कर रहे हैं."

  11. उत्तर कोरिया के शासक किम जोंग-उन आख़िर कहां 'ग़ायब' हो जाते हैं?

  12. कर्नाटक में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामले

    कर्नाटक में कोरोना संक्रमण के पांच नए मामलों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही राज्य में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 606 हो गई है.

    राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को बताया, "कल शाम से लेकर आज दोपहर तक कोरोना संक्रमण के पांच मामलों में जांच रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है. राज्य में अभी तक 25 लोगों की मौत हो चुकी है और 282 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है."

    नए मामलों में तीन कलबुर्गी के हैं और दो बगलकोट ज़िले के हैं.

    संक्रमितों में चार ऐसे हैं जो पहले से संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे. एक को सिवियर एक्यूट रेसपिरेटरी इन्फेक्शन की बीमारी पहले से रही है.

  13. कोरोना संकट: गूगल, फ़ेसबुक, ऐपल और एमेज़ॉन का धंधा कैसे चमका

  14. सिंगापुर में प्रवासी मजदूरों के बीच संक्रमण के मामले ज़्यादा

    सिंगापुर में कोरोना वायरस से संक्रमण के 657 नए मामलों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही वहां अब तक 18,205 लोग इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि नए मामलों में ज़्यादातर डॉर्मिटोरी में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के हैं. मौत के किसी नए मामले पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं बताया गया है.

    हालांकि सिंगापुर में अब तक 17 लोग कोविड-19 की महामारी में जान गंवा चुके हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि रविवार देर शाम तक ज़्यादा जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.

    पिछले महीने सिंगापुर में औद्योगिक केंद्रों और डॉर्मिटोरीज में संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी गई थी. इन डॉर्मिटोरीज में कई लोग एक साथ रहते हैं. दक्षिण एशिया के तकरीबन तीन लाख लोग बहुत ही कम वेतन पर सिंगापुर के निर्माण क्षेत्र में काम करते हैं.

  15. ईरान में सोमवार से खुलेंगी मस्जिदें

    ईरान में कुछ मस्जिदों को सोमवार से दोबारा खोले जाने की तैयारियां कर ली गई हैं. देश में कोरोना वायरस संकट की वजह से ये मस्जिदें 15 मार्च के आस-पास से ही बंद हैं.

    रमज़ान के महीने में ईरान के लोगो को गाड़ी के भीतर से ही मौलवियों के धार्मिक संदेश देखने-सुनने का अवसर दिया गया था.

    राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि कम ख़तरे वाले शहरों और इलाकों में मस्जिदें सोमवार से खोले जाने की इजाजत दी गई है.

    उन्होंने कहा, "इन इलाकों में जुमे की नमाज पहले की तरह होगा. हालांकि हेल्थ प्रोटोकॉल यानी स्वास्थ्य के लिए जारी दिशा निर्देशों का पालन भी करना होगा."

    हसन रूहानी ने ये भी कहा है कि 16 मई से स्कूलों में ऐसी ही योजना लागू करने की है.

    ईरान में कोरोना संक्रमण के 96,448 मामलों की पुष्टि हुई जबकि वहां इससे 6,156 लोगों की जान भी गई है.

  16. ब्रेकिंग न्यूज़, WHO एक्सपर्ट ने बताई वजह, ठीक होने के बाद क्यों संक्रमित हो रहे हैं लोग

    कुछ देशों में कोरोना वायरस से ठीक हो जाने के बाद भी लोगों को दोबारा संक्रमित होते हुए देखा गया है. "

    विश्व स्वास्थ्य संगठन की टेक्नीकल लीड मारिया वैन केरखोव से जब इसके बारे में पूछा गया तो उनका कहना था, "दरअसल हो ये रहा है कि लोगों के फेफड़े स्वस्थ तो हो रहे हैं लेकिन जांच में ये सामने आ रहा है कि कुछ डेड सेल्स (मृत कोशिकाएं) अभी भी अस्तित्व में हैं. इस वजह से टेस्ट रिजल्ट फिर से पॉजिटिव हो जा रहा है जबकि वहां दोबारा से वहां कोई संक्रमण नहीं हुआ होता है."

    लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि वैज्ञानिक अभी भी इस बात को समझने की कोशिश कर रहे हैं कि संक्रमण के बाद लोगों की इम्यूनिटी किस हद तक मजबूत होती है.

    कोरोना वायरस की शुरुआत कहां से हुई, इस पर मारिया वैन ने कहा कि इसका उद्गम प्राकृतिक रूप से चमगादड़ों से हुआ है. लेकिन चमगादड़ों से इंसान में ये वायरस किस जीव के जरिए पहुंचा है, उसके बारे में पक्की जानकारी फिलहाल नहीं है.

  17. कोरोना वायरस: मौक़ा होते हुए भी चीन से क्यों पिछड़ जाता है भारत?

  18. दुनिया भर में कोरोना से मरने वालों की संख्या ढाई लाख के क़रीब

    दुनिया भर में कोरोना से संक्रमण के मामले 35 लाख तक पहुँच गए हैं और मरने वालों की संख्या ढाई लाख के क़रीब पहुँच गई है. जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के आँकड़ों के मुताबिक़ दुनिया भर में अभी संक्रमण के कुल 3,428,422 मामले सामने आ चुके हैं.

    इनमें से 243,831 लोगों की जान जा चुकी है. अमरीका सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है जहाँ संक्रमण के 13 लाख मामले अब तक आ चुके हैं और 66,385 लोगों की मौत हो चुकी है.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, जर्मनी में खुलेंगे चर्च

    जर्मनी में अब चर्च खुल सकते हैं लेकिन शर्तें लागू होंगी. कई हफ़्तों तक अधिकारियों और धार्मिक नेताओं के बीच राय-मश्विरा होने के बाद कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए इन सख़्त शर्तों पर सहमती बनी है.

    चर्चों में सीमित संख्या में लोग प्रार्थना के लिए इकट्ठा हो सकते हैं और लोगों को आपस में कम से कम दो मीटर (छह फीट) की दूरी रखनी होगी. चर्च में गाने पर प्रतिबंध रहेगा और पादरियों को मास्क पहनकर प्रार्थना करानी होगी.

    यहूदी और मुसलमान भी अपने-अपने इबादत वाली जगहों पर साफ़-सफ़ाई का विशेष ध्यान रख रहे हैं. सभी धर्म के पुजारियों ने मार्च में लॉकडाउन पर सरकार का समर्थन किया था लेकिन जैसे-जैसे लॉकडाउन में छूट मिलने लगी और दुकानें खुलनी शुरू हो गई हैं, वैसे-वैसे वे अपने धार्मिक स्थलों को खोलने की मांग करने लगे.

    उन्होंने कहना शुरू कर दिया कि जब दुकानें खुल सकती हैं तो फिर हमारे पूजास्थल क्यों नहीं? उन्होंने अब इस क़दम का स्वागत किया है. एक यहूदी पुजारी ने कहा कि मौजूदा हालात में लोगों को सहारा और भरोसा की ज़रूरत है.

  20. कोरोना वायरसः चीन पर दुविधा और सुविधा की राजनीति में फंसे हुए हैं ट्रंप