कोरोना: गृह मंत्रालय जारी करेगा नई गाइडलाइन, कुछ ज़िलों को मिल सकती है ढील
भारत में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1008 हो गई है और संक्रमण की चपेट में आए कुल लोगों की संख्या 31,787 हो गई है.
लाइव कवरेज
ब्रेकिंग न्यूज़, वियतनाम में पटरी पर लौटता जीवन

इमेज स्रोत, Getty Images
वियतनाम में देशव्यापी लॉकडाउन में छूट दिए हुए एक हफ्ते हो चुके हैं और अब वहाँ धीरे-धीरे जन-जीवन सामान्य होना शुरू हो गया है.
हालांकि बाज़ार में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना, रेस्तरां में प्लास्टिक की घेराबंदी और अनिवार्य तौर पर मास्क पहनना अब एक सामान्य अभ्यास हो गया है.
वायरस के संक्रमण ख़िलाफ़ वियतनाम की सफल कोशिशों की खूब तारीफ़ें हो रही हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
चीन की सीमा से लगे हुए और करीब दस करोड़ की आबादी होने के बावजूद भी वियतनाम में संक्रमण के सिर्फ़ 270 मामले अब तक सामने आए हैं और किसी की भी मौत नहीं हुई है.
वियतनाम ने जनवरी में ही अपनी सीमाएं बंद कर दी थीं और देश भर में संक्रमण के ख़िलाफ़ ज़ागरूकता अभियान शुरू कर दिया.
हालांकि वियतनाम में उठाए गए कुछ क़दम विवादास्पद भी थे मसलन अपने पड़ोसियों पर नज़र रखने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना.
चूंकि वियतनाम में एक दलीय व्यवस्था है इसलिए उसके कई सारे फैसलों को दूसरे देशों के लिए अपनाना काफ़ी मुश्किल भरा काम है.
कोरोना: अब मानसिक सेहत की चिंता!
ब्रेकिंग न्यूज़, जर्मनी में 202 लोगों की मौत
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक जर्मनी में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,304 नए मामले सामने आए हैं और 202 लोगों मौत हुई है.
अब जर्मनी में संक्रमित लोगों की कुल संख्या 1,57,000हो गई है और मरने वालों की कुल संख्या 6,115 हो चुकी है. पड़ोसी यूरोपीय देशों की तुलना में जर्मनी का यह आंकड़ा अब भी काफ़ी कम है.
उधर अमरीका की नेवी ब्लू एंजेल्स और एयर फोर्स थंडरबर्ड्स ने न्यूयॉर्क और फिलाडेलफ़िया में जेट विमान उड़ाकर कोरोना वायरस के इलाज में लगीं मेडिकल टीम को सलाम किया है.
सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के चलते निवासियों को अपने घरों से ही इस नजारे का लुत्फ़ उठाने को कहा गया था.

इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रेकिंग न्यूज़, ट्रंप का दावा, 'अमरीका एक दिन में करेगा पचास लाख टेस्ट'
अमरीका में कोरोना के ज़्यादा मामलों की दो वजहें बताई जा रही हैं. एक तो जनसंख्या का ज़्यादा होना और दूसरा वहाँ बड़े पैमाने पर टेस्ट किया जाना.
कोविड ट्रैकिंग प्रोजेक्ट के मुताबिक अमरीका ने पिछले दो महीने में 57 लाख टेस्ट किए हैं. यह आंकड़े सुनने में तो अच्छे लगते हैं लेकिन साइंस के ऑनलाइन प्रकाशन आवर वर्ल्ड इन डेटा का कहना है कि अमरीका में प्रति हज़ार लोगों पर 16.3 टेस्ट हुए हैं जो इटली से कम है. इटली में प्रति हज़ार लोगों पर 30.6 टेस्ट हुए हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा है कि अमरीका जल्दी ही एक दिन में पचास लाख टेस्ट कर सकता है. उन्होंने कहा,"हम बहुत जल्दी ही वहाँ तक पहुँचने वाले हैं."
रिपोर्ट्स के मुताबिक अमरीका फ़िलहाल हर रोज़ दो लाख टेस्ट कर रहा है.
यह साफ़ नहीं है कि अमरीका में किसका टेस्ट किया जा रहा है किसका नहीं. राज्यों के अनुसार भी यहाँ टेस्ट की मात्रा कम-ज़्यादा है. लेकिन सीमित संख्या में टेस्ट होने का मतलब है कि जिन मामलों में बहुत ज़रूरत महसूस हो रही है, उनके ही टेस्ट किए जा रहे हैं. इनमें अस्पताल में भर्ती मरीज, हेल्थ केयर वर्कर्स और जेल या फिर केयर होम जैसी जगहों पर समूह में रहने वाले लोग शामिल हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
दुनिया भर की सूनी सड़कें

इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, टोक्यो का एक चौराहा, जहां हमेशा गाड़ियों का शोर होता था 
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, जापान के एक और शहर गिंज़ा की सड़कों पर सन्नाटा. 
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, अमरीकी शहर लॉस एंजलिस की सूनी सड़कें 
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, तुर्की की राजधानी अंकारा की सड़क पर सन्नाटा. ब्रेकिंग न्यूज़, ब्राज़ील में मरने वालों की संख्या पांच हज़ार के पार

इमेज स्रोत, AFP
ब्राज़ील में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या पांच हज़ार के आंकड़े को पार कर चुकी है. यहाँ अब चीन से ज़्यादा मौतें कोरोना से हो चुकी हैं.
ब्राज़ील के स्वास्थ्य मंत्री ने पिछले 24 घंटे में 474 मौतें होने की बात कही है जिससे मरने वालों की कुल संख्या 5,017 हो गई है.
लैटिन अमरीका में कोरोना से सबसे बुरी तरह से संक्रमित देश ब्राज़ील ही है. यहाँ अबतक करीब 72,000 मामलों की पुष्टि हो चुकी है.
चीन जहाँ से कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत हुई है, वहाँ मरने वालों की संख्या 4,633 है.
ब्राज़ील के राष्ट्रपति की इस महीने की शुरुआत में लॉकडाउन की पाबंदियां खत्म करने की वकालत करने की वजह से आलोचना हुई थी. उन्होंने इससे पहले कोरोना वायरस को ‘मामूली फ़्लू’ बताया था.
ब्रेकिंग न्यूज़, चीन में बीते 24 घंटे में एक भी मौत नहीं

इमेज स्रोत, Getty Images
चीन में मंगलवार को 22 नए मामले सामने आए हैं इनमें से एक मामला विदेश से आए व्यक्ति के संक्रमण का है.
चीन में हालांकि कुल मरने वालों की संख्या में कोई इजाफ़ा नहीं हुआ है. चीन में अब तक कुल 4,633 लोगों की मौत हुई है.
चीन की नेशनल पीपल्स कांग्रेस (एनपीसी) कोरोना वायरस की वजह से अपनी बैठक टालने के बाद अब अपनी सालाना बैठक 22 मई को करने जा रही है.
चीन की सरकारी मीडिया ने निर्णय लेने की संसद की सबसे बड़ी इकाई के हवाले से कहा है कि अब हालात इस हद तक सुधर गए हैं कि सालाना बैठक किया जा सकता है.
यह बैठक शुरू में 5 मार्च को होने वाला थी. चीन में सांस्कृतिक क्रांति के बाद यह पहली बार है जब बैठक को स्थगित किया गया.
राजधानी बीजिंग में आम तौर पर 3000 प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल होते हैं लेकिन अब तक यह साफ़ नहीं है कि इसके स्वरूप में इस बार कोई बदलाव होने जा रहा है या नहीं.
पश्चिमी देशों के बीच एनपीसी को चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के रबर स्टांप की तरह देखा जाता है क्योंकि तमाम अहम फ़ैसले बैठक से पहले ही कम्युनिस्ट पार्टी की सहमति से ले लिए गए होते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत में मरने वालों की संख्या 1,000 के पार

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 1007 हो गई है. बीते 24 घंटे में 70 से ज़्यादा लोगों की मौत हुई है.
यह पहला मौका है जब 24 घंटे के समय में भारत में इतने ज़्यादा लोगों की मौत हुई है. वहीं संक्रमण के हिसाब से भी 1897 नए मामले सामने आए हैं.
भारत में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 31,332 हो गए हैं. इसमें 22,629 एक्टिव मामले हैं.
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक इलाज से 7,695 लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं.
ब्रेकिंग न्यूज़, अमरीका में वियतनाम युद्ध से ज़्यादा मरे

इमेज स्रोत, Getty Images
अमरीका में कोरोना वायरस से 58 हज़ार से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. एक महीने से थोड़े ज़्यादा समय में 58,355 लोगों की मौत हुई है.
अमरीका में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या दो दशक तक चले वियतनाम युद्ध के समय मारे गए लोगों से अधिक हो गई है. वियतनाम युद्ध के समय में 58,220 लोगों की मौत हुई थी.
अमरीकी राष्ट्रपति के मेडिकल एडवाइजरों में डॉ. एंथनी फुकी ने चेतावनी देते हुए कहा है कि अभी ख़तरा टला नहीं है, उन्होंने कहा कि प्रभावी इलाज के बिना आने वाले महीनों में और लोगों की जानें जा सकती हैं.
भर्ती से पहले कोरोना टेस्ट पर मजबूर नहीं कर सकते अस्पताल: केंद्र
ब्रेकिंग न्यूज़, पुतिन ने मानी पीपीई की कमी, लॉकडाउन बढ़ाया
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने माना है कि उनके देश में कोरोना वायरस से बचाव के लिए पर्सनल प्रोटेक्टिव इक्विपमेंट (पीपीई) की कमी है. उनका कहना है कि बड़े स्तर पर उत्पादन और आयात करने के बावजूद उस कमी को पूरा नहीं किया जा सका है.
राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है,"पहले की तुलना में हम ज़्यादा उत्पादन कर रहे हैं लेकिन यह हमारी ज़रूरतों के हिसाब से अब भी पर्याप्त नहीं है."
उन्होंने आगे कहा,“उत्पादन और आयात में वृद्धि करने के बावजूद अब भी चीज़ों की कमी है.”
उन्होंने बताया कि रूस में अभी मेडिकल स्टाफ़ के लिए हर रोज़ एक लाख प्रोटेक्टिव सूट तैयार किए जा रहे हैं. मार्च के महीने में हर रोज़ सिर्फ़ 3000 प्रोटेक्टिव सूट तैयार किए जा रहे थे. मास्क भी अप्रैल के महीने में हर रोज़ दस गुना ज़्यादा बनाया जा रहा है. हर रोज़ अब 85 लाख मास्क बनाए जा रहे हैं.
पुतिन ने चेतावनी दी है कि अभी रूस में कोरोना वायरस का संक्रमण दर अपने उच्चतम स्तर पर नहीं पहुँचा है इसलिए लोगों को सतर्क रहने की ज़रूरत है.
रूस समेत दुनिया के कई देशों में स्वास्थ्य कर्मियों ने पीपीई की कमी की शिकायत की है.
रूस में लॉकडाउन 11 मई तक के लिए बढ़ा दिया गया है. हालांकि पुतिन ने पांच मई तक धीरे-धीरेलॉकडाउन में छूट देने की योजना को लेकर काम करने को कहा है, जो 12 मई से लागू की जाएगी. उन्होंने कहा है कि वायरस का ख़तरा अभी भी बरकरार है.
रूस में अभी 93000 से ज़्यादा कोरोना के मरीज़ हैं जिनमें से 867 मरीज़ों की अब तक मौत हो चुकी है. कोरोना के संक्रमितों के लिहाज से रूस आठवां सबसे ज़्यादा प्रभावित देश है.

इमेज स्रोत, EPA
ब्रेकिंग न्यूज़, भारत का ताज़ा हाल
भारतीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश भर में कोविड-19 संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 29,974 है. संक्रमण की चपेट में आकर अब तक 937 लोगों की मौत हो चुकी है और 7,027 लोग इलाज के बाद ठीक भी हो चुके हैं.
अमरीका की जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के मुताबिक दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के कुल 31,14,656 मामले हो गए हैं और अब तक संक्रमण की चपेट में आकर 2,16,930 लोगों की मौत हो चुकी है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ब्रेकिंग न्यूज़, क्या है दुनिया भर से अपडेट
-जॉन्स हॉप्किन्स यूनिवर्सिटी के आंकड़ों के अनुसार अमरीका में कोविड-19 संक्रमण मामलों की कुल संख्या 10 लाख से ज़्यादा हो चुकी है.
-दुनिया भर में कोरोना वायरस संक्रमण के 31,14, 656 मामले हो चुके हैं और अब तक 2,16,989 लोगों की मौत हो चुकी है.
-ब्रिटेन में बुधवार से केयर होम्स में भर्ती सभी लोगों और स्टाफ़ का टेस्ट होगा भले ही उनमें कोरोना संक्रमण के लक्षण हों या नहीं. इस कदम से लाखों लोगों को टेस्टिंग के दायरे में आ जाएंगे.
-फ़्रांस में 11 मई से लॉकडाउन की पाबंदियों में आंशिक छूट दी जाएगी लेकिन इसके साथ ही सार्वजनिक वाहनों और स्कूलों में मास्क लगाना अनिवार्य होगा.
-रूसी राष्ट्रपति व्लादीमिर पुतिन ने स्वीकार किया है कि रूस में सुरक्षा किट और उपकरणों की कमी है. रूस में संक्रमण के 93 हज़ार से ज़्यादा मामले हैं और अब तक 867 लोगों की मौत हो चुकी है.
-लगभग पांच हफ़्तों तक घरों में बंद रहने के बाद न्यूज़ीलैंड के लोग अब सामान्य ज़िंदगी की ओर लौट रहे हैं. न्यूज़ीलैंड में लॉकडाउन तकरीबन ख़त्म कर दिया गया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
नमस्कार! इस लाइव पेज में बीबीसी हिंदी के सभी पाठकों का स्वागत है. हम यहां आपको दिन भर कोरोना वायरस संक्रमण से जुड़ी देश-दुनिया की ख़बरें, ताज़ा जानकारियां और लाइव अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें.
