You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना वायरस: डोनाल्ड ट्रंप बोले, चीन पर प्रतिबंध लगा सकता है अमरीका

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो चीन पर पाबंदियां लगाने के बारे में विचार कर रहे हैं.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटेनः मृतकों की संख्या बढ़कर 27,150 हुई

    ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 27,150 हो गई है.

    इसमें अस्पतालों में हुई मौतों के अतिरिक्त केयर होम्स में संक्रमण से हुई मौतों को भी शामिल किया गया है.

    ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री ने साथ ही बताया कि अप्रैल के आख़िरी दिन ब्रिटेन में 122,000 कोरोना वायरस टेस्ट किए गए जो कि सरकार के रोज़ाना 1 लाख टेस्ट करने के लक्ष्य से कहीं अधिक हैं.

  2. महाराष्ट्रः पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड संक्रमण

    महाराष्ट्र में स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि शुक्रवार को 1,008 नए संक्रमणों की पुष्टि हुई. किसी एक दिन में राज्य में ये संक्रमण की सर्वाधिक संख्या है.

    राज्य में कुल संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर 11,506 हो गई है.

    24 और मरीज़ों की मौत के साथ मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 485 हो गई है.

  3. लॉकडाउन दो हफ़्ते बढ़ा, पर कई इलाक़ों में छूट...कहाँ और क्या करने की होगी अनुमति?

    भारत सरकार ने कोरोना महामारी को रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन और दो हफ़्ते के लिए बढ़ा दिया है.

    यानी 3 मई तक जारी रहने वाला लॉकडाउन अब 17 मई तक जारी रहेगा.

    लेकिन लॉकडाउन के तीसरे विस्तार में कई क्षेत्रों में बहुत सारी ढील भी देने का एलान हुआ है.

    अगले दो हफ़्तों के लॉकडाउन में कहां पर क्या खुलेगा और क्या बंद रहेगा- विस्तार से पढ़ने के लिए क्लिक करिए.

  4. बिहारः तीसरे मरीज़ की मौत, आज 16 नए मामले

    बिहार के पूर्वी चंपारण में कोरोना संक्रमित एक मरीज़ की मौत हो गई है जो राज्य में कोरोना से होने वाली तीसरी मौत है.

    वहीं बिहार के मुख्य स्वास्थ्य सचिव संजय कुमार ने बताया है कि राज्य में 16 और लोगों का टेस्ट पॉज़िटिव आया है जिसके बाद राज्य में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर 466 हो गई है.

  5. देशभर में संक्रमित मरीज़ों का आंकड़ा 35,365 हुआ

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देशभर में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या 35,365 हो चुकी है.

    नए आंकड़ों के अनुसार, देशभर में मरने वालों का आंकड़ा 1152 पहुंच चुका है जबकि इस संक्रमण से 9064 लोग पूरी तरह ठीक हो चुके हैं.

  6. Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital Bulletin: कोरोना दिनभर सुनिए फ़ेसबुक पर LIVE

  7. Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital Bulletin: कोरोना दिनभर सुनिए YouTube पर LIVE

  8. ब्रेकिंग न्यूज़, लॉकडाउन दो हफ़्ते के लिए बढ़ा, अब 17 मई तक लॉकडाउन

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देशभर में लॉकडाउन को दो सप्ताह बढ़ाने की घोषणा कर दी है. नया लॉकडाउन 4 मई से 17 मई तक लागू होगा.

    गृह मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि ऑरेंज और ग्रीन ज़ोन में आने वाले क्षेत्रों में कई तरह की ढील दी गई हैं.

    मगर पूरे देश में हवाई जहाज़, रेल, मेट्रो और दूसरे राज्यों में सड़क मार्ग से आवाजाही पर रोक जारी रहेगी.

    हालाँकि, विशेष उद्देश्यों के लिए गृह मंत्रालय की अनुमति से सड़क, रेल और वायु मार्ग के इस्तेमाल की अनुमति होगी.

    सभी शिक्षण संस्थान,ट्रेनिंग व कोचिंग संस्थान और ऐसी सभी जगहें बंद रहेंगी जहाँ ज़्यादा लोग जुट सकते हैं.

    गृह मंत्रालय ने साथ ही लोगों को शाम 7 बजे से सुबह 7 बजे तक ग़ैर-ज़रूरी कामों के लिए बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है.

    उसने साथ ही 65 साल से ज़्यादा उम्र के बुज़ुर्गों और 10 साल से कम उम्र के बच्चों को भी बिना ज़रूरी काम के बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी है.

  9. केरल में आज एक भी नया मामला नहीं

    केरल के मुख्यमंत्री पिनराइ विजयन ने ट्वीट कर बताया है कि शुक्रवार को राज्य में कोरोना संक्रमण का एक भी नया मामला सामने नहीं आया. आज 9 संक्रमित लोग ठीक हो गए.

    उन्होंने केरल की ताज़ा स्थिति बताईः

    • कुल संक्रमित मामलेः 497
    • अभी संक्रमित लोगों की संख्याः 392
    • ठीक हुए लोगों की संख्याः 102
    • मौतः 3
  10. कोरोना वायरस वॉरियर्स के सम्मान में वायु सेना श्रीनगर से त्रिवेंद्रम तक करेगी फ़्लाईपास

    चीफ़ ऑफ डिफ़ेंस स्टाफ़ जनरल बिपिन रावत ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस करके कहा है कि तीन मई को देश की तीनों सेनाओं के जवान कोरोना वॉरियर्स का सम्मान करेंगे.

    जनरल बिपिन रावत ने कहा, ''जैसा कि आप जानते हैं कि पूरी दुनिया कोरोना वायरस संक्रमण से लड़ रही है. बाकियों की तरह हमारा देश भी प्रभावित है. रक्षा सेवाओं की ओर से हमने तय किया है कि हम कोरोना वॉरियर्स जो इस बीमारी से निपटने में रात-दिन लगे हुए हैं, उनको सम्मान दें.”

    सीडीएस जनरल रावत ने कहा कि रेड ज़ोन में तैनात पुलिस के जवान हालात संभालने में सक्षम हैं और कहीं भी सेना को भेजने की ज़रूरत महसूस नहीं हुई.

    आगे पढ़ें कि सीडीएस बिपिन रावत ने क्या-क्या कहा...

    • मेडिकल स्टाफ़ के लोग दिन रात मेहनत कर रहे हैं ताकि हम इस महामारी से जल्द से जल्द बाहर आ जाएं. नर्सें, सेनिटेशन वर्कर, पुलिस, होमगार्ड, डिलिवरी बॉयज़ जो ज़रूरी चीज़ें लोगों के घरों में पहुंचा रहे हैं. और मीडिया भी, जो इस मुश्किल समय में लगातार जानकारियां लोगों तक पहुंचा रही है.
    • हम यह नहीं भूल सकते कि हमारे देश के लोगों ने हर नियम और निर्देश का पालन किया है. चाहे वो मास्क पहनना हो या फिर दूसरे अन्य काम जैसे थाली बजाना, लाइट जलाना, सरकार की हर पहल को स्वीकार किया.
    • हमारे देश में हर कोई समझता है कि जब देश की बात आती है तो हमें साथ मिलकर काम करने की ज़रूरत होती है. कोरोना महामारी के इस वक़्त में देश की सेनाएं भी साथ हैं.
    • श्रीनगर से त्रिवेंद्रम तक एयरफोर्स फ्लाईपास करेगी. इसमें 6 विंग एयरक्राफ्ट और फ़ाइटर एयरक्राफ़्ट शामिल होंगे. दूसरा फ्लाईपास असम के डिब्रूगढ़ से गुजरात के कच्छ तक होगा.
    • नौसेना के जवान समंदर पर तैनात रहेंगे और लाइट जलाकर कोरोना वॉरियर्स के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे. उनके चॉपर कोरोना अस्पतालों पर फूल बरसाएंगे.
    • सेना के जवान देश के हर ज़िले के कुछ अस्पतालों में माउंटेन बैंड डिस्प्ले करेंगे. सेना के जवान तीन मई को पुलिसबलों के समर्थन में पुलिस मेमोरियल पर श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे.
  11. जापान में बढ़ सकता है आपातकाल

    जापान के प्रधानमंत्री शिंज़ो आबे ने ऐसे संकेत दिए हैं कि वो देश में आपातकाल को और एक महीने के लिए बढ़ा सकते हैं.

    देश में अभी जारी आपातकाल की अवधि 6 मई को समाप्त हो जाएगी. प्रधानमंत्री ने कहा है कि वो सोमवार को इस पर फ़ैसला करेंगे.

    उन्होंने कहा कि वो विशेषज्ञों की सलाह के बाद फ़ैसला करेंगे जिनका कहना है कि संक्रमण के मामलों में कमी आने के बावजूद स्थिति उतनी बेहतर नहीं है जितनी कि उम्मीद थी.

    साढ़े 12 करोड़ से ज़्यादा की आबादी वाले जापान में अब तक 14,000 लोग संक्रमित हुए हैं और 430 लोगों की मौत हुई है.

  12. ईरान में मरने वालों की संख्या में थोड़ी कमी

    ईरान में पिछले 24 घंटे में और 63 लोगों की मौत दर्ज की गई है. एक दिन पहले ये आँकड़ा 71 था.

    ईरान के स्वास्थ्य मंत्री ने देश के सरकारी टीवी पर आँकड़े जारी किए.

    वहीं पिछले एक दिन में संक्रमण के 1,006 नए मामलों की पुष्टि हुई है. ईरान में कोविड-19 रोगियों की संख्या बढ़कर 95,646 हो गई है.

    8 करोड़ लोगों की आबादी वाले ईरान में मध्य पूर्व में सबसे ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, दो सप्ताह के लिए देशभर में लॉकडाउन को बढ़ाया गया

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देशभर में लॉकडाउन को दो सप्ताह बढ़ाने की घोषणा कर दी है.

    गृह मंत्रालय के अनुसार, नया लॉकडाउन 4 मई से 17 मई तक लागू होगा.

  14. लॉकडाउन में साइकिल पर दिल्ली से बिहार जा रहे मज़दूर की मौत

    समीरात्मज मिश्र,

    बीबीसी हिन्दी के लिए

    बिहार के खगड़िया ज़िले के सात मज़दूर 27 अप्रैल को दिल्ली से साइकिल से निकले थे जिनमें से एक की रास्ते में मौत हो गई.

    अधिकारियों के अनुसार इन मज़दूरों ने रात में शाहजहांपुर में एक होटल के बाहर आराम किया.

    सुबह अचानक एक साथी की हालत बिगड़ गई और उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

    प्रशासन ने मृतक के साथियों को क्वारंटीन कर दिया है.

  15. फँसे लोगों को लाने के लिए चलेगी ट्रेन, रेलवे किराया भी वसूलेगा

    एक दिन पहले तक केंद्रीय गृह मंत्रालय ने केवल बसों के ज़रिए ही दूसरे राज्यों में फँसे आप्रवासी मज़दूरों को लाने ले जाने की बात की थी.

    लेकिन अगले ही दिन, अपना फ़ैसला पलट दिया. ताज़ा फ़ैसला के मुताबिक़, रेलवे दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मज़दूरों के लिए भी स्पेशल ट्रेन चलाएगी.

    गृह मंत्रालय ने आपदा प्रबंधन अधिनियम में दो दिन में दूसरी बार संशोधन करते हुए इसका रास्ता साफ किया.

  16. कार्टून: मज़ूदर दिवस की शुभकामनाएं

  17. कोटा से रांची के लिए आज रात चलेंगी दो विशेष रेलगाड़ियाँ

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि राजस्थान के कोटा शहर से राज्य के छात्रों को वापस लाने के लिए शुक्रवार को दो विशेष रेलगाड़ियाँ कोटा से रांची और धनबाद के लिए रवाना होंगी.

    मुख्यमंत्री सोरेन ने इसके लिए केंद्र सरकार और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को झारखंड के लोगों की तरफ़ से धन्यवाद दिया है.

    राज्य सरकार का अनुमान है कि उनके यहाँ के लगभग 5 लाख लोग दूसरे राज्यों में फँसे हुए हैं.

  18. ब्रेकिंग न्यूज़, फँसे मज़दूरों, छात्रों, पर्यटकों की स्पेशल ट्रेनों से हो सकेगी घर वापसी

    गृह मंत्रालय ने एक नया आदेश जारी कर अलग-अलग हिस्सों में फँसे प्रवासी मज़दूरों, छात्रों, पर्यटकों, तीर्थयात्रियों और अन्य लोगों को अपने गंतव्य तक पहुँचाने के लिए रेल का भी इस्तेमाल करने की अनुमति दे दी है.

    इसके लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगी.

    रेल मंत्रालय इसके लिए एक नोडल अफ़सर तैनात करेगी, जो राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस दिशा में काम करेगी.

    ऑर्डर में लिखा है कि रेल मंत्रालय इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नए दिशा-निर्देश जारी करेगी जिसमें टिकट बिक्री, सोशल डिस्टेंसिग और सुरक्षा के लिहाज़ से उठाए जाने वाले क़दमों की विस्तृत जानकारी होगी.

    इसका मतलब साफ़ है कि घर जाने के इंतज़ार में फँसे लोगों से किराया भी वसूला जाएगा.

  19. ब्रेकिंग न्यूज़, पिछले 24 घंटे में भारत में संक्रमण के 1993 नए मामले

    स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी दैनिक ब्रीफ़िंग में बताया है कि पिछले 24 घंटे में देश भर में 1993 पॉज़िटिव मामले रिपोर्ट किए गए हैं.

    स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में संक्रमित लोगों की कुल संख्या बढ़कर 35,043 हो गई है.

  20. स्पेनः मृतकों की संख्या 25,000 के पास

    स्पेन में कोरोना वायरस से हुई मौतों की संख्या बढ़कर 24,824 हो गई है. शुक्रवार को और 281 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई.

    स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने साथ ही कहा कि देश में कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर 2 लाख 15 हज़ार से ज़्यादा हो गई है.

    स्पेन ने हाल ही में लॉकडाउन को चार चरणों में उठाने की एक योजना की घोषणा की थी और कहा था कि जून के अंत तक एक 'नए तरह का सामान्य जीवन' लौट सकेगा,