You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कोरोना: पाकिस्तानी संसद के स्पीकर असद क़ैसर कोरोना पॉज़िटिव
असद क़ैसर ने 24 अप्रैल को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से भी मुलाकात की थी. उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर इस बारे में जानकारी दी और बताया कि उन्होंने ख़ुद को होम क्वारंटीन में रखा है.
लाइव कवरेज
अमरीका ने की दक्षिण अफ़्रीका की आलोचना
अमरीकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जंग में क्यूबा की मदद लेने पर दक्षिण अफ्रीका की आलोचना की है.
क्यूबा से लगभग 200 स्वास्थ्य कर्मियों की एक टीम बीते रविवार को दक्षिण अफ़्रीका पहुंची है.
इस टीम में महामारी विशेषज्ञ, फिजिशियन, बायो टेक्नोलॉजी क्षेत्र के जानकार और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई विशेषज्ञ शामिल हैं.
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, माइक पॉम्पियो ने क्यूबा पर महामारी से फायदा कमाने का आरोप लगाया है.
उन्होंने कहा है, “हम ब्राज़ील, इक्वाडोर, बोलिविया, समेत उन तमाम देशों की प्रशंसा करना चाहते हैं जो क्यूबा सरकार के इन काले कारनामों पर आंखें मूंदने से इनकार कर दिया है.”
“और हम सभी देशों से ऐसे ही कदम उठाने का आग्रह करना चाहते हैं. इनमें दक्षिण अफ्रीका और क़तर भी शामिल है."हालांकि, क्यूबन राष्ट्रपति मिगुल दियाज कानेल ने ट्वीट करके पॉम्पियो की टिप्पणी का जवाब दिया है.
उन्होंने कहा है, "अमरीका जानबूझकर झूठ बोलता है जब भी वह क्यूबा के अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य सहयोग संधियों पर झूठ और मिथ्या आरोपों से हमला करता है."
मौत के मामले में ब्रिटेन तीसरे नंबर पर पहुंचा
ये याद रखने की ज़रूरत है कि इस महामारी का केंद्र बीते कुछ समय में बदल चुका है. शुरुआत में ये चीन था. इसके बाद ये दक्षिणी यूरोप पहुंचा और अब ये अमरीका बन चुका है.
लेकिन किस देश में कोरोना वायरस की वजह से सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं.
ये एक जटिल सवाल है क्योंकि हर देश अपने यहां मौतों की संख्या अलग ढंग से गिनता है.
उदाहरण के लिए बेल्जियम में आधे से ज़्यादा मौतें वृद्धाश्रमों में हुई हैं और ये ज़्यादातर संदिग्ध मामलों पर आधारित हैं. ऐसे में इस तरह बेल्जियम के आँकड़े दूसरे देशों की अपेक्षा ज़्यादा ख़राब लगते हैं.
क्योंकि ऐसे देश कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या में उन्हें शामिल नहीं करते जो कि संदिग्ध लोगों में शामिल होते हैं.
बीते बुधवार को ब्रितानी सरकार ने कोविड 19 से मरने वालों की संख्या जारी की है.
इस संख्या में उन लोगों को भी शामिल किया गया है जिनकी मौत केयर होम आदि में हुई है.
लेकिन इस नई संख्या के लिहाज़ से ब्रिटेन अमरीका और इटली के बाद तीसरा मुल्क बन गया है जहां पर सबसे ज़्यादा मौतें हो रही हैं.
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के डेटा के अनुसार, इन देशों में सबसे ज़्यादा मौतें हुई हैं.
- अमरीका – अब तक लगभग 61,000 की मौत
- इटली – अब तक लगभग27,682 की मौत
- ब्रिटेन – अब तक लगभग26,166 की मौत (ब्रितानी सरकार का आधिकारिक आंकड़ा 26,097 है)
- स्पेन – अब तक लगभग 24,275 मौत
- फ्रांस- अब तक लगभग24,121 मौत
- बेल्जियम – अब तक लगभग7,501 की मौत
- जर्मनी – अब तक लगभग6,467 की मौत
- ईरान - अब तक लगभग5,957 की मौत
- नीदरलैंड - अब तक लगभग4,727 की मौत
- चीन – अब तक लगभग 4,637 की मौत
ब्रेकिंग न्यूज़, दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस का कोई मामला नहीं
लॉरा बिकर
बीबीसी न्यूज़, सिओल
ये एक मील के पत्थर जैसा है... एक पत्रकार के तौर पर दक्षिण कोरिया की कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ आक्रामक और सफल लड़ाई को कवर करने के बाद ये लिखते हुए बहुत अच्छा महसूस हो रहा है- “ज़ीरो मामले”
फ़रवरी में, चीन के अलावा एशियाई देशों में से दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा प्रकोप था.
29 फ़रवरी के बाद पहली बार दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस के संक्रमण का एक भी मामला सामने नहीं आया है. दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस से कुल 247 लोगों की मौत हुई है और संक्रमण के कुल 10,765 मामले सामने आए थे.
मुझे याद है कि डीगू शहर में उस वक़्त सबसे बुरे हालात थे. अस्पताल के बाहर एंबुलेंस की लाइन लगी रहती थी. यहां डॉक्टर और नर्स बुरी तरह थक चुके थे. उनका कहना था कि वो इस महामारी को नियंत्रित करने के लिए कुछ भी करेंगे.
उनके सम्मान में राजधानी सोल की मुख्य इमारतें शाम को शानदार नीले रंग की रोशनी में जगमगा उठीं. ये लोग वाक़ई इस सम्मान के हक़दार हैं.
आज, दक्षिण कोरिया में कोरोना वायरस का कोई मामला नहीं है. यहां के लोग बुद्ध जयंती के राष्ट्रीय अवकाश पर उम्मीद की इस रोशनी का आनंद ले रहे हैं.
पार्क लोगों से भरे हुए हैं. लोग दोस्तों के साथ खेल रहे रहे हैं और पिकनिक मना रहे हैं. स्थानीय हवाई अड्डे में भीड़ है और लोग दक्षिणी द्वीप जेजु में जाने के लिए उत्साहित हैं. पिछले महीनों में हवाई हड्डे पर कभी इतनी भीड़ नहीं रही है.
जिससे भी हमने बात की उसने देश के लॉकडाउन से बाहर आने को लेकर धन्यवाद किया. वो लोग यूरोप और अमरीका में कोविड 19 से बने हालात को लेकर परेशान हैं. लोगों का कहना है कि वो किस्मत वाले हैं कि अपने परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा वक़्त बिता पा रहे हैं.
लेकिन, अब भी दक्षिण कोरिया में संक्रमण के दोबारा हमले को लेकर डर बना हुआ है.
कोरियन सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल ने कहा है कि इस महामारी के फिर से वापस आने की पूरी आशंका है. वे लोगों से अपील कर रहे हैं कि अगर वे बीमार महसूस करते हैं, तो अपने घर में रहें और हाथ धोने, लोगों से दूरी बनाए रखने और बड़े समूहों में इकट्ठा न होने की सावधानियों का पालन करते रहें.
दक्षिण कोरियाई लोग इस छोटी जीत की ख़ुशी मानने की कोशिश कर रहे हैं. लेकिन, वे जानते हैं कि जब तक इसकी कोई वैक्सीन नहीं आती तब तक ये लड़ाई ख़त्म नहीं होगी.
स्कॉटलैंड में इस बांग्लादेशी परिवार पर क़हर बनकर टूटा कोरोना
मालदीव में कोरोना वायरस से हुई पहली मौत
मालदीव में कोरोना वायरस की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई है. ये मालदीव में कोरोना वायरस से होने वाली पहली मौत है.
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस वायरस से मरने वालीं एक 83 साल की महिला थीं जिन्हें बुधवार देर रात राजधानी माले के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
मालदीव में कोरोना वायरस से संक्रमण के 280 मामले आ चुके हैं.
जर्मनी में मरने वालों की संख्या छह हज़ार के पार
जर्मनी में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,478 नए मामले दर्ज किए गए हैं. यहां लगातार चौथे दिन संक्रमण के मामले बढ़ गए हैं.
जर्मनी में अभी तक 160,000 मामले सामने आए हैं. इनमें से 75 प्रतिशत लोग अब तक ठीक हो चुके हैं. यहां 34,672 लोग अभी भी कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. जर्मनी में कोविड -19 से मरने वालों की संख्या 6,288 हो चुकी है.
जर्मनी ने पिछले हफ़्ते लॉकडाउन में कुछ ढील दी थी. लेकिन, अधिकारियों ने ये साफ नहीं किया है कि मौत का जो आंकड़ा बढ़ा है उसकी वजह लॉकडाउन में ढील है. जर्मनी में हुए पोल में ये भी सामने आया है कि अधिकतर लोग लॉकडाउन खोलने की जल्दबाजी के ख़िलाफ़ हैं.
भारत में लॉकडाउन ख़त्म होने की ओर
भारत में दूसरे लॉकडाउन की समयसीमा जल्द ही ख़त्म होने वाली है.
कई राज्यों में इसे बढ़ाने को लेकर चर्चा भी चल रही है. ऐसे में जानते हैं कि भारत में कोरोना वायरस और लॉकडाउन के संबंध में क्या-क्या हो रहा है...
भारत सरकार ने कहा है कि 3 मई को लॉकडाउन ख़त्म होने पर कुछ जिलों में सशर्त छूट दी जाएगी. हालांकि, सरकार ने इस बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी है.
लेकिन, इस बीच पंजाब ने 3 मई के बाद दो हफ़्तों के लिए लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला ले लिया है. यहां भी उन जिलों में कुछ छूट दी जाएगी जो हॉटस्पॉट के तहत नहीं आते हैं.
भारत में अब तक कोरोना वायरस के 31 हजार मामले सामने आ चुके हैं.
यहां 1000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
महाराष्ट्र में बुधवार को 32 लोगों की जान चली गई जो अब तक सबसे ज़्यादा है.
कोरोना वायरस के कारण मरने वाले भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों की संख्या 12 हो गई है.
1984 की भोपाल गैस त्रासदी दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक आपदाओं में से एक मानी जाती है.
इस घटना में गैस रिसाव से प्रभावित लोगों में पहले से ही कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं जिसके कारण उनके कोरोना वायरस से प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है.
इस बीच सरकार ने कहा है कि एक अच्छी ख़बर भी है. देश में संक्रमण के दोगुने होने की दर धीमी हो गई है.
संक्रमण के मामले अब आठ दिनों के बजाए 11.3 दिनों में दोगुने हो रहे हैं.
अमरीकी अर्थव्यवस्था में रिकॉर्ड स्तर पर गिरावट
अमरीकी अर्थव्यवस्था 2020 की पहली तिमाही में जिस तरह से सिकुड़ गई है वैसा पिछले एक दशक से भी अधिक समय में नहीं हुआ था. अमरीका में कई स्तरों पर लॉकडाउन लागू किया गया है जिसके कारण अर्थव्यवस्था में गिरावट देखी जा रही है. बुधवार को जारी आधिकारिक आँकड़ों के अनुसार दुनिया की ये सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था 4.8% की वार्षिक दर से गिर गई है.
अमरीकी अर्थव्यवस्था में 2014 के बाद से यह पहला संकुचन है जिसके कारण इसका रिकॉर्ड स्तर पर हो रहा विस्तार रुक गया है. हालांकि, ये आँकड़े अभी पूरी तस्वीर नहीं दिखाते क्योंकि मार्च में कोई प्रतिबंध नहीं लगाए गए थे. वो आँकड़े और ख़राब हालात दिखा सकते हैं जब पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया गया था. मौजूदा आँकड़े आने वाले संकट की झलक की तरह हैं.
चीन ने रद्द की 2020 बोआओ फोरम
चीन ने कोरोना वायरस के कारण वार्षिक 2020 बाआओ फोरम को रद्द कर दिया है. इसे एशिया में दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के समकक्ष माना जा रहा था. फोरम की वेबसाइट पर एक बयान जारी करते हुए कहा गया है कि उसने आगे ना बढ़ने का एक मुश्किल फ़ैसला लिया है. साथ ही फ़ोरम ने "इस महामारी में चीनी सरकार, फोरम के सदस्यों और भागीदारों के अटूट समर्थन" की सराहना की है. वार्षिक सम्मेलन पहले इस साल 24-27 मार्च को होना था. तब इसे स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब रद्द कर दिया गया है.
ब्रेकिंग न्यूज़, चीन मुझे दोबारा राष्ट्रपति नहीं बनने देने के लिए कुुछ भी करेगा
अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में बुधवार को कहा कि चीन नहीं चाहता है कि वो दोबारा राष्ट्रपति चुने जाएं. ट्रंप ने कहा कि चीन कोरोना वायरस की महामारी को जिस तरह से हैंडल कर रहा है वो इसका सबूत है. अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा कि नवंबर में होने वाले चुनाव में चीन मुझे रोकने के लिए कुछ भी करेगा.
ट्रंप कोरोना वायरस की वैश्विक महामारी के लिए चीन पर लगातार आरोप लगाते रहे हैं. अमरीका में कोरोना वायरस के संक्रमण से अब तक 60 हज़ार लोगों की मौत हो चुकी है. इसके साथ ही अर्थव्यवस्था भी बुरी तरह से प्रभावित हुई है और बेरोज़गारी ऐतिहासिक रूप से बढ़ गई है.
कोरोना वायरस की भारी तबाही को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप पर सवाल उठ रहे हैं कि उन्होंने इसकी गंभीरता को नहीं समझा और जितनी जल्दी इस पर सक्रिय होना चाहिए था, नहीं हुए. ट्रंप का कहना है कि कोरोना वायरस को लेकर चीन को और सक्रिय होना चाहिए था ताकि दुनिया इसकी गंभीरता जल्दी समझती. क्या ट्रंप कोरोना वायरस को लेकर चीन पर और टैरिफ़ लगाएंगे? इस सवाल के जवाब में ट्रंप ने कहा, ''कई चीज़ें हैं जिन्हें मैं कर सकता हूं.
हम देख रहे हैं कि क्या होता है. चीनी अधिकारी लगातार अपनी छवि सुधारने की कोशिश कर रहे हैं कि वो इस मामले में बिल्कुल निर्दोष हैं. वो इसके लिए पीआर का सहारा ले रहे हैं. चीन मुझे रोकने के लिए कुछ भी करेगा ताकि मैं राष्ट्रपति की रेस में पीछे रह जाऊं. चीन चाहता है कि डेमोक्रेटिक पार्टी के जो बाइडन राष्ट्रपति बनें.'' हाल के दिनों में कोरोना वायरस की महामारी को लेकर अमरीका और चीन में जुबानी जंग बढ़ी है. इससे पहले ट्रंप कोरोन वायरस को चीनी वायरस कहते थे और चीन इसे लेकर भी आपत्ति जताता रहा है.
कोरोनावायरस: महासंकट की ओर ग़रीब मुल्क
कोरोना वायरस: अब तक के बड़े अपडेट्स
कोरोना वायरस: बच्चों में फैल रही है एक दुर्लभ बीमारी
यूरोप से लेकर अमरीका में कई डॉक्टर बच्चों में एक दुर्लभ सिंड्रोम सामने आने की बात कर रहे हैं.
अब तक इस तरह के 100 मामले सामने आ चुके हैं.
ये एक दुर्लभ लेकिन ख़तरनाक बीमारी है जिसकी वजह कोरोना वायरस संक्रमण मानी जा रही है.
इस सिंड्रोम में बच्चों के शरीर में खून पहुंचाने वाली रक्त धमनियों में सूजन आ जाती है.
अब तक कम से कम छह देशों जैसे ब्रिटेन, अमरीका, फ्रांस, इटली, स्पेन और स्विट्जरलैंड में लगभग 100 मामले सामने आ चुके हैं.
रेमडेसिवियर दवा पर चीन और अमरीका का मत अलग
कोरोना वायरस के इलाज के लिए अहम मानी जा रही रेमडेसिवियर दवा पर चीन और अमरीका की राय बँटती हुई नज़र आ रही है.
अमरीका के एलर्जी और संक्रामक रोगों के राष्ट्रीय संस्थान के प्रमुख डॉ. एंथनी फाउची ने बताया है कि कोविड 19 से जूझ रहे मरीज़ों को एंटीवायरल दवा रेमडेसिविर देने से “एक स्पष्ट प्रभाव” नज़र आता है.वहीं, चीनी विशेषज्ञों ने कहा है कि इस दवा के प्रयोग से किसी तरह का “उल्लेखनीय चिकित्सकीय लाभ” नज़र नहीं आता है.
ब्रिटेन ने जारी किए नए आँकड़े
ब्रिटेन ने कोरोना वायरस से जुड़े नए आँकड़ों को जनता के सामने रखा है.लेकिन इस बार जारी किए गए आँकड़ों में उन मौतों का भी ज़िक्र है जो कि कोरोना वायरस की वजह से अस्पताल के बाहर हुई हैं. इस लिहाज़ से ब्रिटेन में अब तक 26,166 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है जो कि इटली और स्पेन से कहीं ज़्यादा है.
दुनिया भर में मरने वालों की संख्या दो लाख 25 हज़ार के पार
जॉन हॉपकिंस यूनिवर्सिटी के मुताबिक़, दुनिया भर में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या दो लाख 25 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है. इसके साथ ही दुनिया भर में कम से कम 31 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं.
अमरीका में आगे नहीं बढ़ेंगे सोशल डिस्टेंसिंग के नियम
अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उनकी सरकार गुरुवार को ख़त्म होने वाली सोशल डिस्टेंसिंग के दिशा निर्देशों को आगे नहीं बढ़ाएंगी.
इसी बीच अमरीका में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 60 हज़ार हो चुकी है. ये अब तक किसी भी एक देश में मरने वाले लोगों की सबसे ज़्यादा संख्या है.
डेढ़ अरब नौकरियों पर संकट
अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन ने चेतावनी देते हुए बताया है कि दुनिया भर में डेढ़ अरब से ज़्यादा लोगों पर उनकी जीविका नष्ट होने का ख़तरा मंडरा रहा है.
ब्राज़ील में 78 हज़ार मामले
ब्राज़ील में बीते 24 घंटों में 6 हज़ार से ज़्यादा नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 78 हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है.
आयरलैंड में आगे बढ़ सकता है लॉकडाउन
आयरलैंड में पाँच मई को ख़त्म होने वाले लॉकडाउन को आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है.
आयरलैंड के प्रधानमंत्री लिओ वरडकर ने कहा है कि फ़िलहाल संक्रमण के मामले इस तरह बढ़ रहे हैं कि लॉकडाउन के नियमों में ढील देना मुनासिब नहीं लगता है.
स्विटज़रलैंड में अगस्त तक जारी रहेंगे प्रतिबंध
स्विटज़रलैंड की सरकार ने सार्वजनिक आयोजनों पर जारी प्रतिबंध को बढ़ा दिया है. अब इस बैन की समय सीमा बढ़ाकर अगस्त के अंत तक कर दी गई है.
हालांकि, सरकार ने खेलकूद से जुड़ी प्रतियोगिताएं, दुकानों, रेस्टोरेंट्स और संग्रहालयों को खोलने की अनुमति दे दी है.
स्वीडन में बीस हज़ार से ज़्यादा लोग संक्रमित
स्वीडन में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या बीस हज़ार से ज़्यादा हो चुकी है.
यमन तक पहुंचा कोरोना वायरस
युद्धग्रस्त देश यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार ने बताया है कि दक्षिणी यमन के एडेन इलाक़े में कोरोना वायरस संक्रमण के पाँच मामले सामने आए हैं. इससे यमन में इस वायरस के फैलने की आशंकाओं को बल मिला है.
चीन में 22 मई से शुरू होगी वार्षिक बैठक
चीन में आगामी 22 मई से संसद की वार्षिक बैठक शुरू होगी जिसे दो महीने पहले आयोजित किया जाना था.
ये फ़ैसला लेने वालों में शामिल एक शख़्स ने बताया है कि कोरोना वायरस के दौरान जिन स्थितियों में बैठक की जा सकती थी, वे अब आ चुकी हैं.
रूस में संक्रमण के मामले एक लाख के क़रीब
रूस में कोरोना वायरस के मामले एक लाख के क़रीब पहुंच चुके हैं.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि बीते बुधवार सामने आए 5841 नए मामलों से ये कुल संख्या 99,399 हो चुकी है.
ब्रिटेन में एंटी बॉडी टेस्ट की तलाश जारी
ब्रितानी मंत्री जॉर्ज इस्टाइस ने बताया है कि ब्रितानी सरकार गुरुवार को भी प्रतिदिन एक लाख टेस्ट करने के लक्ष्य पर डटी हुई है.
उन्होंने ये भी कहा है कि एक प्रभावशाली एंटीबॉडी टेस्ट की तलाश जारी है और उन्होंने इस बात का खंडन किया कि केयर होम्स में पहले ही टेस्टिंग शुरू कराने से ज़िंदगियां बच सकती थीं.
शिंजो आबे की ओलंपिक खेलों पर अपील
जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने कहा है कि साल 2021 के ओलंपिक खेल शुरू होने से पहले कोरोना वायरस को नियंत्रित किया जाना आवश्यक है.
उन्होंने कहा है, “ओलंपिक खेल इस तरह से आयोजित किए जाने चाहिए जिससे ये दिखे कि दुनिया ने कोरोना वायरस के ख़िलाफ़ जंग को जीत लिया है.”
ब्रिटेन में हवाई यात्राएं 99 फ़ीसदी कम हुईं
ब्रितानी गृह मंत्री प्रीति पटेल ने ब्रितानी सांसदों को बताया है कि ब्रिटेन में हवाई यात्रा करने वालों की संख्या में 99 फ़ीसदी की गिरावट आई है. बीते शुक्रवार को कुल 9906 लोग ब्रिटेन में पहुंचे थे.
पटेल ने ये बात तब कही जब वह अपनी सरकार के उस फैसले के बचाव कर रही थीं जिसके तहत ब्रिटेन जाने वाले लोगों की जांच नहीं की जा रही है.
ब्रेकिंग न्यूज़, रेमडेसिविर के शुरुआती ट्रायल में सकारात्मक नतीजे
कोरोना वायरस के इलाज में ड्रग के असर को लेकर एक नई उम्मीद जगी है. रेमडेसिविर के शुरुआती ट्रायल में सकारात्मक नतीजे आए हैं. इस ड्रग का इस्तेमाल इबोला के मरीज़ों में किया जा चुका है. ट्रायल डेटा के अनुसार दुनिया भर के 75 फ़ीसदी हॉस्पिटलों में एक हज़ार गंभीर रूप से कोरोना पीड़ितों को यह दवाई दी गई और प्लेसीबो दवाई की तुलना में इनमें से 31 फ़ीसदी ज़्यादा लोग ठीक हो गए.
रेमडेसिवियर 15 से 11 दिन का वक़्त ले रही है. वैज्ञानिकों ने ये भी कहा है कि यह दवाई प्रभावी हो सकती है. रेमडेसिवियर जिन्हें दी गई उनमें से आठ फ़ीसदी लोग नहीं बचाए जा सके जबकि प्लेसीबो में यह आँकड़ा 11 फ़ीसदी है. रेमडेसिवियर अमरीकी कंपनी गिलिएड बना रही है. हालांकि अभी इसकी पुष्टि के लिए और डेटा की ज़रूरत है.
वैज्ञानिकों का मानना है कि जो गंभीर रूप से बीमार हैं उनके लिए यह प्रभावी साबित हो सकती है. दुनिया भर के अस्पतालों में इसका ट्रायल चल रहा है. हालांकि इससे पहले चीन में यह ट्रायल में फेल हो गई थी. लेकिन तब कहा गया कि वो ट्रायल बहुत ही शुरुआती और छोटा था. नया ट्रायल यूएस नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ एलर्जी एंड इंफेक्शन डिजीज के मंच तले किया गया है. यह अमरीका के नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ के अंतर्गत आता है.
अमरीका के जाने-माने संक्रामक बीमारी विशेषज्ञ डॉ एंथनी फाउची ने कहा है कि यह एक अच्छी ख़बर है. फाउची ने कहा कि यह तो तथ्य है कि एक ड्रग विषाणु को ब्लॉक कर सकती है. लंदन में एमआरसी ट्रायल यूनिट के निदेशक प्रोफ़ेसर महेश परमार ने कहा है, ''रेमडेसिवियर का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह पहला अंतर्राष्ट्रीय ट्रायल है. इसके नतीजे से उम्मीद बनी है. इसके डेटा और नतीजों की समीक्षा जारी रहनी चाहिए.''
बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का इस लाइव पेज में स्वागत है. हम यहां दिन भर कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े ज़रूरी और बड़े अपडेट्स से आपको अवगत कराएंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स देखने के लिए यहां क्लिक करें.