You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

कोरोना अपडेट: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, चीन को लेकर बेहद गंभीर जांच जारी है

अमरीकी राष्ट्रपति ने कहा है कि उनके प्रशासन ने कोरोना वायरस पर चीन की प्रतिक्रिया को लेकर ‘बेहद गंभीर जांच’ शुरू कर दी है.

लाइव कवरेज

  1. ब्रेकिंग न्यूज़, गहराता जा रहा है तेल की क़ीमतों संकट

    सोमवार को तेल की क़ीमतों में गिरावट इस बात का संकेत दे रहे हैं कि पूरी दुनिया में तेल के भंडार तेज़ी से भरते जा रहे हैं. इसे लेकर चिंता जताई जा रही है कि कोरोना वायरस से उत्पन्न संकट ने मांग में गिरावट तो कर दी है लेकिन उत्पादन उस तेज़ी से कम नहीं हो रहा. अमरीकी तेल वायदा बाज़ार को घाटा होने जा रहा है.

    कच्चे तेज का भंडार यहाँ 17 अप्रैल तक बढ़कर 518.6 मिलियन बैरल हो चुका था जो कि अब तक सबसे उच्चतम है. यह 2017 में अब तक रिकॉर्ड भंडारण 53.5 करोड़ बैरल के क़रीब है जबकि अस्थायी कच्चे तेल का भंडार अब तक सबसे उच्चतम स्तर 16-0 करोड़ बैरल पहुँच चुका है.

    अमरीका के पश्चिम में टेक्सस के मध्यवर्ती तेल वायदा कारोबार में 1.22 डॉलर या 7.2 फीसदी की गिरावट आई है और यह 15.72 प्रति बैरल हो गया है. जबकि ब्रेंट कच्चे तेल की क़ीमत में 33 सेंट या 1.5 फीसदी की गिरावट आई है और यह 21.11 प्रति बैरल हो गया है. तेल वायदा बाज़ार में लगातार तीसरे हफ़्ते नुक़सान हुआ है.

    एएनजेड के विश्लेषकों के मुताबिक़, “बढ़ती हुई इन्वेंट्री और कमज़ोर होती मांग बाज़ार पर भारी पड़ रही है.” पिछले हफ़्ते ट्रेडिंग काफ़ी अस्थिर रहा था क्योंकि डिमांड में पाबंदियों की वजह से 30 फ़ीसदी की गिरावट आई है. कारोबारी मानते हैं कि महामारी के असर की वचह से आने वाले महीनों में मांग और आपूर्ति में कमी रहने वाली है.

    तेल कंपनियों एक्जॉन मोबिल, बीपी पीएलसी और रॉयल डच शेल के नतीजों पर निवेशकों की नज़र रहेगी. उत्पादक तेल की क़ीमतों को संभालने के लिए तुरंत या फिर ज़्यादा उत्पादन की कटौती नहीं करने जा रहे है. ख़ासकर जब वैश्विक अर्थव्यवस्था में इस साल दो फ़ीसदी की कमी की उम्मीद की जा रही है.

    यह वित्तीय संकट से ज़्यादा ख़राब स्थिति है. बेकर ह्यूजेस के आँकड़ों के मुताबिक़ संयुक्त राज्य अमरीका में रिग की संख्या जुलाई 2016 के बाद अभी सबसे कम है वहीं कनाडा में तेल और गैस रिगों की संख्या 2000 के बाद सबसे कम हो चुकी है.

    कुवैत और अज़रबजैन जहाँ कटौती पर विचार कर रहा है तो वहीं रूस ने अपने समुद्री निर्यात में मई तक आधे की कटौती करने जा रहा है. पेट्रोलियम निर्यातक देशों के संगठन और उसके सहयोगी जिसमें रूस भी शामिल है, उसे ओपेक प्लस कहते हैं. इस संगठन ने मई और जून में प्रति दिन 97 लाख बैरल की अप्रत्याशित कटौती करने की बात कही है.

  2. कोरोना वायरसः अमरीका और चीन के बीच साज़िशों की कहानियां

  3. ब्रेकिंग न्यूज़, मस्जिदें खोलने जा रहा ईरान

    ईरान देश के उन हिस्सों में मस्जिदों को खोलने पर विचार कर रहा है, जिन हिस्सों में कोरोना वायरस का असर ख़त्म होता दिख रहा है. राष्ट्रपति हसन रूहानी ने रविवार को यह बात कही है. ईरान ने धीरे-धीरे लॉकडाउन की पाबंदियों में छूट देना शुरू किया है. ईरान कोरोना से सबसे ज़्यादा प्रभावित देशों में से एक है.

    राष्ट्रपति की वेबसाइट के मुताबिक़ ईरान को संक्रमितों और मृतकों की संख्या के आधार पर व्हाइट, येलो और रेड क्षेत्रों में बांटा जाएगा. इसके हिसाब से भी फिर इन क्षेत्रों में गतिविधियों पर पाबंदियां लगाई जाएंगी.

    वे क्षेत्र जो लगातार संक्रमण और मौतों के मामले से मुक्त रहे हैं, उन्हें सफ़ेद ज़ोन में रखा जाएगा. राष्ट्रपति हसन रूहानी के मुताबिक़ यहाँ पर मस्जिदें खुल सकती हैं और जुमे की नमाज़ यहाँ पढ़ी जा सकती है. उन्होंने कहा है कि रंगों के हिसाब बँटे इन क्षेत्रों की स्थिति कभी भी बदली जा सकती है.

    हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह कोडिंग कम से लागू होने जा रही है. उप-स्वास्थ्य मंत्री इराज हरिरचि ने सरकारी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि इस समय 116 क्षेत्रों को देश में व्हाइट और 134 क्षेत्रों को येलो माना जा सकता है. पाबंदियों में छूट देने के बाद पिछले हफ़्ते ईरानियों ने दुकानों में जाकर ख़रीदारी की.

    यहाँ हर रोज़ मरने वालों की संख्या 14 अप्रैल के बाद से सौ से नीचे हो गई है. स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता किआनुश जहाँपुर के मुताबिक़ पिछले 24 घंटों में 60 लोगों की मौत हुई है.

    इसके साथ ही ईरान में मरने वालों की संख्या 5,710 और संक्रमितों की संख्या 90,481 हो चुकी है. अर्थव्यवस्था और सार्वजनिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में संतुलन स्थापित करने की कोशिशों को पहले से ही पाबंदियों की वजह से धक्का लगा है.

    हालांकि ईरान की सरकार ने दूसरे देशों की तरह बड़े पैमाने पर पाबंदी लगाने से परहेज किया है. लेकिन स्कूल, यूनिवर्सिटी और धार्मिक-सांस्कृतिक जमावड़ों पर ज़रूर पाबंदी लगा रखी है.

    ईरानी विदेशी मंत्री मोहम्मद जवाद ज़रीफ ने संयुक्त अरब अमीरात के विदेश मंत्री अब्दुल्लाह बिन जायद अल-नाहयान से फ़ोन पर कोरोना से लड़ने और क्षेत्रिय विकास को लेकर बात की है.

  4. आज मुख्यमंत्रियों से क्या बात करेंगे पीएम मोदी?

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉफ्रेंसिग के ज़रिए बातचीत करेंगे. उम्मीद है कि इसमें वो कोविड-19 के ख़िलाफ़ आगे की रणनीति पर बात करें. कोरोना से अब तक पूरी दुनिया में दो लाख से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है. यह बातचीत आज दिन में 10 बजे शुरू होगी.

    इस बातचीत में 40 दिनों के लॉकडाउन से कैसे बाहर आया जाए, इसकी चर्चा होने की भी संभावना है. कई राज्यों के अधिकारियों ने यह संकेत दिए हैं कि वो लॉकडाउन को बढ़ाने की मांग करेंगे. राज्यों के बीच इस बात को लेकर भी एक राय बन रही है कि भले ही पाबंदियों में थोड़ी-बहुत छूट दी जाए लेकिन लोगों के बड़े पैमाने पर इकट्ठा होने पर पाबंदी जस की तस बनी रहनी चाहिए. शैक्षणिक संस्थाएं बंद रहनी चाहिए.

    राज्यों के बीच यातायात बंद रहनी चाहिए. हां, इसमें प्रवासी मज़दूरों के लिए अलग से व्यवस्था करनी चाहिए और सोशल डिस्टेंसिंग का सख़्ती से पालन होना चाहिए.

    पीएम मोदी के साथ बैठक में मुख्यमंत्रियों के होने की पूरी संभावना है. हालांकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस बात के संकेत दिए हैं कि लॉकडाउन से बाहर निकलना इतना आसान नहीं होगा और राज्य की मेडिकल टीम ने दिल्ली सरकार को सलाह दी है कि वो लॉकडाउन को तीन मई से आगे बढ़ाने की बात रखें.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, चीन महज तीन नए मामले और एक भी मौत नहीं

    चीन में 26 अप्रैल को भी कोरोना वायरस के संक्रमण से किसी की मौत नहीं हुई. नए संक्रमण के भी महज़ तीन मामले सामने आए हैं. इससे पहले 25 अप्रैल को संक्रमण के कुल 11 मामलों की पुष्टि हुई थी.

  6. अब तक के बड़े अपडेट्स

    अमरीका के कई राज्य लॉकडाउन ख़त्म करने जा रहे हैं

    अर्थव्यवस्था की बुरी होती हालत को देखते हुए अमरीकी राज्य कोलोराडो, मिसिसिपी, मिनासोटा और टेनेसी अपने यहाँ लॉकडाउन की पाबंदियां ख़त्म करने जा रहे हैं.

    इटली के प्रधानमंत्री ने लॉकडाउन में ढील देने की घोषणा की

    इटली के प्रधानमंत्री जूज़ेप्पे कॉन्टे ने टीवी पर दिए संबोधन में कहा है कि, “अगर आप इटली से प्यार करते हैं तो आपस में दूरी बरकरार रखिए.” उन्होंने कहा कि चार मई से लॉकडाउन की पाबंदियों में धीरे-धीरे छूट दी जाएगी.

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री दफ्तर लौटने के लिए तैयार

    प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन रविवार की शाम कोविड-19 के संक्रमण से ठीक होने के बाद पहली बार डाउनिंग स्ट्रीट आए. अब वो फिर से सरकार की कमान संभालने जा रहे हैं.

    मिस्र ने आईएमएफ़ से बेलआउट पैकेज की मांग की

    मिस्र ने कोरोना वायरस से उत्पन्न हुए आर्थिक संकट से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से मदद मांगी है. एविएशन और टूरिज़म मिस्र में पूरी तरह से बंद होने की वजह से देश में कइयों के सामने रोजमर्रा के खर्च की समस्या खड़ी हो गई है.

    रूस में ‘कोरोना के नए मामलों में वृद्धि हो सकती है’

    अगर लोग छुट्टियों के दौरान लॉकडाउन के नियमों का सख़्ती से पालन नहीं करते हैं तो रूस में कोरोना के नए मामलों में इजाफा देखा जा सकता है. रूसी सरकार के शीर्ष स्वास्थ्य अधिकारी ने यह बात कही है. अभी रूस में संक्रमण के कुल 80,000 मामले हैं.

    चिली इम्युनिटी पासपोर्ट देने की दिशा में बढ़ने जा रहा है

    विश्व स्वास्थ्य संगठन की ओर से इस चेतावनी के बावजूद कि संक्रमित व्यक्ति के ठीक होने के बाद उसके दोबारा संक्रमित नहीं होने के कोई पुख्ता प्रमाण मौजूद नहीं है, चिली पहले ही घोषित किए जा चुके ‘रिलीज सर्टिफिकेट’ की योजना पर आगे बढ़ने जा रहा है.

    न्यूयॉर्क के गर्वनर ने पाबंदियों में आंशिक छूट देने की बात कही

    एंड्रुय कूमो ने कहा है कि जल्दी ही न्यूयॉर्क के कई हिस्से ‘कुछ एहतियात के साथ’ खुलने की स्थिति में हो सकते हैं. यहाँ शनिवार की तुलना में रविवार को कम लोगों की मौत हुई है.

    फ्रांस में हर रोज़ मरने वालों की संख्या में कमी

    अधिकारियों ने बताया है कि कोरोना से फ्रांस में रविवार को 242 लोगों की मौत हुई है जो कि पिछले दिन हुई 369 मौतों से काफ़ी कम है. फ्रांस में अब तक 22,856 लोगों की मौत हो चुकी है. फ्रांस के प्रधानमंत्री एडवर्ड फिलिप ने कहा है कि वो मंगलवार को संसद में लॉकडाउन से निकलने के लिए एक राष्ट्रीय एग्जिट योजना पेश करेंगे जिस पर बहस और वोटिंग के बाद फैसला लिया जाएगा.

    आने वाले वक़्त में जर्मनी में घर से काम करने के अधिकार पर क़ानून बन सकता है

    जर्मनी के श्रम मंत्री हेबर्टस हील ऐसे क़ानूनी मसौदे पर काम कर रहे हैं जो घर से काम करने का अधिकार देता है. उन्होंने बताया कि यह इस संकट की घड़ी के ख़त्म होने और सोशल डिस्टेंसिंग की ज़रूरत नहीं रहने पर भी लागू होगा.

    इसराइल के स्वास्थ्य मंत्री ने इस्तीफ़ा दिया

    याकोव लीज़मैन ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है. उनके ऊपर कोरोना वायरस के संकट से ठीक से नहीं निपटने के आरोप लग रहे हैं. उन्होंने अपने शुरुआती फैसले में अति-रूढ़ीवादी समुदाय को सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों से अलग रखा था.

  7. ब्रेकिंग न्यूज़, वुहान में सभी संक्रमित हॉस्पिटल से डिस्चार्ज

    चाइना नेशनल हेल्थ कमिशन के प्रवक्ता मी फेंग ने कहा है कि वुहान में कोरोना वायरस से संक्रमित कोई भी मरीज़ अब हॉस्पिटल में नहीं है. सबको अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है. वुहान चीन का वही शहर है जहां से कोरोना वायरस के संक्रमण की शुरुआत हुई थी.

    मी ने कहा, ''स्वास्थ्यकर्मियों की कड़ी मेहनत की बदौलत वुहान में भर्ती किए गए सभी संक्रमित ठीक होकर बाहर आ गए हैं.'' वुहान में शनिवार तक संक्रमितों की कुल तादाद 46,452 थी.

    कहा जाता है कि वुहान की छींक से ही पूरी दुनिया में महामारी फैली और अब इस शहर में सभी संक्रमित ठीक होकर अस्पताल से बाहर आ गए हैं. संक्रमण फैलने के बाद चीन के हूबे प्रांत का यह शहर 76 दिनों तक पूरी तरह से बंद रहा था. यहां पहला मामला पिछले साल मध्य दिसंबर में सामने आया था.

  8. आज के इस लाइव पेज में बीबीसी हिन्दी के सभी पाठकों और दर्शकों का स्वागत है. यहां हम कोरोना वायरस की महामारी से जुड़े देश-दुनिया के सभी बड़े और ज़रूरी अपडेट्स देंगे. पिछले 24 घंटों के अपडेट्स जानने और देखने के लिए यहां क्लिक करें.