You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: डोनाल्ड ट्रंप बोले, चीन पर प्रतिबंध लगा सकता है अमरीका

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो चीन पर पाबंदियां लगाने के बारे में विचार कर रहे हैं.

लाइव कवरेज

  1. चीन के साथ लड़ने का क्या यह सही समय है?

    जॉनथन मारकस

    कूटनीतिक एवं रक्षा संवाददाता बीबीसी

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन के ख़िलाफ़ हमलावर हैं. काफ़ी हद तक यह घरेलू राजनीति और उनके चुनाव अभियान को लेकर है.

    हालांकि यह बीजिंग को लेकर एक शीत युद्ध के दबाव की ओर इशारा करता है जो आने वाले महीनों और सालों में कूटनीति पर हावी हो सकता है.

    निश्चित रूप से कोविड-19 महामारी के ख़िलाफ़ शुरुआती चरणों में चीन ने इसके ख़िलाफ़ जिस तरह से मोर्चा संभाला उसको लेकर उसकी आलोचना की जा रही है. इस संकट को लेकर बेशर्मी से इस पर राजनीति की जा रही है.

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ही नहीं बल्कि उनके डेमोक्रिटेक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन भी चीन पर दोगुनी तेज़ी से हमलावर हो रहे हैं. लेकिन कई विश्लेषक पूछते हैं कि क्या यह लड़ाई का सही समय है.

    पश्चिम में जितना लोगों को उम्मीद थी चीन का प्रभाव उस लिहाज़ से नहीं बढ़ा. अपने क्षेत्र में यह मिलिट्री सुपरपावर है, अमरीका की तरह. कूटनीतिक क्षेत्रों में इसकी तकनीकी क्षमताएं जैसे 5जी और आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस प्रभावी हैं.

    इसका व्यापक प्रभाव व्यापार संबंधों, वित्तीय संबंधों और अन्य मामलों में बढ़ाने के लिए एक प्रयास किया जा रहा है - इसका मतलब है कि चीन वो ताक़त है जिसमें अंतरराष्ट्रीय नियमों को प्रभावित करने की क्षमता है.

    चीन की बढ़ती भूमिका का विरोध करना अमरीकी राष्ट्रपति के लिए विदेश नीति की मुख्य चुनौती होगी. इसके साथ ही उन्हें जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर चीन के साथ मिलकर काम करने के रास्ते भी तलाशने होंगे.

  2. किस देश में कितने लोग ठीक हुए?

    दुनिया भर में 10 लाख लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से इलाज के बाद ठीक हुए हैं. नीचे हम उन देशों के बारे में बता रहे हैं जहां सबसे ज़्यादा रिकवरी हुई है. इस मामले में अमरीका पहले नंबर पर है लेकिन और भी देश हैं.

    • अमरीका में इलाज के बाद 153,947 लोग ठीक हुए (कुल संक्रमित 1,070,026)
    • जर्मनी में इलाज के बाद 123,500 लोग ठीक हुए (कुल संक्रमित 163,009)
    • स्पेन में इलाज के बाद 112,050 लोग ठीक हुए (कुल संक्रमित 213,435)
    • इटली में इलाज के बाद 75,945 लोग ठीक हुए (कुल संक्रमित 205,463)
    • चीन में इलाज के बाद 78,523 लोग ठीक हुए (कुल संक्रमित 83,956)
  3. लॉकडाउन में और छूट दी जाएगी: इमरान ख़ान

    पाकिस्तान में और कारोबारों और उद्योगों को फिर से खोलने की अनुमति दी जाएगी. प्रधानमंत्री इमरान ख़ान ने यह बात कही है. पाकिस्तान में संक्रमण के कुल 16,697 मामले हैं और 285 लोगों की मौत हो चुकी है. इससे पहले के एक बयान में इमरान ख़ान ने कहा था कि अमरीका या यूरोप के मुक़ाबले पाकिस्तान में वायरस का इतना प्रकोप नहीं है.

    उन्होंने कहा, “मिस्र और ईरान के नेताओं से सलाह करने के बाद लॉकडाउन में ढील देने का फ़ैसला लिया गया है.” लॉकडाउन की वजह से हो रहे आर्थिक नुकसान को देखते हुए मिस्र और ईरान ने भी अपने यहां लॉकडाउन में ढील दी है.

  4. ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप के साथ है ऑस्ट्रेलिया

    एक प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से ट्रंप के गुरुवार को दिए बयान के बारे में पूछा कि ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने सबूत देखे हैं कि कोविड-19 वुहान की लैब से आया है, जबकि इसके उलट उनके अपने प्रशासन के विशेषज्ञों का कहना है कि ये मैनमेड या जेनेटिकली मोडिफाइड नहीं था.

    मोरिसन ने जवाब में कहा, हालांकि इसे ख़ारिज नहीं किया जा सकता, लेकिन अभी तक हमें इसका कोई ठोस सबूत नहीं मिला है. उन्होंने कहा, “इसलिए ये ज़रूरी है कि इसका (वायरस की उत्पत्ति का) तथ्यात्मक रूप से मूल्यांकन किया जाए. हमें लगता है ये बहुत ज़रूरी है.”

  5. चीन से विवाद के बीच ऑस्ट्रेलिया ने ताइवान का समर्थन किया

    ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक़, देश ने विश्व स्वास्थ्य संगठन में ताइवान के शामिल होने की कोशिशों को लेकर अपना समर्थन दोहराया है. ताइवान पर्यवेक्षक का दर्जा चाहता है और ऑस्ट्रेलिया लंबे वक़्त से इस मामले में ताइवान का समर्थन करता रहा है. इस हफ़्ते ताइवान के स्वास्थ्य मंत्री ने ऑस्ट्रेलिया से दोबारा पूछा तो ऑस्ट्रेलिया ने जवाब दिया.

    समर्थन की बात के बाद इस हफ़्ते चीन और ऑस्ट्रेलिया के बीच काफ़ी विवाद भी हुआ. दरअसल, चीन डब्ल्यूएचओ में ताइवान की सदस्यता को ब्लॉक करने की कोशिश करेगा क्योंकि वो ताइवान को देश नहीं मानता है और इससे पहले संयुक्त राष्ट्र की सदस्यता की ताइवान की कोशिशों को भी रिजेक्ट किया जा चुका है.

    कोरोना वायरस की शुरुआत कैसे हुई, ये पता लगाने के लिए ऑस्ट्रेलिया वैश्विक स्तर पर जांच की मांग कर रहा है. इसके बाद से ही चीन दोनों देशों के व्यापारिक रिश्तों को लेकर चेतावनियां दे रहा है. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन चीन की आलोचना को ख़ारिज करते रहे हैं और जांच की मांग पर बने हुए हैं.

  6. मस्जिद खोलने पर क्या इमरान ख़ान को डर से करना पड़ा सरेंडर

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, लॉकडाउन के बीच तेलंगान से झारखंड के लिए खुली पहली ट्रेन

    आज 4: 50 बजे तड़के तेलंगाना के लिंगमपल्ली से झारखंड के हटिया के लिए एक ट्रेन 1200 प्रवासियों को लेकर खुली है. समाचार एजेंसी पीटीआई से आरपीएफ़ के डीजी ने बताया कि इस ट्रेन में 24 कोच हैं.

    हिन्दुस्तान टाइम्स से रेलवे प्रोटेक्शन फ़ोर्स के डीजी अरुण कुमार ने कहा है, ''24 कोचों वाली ट्रेन 1200 प्रवासियों को लेकर झारखंड के हटिया के लिए निकली है. और ट्रेन खोलने को लेकर आज फ़ैसला होगा.''

    रेलवे की तरफ़ से इस ट्रेन को लेकर कहा गया है, ''शुक्रवार सुबह तेंलगाना सरकार की अपील और रेल मंत्रालय के निर्देशों के तहत लिंगमपल्ली से रांची के हटिया तक एक स्पेशल ट्रेन चलाई गई. इसके लिए सभी तरह की ज़रूरी सावधानियां बरती गईं, जैसे यात्रियों की पहले स्क्रीनिंग की गई, स्टेशन और ट्रेन पर भी सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया. इस तरह की ये पहली स्पेशल ट्रेन है और आगे इस तरह की ट्रेन चलाने की योजना रेल मंत्रालय के निर्देशों के आधार पर ही बनाई जाएगी. साथ ही जहां से ट्रेन निकलेगी और जहां पहुंचेगी, उन राज्यों की अपील पर भी ये निर्भर करेगा.''

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, दक्षिण कोरिया का निर्यात 24.3% गिरा

    दक्षिण कोरिया का निर्यात 24.3% गिर गया है. देश के वाणिज्य मंत्रालय का कहना है कि ऐसा कोरोना वायरस की महामारी के कारण हुआ है. पूर्वी एशिया का यह देश कभी कोरोना वायरस का हॉटस्पॉट था जहां शुक्रवार को संक्रमण का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था.

    दक्षिण कोरिया ने फ़रवरी महीने से ही संक्रमण को रोकने के लिए तमाम तरह की पाबंदियां और व्यापक स्तर पर टेस्टिंग शुरू कर दी थी. शुक्रवार को दक्षिण कोरिया में संक्रमण के नौ नए मामले सामने आए हैं. दक्षिण कोरिया में संक्रमण के कुल 10,774 मामले हैं और 248 लोगों की अब तक मौत हुई है.

  9. संक्रमण से बचना है तो हाथों को सही से कैसे धोया जाए? देखिए इस वीडियो में

  10. ब्रेकिंग न्यूज़, 10 लाख लोगों के ठीक होने का मतलब क्या है?

    दुनिया भर में कोरोना वायरस से कुल 32 लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और इनमें से 10 लाख लोगों के ठीक होने की ख़बर है. 10 लाख लोगों के ठीक होने के डेटा का मतलब क्या है? कोविड 19 में मृत्यु दर बहुत कम है. इसका मतलब यह है कि 32 लाख लोगों में से ज़्यादातर लोग रिकवर हो जाएंगे.

    संभव है कि रिकवर होने में लंबा वक़्त लगे. ऐसे में सवाल उठता है कि कितने लोग रिकवर होंगे? ज़ाहिर है यह मृत्यु दर पर भी निर्भर करेगा. मेडिकल जर्नल द लांसेट ने कहा है कि कोविड 19 में मृत्यु दर एन्फ़्लुएंजा से 0.1% ज़्यादा है और सार्स से 9.5% कम है. लांसेट जर्नल का कहना है कि अगर आप क्रूज़ शिप में संक्रमण के मामलों को देखें तो यहां मृत्यु दर एक फ़ीसदी के क़रीब है. हालांकि यहां टेस्टिंग की सुविधा का अभाव था.

    हर देश में टेस्टिंग की स्थिति अलग-अलग है. दुनिया का कोई भी ऐसा देश नहीं है जहां क्रूज शिप में 100 फ़ीसदी टेस्टिंग दर हो. हम यहां केवल पुष्ट मामलों में मौत के अनुपात को ही देख सकते हैं.

    जहां कोरोना के साफ़ लक्षण हैं और लोगों के टेस्ट हुए हैं, वहां मृत्यु दर एक फ़ीसदी से ज़्यादा है. यह सच है कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी हैं जिनके बारे में आधिकारिक रूप से संक्रमण की जानकारी नहीं है.

  11. ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में संक्रमण के मामले 35 हज़ार पार

    भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस से संक्रमण के 1,993 मामले सामने आए हैं. इसके साथ ही भारत में संक्रमितों की कुल संख्या 35 हज़ार पार कर गई है. इससे मरने वालों की संख्या 1,147 हो गई है.

    गुरुवार को भी महाराष्ट्र और गुजरात में सबसे ज़्यादा संक्रमण के मामले सामने आए. भारत में तीन मई को लॉकडाउन ख़त्म हो रहा है लेकिन कहा जा रहा है कि इसे और आगे बढ़ा दिया जाएगा.

  12. ट्रंप को अपनी ही एजेंसी पर भरोसा नहीं?

    अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने अपनी ही खुफ़िया एजेंसी की बात के उलट कहा है कि कोरोना वायरस चीन की लैब में बना और उन्होंने इसके सबूत देखे हैं.

    इससे पहले अमरीका के नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर के ऑफिस ने कहा था, वो अभी भी जांच कर रहे हैं कि वायरस जानवरों से आया या किसी लैब का हादसा है. लेकिन ऑफिस ने ये भी कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि कोविड-19 “किसी इंसान ने नहीं बनाया और ना ही उसे जानबूझकर पैदा किया गया.”

    चीन ने लैब थ्योरी को ख़ारिज किया है और कोविड-19 पर अमरीका के रुख़ की निंदा की है. पिछले साल के आखिर में चीन के वुहान शहर में सामने आए वायरस ने अब तक 32 लाख से ज़्यादा लोगों को संक्रमित कर दिया है और दो लाख तीस हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो गई है.

    इंटेलिजेंस चीफ़ का क्या कहना है?

    अमरीका की खुफ़िया एजेंसी को देखने वाले डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस के ऑफिस ने गुरुवार को कहा कि वो कोविड -19 की प्राकृतिक उत्पत्ति के मामले में "व्यापक वैज्ञानिक आम सहमति" के साथ हैं. “(इंटेलिजेंस कम्युनिटी) सामने आ रही नई जानकारियों और इंटेलिजेंस की जांच जारी रखेगी ताकि पता लगाया जा सके कि वायरस संक्रमित जानवरों के संपर्क में आने से फैला या ये लैब में हुए किसी हादसे का नतीजा था.”

    अमरीकी इंटेलिजेंस की तरफ़ से ये पहला साफ़ बयान था, जिसमें किसी साज़िश को ख़ारिज किया गया. ये साज़िश अमरीका और चीन दोनों की तरफ़ से बताई जा रही थी कि वायरस एक जैविक हथियार है.

    लेकिन ऐसा भी नहीं है कि इस बात की संभावना को ही पूरी तरह नकार दिया गया है. इसकी वजह क्या है? ट्रंप ने हाल में महामारी को लेकर चीन पर ज़ुबानी हमला शुरू किया है. इससे पहले ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों ने कहा था कि चीन के साथ विवाद थम गया है.

    लेकिन बुधवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि चीन चाहता है, वो नवंबर में होने वाले चुनाव में हार जाएं. इससे पहले ट्रंप ने चीनी अधिकारियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने शुरुआती वक़्त में वायरस की जानकारी छिपाई और चीन बीमारी को फैलने से रोक सकता था. उन्होंने ऐसे ही विश्व स्वास्थ्य संगठन की भी निंदा की और इस वैश्विक संस्था को दी जाने वाली अमरीकी फंडिग रोक दी.

    इस बीच, चीन के विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि ट्रंप प्रशासन संकट को संभाल नहीं पा रहा, इसलिए उससे ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहा है. मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने भी बिना सबूत के इस बात को दोहराया कि कोविड-19 अमरीका से निकला है. वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन चीन को आर्थिक सज़ा देने के तरीक़े ढूंढ रहा है.

  13. यूएन प्रमुख ने बीबीसी को दिए इंटरव्यू में जताई चिंता

    संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कोरोना वायरस की लड़ाई में वैश्विक स्तर पर समन्वय में कमी को लेकर चिंता जताई है. यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरस ने बीबीसी के निक ब्रायंट को दिए इंटरव्यू में कहा है कि वो इस बात से निराश हैं कि पूरी दुनिया इस वायरस के ख़िलाफ़ एकजुट होकर नहीं लड़ रही है.

    उन्होंने कहा कि सभी देश अपनी-अपनी रणनीति के तहत काम कर रहे हैं जबकि संक्रमण को रोकने के लिए ये ज़्यादा प्रभावी होता कि सभी देश मिलकर लड़ते.

    एंतोनियो गुटेरस ने ये भी कहा कि दुनिया के ताक़तवर मुल्क भी इस महामारी के ख़िलाफ़ साथ नहीं हैं. यूएन प्रमुख ने कहा कि ये दुनिया के लिए मौक़ा है कि वो अपनी अर्थव्यवस्था को पर्यावरण के साथ टिकाऊ बनाने पर काम करें.

  14. इस वीडियो रिपोर्ट में देखिए कि दुनिया भर में कोरोना वायरस के संक्रमण से इलाज के लिए क्या हो रहा

  15. ब्रेकिंग न्यूज़, 10 लाख लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हुए

    जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डेटा के अनुसार दुनिया भर में 10 लाख लोग कोरोना वायरस के संक्रमण से ठीक हुए हैं. हालांकि दुनिया भर में अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 32 लाख से ज़्यादा हैं.

  16. अब तक के बड़े अपडेट्स

    दुनिया भर में मरने वालों की संख्या दो लाख 32 हज़ार पार

    जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या कम से कम दो लाख 32 हज़ार 817 हो गई है. सबसे ज़्यादा मौतें अमरीका में हुई हैं. यहां ये आँकड़ा 63,763 है, वहीं दूसरे नंबर पर है इटली, जहां 27,967 लोगों की मौत हुई है.

    ट्रंप का दावा, चीनी लैब में बना कोविड-19 वायरस

    राष्ट्रपति ट्रंप से एक पत्रकार ने पूछा कि क्या उन्होंने कुछ ऐसा देखा है, जिसके आधार पर वो पूरे विश्वास से कह रहे हैं कि वायरस वुहान इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में बना था, इसके जवाब में ट्रंप ने कहा कि “हां मैंने देखा है.”

    अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि वो ये नहीं कह सकते कि वो ऐसा क्यों मानते हैं. उन्होंने कहा कि चीन या तो वायरस को फैलने से रोक नहीं सका, या उसने फैलने दिया. ट्रंप ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर आरोप लगाया है कि उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता नहीं बरती.

    जर्मनी ने लॉकडाउन में ढील दी

    जर्मनी अपने यहां संग्रहालय, गैलरी, चिड़ियाघर और खेल के मैदान खोलेगा. साथ ही धार्मिक सेवाएं शुरू करने की अनुमति देगा. जर्मनी की चांसलर एंगेला मर्केल ने ये क़दम उठाकर लॉकडाउन में ढील दी है. लेकिन ये सब कड़ी शर्तों के साथ होगा. कई राज्यों ने इनमें से कुछ गतिविधियों को पहले से शुरू करने की अनुमति दे दी थी, लेकिन लोगों को फिज़िकल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की हिदायद दी गई है. अगस्त के अंत तक लोगों के बड़ी संख्या में इकट्ठा होने पर रोक जारी रहेगी.

    ब्राज़ील में रिकॉर्ड 7,218 नए मामले

    ब्राज़ील में कोरोना वायरस के 7,218 रिकॉर्ड नए मामलों की पुष्टी हुई है. यहां अब कुल मामले 85,380 हो गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़, मरने वालों की संख्या 435 बढ़कर 5,901 हो गई है. धुर दक्षिणपंथी राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने वायरस को लेकर जिस तरह की रणनीति अपनाई, उससे देश में ग़ुस्सा है. राष्ट्रपति पहले कोविड-19 को लेकर “हिस्टीरिया” शब्द का प्रयोग कर हमला बोला चुके हैं.

    रूस के प्रधानमंत्री ने कोरना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टी की

    रूस के प्रधानमंत्री मिख़ाइल मिशुस्तिन ने कहा कि उन्हें कोरोना वायरस हुआ था और सरकार ने उन्हें सेल्फ-आइसोलेशन में जाने को कहा. रूस के प्रधानमंत्री का मामला देश में इस बीमारी का सबसे हाई-प्रोफाइल केस है.

    अभी ये साफ नहीं है कि मिशुस्तिन कितने गंभीर हैं, हलांकि एक न्यूज़ एंजेंसी की ख़बर के मुताबिक़, उनके शरीर का तापमान 39 डिग्री से ज़्यादा पाया गया है.

    न्यूयॉर्क का सबवे रात को सफ़ाई के लिए बंद रहेगा

    दशकों में पहली बार ऐसा होगा कि न्यूयॉर्क “रात को ना सोने वाला शहर” नहीं रह जाएगा. गवर्नर एंड्रू कूमो ने न्यूयॉर्क के गवर्नर बिल डे के साथ मिलकर ये घोषणा की कि रोज़ रात एक बजे से सुबह पांच बजे तक सफाई और दवा छिड़काव के लिए ट्रेन सर्विस बंद रहेगी. न्यूयॉर्क में कोरोना के तीन लाख से ज़्यादा मामले हैं और गुरुवार दोपहर तक 18 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है.

    पुर्तगाली फुटबॉल 30 मई से दोबारा शुरू

    पुर्तगाल की सरकार ने घोषणा की है कि देश की फुटबॉल लीग 30 मई से बंद दरवाज़ों के पीछे फिर से शुरू की जा सकती है. प्रधानमंत्री अंतोनियो कोस्टा ने कहा, “खेल बंद दरवाज़ों के पीछे खेला जा सकता है. किसी भी स्टेडियम में दर्शक खेल देखने के लिए नहीं आ सकते हैं. चाहे मुक़ाबला लीग मैच का हो या पुर्तगाली कप फ़ाइनल हो.”

    कोस्टा ने छह हफ़्ते पहले धीरे-धीरे लॉकडाउन हटाए जाने की अपनी रणनीति की घोषणा की थी. सोमवार से शुरू हो रही तीन चरण की योजना के तहत अलग-अलग आर्थिक सेक्टरों को हर 15 दिन में खोला जाएगा. सबसे पहले स्थानीय छोटी दुकानों, नाई की दुकानों, कार डीलरशिप और किताबों की दुकानों को खोला जाएगा.

    यूरोज़ोन में 3.8% गिरावट

    यूरोपीय सेंट्रल बैंक की प्रमुख ने चेतावनी दी है कि दूसरी तिमाही में यूरोज़ोन में 15 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है. ये इस बात का सबूत है कि कोविड-19 महामारी की वजह से आर्थिक नुकसान का सिलसिला शुरू हो गया है. फ्रांस और इटली मंदी की ओर जाने लगे हैं. जैसे ही ख़बर आई कि 2020 के पहले तीन महीने में 19-देशों वाला मौद्रिक संघ क्षेत्र रिकार्ड 3.8% गिरा है, क्रिस्टीन लेगार्ड ने कहा कि अप्रैल-जून की अवधि में ये और भी बुरा हो सकता है. उस वक़्त लॉकडाउन प्रतिबंधों का असर सबसे ख़राब होगा.

    पांच ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षाबल पॉज़िटिव

    पांच ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षाबल कोविड-19 बीमारी से पॉज़िटिव पाए गए हैं. वो मध्य-पूर्व में इस वायरस की चपेट में आए. पाँचों में कोई लक्षण नहीं था और वो ऑस्ट्रेलिया लौट आए. कई स्थानीय कॉन्ट्रेक्टर के संक्रमित मिलने के बाद इन सुरक्षाबलों का टेस्ट किया गया.

    ऑस्ट्रेलिया के केयर होम में रहने वाले की मौत

    पश्चिमी सिडनी में स्थित एंगलीकेयर के न्यूमार्च हाउस में रहने वाले एक और व्यक्ति की मौत हो गई है. एंगलीकेयर ने कहा कि गुरुवार दोपहर व्यक्ति की मौत हुई, इसी के साथ केयर होम में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है. फिलहाल होम में रहने वाले कम से कम 37 लोग और 22 स्टाफ मेंबर वायरस की चपेट में हैं.

  17. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस चीन के वुहान स्थित एक लैब से शुरू हुआ- ट्रंप

    एक तरफ़ अमरीकी ख़ुफ़िया एजेंसियां कह रही हैं कि कोरोना वायरस को जानबूझकर पैदा नहीं किया गया तो दूसरी तरफ़ अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप कह रहे हैं कि इस वायरस को चीन में वुहान शहर के एक लैब में पैदा किया गया. गुरुवार को ट्रंप से एक पत्रकार ने पूछा कि आप इतने आत्मविश्वास के साथ कैसे कह रहे हैं कि कोरोना वायरस वुहान इंस्टिट्यूट ऑफ वायरोलॉजी में पैदा किया गया? क्या आपके पास कोई सबूत है?

    इन सवालों के जवाब में ट्रंप ने कहा, ''बिल्कुल मेरे पास है. मुझे लगता है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन को शर्म आनी चाहिए कि वो चीन के प्रचार-प्रसार का काम कर रहा है. WHO चीन के पब्लिक रिलेशन की तरह काम कर रहा है.

    ट्रंप ने कहा, ''यह नहीं पता है कि चीन से ऐसा ग़लती से हुआ या जानबूझकर. या फिर किसी ने कोई लक्ष्य को साधने के लिए किया. मैं इस बात को नहीं समझ पाता हूं कि लोगों को हूबे से बाहर बाक़ी चीन में जाने की अनुमति नहीं थी लेकिन पूरी दुनिया में जाने की थी. पूरे चीन में लोगों की आवाजाही पर पाबंदी थी लेकिन दुनिया भर में जाने के लिए कोई पाबंदी नहीं थी. यह बहुत ही बुरा हुआ है. यह बहुत कठिन सवाल है और इसका जवाब मिलना बाक़ी है.''

    कोरोना वायरस के कारण दुनिया भर में अब तक 32 लाख से ज़्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और दो लाख 31 हज़ार से ज़्यादा लोगों की जान जा चुकी है.

  18. इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों में दुनिया भर में कोरोना वायरस की महामारी को लेकर क्या कुछ हुआ इसे जानने के लिए यहां क्लिक करें.