You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना: पाकिस्तानी संसद के स्पीकर असद क़ैसर कोरोना पॉज़िटिव

असद क़ैसर ने 24 अप्रैल को पाकिस्तानी प्रधानमंत्री इमरान ख़ान से भी मुलाकात की थी. उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर इस बारे में जानकारी दी और बताया कि उन्होंने ख़ुद को होम क्वारंटीन में रखा है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रिटेन: आज की ब्रीफ़िंग की प्रमुख बातें

    कोरोना संक्रमण से ठीक होकर काम पर लौटे ब्रितानी प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने गुरुवार को दैनिक ब्रीफ़िंग की अगुवाई की. इस ब्रीफ़िंग की ख़ास बातें:

    • बोरिस जॉनसन ने स्वीकार किया कि फ़्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों के लिए पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) का इंतज़ाम करने में सरकार को दिक्कतें पेश आईं.
    • उन्होंने कहा कि ब्रिटेन कोविड-19 संक्रमण के सबसे बुरे दौर से गुज़र चुका है इसलिए सरकार अगले हफ़्ते स्कूल खोलने और अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की योजना पर काम करना शुरू कर देगी.
    • ब्रिटेन में अस्पताल और आईसीयू में भर्ती होने वालों की संख्या में कमी आ रही है. मौतों का आंकड़ा भी धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है.
    • बोरिस जॉनसन ने कहा कि इस मुश्किल दौर में लोगों के मानसिक स्वास्थ्य का बिगड़ना स्वाभाविक है और इसके लिए पर्याप्त मदद मौजूद है. उन्होंने कहा कि आम लोगों मानसिक सेहत भी उन वजहों में से एक है जिसके कारण उनकी सरकार लॉकडाउन जल्दी ख़त्म करना चाहती थी.
    • ब्रिटेन में अन्य यूरोपीय देशों के मुकाबले ज़्यादा मौतें होने के सवाल पर जॉनसन ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय तुलना करना विश्वसनीय नहीं होगा. उन्होंने कहा कि ब्रिटेन ने सही वक़्त पर लॉकडाउन का ऐलान किया लेकिन सरकार हर रोज़ कुछ न कुछ सीख रही है.
    • प्रधानमंत्री ने कहा कि फ़ेस मास्क का इस्तेमाल करना फ़ायदेमंद होगा. ख़ासकर लॉकडाउन ख़त्म होने के बाद. उन्होंने कहा कि इससे लोगों में भरोसा पैदा होगा. ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 26,711 हो गई है
  2. ब्रेकिंग न्यूज़, रूस के प्रधानमंत्री कोरोना पॉज़िटिव

    रूसी प्रधानमंत्री मिख़ाइल मिशुस्तिन कोरोना वायरस पॉज़िटिव पाए गए हैं. इस बारे में ज़्यादा जानकारी का इंतज़ार है.

    जॉन हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार रूस में कोविड-19 संक्रमण के कुल 106,498 मामले हैं.

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्रिटेनः मृतकों की संख्या 26,711, पीेएम बोरिस जॉनसन ख़ुद करने आए ब्रीफ़िंग

    ब्रिटेन में कोरोना संक्रमण से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 26,711 हो गई है.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने ठीक होने के बाद आज पहली बार ख़ुद कोरोना महामारी पर ताज़ा स्थिति की जानकारी दी.

    उन्होंने लंबे समय तक ब्रीफ़िंग से दूर रहने के लिए माफ़ी माँगी.

    उन्होंने मृतकों की संख्या बताते हुए कहा, "हम उनके लिए और उनके साथ शोक मना रहे हैं, मगर ऐसे समय जब हम शोकरत हैं, इस वायरस को हराने का हमारा संकल्प भी मज़बूत हो रहा है."

    पिछले महीने 27 मार्च को कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के बाद बोरिस जॉनसन पूरे एक महीने काम से बाहर रहे.

    27 अप्रैल को काम पर लौटने के बाद गुरुवार को उन्होंने पहली बार कैबिनेट की बैठक की.

  4. लॉस एंजेल्स में सभी नागरिकों को फ़्री टेस्ट का ऑफ़र

    लॉस एंजेल्स अमरीका का पहला बड़ा शहर है जहाँ सभी निवासियों को मुफ़्त कोविड-19 टेस्ट की पेशकश की गई है.

    शहर के 34 जाँच केंद्रों में पहले संक्रमण के लक्षणों वाले लोगों या ज़रूरी सेवाओं में लगे कर्मियों को ही जाँच की अनुमति थी.

    पर अब शहर के मेयर ने कहा है कि जिनमें कुछ लक्षण हैं उन्हें जाँच में प्राथमिकता दी जाएगी मगर ऐसे लोग भी जाँच करवा सकते हैं जिनमें संक्रमण का कोई लक्षण नहीं.

    इसके लिए वहाँ के लोगों को ऑनलाइन पर रजिस्टर करवाना होगा.

  5. प्रधानमंत्री प्रवासियों के लिए स्पेशल रेलगाड़ियाँ चलवाएँः अमरिंदर

    पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने प्रधानमंत्री से गुज़ारिश की है कि वो पंजाब में फँसे हुए प्रवासियों की वापसी के लिए विशेष रेलगाड़ियाँ चलवाएँ.

  6. बोरिस जॉनसन आज ख़ुद करेंगे कोरोना ब्रीफ़िंग

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन कोविड-19 से ठीक होने के बाद आज पहली बार ख़ुद कोरोना महामारी पर ताज़ा स्थिति की जानकारी देंगे.

    पिछले महीने 27 मार्च को कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के बाद बोरिस जॉनसन पूरे एक महीने काम से बाहर रहे.

    27 अप्रैल को काम पर लौटने के बाद गुरुवार को उन्होंने पहली बार कैबिनेट की बैठक की.

  7. अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में दख़ल देने में कोई रुचि नहीं: चीन

    अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान के बाद चीन ने कहा है कि उसकी अमरीकी राष्ट्रपति चुनाव में कोई रुचि नहीं है.

    दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को दिए इंटरव्यू में कहा था कि चीन उन्हें राष्ट्रपति चुनावों में हराने के लिए सबकुछ करेगा ताकि उनके प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन जीत जाएं और वो आसानी से व्यापार कर सके.

    चीन के सरकारी अख़बार ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, अब चीन ने राष्ट्रपति ट्रंप के इस बयान को ख़ारिज करते हुए कहा कि है कि उसकी राष्ट्रपति चुनाव में दख़ल देने में कोई रुचि नहीं है. हालांकि, ट्रंप का बयान दोनों देशों में बढ़ते तनाव को दिखाता है.

    अख़बार लिखता है कि ट्रंप का बयान दिखाता है कि अमरीकी राजनीतिज्ञ कैसे इस दौड़ में अपने आपको आगे दिखाना चाहते हैं कि ‘कौन चीन पर सबसे ज़्यादा सख़्त’ है.

    ग्लोबल टाइम्स के अनुसार, विशेषज्ञों का कहना है कि ट्रंप इसके ज़रिए अपने डेमोक्रेट प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन को ‘चीन-समर्थित’ दिखाकर ज़्यादा वोट हासिल करना चाहते हैं और उनका यह तरीक़ा घिसा-पिटा और अजीब है.

    अख़बार के अनुसार, अमरीकी राजनेता चाहे वो रिपब्लिकन हों या डेमोक्रेट्स, वो चुनाव में ‘चाइना कार्ड’ ज़रूर खेलते हैं.

    इस अख़बार में लिखा गया है कि चीन की कोरोना वायरस महामारी पर नियंत्रण और अंतरराष्ट्रीय समुदाय पर बढ़ते प्रभाव ने अमरीका को चिंता दे दी है.

    चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने गुरुवार को कहा, “लंबे समय से अमरीकी सरकार

    कोविड-19 महामारी के ख़िलाफ़ अपने ख़राब प्रदर्शन से ध्यान हटाने के लिए कोशिशें कर रही है. लेकिन अमरीका का क़दम चीन के कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के कठिन प्रयासों को नहीं मिटा सकता है और यह केवल अमरीकी राजनेताओं के उद्देश्यों और उनकी समस्याओं को उजागर करता है.”

    चाइन फ़ॉरेन अफ़ेयर्स यूनिवर्सिटी के इंस्टिट्यूट ऑफ़ इंटरनेशनल रिलेशंस में प्रोफ़ेसर ली हाइडोंग ने कहा है कि चीन के लोग बिलकुल साफ़ हैं कि डेमोक्रेट्स और रिपब्लिकन दोनों का ही चीन को लेकर कड़ा रुख़ रहा है इसलिए फ़र्क़ नहीं पड़ता कि व्हाइट हाउस में कौन राष्ट्रपति है, चीन ने सिर्फ़ मतदाताओं को फंसाने के लिए चीन पर एक कलंक लगाने की कोशिश की है.

    ग़ौरतलब है कि कोरोना वायरस महामारी के लिए अमरीकी राष्ट्रपति लगातार चीन को ज़िम्मेदार ठहराते आए हैं. उनका आरोप रहा है कि चीन ने इसको लेकर अहम जानकारियां छिपाईं.

  8. Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital Bulletin: कोरोना दिनभर फ़ेसबुक पर LIVE

  9. Corona Virus पर BBC Hindi का ख़ास Digital Bulletin: कोरोना दिनभर YouTube पर LIVE

  10. ट्रकों के लिए अलग-अलग पास न मांगे स्थानीय प्रशासन: गृह मंत्रालय

    केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों को ये सुनिश्चित करने के लिए कहा है कि वो ट्रक और माल वाहकों को आने-जाने की अनुमति दें चाहे वो ख़ाली ही क्यों न हों.

    गृह मंत्रालय ने कहा है कि स्थानीय प्रशासन को अंतर-राज्यीय सीमाओं पर अलग-अलग पास के लिए ज़िद नहीं करनी चाहिए.

    मंत्रालय ने कहा है कि देश में सामान और सेवाओं की आपूर्ति को बनाए रखने के लिए ये आवश्यक है.

  11. पश्चिम बंगालः 11 और लोगों की मौत, मृतकों की संख्या 33 हुई

    पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव राजीव सिन्हा ने जानकारी दी है कि राज्य में कोविड-19 के और 11 रोगियों की मौत हो गई है जिससे कोरोना वायरस से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है.

    मुख्य सचिव ने ये भी बताया कि राज्य में संक्रमण के और 36 मामलों की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 572 हो गई है.

  12. पीएम मोदी ने देश में विदेशी निवेश बढ़ाने पर की बैठक

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित अर्थव्यवस्था में जान फूँकने की रणनीति पर विचार के लिए बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक की.

    इसमें विदेशी निवेश को आकर्षित करने के साथ घरेलू निवेश को बढ़ावा देने की रणनीतियों पर विचार किया गया.

    प्रधानमंत्री कार्यालय से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि बैठक में एक ऐसी योजना विकसित करने पर विचार किया गया जिससे देश में उपलब्ध ज़मीनों पर बुनियादी ढाँचे से जुड़े कार्यों को बढ़ावा और उन्हें वित्तीय सहायता दी जा सके.

    प्रधानमंत्री ने निवेशकों को आगे लाने में और सक्रिय भूमिका निभाने, निवेशकों की समस्याओं पर ध्यान देने और केंद्र व राज्य सरकारों से समयसीमा के भीतर मंज़ूरी दिलवाने में उनकी मदद करने का निर्देश दिया.

    बैठक में वित्त मंत्री, गृह मंत्री, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री और वित्त राज्य मंत्री के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया.

  13. ब्रेकिंग न्यूज़, देश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़कर 33,610 हुए

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज़ों की कुल संख्या 33,610 हो चुकी है. वहीं, मरने वालों का आंकड़ा 1075 हो गया है.

    इसके अलाव देश में अब तक 8372 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 24162 मरीज़ों में कोरोना सक्रिय है.

  14. कार्टून: आसमान हुआ साफ़, सैकड़ों कि.मी. दूर से दिखने लगे पहाड़

  15. प्रदूषण मुक्त रखने के लिए यूरोप में साइकिलों को बढ़ावा देने की तैयारी

    लॉकडाउन की वजह से दुनिया में हर जगह गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण का स्तर गिर गया है. इसे देखते हुए कई देश शहरों को पर्यावरण के अनुकूल बनाने की योजना बना रहे हैं.

    फ़्रांस सरकार ने साइकिल सवारी को बढ़ावा देने के लिए दो करोड़ यूरो की योजना की घोषणा की है जिसमें साइकिलों के लिए और ज़्यादा लेन बनाने और साइकिलों की मरम्मत के लिए 50 यूरो का वाउचर देने जैसे उपाय शामिल हैं. फ़्रांस में 11 मई से लॉकडाउन ख़त्म हो रहा है और ऐसी चिंता है कि कोरोना वायरस के डर से ज़्यादातर लोग सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल ना कर अपनी गाड़ियों का इस्तेमाल करना चाहेंगे जिससे सड़कों पर जाम लग सकता है.

    बेल्जियममें भी सरकार ब्रसेल्स के केंद्रीय इलाक़े में 40 किलोमीटर लंबी साइकिल लेन बनाएगी जहाँ ट्रैफ़िक जाम एक बड़ी समस्या है.

    रूस में कोरोना संक्रमण के मामलों में रिकॉर्ड तेज़ी आई है और देश में संक्रमित लोगों की संख्या 106,000 हो गई है. वहाँ 1,073 लोगों की मौत हुई है.

    जर्मनी में संक्रमण की दर 1 से घटकर 0.75 हो गई है जिसका मतलब है कि 10 संक्रमित लोगों से अब औसतन 7.5 लोगों में संक्रमण फैल रहा है. दर के 1 से ऊपर होने पर वायरस के तेज़ी से फैलने का ख़तरा होता है.

    पुर्तगाल में आज लॉकडाउन हटाने की योजना का एलान किया जाना है. समझा जाता है कि वहाँ सोमवार से छोटी दुकानों और हेयर कटिंग सैलूनों को खोलने की अनुमति दे दी जाएगी. पड़ोसी स्पेन की तुलना में पुर्तगाल में संक्रमण का बहुत कम असर हुआ है.

  16. देश में 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1718 नए मामले

    देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 33050 हो गए हैं. स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 1718 नए मामले सामने आए हैं.

    लव अग्रवाल ने बताया-

    • देश में अभी कोरोना संक्रमण के कुल सक्रिय मामले 23651 हैं.
    • बीते 24 घंटों में 630 लोग ठीक हुए हैं.
    • अब तक कुल 8325 मरीज़ इलाज के बाद ठीक हो चुके हैं.
    • देश में अब मरीज़ों का रिकवरी रेट 25.19 फीसदी हो गया है.
    • कोरोना संक्रमण के नए मामलों का डबलिंग रेट अब 11 दिन हो गया है.
  17. 5,500 मर गए, पर राष्ट्रपति कह रहे हैं - तो क्या हुआ?

    ब्राज़ील में बुधवार को संक्रमण के 6,276 नए मामले सामने आए जिसके बाद वहाँ कोरोना संक्रमित मरीज़ों की संख्या बढ़कर लगभग 80,000 हो गई है.

    वहाँ संक्रमण से अब तक 5,500 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.

    ब्राज़ील लैटिन अमरीका में कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित होने वाला देश है.

    लेकिन ब्राज़ील के राष्ट्रपति जेर बोल्सोनारो शुरू से ही कोरोना के ख़तरे को गंभीर मानने से इनकार करते रहे हैं.

    ताज़ा घटना में जब पत्रकारों ने उनसे मृतकों की बढ़ती संख्या को लेकर उनकी राय पूछी तो उन्होंने कहा,”तो क्या हुआ? आप क्या चाहते हैं मुझसे, मैं क्या करूं? ”

  18. योगी सरकार की अपील- यूपी आने के लिए पैदल न निकलें

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरे राज्यों में फंसे प्रवासी मज़दूरों से अपील की है कि वो पैदल अपने घर के लिए न निकलें.

    राज्य के एडिशनल चीफ़ सेक्रेटरी अवनीश अवस्थी ने बताया कि सरकार उन्हें वापस लाने के इंतजाम कर रही है. मुख्य सचिव और गृह विभाग दूसरे राज्यों से बात कर रहे हैं ताकि वहां फंसे लोगों को वापस लाया जा सके.

    उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में फंसे लोगों को लाने के लिए 100 बसें भेजी जा चुकी हैं.

  19. गुरुग्राम में एक मई से आने-जाने के नियम होंगे और कड़े

    हरियाणा के गुरुग्राम की सभी सीमाओं पर एक मई से प्रवेश के नियम और कड़े कर दिए गए हैं. ज़िला प्रशासन ने सुबह 10 बजे ये नियम लागू करने का आदेश जारी किया है.

  20. ब्रेकिंग न्यूज़, कोरोना वायरस: दक्षिण एशिया में क्या चल रहा है?

    • पाकिस्तान में कोरोना वायरस से संक्रमितों की संख्या बुधवार को 15 हज़ार के पार हो गई है. इसके साथ ही पाकिस्तान में कोरोना वायरस से अब तक 355 लोगों की मौत हो चुकी है. पाकिस्तान ने कहा है कि वह मई के पहले हफ़्ते में दुनिया के अलग-अलग कोनों में फंसे हुए 7000 नागरिकों को वापस लेकर आएगा.
    • इसी बीच बांग्लादेश ने अपने नागरिकों से अपील की है कि जब तक बहुत ज़रूरत न हों वापस न आएं. बांग्लादेशी विदेश मंत्री ने कहा है कि विदेश में रह रहे नागरिकों को एक टेलिमेडिसिन सेवा मिलेगी. इस सेवा के तहत अब तक सात हज़ार संक्रमण के मामलों की गिनती हुई है.
    • नेपाल में इस समय सिर्फ़ 57 मामले हैं. लेकिन नेपाल सरकार ने तीसरी बार लॉकडाउन को बढ़ा दिया है. लेकिन अधिकारियों की मानें तो काठमांडु घाटी में उल्लंघन के मामले सामने आ रहे हैं. पुलिस ने बीते तीन दिनों के भीतर 4000 लोगों के ख़िलाफ़ कदम उठाए हैं.
    • श्रीलंका में कोरोना वायरस के मामले 600 के पार जाने के बाद मार्च के महीने में टूरिज़म में सत्तर फीसदी की गिरावट देखी गई है.